कई देश 'फ्लाईदुबई' के सह-पायलट की पृष्ठभूमि की कर रहे जांच
दुबई. ऑस्ट्रेलिया और इजराइल के अधिकारी ओमान के सह-पायलट के ऑस्ट्रेलिया से संबंधों और इस बात की जांच कर रहे हैं कि वह तेल अवीव जा रही 'फ्लाईदुबई' की उड़ान के चालक दल का हिस्सा कैसे बना। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के नेतृत्व में जारी जांच में उसके इरादों और संपर्कों की पड़ताल की जा रही है। मीडिया की खबरों से यह जानकारी मिली। ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) की रविवार को प्रकाशित खबर के अनुसार, ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस ने कहा है कि आतंकवाद रोधी टीम इस व्यक्ति के ऑस्ट्रेलिया से संबंधों की जांच कर रही है। ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस ने 'एबीसी' और 'बीबीसी' को बताया कि ऑस्ट्रेलिया की जांच विक्टोरिया संयुक्त आतंकवाद रोधी टीम कर रही है, जिसमें संघीय पुलिस, विक्टोरिया पुलिस और सुरक्षा खुफिया संगठन शामिल हैं। सूत्रों ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया को बताया कि सह-पायलट को 2014 में छात्र वीजा जारी किया गया था और उसने 2015 से 2017 के बीच ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई की थी। इसके बाद वह देश छोड़कर चला गया। 'एबीसी' की खबर के अनुसार, उसका वीजा 2019 में रद्द कर दिया गया था। हालांकि, वीजा रद्द किए जाने की वजह उसका आचरण नहीं था, बल्कि वह किसी पाठ्यक्रम में पंजीकृत नहीं था और इसलिए छात्र वीजा के लिए पात्र नहीं रह गया था। जांच का नेतृत्व कर रहे यूएई ने शनिवार को कहा कि उसकी जांच में सामने आया है कि सह-पायलट ने ''आतंकी कृत्य'' करने की कोशिश की। सरकारी समाचार एजेंसी 'डब्ल्यूएएम' के अनुसार, यूएई के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी ने बताया कि सह-पायलट ने पायलट पर हमला करने के लिए विमान में मौजूद कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया और विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ी पूरी परिस्थितियों, मकसद और किसी भी संभावित संबंध का पता लगाने के लिए जांच जारी है। कई मीडिया संस्थानों ने सह-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हमामी के रूप में की है, हालांकि आधिकारिक तौर पर उसकी पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की खबर के अनुसार, अल-हमामी को उसके कट्टरपंथी वैचारिक विचारों को लेकर चिंता के कारण पूर्व में ओमान में विमान उड़ाने से रोक दिया गया था। बुधवार को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में अल-हमामी ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर कुल्हाड़ी (क्रैश एक्स) से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है।


.jpeg)
.jpeg)






Leave A Comment