- Home
- देश
- नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि हाल ही में लागू इलेक्ट्रॉनिक पेंशन भुगतान आदेश (ई-पीपीओ) प्रणाली वरिष्ठ नागरिकों के जीवनस्तर को सुगम बनाती है। कार्मिक मंत्रालय में किये गये कुछ सुधारों का जिक्र करते हुए श्री सिंह ने रविवार को कहा कि मंत्रालय में पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग को अक्सर वरिष्ठ नागरिकों से उनके पेंशन भुगतान आदेश की मूल प्रतियों के गुम हो जाने की शिकायतें मिलती हैं।कार्मिक राज्य मंत्री ने कहा, ''ऐसे हालात में, पेंशनभोगी खासकर बुजुर्ग पेंशनभोगियों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है।'' डिजिटलीकरण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए सिंह ने कहा कि पिछले छह साल में इस दिशा में तेज प्रगति हुई है और भारत सरकार के अनेक मंत्रालय और विभाग कोविड-19 महामारी शुरू होने से भी पहले से ई-कार्यालय से करीब 80 प्रतिशत काम कर रहे थे।-
- आगरा। आगरा में रविवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर इकतारा गांव के पास कोहरे के चलते एक बस के ट्रक से टकराकर गढ्डे में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा पांच लोग घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लखनऊ से दिल्ली जा रही एक बस आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गयी और अनियंत्रित होकर गढ्डे में जा गिरी। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गयी और पांच यात्री घायल हो गए। डौकी थाने के पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंच गया और बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
- - पुलिस ने किया खुलासाबिजनौर । उत्तर प्रदेश के बिजनौर में 13 जनवरी को एक व्यक्ति की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक अपने अवैध संबंधों के कारण आरोपी पत्नी ने ही मृतक के आरोपी भतीजे और उसके साथियों से अपने पति की हत्या कराई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक के भतीजे और पत्नी सहित घटना में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने रविवार को बताया कि अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत फजलपुर मच्छमार गांव निवासी वीर सिंह 13 जनवरी को घर से बाहर गया था, लेकिन वापस नहीं आया। इसके बाद उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को गांव हरपुर बंबे के पास वीर सिंह का शव मिला था। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना की गहन जांच कर 16 जनवरी को राजोरी तिराहे से मृतक के भतीजे आरोपी सोमपाल और उसके दोस्त आरोपी लवकुश तथा आरोपी अनस को हिरासत में ले लिया और पूछताछ की। उन्होंने कहा कि आरोपी सोमपाल ने पूछताछ में हत्या का अपराध स्वीकारते हुए बताया कि उसके अपनी चाची सुशीला के साथ अवैध संबंध थे। पुलिस ने कहा कि सोमपाल ने पूछताछ में बताया कि उसके चाचा वीर सिंह ने उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था जिसके बाद से वह आरोपी सुशीला पर सख्ती कर रहा था। अधिकारियों ने पूछताछ के आधार पर दावा किया कि आरोपी सोमपाल और आरोपी सुशीला ने इसके बाद वीर सिंह की हत्या की साजिश रची और इसमें आरोपी लवकुश तथा आरोपी अनस को भी शामिल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा, बाइक और पांच मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपी सुशीला को भी गिरफ्तार कर लिया है।--
- नई दिल्ली। केन्द्र ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा में कुक्कुट पक्षियों को मारे जाने का सिलसिला जारी है जबकि मुंबई के साथ-साथ मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पोल्ट्री में बर्ड फ्लू के नये मामलों की पुष्टि भी की गई है।अब तक 11 राज्यों- छत्तीसगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और गुजरात में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। केन्द्र ने हालांकि राज्यों से अनुरोध किया है कि वे ''कुक्कुट पक्षियों और इनसे संबंधित उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के अपने फैसलों पर पुनर्विचार करें और गैर-संक्रमित क्षेत्रों/ राज्यों से इन उत्पादों की बिक्री की अनुमति दें।'' मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केन्द्रीय कुक्कुट विकास संगठन (सीपीडीओ), मुंबई और मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में खेड़ा रोड पर कुक्कुट में बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि की गई है। बयान में कहा गया है कि कुक्कुट में ही नहीं पन्ना, सांची, रायसेन और बालाघाट में भी कौओं, श्योपुर में कौओं और उल्लू जबकि मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में हंस और कबूतर में इस बीमारी की पुष्टि की गई है। इसमें कहा गया है कि बस्तर में कौए और कबूतर में जबकि छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में कौए में इस वायरल बीमारी की पुष्टि हुई है। इसी तरह उत्तराखंड़ के हरिद्वार और लैंसहाउन से भी कौओं के नमूनों में इस बीमारी की पुष्टि हुई है। इसके अलावा दिल्ली के रोहिणी में बगुलों के नमूने बर्ड फ्लू के लिए पॉजिटिव पाये गये है।महाराष्ट्र पशुपालन विभाग ने किसानों को पक्षियों की किसी भी असामान्य मृत्यु की रिपोर्ट करने के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू की है। इसके अलावा, मंत्रालय ने कहा कि मध्य प्रदेश में रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरपी) तैनात की गई है। मंत्रालय ने कहा, ''आज राजस्थान और गुजरात से लिए गए नमूनों को एवियन इन्फ्लुएंजा के लिए नकारात्मक पाया गया है।
- कौशांबी (उप्र)। जिले के कोखराज थाना स्थित जीटी रोड पर रविवार को एक स्कूटी सवार मां-बेटे को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे मां की मौके पर ही मौत हो गई तथा बेटा घायल हो गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोखराज थाना क्षेत्र के ककोड़ा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- दो (जीटी रोड) पर प्रयागराज की ओर जा रहे रेहाना बेगम (55) व उसका बेटा मोहम्मद सलीम की स्कूटी को एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे रेहाना बेगम की मौके पर ही मौत हो गई और बेटा सलीम घायल हो गया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। उन्होंने बताया कि सलीम को इलाज के लिए अस्पताल के भर्ती कराया गया है जबकि मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।-
- शाहजहांपुर (उप्र) । शाहजहांपुर जिले में सोने के असली सिक्कों को दिखा कर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने नकली सोने के 40 सिक्कों के साथ गिरफ्तार किया हैl पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने रविवार को बताया कि थाना बंडा प्रभारी मनोज कुमार को मुखबिर ने सूचना दी के सिद्धबाबा की कुटिया के पास कुछ ठग असली सोने का सिक्का दिखाकर ठगी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कथित तीन ठगों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से 40 सोने के नकली तथा दो असली सिक्के भी बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि “यह ठग असली सोने के सिक्के दिखाकर कहते थे कि इसे चेक करा लो हमारे घर में सोने के सिक्कों से भरा मटका निकला है। हम इसे आपको 40 प्रतिशत दाम में दे देंगे। सिक्कों की जांच में सिक्का असली निकलने पर यह ठग नकली सिक्के दे देते थे।” पुलिस ने ठगी के आरोप में नसीम, शाहिद तथा दिलशाद (सभी पीलीभीत निवासी) को गिरफ्तार कर लिया है तथा इनके पास से नकली सोने के सिक्के बरामद किए है। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है जबकि इनके गिरोह के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
- मुंबई । भारत में शनिवार को दुनिया का सबसे बड़ा कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान शुरू होने पर दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि देश कोविड-19 से मुक्त हो जाएगा। भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने इस महीने की शुरुआत में सीरम संस्थान द्वारा तैयार ऑक्सफोर्ड के कोविड-19 टीके 'कोविडशील्ड' और भारत बायोटेक द्वारा विकसित स्वदेशी टीके 'कोवैक्सीन' के आपात स्थिति में सीमित इस्तेमाल को मंजूरी दे दी थी, जिसके बाद टीकाकरण अभियान का रास्ता साफ हो गया था। बच्चन (78) ने रविवार को कहा कि भारत की जनता पोलिया की तरह ही कोरोना वायरस को भी जड़ से उखाड़ फेंकेगी। भारत में पोलियो उन्मूलन अभियान के लिये 'यूनिसेफ' के सद्भावना दूत रहे बच्चन ने ट्वीट किया, ''जब भारत पोलियो मुक्त हुआ था तो वह हमारे लिए गौरवशाली क्षण था। ऐसा ही गर्व का क्षण वह होगा जब हम भारत को कोविड-19 मुक्त बनाने में कामयाब होंगे। जय हिंद'' बच्चन पिछले साल जुलाई में खुद भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे, जिसके दो सप्ताह बाद वह संक्रमण से उबरने में कामयाब रहे थे। देश में महामारी फैलने के बाद से ही बच्चन सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस के बारे में लिखते रहे हैं।
- बिजनौर । उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले मे पत्नी से विवाद की वजह से दामाद ने कथित तौर पर घर में घुसकर सोए हुए सास-ससुर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी जबकि हमले में साढ़ू गंभीर रूप से घायल है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है। पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने रविवार को बताया कि थाना स्योहारा के गांव चक महमूद साहनी की रहने वाली अंजुम नाम महिला ने शनिवार–रविवार की दरमियानी रात करीब 12.05 बजे पुलिस को सूचना दी कि उसके पति आरोपी रिजवान निवासी गांव भनेड़ी, थाना जानसठ जिला मुज्जफरनगर ने उनके घर में घुसकर सो रहे पिता अब्दुल मालिक(60), मां वकीला(58) और बहनोई फहीमुद्दीन पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार सूचना पर तुरन्त पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तबतक अब्दुल मालिक की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि वकीला और फहीमुद्दीन को सीएचसी लाया गया जहां वकीला की भी मौत हो गयी व फहीमुद्दीन का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 302, धारा-307 और धारा- 452 के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्त की तलाश के लिए चार टीमें गठित कर दी गयीं हैं। पुलिस के मुताबिक कि अंजुम की आरोपी रिजवान से तीन साल पहले शादी हुई थी और अंजुम के ससुराल नहीं जाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद था।
- बहराइच (उप्र। बहराइच जिले की एक अदालत ने सात साल पूर्व हुई एक गर्भवती महिला की हत्या के मामले में उसके पति को आजीवन कारावास और उसके ससुराल पक्ष के अन्य लोगों को सात-सात साल कारावास की सजा सुनाई गई है। इसके अलावा दोषियों पर जुर्माना भी लगाया गया है।अपर जिला शासकीय अधिवक्ता फिरोज अहमद खां ने रविवार को बताया कि रामगांव थाना अंतर्गत किशुनपुर मीठा गांव निवासी संगीता की शादी खैरीघाट थाना अंतर्गत पिपरिया गांव के रंगीलाल से 2010 में हुई थी। संगीता को उसके ससुराल के लोग दहेज के लिए प्रताडि़त करते रहते थे। अभियोजन के अनुसार, संगीता के भाई सहज राम ने 21 फरवरी 2014 को खैरीघाट थाना में तहरीर देकर संगीता के पति एवं उसके ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था कि 20 फरवरी 2014 को उसकी गर्भवती बहन संगीता की गला दबाकर हत्या कर दी गयी।एडीजीसी फिरोज अहमद ने बताया कि जिस समय संगीता की हत्या हुई, उस समय उसके गर्भ में कन्या भ्रूण था। अभियोजन के अनुसार, शनिवार को अपर जिला न्यायाधीश नितिन पांडेय ने रंगीलाल को हत्या के दोष में उम्र कैद एवं 12 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। अदालत ने संगीता के जेठ पैकरमा यादव, उसके ससुर राधेलाल और उसकी सास लज्जावती को भी सात-सात वर्ष की कैद तथा 12-12 हजार जुर्माने की सजा सुनाई है।
-
छछरौली। पंजाब के होशियारपुर से टैंपो में सवार होकर अपने गांव लौट रही लेबर के एक व्यक्ति ने जब उल्टी के लिए सिर बाहर निकाला तो सामने से लकड़ी लेकर मंडी जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चपेट में ले लिया। सिर में चोट लगने के कारण मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्रतापनगर सीएचसी लाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देहरादून के थाना सहसपुर अंतर्गत गांव टिप्परपुर निवासी नीरज कुमार ने बताया कि 19 नवंबर को गांव के 15-16 लोग पापुलर की कटाई के काम के लिए पंजाब के होशियारपुर गए हुए थे। देर रात वह टैंपो से अपने घर सहसपुर लौट रहे थे। नीरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चचेरे भाई सोनू को अचानक उल्टी होने लगी। जैसे ही उसने टैंपो से बाहर सिर निकालकर उल्टी करने की कोशिश की, सामने से लकड़ी लेकर आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे चपेट में ले लिया। गहरी चोट आने के कारण उसे सीएचसी प्रतापनगर लाया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने घटना की सूचना थाना प्रतापनगर पुलिस को दी। नीरज कुमार ने बताया कि जैसे ही सोनू ने उल्टी के लिए ड्राइवर साइड से मुंह बाहर निकाला। तेज गति से आ रहे लकड़ी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अचानक कट मार दिया और टैंपो को अपनी चपेट में ले लिया। सोनू को गंभीर चोट आई। उसे सीएचसी प्रताप नगर ले जाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर भेज दिया गया है। -
कश्मीर-उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी का मैदानी इलाकों में असर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अभी तक लोग शीतलहर का प्रकोप झेल रहे थे। लेकिन अब पाला भी कहर बरपाएगा। कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी को देखते हुए मौसम विभाग ने रविवार व सोमवार के मौसम के लिए कोल्ड डे अलर्ट जारी कर जनता को ठंड एवं कोहरा व पाले से आगाह किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि रविवार व सोमवार को कई जिलों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस से लेकर शून्य डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है जबकि कई अन्य जिलों में इन दो दिनों के दौरान शीतलहर चलने और घना कोहरा पडऩे के आसार हैं।
कश्मीर में बर्फबारी और बढ़ गयी है। इसकी वजह से प्रसिद्ध डल झील के साथ-साथ कई इलाकों में पानी के स्रोत जम गए हैं। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि गत रात न्यूनतम तापमान में और गिरावट एवं उसके शून्य से भी कई डिग्री सेल्सियस नीचे चले जाने से शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया है। इसका सीधा असर उत्तर प्रदेश पर पड़ रहा है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र की चेतावनी के अनुसार रविवार व सोमवार को प्रदेश के अलीगढ़, आगरा, हमीरपुर, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, बरेली, बहराइच, श्रावस्ती, हरदोई, गोण्ड़ा, बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुरग् कानपुर नगर, सुलतानपुर, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी, वाराणसी और सोनभद्र में शीतलहर चलेगी।
अलीगढ़ रहा सबसे ज्यादा ठंडा
शनिवार को प्रदेश में दिन के समय सबसे कड़़ाके की ठंड़ अलीगढ़ में पड़़ी। जहां अधिकतम पारा 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस नीचे था। इसके अलावा गोरखपुर, वाराणसी, सुलतानपुर, मेरठ, बरेली व बहराइच में दिन का अधिकतम पारा 6 डिग्री तक गिरा। शुक्रवार रात को प्रदेश में चुर्क सबसे ठंड़ा जिला रहा, जहां न्यूनतम पारा 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 6.2 सेल्सियस नीचे था। -
गांधीनगर। गांधी नगर में गिन्नी ज्वेलर की दुकान में चोरी की नीयत से घुसे आरोपियों को अलसुबह लोगों ने पकड़ लिया। इसके बार उनकी डंडों से पिटाई कर दी। इस दौरान दो आरोपी तो बेहोश हो गए। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को लोगों से बचाते हुए साथ ले गई। पुलिस ने ज्वेलर वीरेंद्र कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
गांधी नगर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार ज्वेलर वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अलसुबह उनके पास दुकान के पास रहने वाले पड़ोसी ने फोन किया कि उनकी दुकान में कुछ लोग हैं, और आवाज आ रही है। उन्हें दुकान पहुंचने में करीब आधा घंटा लगा। जब वे मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति को लोग पीट रहे थे। यह व्यक्ति दुकान के अंदर से पकड़ा गया। वहीं दो भाग कर छत पर चढ़ गए। इसके बाद लोगों ने उन्हें भी पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस वहां पर पहुंच गई और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी कई साल से गांधी नगर में दुकान है। पांच साल पहले भी उनकी दुकान में चोरी का प्रयास हुआ था। तब भी रात को लोगों ने चोरों को देख लिया था। तब चोर भागने में कामयाब हो गए थे। चोरों ने तब दुकान की दीवार तोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने दुकान की चारों तरफ दो-दो दीवारें बनवा दी थी। ताकि चोर अंदर न आ सकें, लेकिन इस बार चोरों ने दोनों दीवारें तोड़ दी और अंदर चले गए थे। वे गुल्लक तोडऩे में सफल रहे, लेकिन लॉकर नहीं तोड़ पाए। पुलिस के अनुसार चोरी के आरोप में खड्डा कॉलोनी निवासी आरोपी दाऊद, उत्तराखंड के देहरादून निवासी आरोपी नूरा और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के ईशोपुर टील निवासी आरोपी नफीस को पकड़ा है। मामले की जांच की जा रही है। -
कोच्चि। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने राज्य के 10 हजार प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को मुफ्त में प्रशासनिक सेवा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग देने की योजना की शुरुआत शनिवार को की। एक स्कूल, एक आईएएस कार्यक्रम को विधिक इरुडाइट फाउंडेशन प्रायोजकों की मदद से से लागू करेगा। इस मौके पर खान ने कहा कि उच्च शिक्षा के इस मंच से बच्चों को अपनी भविष्य की योजना के लिए खुद को पूरी तरह से ढालने और ज्ञान को विस्तार देने का मौका मिलेगा। अभिनेत्री मंजू वरियर ने फाउंडेशन की छात्रवृत्ति योजना की प्रशंसा करते हुए पहले प्रायोजक बनने की घोषणा की। इसके तहत वह 10 छात्राओं को प्रशासनिक सेवा के लिए कोचिंग कराने पर आने वाले खर्च को वहन करेंगी।
-
जयपुर। जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज के एमिरेट्स प्रोफेसर 93 वर्षीय डॉ. पीसी डांडिया को शनिवार को कोरोना वायरस प्रतिरक्षण का टीका लगाया गया। डॉ. डांडिया इस टीकाकरण के लिए खुद आगे आए थे। राज्य में टीकाकरण अभियान की शुरुआत एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर भंडारी को टीका लगाकर हुई। इसके बाद डॉ. डांडिया को टीका लगाया गया। टीकाकरण के बाद डॉ. डांडिया ने कहा कि इस उम्र में टीकाकरण करवाकर वह अच्छा व उत्साहित महसूस कर रहे हैं। इससे पहले डांडिया ने मुख्?यमंत्री अशोक गहलोत के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने कोरोना वायरस संक्रमण के दौरान राज्य सरकार की पहलों की सराहना की। डॉ. डांडिया 72 साल से एसएमएस मेडिकल कॉलेज से जुड़े हैं। भंडारी के अनुसार, प्रोफेसर एमिरेट्स डॉ. डांडिया हर दिन अस्पताल में आते हैं और अनुसंधान व अकादमिक कार्य में सहयोग करते है। वे स्वैच्छिक रूप से इस टीकाकरण के लिए आगे आए।
-
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खिलाफ दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भारत में शुरू होने के साथ ही अधिकारियों ने टीका पर आधारित नयी कॉलर ट्यून जारी की है जिसमें अभिनेता अमिताभ बच्चन की जगह एक महिला की आवाज है। नयी कॉलर ट्यून में कोविड-19 टीकाकरण अभियान के बारे में जागरूकता फैलाने और अफवाहों पर लगाम कसने का संदेश है। कॉलर ट्यून की आवाज है, नया साल कोविड-19 की वैक्सीन के रूप में नई आशा की किरण लेकर आया है।
कॉलर ट्यून में कहा गया है कि भारत में विकसित टीका बीमारी के खिलाफ सुरक्षित और प्रभावी है। इसमें कहा गया है, भारत में बनी वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी है। कोविड के विरूद्ध हमें प्रतिरोधक क्षमता देती है। कॉलर ट्यून में लोगों से टीका पर विश्वास करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। नयी कॉलर ट्यून में कहा गया है, भारतीय वैक्सीन पर भरोसा करें। अपनी बारी आने पर वैक्सीन जरूर लगवाएं। अफवाहों पर भरोसा ना करें। पहले की कॉलर ट्यून में अमिताभ बच्चन की आवाज खांसी के साथ शुरू होती थी जिसके बाद कोविड-19 के लिए सावधानियां बरतने की सलाह दी जाती थी। हाल में दिल्ली उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर कर केंद्र से कॉलर ट्यून से अमिताभ बच्चन की आवाज हटाने का इस आधार पर निर्देश देने की मांग की गई थी कि वह खुद और उनके परिवार के कुछ सदस्य वायरस से संक्रमित हो गए थे। -
राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में अवैध शराब बनाने वालों को पकडऩे के लिये शनिवार सुबह एक गांव में पहुंचे पुलिस दल पर शराब निर्माण करने वालों ने हमला कर दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गये। सारंगपुर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) जॉयस दास ने बताया कि शनिवार सुबह को चार थानों के संयुक्त पुलिस दल ने पचौर थाना क्षेत्र के तहत कंजरपुरा गांव में अवैध शराब बनाने वालों के ठिकाने पर छापा मारा। उन्होंने बताया कि छापे के दौरान अवैध शराब बनाने वालों ने पुलिस दल पर पथराव कर दिया। इससे दो सिपाई घायल हो गये। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद छापे के दौरान पुलिस दल ने शराब बनाने में इस्तेमाल सामग्री को नष्ट किया और सात लोगों को मौके से गिरफ्तार किया । दास ने कहा कि पत्थरबाजी के जवाब में पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। एसडीओपी पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक दर्जन लोगों के खिलाफ संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। -
जम्मू। जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर मार्च 2018 में पाकिस्तान द्वारा किये गए संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं के दौरान असैन्य लोगों की जान बचाने के लिए दो पुलिसकर्मियों को शनिवार को 'जीवन रक्षा पदक' से सम्मानित किया गया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। पुंछ जिला पुलिस में सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मकसूद अहमद और जम्मू-कश्मीर सशस्त्र पुलिस (जेकेएपी) की छठी बटालियन के फॉलोवर जाकिर हुसैन को पिछले साल केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जीवन रक्षा पदक 2019 से सम्मानित करने की घोषणा की गई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुंछ के उपायुक्त राहुल यादव और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार अंगराल ने डाक बंगला, पुंछ में आयोजित एक समारोह में पुलिसकर्मियों को ये पुरस्कार प्रदान किये। उन्होंने कहा कि पुरस्कार में पदक, प्रमाणपत्र और एक लाख रुपये नकद राशि शामिल है। समारोह में जिले के अन्य वरिष्ठ सिविल एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने पुलिसकर्मियों की बहादुरी के लिए सराहना की।
- जालोर (राजस्थान)। जालोर में शनिवार देर रात एक यात्री बस के हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसमें आग लग गईं। अचानक हुए इस हादसे से उसमें बैठे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और करीब 36 लोगों के झुलसने की खबर है।घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को किसी तरह से काबू किया, लेकिन तब तक काफी लोग घुलस गए थे। सभी घायलों को तत्काल जालोर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए जोधपुर अस्पताल भेजा गया है। बस में सवार सभी लोग जैन समाज के हैं और वे नाकोड़ा तीर्थ से दर्शन करने के बाद अजमेर और ब्यावर लौट रहे थे। ये सभी दो बसों में सवार होकर नाकोड़ा तीर्थ गए हुए थे। लौटते समय वे रास्ता भटकते हुए महेशपुरा गांव पहुंच गए। इसी दौरान गांव की संकरी गलियों से गुजरते समय एक बस 11 केवी लाइन की चपेट में आ गई और बस में करंट फैल गया और उसमें आग लग गई।मरने वालों में ब्यावर की सोनल (44), सुरभि (25), चांद देवी (65), अजमेर के राजेन्द्र और बस चालक धर्मचंद जैन और कंडक्टर शामिल हैं।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दर्जन भर गाडिय़ां आपस में टकरा गई। जिससे इस घटना में चार लोगों को मामूली चोट आई है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।पुलिस ने बताया कि क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को दोबारा शुरू किया गया । उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह घने कोहरे के चलते ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर चल रहे दर्जनभर वाहन आपस में एक के बाद एक सीरीज मे टकराते चले गए। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार लोगों को मामूली चोट आई है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों को हटाया गया, तथा यातायात को चालू किया गया। दूसरी ओर पुलिस ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस वे पर भी आज सुबह आधा दर्जन वाहन कोहरे के चलते आपस में टकरा गए जिसमें तीन लोगों को मामूली चोट आई है।-
- ठाणे। महाराष्ट्र के भिवंडी में शनिवार को पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 1.74 करोड़ रूपये से अधिक मूल्य के गुटखा और अन्य प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किये।नारपोली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर तड़के पुलिस ने दापोडा में एक गोदाम पर छापा मारा और उसके परिसर में खड़े एक कंटेनर ट्रक से गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किये। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक अमीन इलियास खान (26) को गिरफ्तार किया है और ट्रक एवं गोदाम के मालिक की तलाश की जा रही है। इस गोदाम में प्रतिबंधित सामग्री रखी जाती थी। पुलिस ने इस सिलसिले में भादंसं की संबंधित धाराओं तथा खाद्य एवं दवा प्रशासन विनियम के तहत मामला दर्ज किया है और पता लगाने में जुटी है कि ये चीजें कहां से लायी गयी थीं और कहां पहुंचाई जा रही थीं ।-
-
हैदराबाद। कहा जाता है कि महिलाएं कुछ भी कर लेती हैं। लेकिन ये लाइन कुछ अधूरी सी लगती है। क्योंकि महिलाएं वो सबकुछ कर सकती हैं जिस पर अभी तक केवल पुरुषों का आधिपत्य माना जाता था। तेलंगाना की पहली महिला लाइन मैन बनकर 20 वर्षीय युवती ने ये साबित कर दिया है कि कुछ भी असंभव नही है।
बाबुरी सिरिशा नाम की इस युवती ने दूसरी अन्य लड़कियों के साथ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और तेलंगाना दक्षिणी पॉवर कॉरपोरेशन के महिलाओं के प्रति लिंगभेद वाले नियम को चुनौती दी। जिसमे उन्होने कहा कि लाइनमैन की पोस्ट के लिए लड़कियों को भी समान अवसर मिलना चाहिए। तेलंगाना के बिजली विभाग में लाइनमैन की पोस्ट के लिए जो भर्ती निकाली थी उसमे साफ तौर पर महिलाओं को वर्जित किया गया था। नियम में लिखा गया था कि महिलाओं को अठ्ठारह फिट ऊंचे बिजली के खंभों पर चढऩे में दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।
लेकिन अथॉरिटी के इस बैन को महिलाओं ने हटाने को कहा। सिरिशा ने इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में आईटीआई की पढा़ई पूरी की थी। जिसके बाद उनके साथ आठ अन्य लड़कियों ने इस पोस्ट के लिए अप्लाई किया था। 20 वर्षीय सिरिशा ने इस पोस्ट के लिए परीक्षा को पास किया। इसके साथ ही बिजली पर चढऩे की परीक्षा भी पास की। जिसके साथ ही वो तेलंगाना की पहली महिला लाइन वुमन बनीं।
- नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत पर अस्पताल के एक सफाई कर्मी मनीष कुमार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की उपस्थिति में कोविड -19 का पहला टीका लगाया गया। इसके साथ ही मनीष देश की राजधानी में टीका लगवाने वाले पहले शख्स बन गए।एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया को भी टीका लगाया गया। इस दौरान वहां उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनकी सराहना की। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि दोनों टीके- भारत बायोटेक के स्वदेशी कोवैक्सीन और ऑक्सफोर्ड/एस्ट्राजेनेका के कोविशील्ड, इस महामारी के खिलाफ लड़ाई में एक 'संजीवनी' हैं।टीका अभियान की शुरुआत के बाद हर्षवर्धन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "ये टीके महामारी के खिलाफ लड़ाई में हमारी 'संजीवनी' हैं। हमने पोलियो के खिलाफ लड़ाई जीती है और अब हम कोविड के खिलाफ युद्ध जीतने के निर्णायक चरण में पहुंच गए हैं। मैं इस अवसर पर सभी फ्रंटलाइन कर्मियों को बधाई देता हूं।" सरकार के अनुसार, लगभग एक करोड़ स्वास्थ्य कर्मचारियों और दो करोड़ फ्रंटलाइन कर्मियों को पहले टीके लगाए जाएंगे, उसके बाद 50 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों को और फिर 50 साल से कम उम्र के मरीजों को टीके लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य और फ्रंटलाइन कर्मियों के टीकाकरण की लागत केंद्र सरकार वहन करेगी।
- नई दिल्ली। दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग ने केंद्र सरकार के कार्यालयों में दिव्यांगजनों के लिए तीन हजार 566 पदों की अधिसूचना जारी की है।सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने कहा है कि इनमें एक हजार 46 पद समूह क, पांच सौ 15 पद समूह ख, एक हजार सात सौ 24 पद समूह ग और 281 पद समूह घ से संबंधित हैं। ये पद बौनों, एसिड हमला पीडि़तों, मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी, मंदबुद्धि, बौद्धिक दिव्यांगता, विशेष शिक्षण दिव्यांगता, मानसिक रूग्णता और एक से अधिक अक्षमताओं से पीडि़तों के लिए रखे गए हैं।केंद्रीय मंत्रालय, विभाग, स्वायत निकाय और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम इसमें कुछ अन्य श्रेणियां भी जोड़ सकते हैं। इस अधिसूचना से सरकारी कार्यालयों में दिव्यांगजनों का रोजगार बढ़ेगा।
- चेन्नई। मक्कल नीधि मईयम प्रमुख अभिनेता कमल हासन ने शुक्रवार को बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने उनकी पार्टी को टॉर्च चुनाव चिन्ह दिया है।ट्विटर पर एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, हमें तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर चुनाव चिन्ह टॉर्च मिला है। कमल हासन की पार्टी 2019 लोकसभा चुनाव भी टॉर्च चिन्ह पर लड़ी थी और उसे 3.77 प्रतिशत वोट मिले थे।राज्य में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।---
- रांची। झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी में तीन जनवरी को मिली सिर कटी महिला की लाश के सिर को तलाशने के बाद आखिरकार पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधीक्षक नौशाद आलम ने शुक्रवार की रात एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान शेख बिलाल के रूप में हुई है जिसे एक गुप्त सूचना के आधार पर धर दबोचा गया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।गौरतलब है कि 3 जनवरी को रांची जिले के ओरमांझी थाना अंतर्गत साईनाथ यूनिवर्सिटी के पीछे जीराबार टोले परसागदा में अज्ञात महिला की सिर कटी लाश बरामद हुई थी। इस संदर्भ में ओरमांझी थाना में मामला दर्ज किया गया है। बाद में 12 जनवरी को महिला का सर मुख्य आरोपी शेख बिलाल के खेत से बरामद किया गया था।

.jpg)


.jpg)














.jpg)



.jpg)
.jpg)


