- Home
- देश
-
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्र संघ के चुनाव 6 सितंबर को होंगे और इसके परिणाम दो दिन बाद घोषित किए जाएंगे। मतदान दो चरणों में सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर एक बजे तथा दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा। मतगणना उसी दिन रात नौ बजे से की जाएगी। चुनाव परिणाम 8 सितंबर को घोषित किया जाएगा।
-
सुप्रीम कोर्ट ने दी अनुमति...
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई ने इल्तिजा को श्रीनगर जाकर अपनी मां महबूबा मुफ्ती से मिलने की इजाजत दे दी है। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके श्रीनगर जाने की इजाजत मांगी थी। इस याचिका की सुनवाई करते हुए गुरुवार को गोगोई ने इल्तिजा से पूछा कि आपको घूमने की आवश्यकता क्यों है? श्रीनगर में बहुत ठंड है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि श्रीनगर जाने और मुफ्ती से मिलने से हमें कोई समस्या नहीं है, लेकिन आप वहां स्वतंत्र रूप से घूम नहीं सकती हैं।
इसलिए इल्तिजा ने अपना घर छोड़ा था
इल्तिजा का पक्ष रखते हुए नित्या रामाकृष्णन ने कोर्ट से कहा कि उन्हें 22 अगस्त तक घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया इसलिए इल्तिजा ने अपना घर छोड़ा था। वहीं कोर्ट में अटॉर्नी जनरल ने कहा कि महबूबा मुफ्ती और उनकी बहन दो बार यहां आ चुकी हैं। इल्तिजा को भी इसकी इजाजत के लिए जिलाधिकारी से मुलाकात करनी चाहिए। इल्तिजा की याचिका पर अटॉर्नी जनरल ने कहा कि इस प्रकार की याचिका अन्य उद्देश्य से दायर की जाती हैं।
-
-मंत्रालय के 1000 कर्मचारी घर नहीं गए, बीएमसी के 145 स्कूल शेल्टर बने
-हफ्तेभर में 11 राज्यों में औसत से ज्यादा, 17 राज्यों में सामान्य बारिश हुई
मुंबई। महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मुंबई में गुरुवार को भी भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान समेत 14 राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट है। बारिश के चलते गुरुवार को मुंबई से उड़ान भरने वाली 30 फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जबकि 118 में देरी हुई। रेलवे ने ट्रैक डूबने से 10 ट्रेनों को रद्द कर दिया।
मौसम विभाग ने आज भी मुंबई, ठाणे और कोंकण में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जिसके बाद शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े ने इन इलाकों में आने वाले सभी स्कूलों को दूसरे दिन बंद करने का आदेश दिया है। अगले दो-तीन दिनों के लिए महाराष्ट्र के पुणे, रायगढ़, रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग और पालघर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नागपुर के करीब 100 गांवों का संपर्क मुख्यालयों से कट गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्रालय के करीब 1000 कर्मचारी बुधवार रात को मंत्रालय में ही रुके रहे। वहीं बीएमसी ने अपने 145 स्कूलों को अस्थाई राहत केंद्रों में बदल दिया। कुर्ला इलाके में मीठी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वहां नदी किनारे रहने वाले 1500 लोगों को एनडीआरएफ ने रेस्क्यू किया।
6 साल के बच्चे समेत 4 की मौत
मुंबई में बीएमसी के दो कर्मचारियों की बुधवार को पश्चिमी उपनगर गोरेगांव में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों कर्मी गहरे पानी में डूब गए थे। वहीं, बीकेसी में एक युवक की मौत की जानकारी सामने आई है। नालासोपारा में सीवर में गिरने से एक छह साल के बच्चे की मौत हो गई।
10 ट्रेनें कैंसल, 30 फ्लाइट रद्द; 118 उड़ानों में देरी
मुंबई में बारिश की वजह से गुरुवार को 30 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 118 देरी से चल रही हैं। रेलवे के मुताबिक, ट्रैक पर पानी भरने के कारण मुंबई से 10 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। दूसरी ओर, लोकल ट्रेनों में देरी के कारण गुस्साए यात्रियों ने अंधेरी और सीएसटी स्टेशनों पर प्रदर्शन किया और ट्रेन रोककर विरोध जताया।
आज इन राज्यों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तराखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, केरल, कोंकण-गोवा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से भारी बारिश हो सकती है।
हफ्तेभर में 11 राज्यों में औसत से ज्यादा बारिश, 17 में सामान्य
बीते एक सप्ताह में देश के 11 राज्यों में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं 17 राज्यों में सामान्य बारिश हुई। महाराष्ट्र में 1 जून से 4 सितंबर तक 1053 मिमी बारिश हुई, जो औसत 857 मिमी से करीब 23 फीसदी ज्यादा है।
-
वाराणसी। अन्तरिक्ष में अपना परचम लहरा कर एक इतिहास रचने जा रहे भारत और भारत के अन्तरिक्ष वैज्ञानिकों के लिए छह सितम्बर का दिन बेहद महत्वपूर्ण है. चंद्रयान-2 लैंडर- विक्रम चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास लैंड करेगा. चंद्रयान-2 सफलता के साथ अपने मिशन को पूरा करे इसके लिए धर्म की नगरी कहे जाने वाले वाराणसी में साधू संतों और बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ-हवन और पूजन करके ईश्वर से प्रार्थना की.
अपने हाथों में देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और चंद्रयान-2 की सफलता के पोस्टर लेकर ईश्वर की शरण में बैठ कर प्रार्थना कर रहे साधू संत और बटुक चाहते हैं कि लैंडर-विक्रम चन्द्रमा की सतह पर सफलता पूर्वक उतरे और इसरो को हर सफलता हासिल हो.इन लोगों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सफलता के विशेष मंत्रों से अनुष्ठान करके अग्नि में आहूतियां समर्पित कीं. आपको बता दें कि भारतीय अन्तरिक्ष वैज्ञानिकों ने लगभग दस वर्षों की कठिन तपस्या, शोध और अनुसन्धान के कार्यों को सम्पूर्ण करने के बाद चंद्रयान-2 को चन्द्रमा की कक्षा में स्थापित करने में सफलता प्राप्त की है.चन्द्रयान-2 से चांद की भौगोलिक संरचना, भूकंपीय स्थिति, खनिजों की मौजूदगी और उनका वितरण, सतह की रासायनिक संरचना, ऊपर मिटटी का ताप, भौतिक विशेषताओं का अध्ययन करके चन्द्रमा के अस्तित्व में आने तथा उसके क्रमिक विकास के बारे में कई जानकारियां मिल सकेंगी -
नई दिल्ली =ट्रैफिक रूल के उल्लंघन को लेकर जुर्माने के नए कानून पर बब्वाल मच गया है सोशल मीडिया पर तरह तरह के कार्टून से सरकार की आलोचना हो रही है अब सरकार ने अपना पक्ष रखा है केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है की है कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने में भारी वृद्धि का फैसला कानून का पालन अनिवार्य बनाने के लिए किया गया है, न कि सरकारी खजाने को भरने के मकसद से। दरअसल, इस महीने से जुर्माने की रकम 30 गुना तक बढ़ने और सजा की अवधि में भी इजाफे का नया नियम लागू किए जाने पर कोहराम मचा हुआ है। पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, राजस्थान, मध्य प्रदेश के साथ-साथ गुजरात ने बढ़ी हुई दर पर जुर्माना वसूलने से इनकार कर दिया है।गडकरी ने कहा, ‘यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण सड़क पर हो रही मौतों की संख्या बहुत ज्यादा है। जुर्माने में कई गुना वृद्धि का फैसला विभिन्न पक्षों से सलाह के बाद सामूहिक तौर पर लिया गया। सरकार इन जुर्मानों से कमाई करना नहीं चाहती है। यह सिर्फ उल्लंघन की घटनाएं रोकने के लिए है। अब तक यातायात नियमों का बहुत कम पालन होता रहा है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘सरकार जुर्माने की सीमा बढ़ाने की इच्छुक नहीं है। हम चाहते हैं कि ऐसा वक्त आए जब एक भी व्यक्ति को जुर्माना नहीं देना पड़े और हर व्यक्ति कानून का पालन करे।’ गौरतलब है कि संसद ने मोटर वीइकल ऐक्ट, 1988 में संशोधन प्रस्ताव को जुलाई में पास किया था। उसके बाद अगस्त महीने में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मोटर वीइकल्स (अमेंडमेंट) ऐक्ट, 2019 की अधिसूचना जारी की थी। हालांकि, इसे 1 सितंबर से लागू किया गया। यह अलग बात है कि तेलंगाना और राजस्थान जैसे राज्यों में नया कानून अब भी लागू नहीं किया गया है।
-
मॉस्को। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर मसले पर कहा कि दोनों ही देश आतंरिक मामलों में बाहरी दखल के खिलाफ हैं, रूस ने जम्मू कश्मीर पर भारत के कदम का समर्थन किया है और कहा है कि दर्जे में परिवर्तन भारतीय संविधान के ढांचे के अनुरूप है, पीएम मोदी ने बताया कि चेन्नई-व्लादिवोस्तोक जलमार्ग पर सहमति बनी है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को 2 दिन के रूस दौरे पर व्लादिवोस्तोक पहुंचे। मोदी ने पुतिन के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कश्मीर मसले पर कहा कि दोनों ही देश आतंरिक मामलों में बाहरी दखल के खिलाफ हैं। पीएम मोदी की यह टिप्पणी भारत द्वारा जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की पृष्ठभूमि में आई है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से स्पष्ट तौर पर कह दिया है कि संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को समाप्त करना उसका एक आंतरिक मामला है। रूस ने जम्मू कश्मीर पर भारत के कदम का समर्थन किया है और कहा है कि दर्जे में परिवर्तन भारतीय संविधान के ढांचे के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों में रक्षा, व्यापार और परमाणु क्षेत्र में दर्जनों एग्रीमेंट हुए हैं। चेन्नई-व्लादिवोस्तोक जलमार्ग पर सहमति बनी है। पीएम मोदी ने पुतिन को अगले साल एनुअल समिट में भारत आने का न्योता दिया। पीएम मोदी पूर्वी आर्थिक मंच (ईईएफ) में भी शामिल होंगे। वह रूस के पूर्वी सुदूर क्षेत्र की यात्रा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं।
दोनों देशों ने किए 15 समझाैतों पर हस्ताक्षर
बता दें कि दोनों नेताओं ने व्यापार एवं निवेश, तेल एवं गैस, खनन, परमाणु ऊर्जा, रक्षा एवं सुरक्षा, वायु एवं समुद्री सम्पर्क, परिवहन आधारभूत ढांचा, हाईटेक, बाहरी अंतरिक्ष और लोगों के बीच संपर्क के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। और 15 समझाैतों पर हस्ताक्षर किए।
मोदी पोत निर्माण केंद्र देखने भी गए
मोदी पुतिन के साथ ज्वेज्दा पोत निर्माण केंद्र भी देखने गए। पीएम मोदी पुतिन से आर्कटिक जलमार्ग खोलने का आग्रह कर सकते हैं, ताकि भारत से रूस के इस हिस्से की दूरी कम हो जाए और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाए जा सकें। चेन्नई-व्लादिवोस्तोक जलमार्ग पर समझौते से भारत-रूस के बीच व्यापार को मजबूती मिलेगी।
सीएम रहते अटलजी के साथ आया था
साझा प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत-रूस के बीच 20वां समिट है, जब पहला समिट हुआ था तब गुजरात के मुख्यमंत्री के बतौर मैं अटल बिहारी वाजपेयी के साथ यहां आया था। तब भी व्लादिमीर पुतिन यहां के राष्ट्रपति थे। हमारी कोशिश दोनों देशों के बीच संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की है।
-
नई दिल्ली। हांगकांग में हो रहे प्रदर्शनों को लेकर चीन आक्रामक हो गया है। भारत में चीनी राजदूत सन वेइदोंग ने कहा कि हांगकांग हमारा आंतरिक मामला है। कुछ बाहरी ताकतें चीन के आंतरिक मामले में दखल दे रही हैं और हिंसक अपराधों को शांतिपूर्ण विरोध के रूप में जान-बूझकर पेश कर रही हैं। बाहरी ताकत को मामलों में दखल देने की अनुमति नहीं देंगे।
-
सिंगापुर। भारतीय मूल के थिरुचेल्वम मणियम को महिला का यौन उत्पीड़न करने के मामले में साढ़े छह साल की जेल की सजा सुनाई गई है। जिला न्यायाधीश कैरोल लिंग ने मणियम को मामले में दोषी पाए जाने के बाद तीन बेंत लगाए जाने की भी सजा दी। यह घटना 20 अप्रैल 2018 को हुई थी। मणियम ने बस स्टॉप पर महिला का यौन उत्पीड़न किया था।
-
तेहरान। ईरान ने ब्रिटेन के जहाज स्टेना इम्पेरो के सात क्रू सदस्यों को रिहा करने का निर्णय लिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्बास मौसवी ने कहा कि भारतीय नागरिकों सहित सात लोगों को मानवीय आधार पर टैंकर छोड़ने की अनुमति दी गई है। वे जल्द ही ईरान से बाहर चले जाएंगे। हमें जहाज के क्रू और कैप्टन से किसी भी प्रकार की समस्या नहीं है।
-
पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका होने से 19 लोगों की मौत हो गई है और 15 लोग घायल हैं. 4 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है. पटाखा फैक्ट्री की 2 इमारतों में 50 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी आवाज सुनकर दहशत में आ गए. घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन समेत पुलिस के जवान बड़ी संख्या में पहुंचे हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है. मौके पर दमकल विभाग के कई कर्मी पहुंच चुके हैं. बचाव टीम लगातार फंसे हुए लोगों तक मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही है. इस घटना पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दुख जताया है. उन्होंने कहा कि एसएसपी की अगुआई में राहत एवं बचाव कार्य जारी है. वहीं उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट किया. उन्होंने लिखा, हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायल जल्द स्वस्थ हों. ताजा जानकारी के मुताबिक धुंआ तेज होने की वजह से लोगों को बाहर इमारतों से निकालने में मुश्किल हो रही है. आसपास के लोग भी इस धमाके से प्रभावित हुए हैं. जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त दोपहर के करीब चार बज रहे थे.बुधवार को हुए इस हादसे में लाखों के नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. यह भी अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि फैक्ट्री वैध थी या नहीं. अगर फैक्ट्री वैध थी तो उसमें किस हद तक सुरक्षा के मानक अपनाए गए. घटना के विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है.
-
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के विभिन्न जिलों के सरपंचों, फल उत्पादकों, व्यापारियों, आढ़तियों और फल उत्पादक एसोसिएशन के सदस्यों से मुलाकात की। 1947 के दौरान के विस्थापितों के प्रतिनिधिमंडल ने भी केंद्रीय गृहमंत्री से मुलाकात की। तीनों प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के 370 हटाने वाले साहसिक कदम के लिए बधाई दी। इस मौके पर शाह ने जम्मू कश्मीर से आए विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से कहा कि धारा 370 हटने के बाद जम्मू कश्मीर में संविधान के 73वें व 74 वें संशोधन एक्ट लागू हैं जिससे राज्य में लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने सरपंचों से कहा कि आप ही अब जम्मू कश्मीर के नेता हैं और आपको व्यवस्थाओं को लोगों तक ले जाना है। अब गांव की हुकूमत गांव के पास आ गई है इसलिए गांव-सुधार से संबंधित सभी काम सरपंचों को करने हैं। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही विभिन्न सरकारी सेवाओं में भर्ती शुरू की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बिना किसी सिफारिश के हर गांव से कम से कम पांच लोगों को नौकरी मिले। सरपंचों द्वारा मोबाइल कनेक्टिविटी बहाल करने के विषय में गृहमंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में बहुत जल्द मोबाइल कनेक्टिविटी बहाल हो जाएगी।
-
नई दिल्ली। देशभर में गणेशोत्सव की धूम है। गणेश पंडालों और घरों में कई रूप में गणेश जी विराजमान हैं। लुधियाना में रेस्टारेंट चलाने वाले हरजिंदर सिंह कुकरेजा ने चॉकलेट से गणेशजी की मूर्ति बनाई है। श्री कुकरेजा अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बप्पा की ये इको फ्रेंडली प्रतिमा 20 शेफ्स ने 10 दिन में तैयार की है, जिसे बनाने में 100 किलोग्राम से ज्यादा बेल्जियन चॉकलेट का इस्तेमाल किया गया है। श्री कुकरेजा ने बताया कि चॉकलेट से बनी गणपति की इस प्रतिमा का विसर्जन दूध में किया जाएगा। इसके बाद उस चॉकलेट मिल्क को प्रसाद के रूप में बच्चों व लोगों में बांटा जाएगा, जिससे चॉकलेट से बनी गणेश प्रतिमा बेकार भी नहीं जाएगी, इसका सही उपयोग ऐसे ही किया जाएगा। -
मुंबई। नवी मुंबई के उरण स्थित ओएनजीसी के प्लांट में मंगलवार सुबह 7 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें से तीन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान हैं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया। करीब 25 लोगों को प्लांट से सुरक्षित निकाला गया। नवी मुंबई के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि प्लांट के वाटर ड्रेनेज सिस्टम से लेवल-3 की आग भड़की। मृतकों में तीन सीआईएसएफ फायर यूनिट के जवान हंै। एक ओएनजीसी का कर्मचारी है। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, ओएनजीसी ट्वीट कर बताया कि प्लांट से गैस की सप्लाई रोकी गई है। इसे हजीरा प्लांट के लिए डायवर्ट कर दिया गया है। एहतियातन आसपास के इलाके को खाली कराया जा रहा है।
-
नई दिल्ली। सफर कोई भी हो थकान तो हो ही जाती है। वहीं अगर यात्रा दुनिया के सबसे लंबे रेल मार्ग की हो तो होने वाली थकावट की चिंता भी लाजिमी है। मगर अब मास्को से व्लादिवोस्तक, यानी 7 दिनों का रेल सफर करने वाले यात्रियों को इस सफर की थकान से सुकून देने में काम आएगा खास भारतीय नुस्खा और वो है योगासन। रूस के दो दिनी दौरे पर रवाना हो रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्लादिवोस्तक में बुधवार को एक खास मोबाइल एप लॉन्च करेंगे जो इस लंबी रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को थकान मिटाने के आसान नुस्खे बताएगा। यह रेल लाइन 1916 से सक्रिय है। ट्रांस साइबेरियन रेल नेटवर्क बीजिंग और मॉस्को को भी रेल मार्ग से जोड़ता है।
-
कच्चा पपीता लीवर के लिए बहुत ज्यादा उपयोगी है यह लीवर को काफी बल प्रदान करता है। पीलिया में लीवर काफी खराब हो जाता है, कच्चा पपीता खाने से या उसकी सब्जी के रूप में खाने से पीलिया रोगियों को काफी फायदा भी पहुंचता है।कच्चे पपीते और उसके बीज में बहुत सारा विटामिन ‘ए’, ‘सी’ और ‘ई’ होता है, जो कि शरीर के इम्यून सिस्टम को बहुत मजबूत बना सकता है। कच्चा पपीता सर्दी और जुखाम के साथ इंफेक्शन से भी लड़ता है, यह मूत्र संबंधी समस्याओं में फायदा पहुंचा सकता है। यह बैक्टीरिया बढ़ने से भी रोकता हैशरीर पर अनचाहे बाल देखने में काफी भद्दे लगते हैं और इनसे छुटकारा पाना भी बहुत मुश्किल होता है। हर महीने इन्हें साफ करने के लिए वैक्स या शेव करना आपके लिए बोझिल और दर्दनाक हो सकता है। कच्चे पपीते से अनचाहे बालों को दोबारा उगने से भी जल्द रोका जा सकता है।कच्चे पपीते में एक शक्तिशाली एंजाइम होता है, जिसे पैपिन के नाम से जाना जाता है। इंटरनेशनल जर्नल ऑफ फार्मसूटिक्स में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, पैपिन बालों के रोम को कमजोर कर और उन्हें दोबारा से बढ़ने से रोकक आपको अनचाहे बालों से छुटकारा दिलाने में अवश्य सहायक है।
इस मामले में कच्चा पपीता बाजार में उपलब्ध अन्य क्रीम से ज्यादा प्रभावी है। आपको बता दें कि कच्चे पपीते में पके हुए पपीते की तुलना में पैपिन की मात्रा अधिक होती है।
-
भारतीय बासमती का निर्यात बढ़ाने और कीटनाशक से बचाने के लिए बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान के वैज्ञानिकों ने पहल की है। यूपी समेत सात राज्यों में 12 वैज्ञानिकों की टीम किसानों को खेतों पर जाकर जागरूक कर रही है। कीटनाशक के संबंध में जानकारी देने के लिए 50 हजार बुकलेट प्रकाशित कराई गई हैं।
अधिक मात्रा में कीटनाशक का प्रयोग करने से भारतीय बासमती की गुणवत्ता पर असर आ रहा है। इस कारण निर्यात पर असर पड़ रहा है। अच्छी गुणवत्ता और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. रितेश शर्मा के नेतृत्व में पेस्टीसाइड अवेयरनेस कैंपेन चलाया जा रहा है।
इसमें ऑल इंडिया राइस एक्सपोर्ट्स एसोसिएशन भी सहयोग कर रहा है। डॉ. रितेश शर्मा के अलावा 12 वैज्ञानिकों की टीम अब तक यूपी, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल आदि में 35 हजार किसानों को जागरूक कर चुकी है। एक लाख किसानों को जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्या है अभियान में खास
डॉ. रितेश शर्मा ने बताया कि विशेषज्ञों की टीम किसानों को उन्नत एवं उचित प्रजाति के बीजों का चुनाव, नर्सरी तैयार करने, रोपाई की विधि, उर्वरक एवं खाद का उचित प्रयोग, जल प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण, पाटा तकनीक का प्रयोग, कीट प्रबंधन, भंडारण आदि की जानकारी दे रही है।
गुणवत्ता खराब कर रहे कीटनाशक
डॉ. रितेश शर्मा के अनुसार किसान बासमती की खेती करते समय कीटनाशक का अधिक प्रयोग न करें। जिससे उसकी गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरे और निर्यात बढ़े। केंद्र सरकार भी कीटनाशक के प्रयोग को लेकर गंभीर है।
-
नई दिल्ली। अमेरिका से खरीदे आधुनिक तकनीक और मारक क्षमता वाले 8 अपाचे हेलिकॉप्टर मंगलवार को भारतीय वायुसेना के जंगी बेड़े में शामिल हो गए हैं। सभी हेलिकॉप्टर को पठानकोट एयरबेस पर तैनात कर वॉटर केनन सैल्यूट दिया गया। एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ भी पठानकोट में इंडक्शन सेरेमनी में मौजूद रहे। अमेरिका सरकार और बोइंग कंपनी से 2015 में 4,168 करोड़ रुपए में 22 अपाचे हेलिकॉप्टर के लिए सौदा हुआ था। -
नई दिल्ली/इस्लामाबाद। पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव से सोमवार को इस्लामाबाद में भारत के उप उच्चायुक्त गौरव अहलूवालिया ने मुलाकात की। यह मुलाकात अंतरराष्ट्रीय अदालत (आईसीजे) द्वारा दी गई व्यवस्था के अनुपालन में पाकिस्तान द्वारा सोमवार को जाधव को राजनयिक पहुंच की अनुमति दिए जाने के बाद हुई। वर्ष 2016 में हिरासत में लिए जाने के बाद जाधव तक भारत की यह पहली राजनयिक पहुंच है। भारतीय नागरिक जाधव पाकिस्तान की जेल में बंद हैं। जासूसी तथा आतंकवाद के आरोप में पाकिस्तान ने 2017 में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। जियो टीवी ने सूत्रों के हवाले से खबर दी कि यह मुलाकात एक घंटे तक चली। कश्मीर मुद्दे पर दोनों देशों में जारी तनाव के बीच अहलूवालिया ने यहां एक उप-जेल में भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी जाधव से मुलाकात की। जाधव से मुलाकात करने से पहले, अहलूवालिया ने पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल से विदेश मंत्रालय में मुलाकात की। गौरतलब है कि 49 वर्षीय जाधव को जासूसी और आतंकवाद के आरोप में पाकिस्तानी सैन्य अदालत ने अप्रैल, 2017 में मौत की सजा सुनाई थी। उसके बाद भारत ने आईसीजे पहुंचकर उनकी मौत की सजा पर रोक लगाने की मांग की थी। पाकिस्तान विदेश कार्यालय ने एक अगस्त को भी कहा था कि भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी को अगले दिन राजनयिक पहुंच दी जाएगी। यह मुलाकात दो अगस्त को अपराह्न तीन बजे होने वाली थी, लेकिन राजनयिक पहुंच की शर्तों को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच मतभेदों के चलते यह बैठक नहीं हो सकी थी। भारत ने पाकिस्तान से जाधव तक तत्काल, प्रभावी और निर्बाध राजनयिक पहुंच उपलब्ध कराने की मांग की थी और वह कूटनीतिक माध्यमों से इस्लामाबाद के संपर्क में था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि आज उपलब्ध कराई गई राजनयिक पहुंच निर्बाध थी या नहीं, जैसी कि भारत ने मांग की थी। रविवार को फैसल ने ट्वीट किया था कि जाधव को राजनयिक संबंधों पर वियना संधि, आईसीजे के फैसले और पाकिस्तान के कानूनों के अनुरूप दो सितंबर को राजनयिक पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को भारत सरकार द्वारा हटाए जाने के चलते दोनों देशों में तनाव के बीच जाधव को राजनयिक पहुंच उपलब्ध कराई गई है। कश्मीर मुद्दे पर तनाव के बीच पाकिस्तान ने भारत के साथ राजनयिक संबंधों को कमतर करते हुए सात अगस्त को भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को निष्कासित कर दिया था। आईसीजे ने 17 जुलाई को पाकिस्तान को जाधव को सुनाई गयी फांसी की सजा पर प्रभावी तरीके से पुनर्विचार करने और राजनयिक पहुंच प्रदान करने का आदेश दिया था।खबर है कि पाकिस्तान ने मुलाकात की जगह ही बदली। पहले भारतीय राजनयिक गौरव अहलुवालिया की मीटिंग पाक विदेश मंत्रालय के मुख्य ऑफिस में तय की गई थी, लेकिन पाकिस्तान ने शरारत करते हुए किसी अज्ञात स्थान पर मीटिंग की बात कही है।
-
सीबीडीटी का नया नियम
नई दिल्ली। आयकर विभाग आधार नंबर का उपयोग कर रिटर्न दाखिल करने वाले करदाताओं को स्वत: स्थायी खाता संख्या (पैन) जारी कर देगा। यह दोनों डेटाबेस को जोड़ने की नई व्यवस्था का हिस्सा है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) की अधिसूचना के अनुसार यदि कोई व्यक्ति आधार का उपयोग कर रिटर्न दाखिल करता है। उसके पास पैन संख्या नहीं है तो यह मान लिया जाएगा कि उसने पैन जारी करने के लिए आवेदन कर दिया है। इसके बाद उसे कोई और दस्तावेज दाखिल करने की जरूरत नहीं होगी। यह नियम एक सितंबर से प्रभावी हो गया है। अधिसूचना में कहा गया है कि कर विभाग पैन संख्या आवंटित करने के लिए ‘आधार’ से व्यक्ति की अन्य जनांकिक जानकारी जुटा लेगा।
सीबीडीटी, आयकर विभाग के लिए नीति निर्धारण करने वाला शीर्ष निकाय है। सीबीडीटी के चेयरमैन पी. सी. मोदी ने जुलाई में एक साक्षात्कार में कहा था कि विभाग खुद से उस व्यक्ति को एक नई पैन संख्या आवंटित कर देगा, जो रिटर्न दाखिल करते समय आधार का उपयोग करेगा। यह दोनों डेटाबेस को आपस में जोड़ने की नई व्यवस्था का हिस्सा है।
ऐसा मान लिया जाएगा
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति पैन न होने की स्थिति में आधार के जरिए रिटर्न फाइल कर रहा है तो यह माना जाएगा कि वह पैन जारी करने के लिए भी एप्लीकेशन दे रहा है। ऐसे में उसे दूसरा कोई दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी।
-
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने जमीयत उलेमा ए हिंद प्रमुख मौलाना सैयद अरशद मदनी से मुलाकात की और दोनों ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में हिंदू और मुस्लिमों के बीच एकता को मजबूती प्रदान करने और भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मार डालने की घटनाएं जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। यह बैठक शुक्रवार को यहां संघ के यहां स्थित कार्यालय केशव कुंज में हुई और इसका आयोजन भाजपा के पूर्व महासचिव (संगठन) रामलाल ने किया था जो वापस आरएसएस में चले गए हैं।
मदनी ने कहा, ‘‘बैठक 90 मिनट से अधिक समय तक चली और इसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। भागवत साहब इस बैठक के लिए हवाई मार्ग से नागपुर से यहां आये थे। यह बैठक बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई।’’ उन्होंने कहा कि संघ और जमीयत संभवत: देश में सबसे बड़े गैर राजनीतिक सामाजिक संगठन हैं और वे देश के हित में काम करना चाहते हैं जो उन्हें बातचीत की एक मेज पर ले आया। मदनी ने कहा, ‘‘हिंदुओं और मुस्लिमों के बीच एकता को मजबूती प्रदान करना, भीड़ द्वारा लोगों को पीट-पीटकर मार डालने और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) पर चर्चा हुई।’’ दोनों नेताओं के बीच यह बैठक असम में एनआरसी की अंतिम सूची सार्वजनिक किये जाने से एक दिन पहले हुई।
मदनी ने बैठक में यह भी कहा कि जमीयत वी डी सावरकर और एम एस गोलवलकर के विचारों से सहमत नहीं है। सम्पर्क किये जाने पर संघ के प्रचार विभाग के पदाधिकारी राजीव तुली ने बैठक की पुष्टि की और कहा कि संघ प्रमुख होने के नाते भागवत समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद करते हैं। तुली ने कहा, ‘‘ऐसी ही एक बैठक के तहत भागवत शुक्रवार को मदनी से मिले। संघ देश में एकता और शांति के लिए काम करता है और जो भी इस प्रयास में शामिल होना चाहता है उसका स्वागत है।’’ संघ के सूत्रों के अनुसार बैठक इस वर्ष के शुरू में होनी थी लेकिन इसे लोकसभा चुनाव के बाद के लिए टाल दिया गया ताकि बैठक का कोई राजनीतिक अर्थ न निकाला जाए।
-
नई दिल्ली. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से आज छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मुलाकात की. उनकी यह मुलाकात करीब शाम 5:30 से 6:05 बजे तक हुई. जानकारी के मुताबिक झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बातचीत किया.बता दें कि हाल ही में टीएस सिंहदेव को झारखंड स्क्रिनिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है. चेयरमैन बनने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से यह उनकी पहली मुलाकात थी. इस दौरान झारखंड में होने वाले आगामी चुनाव को लेकर चर्चा की गई.
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को पांच राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त किए। आरिफ मोहम्मद खान को केरल का गवर्नर बनाया गया है। तमिलनाडु में भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन (58) को तेलंगाना, कलराज मिश्र को राजस्थान, भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र, बंडारू दत्तात्रेय को हिमाचल प्रदेश भेजा गया है।
कांग्रेस में रहे आरिफ मोहम्मद खान लंबे समय से सक्रिय राजनीति से दूर थे। उन्होंने वंदे मातरम् का उर्दू में अनुवाद भी किया था। केंद्र सरकार के तीन तलाक खत्म करने और अनुच्छेद 370 हटाने पर मोदी सरकार के फैसलों की तारीफ की थी। वे 1984 की राजीव गांधी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे। आरिफ मोहम्मद ने कहा कि मेरे लिए यह सेवा करने का एक मौका है। साथ ही देश के एक ऐसे हिस्से को जानने का शानदार अवसर है, जो देश की सीमा से लगा है। विविधताओं वाले इस देश में मेरा जन्म होना सौभाग्य है। इस देश को देवभूमि कहा जाता है। वहीं, बंडारू दत्तात्रेय ने हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया। दत्तात्रेय ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल के रूप में मुझे नई जिम्मेदारी दी है।
शिक्षक से लेकर सियासत का सफर कोश्यारी का
महाराष्ट्र में नियुक्त राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी उत्तराखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। वे 2001 से 2002 तक राज्य के मुख्यमंत्री भी रहे। 2002 से 2007 तक विपक्ष के नेता और 2008 से 2014 तक राज्यसभा के सदस्य रहे। कोश्यारी बतौर शिक्षक और पत्रकार भी काम कर चुके हैं। आपातकाल के दौरान उन्हें 1977 में जेल भी जाना पड़ा था।
कल्याण सिंह का कार्यकाल सोमवार को होगा खत्म
राजस्थान में पिछले 52 साल में 40 राज्यपाल बने, लेकिन इनमें से कोई भी 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया। 1967 के बाद वर्तमान राज्यपाल कल्याण सिंह सोमवार को अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा कर रिटायर हो रहे हैं। कल्याण सिंह की जगह कलराज मिश्र को नया गवर्नर नियुक्त किया गया है। केरल में गवर्नर पूर्व चीफ जस्टिस पी. सदाशिवम थे, जिनका हाल ही में कार्यकाल खत्म हुआ है। - नई दिल्ली। असम में बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) की अंतिम सूची शनिवार को ऑनलाइन जारी कर दी गई। असम के लिए राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) की अंतिम सूची शनिवार को जारी कर दी गई, जिसमें 19 लाख से अधिक लोगों को जगह नहीं मिली। एनआरसी की सूची में शामिल होने के लिए आवेदन करने वाले 3.30 करोड़ से अधिक आवेदकों में से 3.11 करोड़ से अधिक लोगों को एनआरसी की अंतिम सूची में जगह मिली है।एनआरसी के राज्य समन्वयक प्रतीक हजेला ने एक प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि एनआरसी की अंतिम सूची में शामिल होने के लिए कुल 3,11,21,004 लोगों को योग्य पाया गया, जबकि अपनी नागरिकता के संबंध में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने वाले 19,06,657 लोगों को इस सूची से बाहर रखा गया है। शामिल किए गए और बाहर किए गए नामों को लोग एनआरसी की वेबसाइट पर देख सकते हैं। बयान में कहा गया कि सुबह 10 बजे अंतिम सूची प्रकाशित की गई। शामिल किए गए लोगों की पूरक सूची एनआरसी सेवा केंद्रों (एनएसके), उपायुक्त के कार्यालयों और क्षेत्राधिकारियों के कार्यालयों में उपलब्ध है, जिसे लोग कामकाजी घंटों के दौरान देख सकते हैं।धारा-144 लागूशनिवार को अंतिम एनआरसी के प्रकाशन के मद्देनजर राज्य प्रशासन ने गुवाहाटी समेत सभी संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू कर दी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, केंद्र सरकार ने राज्य प्रशासन की मदद के लिए पर्याप्त संख्या में अर्धसैनिक बल मुहैया कराए हैं। हमने प्रत्येक जिले में उपायुक्तों और एसपी को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
- धुले। महाराष्ट्र के धुले में एक केमिकल फैक्ट्री में शनिवार सुबह सिलेंडर में धमाके के बाद आग लग गई, जिसमें 13 की मौत हो गई। इस घटना में 58 लोगों के घायल होने की खबर है। धमाका इतना भीषण था कि इसकी गूंज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसा सुबह करीब 9.15 बजे हुआ। धुले के एसपी विश्वास पंधारे के मुताबिक धुले जिले में शनिवार को एक फैक्ट्री में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाका होने से 13 लोगों की मौत हो गई। यह घटना धुले के शिरपुर कस्बे में सुबह हुई। शिरपुर एक इंडस्ट्रीयल एरिया है। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। श्री पंधारे ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि कई सिलेंडरों में धमाके हुए हैं। फैक्ट्री में करीब 100 से ज्यादा कर्मचारी मौजूद थे।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शुक्रवार को एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नए भारत में सरनेम (उपनाम) मायने नहीं रखता बल्कि अपना नाम बनाने की युवाओं की क्षमता मायने रखती है। उन्होंने यह भी कहा कि नए भारत में चीजें बेहतर के लिये बदल रही है और भ्रष्टाचार का कोई स्थान नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों और संगठनों के बीच संवाद अवश्य होना चाहिए, भले ही उनके सोचने का तरीका कुछ भी हो। उन्होंने कहा, हमें हर बात पर सहमत होने की जरूरत नहीं है, सार्वजनिक जीवन में इतनी सभ्यता होनी चाहिए कि विभिन्न विचारधाराओं के लोग एक दूसरे को सुन सकें। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि लाइसेंस राज और परमिट राज की आर्थिक संस्कृति व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के आड़े आ रही थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले सफलता इस बात पर निर्भर करती थी कि क्या आप किसी विशिष्ट वर्ग से ताल्लुक रखते हैं या नहीं। बड़े शहर, बड़ी संस्थाएं और बड़े परिवार ही मायने रखते थे।