- Home
- देश
- नयी दिल्ली. आयकर विभाग ने चालू वित्त वर्ष में 15 मार्च तक 2.24 करोड़ करदाताओं को 1.92 लाख करोड़ रुपये का कर रिफंड जारी किया है। विभाग के अनुसार, इनमें से 37,961.19 करोड़ रुपये के 1.83 करोड़ रिफंड आकलन वर्ष 2021-22 (मार्च, 2022 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष) के लिए हैं। आयकर विभाग ने ट्वीट किया, ‘‘केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने एक अप्रैल, 2021 से 15 मार्च, 2022 के दौरान 2.24 करोड़ करदाताओं को 1,92,119 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया है।'' इसमें 70,373 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत आयकर रिफंड और 1.21 लाख करोड़ रुपये का कॉरपोरेट कर का रिफंड शामिल है।
- नयी दिल्ली. देश में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के कोविड-19 रोधी टीकाकरण के पहले दिन बुधवार को 2.6 लाख से ज्यादा बच्चों को कोविड-19 रोधी ‘कॉर्बेवैक्स' टीके की पहली खुराक दी गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। इस आयु वर्ग के बच्चों के कोविड रोधी टीकाकरण की शुरुआत बुधवार को हुई और देश ने राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस मनाया। इसके तहत बच्चों को बायोलॉजिकल ई द्वारा निर्मित टीके कॉर्बेवैक्स की दो खुराक 28 दिन के अंतर पर दी जानी है। मंत्रालय के अनुसार, अब तक स्वास्थ्यकर्मियों, अग्रिम मोर्चे के कर्मियों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीके की 2,15,44,283 खुराक दी जा चुकी है। देश में अब तक टीके की कुल 1,80,69,92,584 खुराक दी जा चुकी है।
- नयी दिल्ली. दिल्ली में कम उम्र में शराब पीने वाले 43 फीसदी से ज्यादा लोग हफ्ते में दो से चार बार मदिरा का सेवन करते हैं और 89 प्रतिशत से अधिक उत्तरदाताओं ने बताया कि उन्होंने 21 साल का होने से पहले ही शराब पीना शुरू कर दिया था। यह बात एक नए सर्वेक्षण से सामने आयी है। दिल्ली में शराब पीने की कानूनी उम्र 25 साल है। सर्वेक्षण के मुताबिक, करीब 44.5 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने माना है कि वे शराब पीने के बाद लापरवाही से गाड़ी चलाते हैं, तेज गति से बाइक चलाते हैं और बाइक से स्टंट करते हैं। उन्होंने यह भी माना कि वे मदिरा का सेवन करने के बाद कार में सीट बेल्ट लगाने और बाइक पर हेलमेट पहनने जैसे सुरक्षा नियमों का पालन भी नहीं करते हैं। सर्वेक्षण में शामिल व्यक्तियों में से 35.8 फीसदी ने स्वीकार किया कि वे शराब पीने के बाद झगड़ा करते हैं और 19.7 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे मदिरा का सेवन करने के बाद अन्य लिंग वालों के साथ आक्रामक व्यवहार करते हैं। यह सर्वेक्षण ‘कंप्युनिटी एगेंस्ट ड्रंकन ड्रइविंग (सीएडीडी) ने 20 नवंबर से 31 दिसंबर 2021 तक किया। इसमें शराब की 50 प्रमुख दुकानों, बार और रेस्तरां के बाहर करीब 10,000 लोगों से बातचीत की गई। उत्तरदाताओं में 5976 पुरुष और 4024 महिलाएं शामिल थीं, जिनकी उम्र 25 साल से कम थी। सर्वेक्षण में उल्लेखित किया गया है कि 17 फीसदी उत्तरदाताओं ने 13-15 साल की उम्र में पहली बार शराब पी थी जबकि 37.1 प्रतिशत ने 16-18 वर्ष की आयु में शराब पी थी। इसमें कहा गया है कि चिंता की बात यह है कि करीब 89.4 फीसदी उत्तरदाताओं ने 21 साल की उम्र से पहले ही मदिरा का सेवन किया था।
- अहमदाबाद. राष्ट्रीय स्मारक प्राधिकरण (एनएमए) ने बुधवार को कहा कि उसने यहां संरक्षित स्मारकों के आस-पास वाली तीन परियोजनाओं को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दिया है, जिसमें प्रसिद्ध झूलता मीनार के पास बुलेट ट्रेन स्टेशन का निर्माण भी शामिल है। दरअसल, राष्ट्रीय स्मारकों के पास निर्माण कार्य या अन्य परियोजनाओं के लिए एनएमए की अनुमति की आवश्यकता होती है। एनएमए एक शीर्ष निकाय है जिसने लंबे समय से लंबित आवेदनों को मंजूरी देने के लिए एक अभियान शुरू किया है। एनएमए के अध्यक्ष तरुण विजय ने एक बयान में यह जानकारी दी। अहमदाबाद को मुंबई से जोड़ने वाली बुलेट ट्रेन परियोजना को नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है। तरुण विजय के बयान के मुताबिक एनएमए ने हाई स्पीड रेलवे के लिए एनओसी दी है क्योंकि झूलता मीनार पर इसके प्रभाव के बारे में कुछ गंभीर संदेह थे। सभी ध्वनि प्रभाव और कंपन विश्लेषण से संतुष्ट होने के बाद, एनएमए के अध्यक्ष विजय ने अंततः इस परियोजना को मंजूरी दे दी। उन्होंने अहमदाबाद का दौरा किया और बुलेट ट्रेन परियोजना को मंजूरी देने के लिए मौके पर ही निर्णय लिया।
- नयी दिल्ली. सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे ने महिलाओं के लिए भारतीय समाज में, चाहे वह कॉर्पोरेट क्षेत्र हो या सेना, सभी रास्तों को खोलने की आवश्यकता को बुधवार को रेखांकित किया। भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास इस साल के अंत में स्नातक होने वाली महिला लड़ाकू पायलटों का पहला बैच भी होगा।'' सेना प्रमुख ने कहा, ‘‘हमें भारतीय समाज में महिलाओं के लिए सभी रास्ते खोलने की जरूरत है … चाहे वह कॉर्पोरेट क्षेत्र हो या सेना।'' उन्होंने कहा, ‘‘महिला अधिकारी लंबे समय से भारतीय सेना की सेवा कर रही हैं और हमने उन्हें कई कार्य दिए हैं, जिससे उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में काम करने का मौका मिला है।'
- लखनऊ . विधानसभा चुनाव के समापन और कोविड-19 के घटते मामलों की पृष्ठभूमि में होली के मद्देनजर गुलजार बाजार में गुलाल ने एक नया उल्लास पैदा कर दिया है। होली में रंग खेलने के लिए बहुत बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किए जाने वाले सूखे रंग यानी गुलाल, खास तौर पर हर्बल गुलाल बेचने वालों का कहना है कि उन्हें इस साल काफी अच्छे ऑर्डर मिल रहे हैं। पुराने लखनऊ में गुलाल के बड़े कारोबारी सुबोध कुमार शर्मा ने बुधवार को बताया, "पिछले दो वर्षों के दौरान कोविड-19 महामारी की वजह से गुलाल का कारोबार बहुत बुरी तरह प्रभावित हुआ था। चूंकि इस साल कोविड-19 से जुड़ी कोई खास पाबंदियां लागू नहीं हैं इस वजह से हमें फिर से गुलाल के बड़े ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं।" लखनऊ शहर में अनेक छोटे कारोबारियों को गुलाल की आपूर्ति करने वाले शर्मा ने कहा, "इस बार हर्बल गुलाल की मांग काफी ज्यादा हो गई है। हर कोई हर्बल गुलाल मांग रहा है। मुझे लगता है कि इस बार हर्बल गुलाल की मांग लगभग सामान्य गुलाल जितनी ही हो गई है।" सामान्य गुलाल के विपरीत हर्बल गुलाल को कुदरती चीजों (फूल/पत्तियों आदि) से बनाया जाता है।लखनऊ के राष्ट्रीय वनस्पति विज्ञान अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) के निदेशक एस. के. बारिक ने बताया कि हर्बल गुलाल बनाने के लिए रसायन मुक्त डाई का इस्तेमाल किया जाता है, हालांकि इसकी कीमत सामान्य गुलाल के मुकाबले काफी ज्यादा होती है। गुलाल का उत्पादन करने वाली कंपनी एएमए हर्बल के संस्थापक यानेर अली शाह ने बताया, "हम भारतीय बाजार में हर्बल गुलाल की काफी ज्यादा मांग देख रहे हैं। इससे जाहिर होता है कि हमारा समाज किस तरह से सिंथेटिक रंग के नुकसान के प्रति जागरूक हो रहा है।" उन्होंने कहा कि लोगों को हर्बल गुलाल खरीदने से पहले उसकी कुदरती डाई के स्रोत के बारे में पूछना चाहिए और उसकी विश्वसनीयता की परख करनी चाहिए। कोविड-19 के मद्देनजर लागू पाबंदियों में ढील मिलने और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद गुलाल का बाजार इस बार पूरी तरह गुलजार है। भाजपा समर्थकों ने पिछली 10 मार्च को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद बड़े पैमाने पर गुलाल मंगवाया और होली खेलकर जश्न मनाया। उत्तर प्रदेश में गुलाल के सबसे बड़े उत्पादकों में शुमार किए जाने वाले रतन बिहारी अग्रवाल ने बताया, "इस बार हमें बड़ी संख्या में गुलाल के आर्डर मिल रहे हैं। खासतौर पर उन लोगों से जो उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का जश्न मनाने के लिए होली कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। हमारे कुल आर्डर में करीब 25% ऐसे ही लोगों की तरफ से आए हैं। उनमें से ज्यादातर ने हर्बल गुलाल की मांग की है।
- गुवाहाटी. असम पुलिस ने दो लड़कियों से दुष्कर्म के मुख्य आरोपी समेत दो व्यक्तियों को अलग-अलग घटनाओं में मार गिराया है। दोनों आरोपी कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।विशेष पुलिस महानिदेशक जी पी सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा कि दोनों आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया था और उन्हें आगे की जांच के लिए गुवाहाटी और उदलगुरी में एक चाय बागान में उनके संबंधित अपराध स्थल पर ले जाया जा रहा था। उस दौरान दोनों ने आधी रात के बाद हिरासत से भागने का प्रयास किया। गुवाहाटी में पहली घटना में आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस कर्मियों पर हमला किया, जिन्होंने उस पर गोलियां चलाईं। आरोपी को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जीएमसीएच के अधीक्षक अभिजीत शर्मा ने कहा कि आरोपी को तड़के करीब एक बजे अस्पताल लाया गया, जिसके शरीर में चार गोलियां लगी थीं। शर्मा ने कहा, ‘‘जब उसे यहां लाया गया तो उसकी धड़कन नहीं थी। हमने उसके शव को मुर्दाघर में रख दिया है और पोस्टमार्टम के बाद उसके परिवार को सौंप देंगे।'' एक पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपी के हमले में दो महिला पुलिसकर्मी घायल हुई हैं, लेकिन वे अब खतरे से बाहर हैं। उन्होंने बताया कि लड़की की मां द्वारा आठ मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद से फरार चल रहे आरोपी को मंगलवार को कामरूप जिले के दामपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया था। गौरतलब है कि गुवाहाटी के एक होटल में 16 फरवरी को 15 साल की एक किशोरी के साथ पांच लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया था। आरोपियों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया था और उसे लीक करने की धमकी दे रहे थे।विशेष पुलिस महानिदेशक सिंह ने कहा कि एक अन्य घटना में आरोपी ने 10 मार्च को उदलगुरी जिले के एक चाय बागान में आठ साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी। अगले दिन बच्ची का शव बरामद किया गया। आरोपी को कामरूप जिले के चांगसारी इलाके की एक फैक्टरी से गिरफ्तार किया गया और उसने भागने का प्रयास किया जिसके बाद पुलिस ने उसे मार गिराया।
- बैतूल (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 69 पर एक बस में आग लग गयी,लेकिन सभी यात्रियों को वक्त रहते सुरक्षित उतार लिया गया। बस में लगभग 60 यात्री सवार थे। शाहपुर पुलिस थाने के निरीक्षक शिवनारायण मुकाती ने गुरुवार को बताया कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। करीब 60 लोगों को लेकर भोपाल से हैदराबाद जा रही बस में बुधवार रात करीब 10 बजे आग लग गई और धुआं उठने के बाद यात्रियों को बस से उतरने को कहा गया।उन्होंने बताया कि बस और यात्रियों का सामान आग की चपेट में आ गया | दमकल कर्मिकयों ने आग पर काबू पा लिया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
-
नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने यूरोप और पूर्वी एशिया के कुछ देशों में कोविड संक्रमण में वृद्धि को देखते हुए देशभर में अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अधिक सतर्कता बरतें, निगरानी बनाये रखें तथा जेनोमिक सिक्वेंसिंग का कडाई से पालन करें। स्वास्थ्य मंत्री ने कोविड टीकाकरण की स्थिति और जेनोमिक निगरानी के बारे में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद यह निर्देश दिया। बैठक में स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण, एन टी ए जी आई प्रमुख डॉक्टर एन के अरोडा, नीति आयोग में सचिव स्वास्थ्य वी के पॉल, आई सी एम आर के महानिदेशक डॉक्टर बलराम भार्गव और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया तथा जैव प्रौद्योगिकी सचिव डॉक्टर राजेश गोखले उपस्थित थे।
चीन, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, वियतनाम, सिंगापुर और यूरोप के कुछ देशों में कोविड संक्रमण में वृद्धि हो रही है। चीन में लगभग एक करोड लोगों को लॉकडाउन में रखा गया है। इस्राइल में कोविड के नये वैरिएंट के दो मामलों का पता चला है। इस्राइल के बेन गुरियोन हवाई अड्डे पर आये दो यात्रियों में नये वैरिएंट का पता चला। यह वैरिएंट कोविड वायरस के ओमिक्रॉन के दो उप वैरिएंट का मिश्रण है। -
नई दिल्ली। गृह मंत्रालय ने 156 देशों के नागरिकों को पांच वर्ष के लिए वैध सभी ई-पर्यटन वीजा तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिया है। कोविड महामारी के कारण इनके वीजा मार्च 2020 से निलंबित कर दिए गए थे। इन देशों के नागरिक नए ई-पर्यटन वीजा के लिए भी पात्र होंगे। सरकार ने देश में कोविड की स्थिति में सुधार को देखते हुए और वीजा तथा यात्रा प्रतिबंधों में ढील पर विचार करने के बाद यह कदम उठाया है। मंत्रालय ने अमरीका और जापान के नागरिकों के लिए लंबी अवधि वाले दस वर्ष के वैध नियमित पर्यटन वीजा को भी बहाल कर दिया है, साथ ही दोनों देशों के नागरिकों को नए वीजा जारी करने की अनुमति दे दी है। मंत्रालय ने कहा है कि ई-पर्यटन वीजा धारक विदेशी नागरिकों को किसी भी स्थिति में जमीन अथवा तटीय सीमाओं से प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी, हालांकि ये प्रतिबंध आफगानिस्तान के नागरिकों पर लागू नहीं होंगे।
- नयी दिल्ली. भारत की विविधता के विभिन्न आयामों को शामिल करते हुए पारंपरिक शिल्प, लघु उद्योग को बढ़ावा देने एवं रोजगार सृजन के उद्देश्य से सरकार जल्द ही पायलट परियोजना के तौर पर ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद' कार्यक्रम की शुरूआत करेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को लोकसभा में यह जानकारी दी। रेल मंत्री ने बताया कि हम भारत की विविधता पर नजर डालें तब उत्तर से लेकर दक्षिण और पूरब से लेकर पश्चिम तक हर जगह अलग-अलग विशिष्ट उत्पाद हैं, अलग खानपान एवं सांस्कृतिक धरोहर हैं। लोकसभा में ‘वर्ष 2022-23 के लिए रेल मंत्रालय के नियंत्रणाधीन अनुदानों की मांगों पर चर्चा' का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बजट में ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद' का प्रस्ताव किया गया है। इसके तहत देशभर से विशिष्ट उत्पादों को स्टेशन से संबद्ध किया जायेगा । वैष्णव ने कहा कि उदाहरणस्वरूप बिहार की मधुबनी पेंटिंग, आंध्र प्रदेश के लकड़ी के खिलौने, बंगाल से तांती हैंडलूम साड़ी, असम से गमछा, बेंगलूर से चन्ना पट्टन, चेन्नई से साड़ी और नागपुर से बांस से बने उत्पाद आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा विशिष्ट खानपान एवं वेशभूषा को भी इसमें जोड़ा जायेगा। रेल मंत्री ने कहा, ‘‘जल्द ही पायलट परियोजना के तहत ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद' कार्यक्रम की शुरूआत की जायेगी।
- पुरी(ओडिशा) .पुरी में जगन्नाथ मंदिर के एक सेवादार की बुधवार सुबह गोली मार कर हत्या कर दी गई,जिससे यहां तनाव पैदा हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दो लोग मोटरसाइकिल से आये और नगर थाना पुलिस क्षेत्र के बाराबाती जागघर स्थित कृष्ण चंद्र प्रतिहारी के घर के पास उनपर गोलीबारी की। प्रतिहारी , मंदिर प्रबंधन समिति के एक पूर्व सदस्य थे। पुलिस ने बताया कि प्रतिहारी को जिला अस्तपाल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दोषियों को पकड़ने के लिए चार टीम गठित की गई हैं, हालांकि उनकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है। प्रतिहारी, 12वीं सदी के मंदिर का महाप्रसाद तैयार करने वाले सेवादारों की संस्था के सचिव भी थे। पुरी के जिलाधिकारी समर्थ वर्मा और पुलिस अधीक्षक वी के सिंह ने घटना स्थल का दौरा किया और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया।
- लखनऊ. राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में बुधवार सुबह एक कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में किसान पथ पर हुई। उन्होंने बताया कि तीन लोग कार से कहीं जा रहे थे, इसी बीच एक ट्रक से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार नितेश शर्मा, सत्यम त्रिपाठी और आकाश कुशवाहा की मौत हो गई। तीनों कुशीनगर के कसया इलाके के निवासी थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी कि उसे गैस कटर से काटकर शवों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
- नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका स्थित श्री श्री रुक्मिणी द्वाराकाधीश इस्कॉन मंदिर में होली के दिन भगवान पर ड्रोन के जरिए फूलों की वर्षा की जाएगी। एक बयान में बुधवार को बताया गया है कि गौर पूर्णिमा यानी होली के दिन शाम साढ़े पांच बजे द्वारका सेक्टर 13 में स्थित श्री श्री रुक्मिणी द्वाराकाधीश इस्कॉन मंदिर में भगवान का 108 दिव्य द्रव्यों यानी दूध, दही, घी आदि से महा अभिषेक किया जाएगा। उसमें बताया गया है, “इसके बाद शाम छह बजे गेंदा, गुलाब, चंपा, चमेली समेत 108 तरह के फूलों से पुष्प अभिषेक किया जाएगा। यह अभिषेक ड्रोन के माध्यम से भी किया जाएगा और उन्हीं फूलों से भक्त आपस में होली भी खेलेंगे।” बयान के मुताबिक, होली के अवसर पर ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नामांकित गौरमणि संकीर्तन की प्रस्तुति देंगी और इसके बाद महा-आरती का आयोजन किया जाएगा। उसमें बताया गया है कि लोग महा-अभिषेक व महा-आरती के लिए ऑनलाइन भी बुकिंग करा सकते हैं।
- बेल्लारी (कर्नाटक) .कर्नाटक में विजयनगर जिले के बनविक्कल्लू में राष्ट्रीय राजमार्ग-50 पर एक तेज रफ्तार वाहन के पलट जाने से चार महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा मंगलवार रात उस समय हुआ, जब ये लोग रामेश्वरम जा रहे थे। उन्होंने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य दो ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- नयी दिल्ली. राज्यसभा में बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अफसोस जताया कि विभिन्न उपायों के बाद भी भारत में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में अपेक्षित कमी नहीं आयी है और अब भी ऐसे हादसों में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु हो रही है। गडकरी ने उच्च सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूरक सवालों का जवाब देते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि युद्ध और कोविड महामारी के आंकड़ों से तुलना करें तो सड़क दुर्घटनाओं में ज्यादा लोगों की मौत हो जाती है। उन्होंने इसे दुखद बताया और कहा कि इस मामले में भारत का रिकार्ड विश्व के कई देशों की अपेक्षा खराब है। उन्होंने कहा कि मृतकों में भी बड़ी संख्या युवाओं की होती है। उन्होंने कहा कि इस समस्या पर नियंत्रण के लिए काफी काम करने की जरूरत है और इसमें सभी को सहयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारे देश में पहले ड्राइविंग लाइसेंस आसानी से बन जाता था जबकि कई देशों में विभिन्न परीक्षणों के बाद ही लाइसेंस जारी होता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस ओर ध्यान दिया है और इसमें डिजिटल सहित कई उपाय किए गए हैं। डीजल व पेट्रोल से चलने वाले वाहनों पर अधिक खर्च आने का जिक्र करते हुए गडकरी ने कहा कि आने वाले समय में वाहनों से जुड़ा परिदृश्य बदल जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले दो-तीन साल में डीजल व पेट्रोल से चलने वाले वाहनों की संख्या में खासी कमी आएगी और इलेक्ट्रिक सहित विभिन्न वैकल्पिक ईंधनों से चलने वाले वाहनों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक ईंधनों से चलने वाले वाहनों पर आने वाले खर्च को देखते हुए लोग स्वाभाविक रूप से ऐसे वाहनों का पसंद करेंगे। उन्होंने वैकल्पिक ईंधनों से चलने वाले वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सरकार के विभिन्न कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि अगले पांच साल में पूरा परिदृश्य बदल जाएगा। गडकरी ने कहा कि इससे एक ओर लोगों को ईंधन पर होने वाले भारी खर्च से राहत मिलेगी वहीं कच्चे तेल के आयात पर होने वाले खर्च में भी कमी आएगी। यूरोप व अन्य देशों में गैर-पारंपरिक ईंधनों से चलने वाले वाहनों पर जोर दिए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसका पर्यावरण पर भी अच्छा असर होगा और विभिन्न प्रकार के प्रदूषण से भी निजात मिल सकेगी। उन्होंने भारतीय इंजीनियरों की सराहना करते हुए कहा कि वे काफी प्रतिभाशाली हैं और उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों व इससे संबंधित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया है।
- नोएडा. उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गोल चक्कर के पास एक रोडवेज बस चालक ने कथित तौर पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों को कुचल दिया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। कासना थाने के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मूल रूप से जनपद संभल के रहने वाले सुनील और रंजीत सिंह एक-दूसरे के चचेरे भाई थे। उन्होंने बताया कि दोनों ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी में काम करते थे और मंगलवार शाम मोटरसाइकिल पर सवार होकर सिरसा गोल चक्कर के पास से जा रहे थे, तभी एक रोडवेज बस चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। सिंह ने बताया कि हादसे में दोनों मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के लिए उन्हें ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया, जबकि रंजीत की हालत नाजुक बनी हुई है। सिंह के अनुसार, पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
- नयी दिल्ली. उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को लोकसभा में स्पष्ट किया कि एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड योजना का लाभ उठाने के लिये लाभार्थियों को वास्तविक रूप में अपने साथ राशन कार्ड रखने की जरूरत नहीं है और उन्हें देश में कहीं भी अपनी पसंद की उचित दर की दुकान पर अपने राशन कार्ड का नंबर अथवा आधार संख्या दर्ज कराना होता है। लोकसभा में मालूक नागर, हेमा मालिनी, महुआ मोइत्रा और फारूक अब्दुल्ला के पूरक प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने यह बात कही । गोयल ने बताया कि प्रौद्योगिकी का उपयोग करके व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है और इसी के तहत एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘ वर्तमान में एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड योजना देश के लगभग 77 करोड़ लाभार्थियों (लगभग 96.8 प्रतिशत) को कवर करते हुए देश के 35 राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों में लागू की गई है। '' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में कहीं भी अपनी पसंद की उचित दर की दुकान पर अपने राशन कार्ड का नंबर अथवा आधार संख्या दर्ज करायें और अपना राशन उठायें । उन्होंने कहा कि अगर कोई पूरा राशन एक साथ नहीं उठाना चाहता है तब वह बारी बारी से राशन उठा सकता है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से प्रौद्योगिकी के जुड़ने के बाद कोई नये कार्ड की जरूरत नहीं है ।उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री ने कहा कि एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों को नया राशन कार्ड जारी करने के संबंध में राज्य या संघ राज्य प्रशासनों को कोई निर्देश नहीं दिये गए हैं । उन्होंने कहा कि फिर भी लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सुधारों के रूप में अगर समग्र भारत में एकरूपता लाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों को जब भी नया राशन कार्ड जारी करने के संबंध में राज्य/संघ राज्य क्षेत्र कोई निर्णय करते हैं तब उन्हें राशन कार्डो का मानक प्रारूप अपनाने का सुझाव दिया गया है। मंत्री ने कहा कि राशन कार्ड योजना की राष्ट्रव्यापी सुगम उपयोगिता के लिये तकनीक आधारित ‘‘एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड योजना'' देश के सभी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों को सशक्त बनाती है ताकि वे देश में किसी भी स्थान पर पसंद की किसी उचित दर की दुकान पर अपनी पात्रता के अनुसार खाद्यान्न उठा सकें । गोयल ने कहा, ‘‘ एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड योजना का लाभ उठाने के लिये लाभार्थियों को वास्तविक रूप में अपने साथ राशन कार्ड रखने की जरूरत नहीं है और उन्हें देश में कहीं भी अपनी पसंद की उचित दर की दुकान पर अपने राशन कार्ड का नंबर अथवा आधार संख्या दर्ज कराना होता है। '' प्रश्नकाल के दौरान भाजपा की हेमा मालिनी ने सवाल किया कि उचित मूल्य की दूकान पर अनियमितता की शिकायतों को देखते हुए क्या सरकार खाद्यान्न योजना को लेकर प्रत्यक्ष नकद अंतरण (डीबीटी) लागू करने पर विचार कर रही है? इस पर पीयूष गोयल ने कहा कि इस बारे में कई बार विचार हुआ और इसके दो पहलू भी हैं । इसमें एक विचार यह है कि सीधा लाभार्थियों के खाते में पैसा जाए और इससे सरकार का अनाज पहुंचाने का खर्च भी बचेगा । दूसरा विचार यह आया कि अगर पैसा गृहणी तक नहीं पहुंचा और किसी अन्य ने खर्च कर दिया तब इसका मकसद पूरा नहीं होगा । गोयल ने कहा, ‘‘ ऐसे में यह तय हुआ है कि इस योजना को वर्तमान रूप में ही चलाया जाए । '' उन्होंने कहा कि हमने इसके जमीनी स्तर पर ऑडिट की व्यवस्था की है। पश्चिम बंगाल में योजना को लेकर मंत्री ने कहा कि राज्य लम्बे समय तक इस योजना में शामिल नहीं हुआ था और बाद में इससे जुड़ा ।
- मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश). उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुधवार को दो वाहनों की टक्कर में एक व्यक्ति और उसकी नाबालिग बेटी की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) शरद शर्मा के मुताबिक, मजदूरों का एक समूह होली मनाने के लिए पंजाब से मुरादबाद लौट रहा था। उन्होंने बताया कि समूह जिस पिकअप ट्रक में यात्रा कर रहा था, उसे फुगाना थाना क्षेत्र के एक गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। शर्मा के अनुसार, हादसे में मारे गए पिता-पुत्री की पहचान 35 वर्षीय वेदराम और 10 वर्षीय छवि के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में 21 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर है।
- नयी दिल्ली. देश में 12 वर्ष से 14 वर्ष के आयु वर्ग के लिए कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान बुधवार को शुरू हो गया और इन किशोरों को कोर्बेवैक्स टीके की खुराक दी जाएगी। इसके अलावा सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को एहतियाती खुराक देने के लिए अन्य बीमारियों से पीड़ित होने की शर्त हटाने का भी फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘सबको वैक्सीन मुफ्त वैक्सीन' अभियान के तहत 12-14 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों का कोविड टीकाकरण आज से शुरू हो चुका है। 60 साल से अधिक आयु के सभी लोग आज से एहतियाती खुराक ले सकेंगे। आइए, मिलकर देश सुरक्षित करें, टीका लगवाएं।'' दिशा निर्देशों में कहा गया है कि 12 वर्ष से 14 वर्ष के आयु वर्ग के लाभार्थियों को बायोलॉजिकल-ई के कोर्बेवैक्स टीके की दो खुराकें 28 दिनों के अंतराल में दी जाएगी। देश में एक मार्च 2021 तक 12 से 13 आयु वर्ग के बच्चों की संख्या 4.7 करोड़ है।इसके साथ ही 60 साल और उससे अधिक आयु के लोगों को अब एहतियाती खुराक दी जा सकती है और कोविड रोधी टीके की दूसरी खुराक देने की तारीख से नौ महीने पूरे होने के आधार पर यह एहतियाती खुराक दी जाएगी। दिशा निर्देशों के अनुसार, एहतियाती खुराक उसी टीके की दी जाएगी जो प्रमुख टीकाकरण अभियान के दौरान उस व्यक्ति को दी गयी थी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को जारी दिशा निर्देशों में कहा, “12 से 14 साल के बच्चों के लिए कोर्बेवैक्स से कोविड-19 टीकाकरण की तिथि केवल कोविन पोर्टल के माध्यम से बुक की जा सकेगी। टीका लगाने वाले को सुनिश्चित करना होगा कि यह केवल उन्हीं बच्चों को दिया जा रहा है, जिन्होंने टीकाकरण की तिथि पर 12 साल की उम्र पूरी कर ली है और यदि कोई बच्चा पंजीकृत है, लेकिन 12 वर्ष की आयु तक नहीं पहुंचा है तो उसका टीकाकरण न किया जाए।” इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के मामलों में भारी गिरावट के बीच 12-14 साल के आयु वर्ग के लिए टीकाकरण अभियान शुरू हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया था कि इस आयु वर्ग में करीब छह से सात लाख बच्चे टीकाकरण के योग्य हैं। दिल्ली में टीकाकरण के लिए 11 जिलों में कई टीकाकरण केंद्र चिह्नित किए गए हैं। सूत्रों ने बताया कि सरकार को कोर्बेवैक्स टीके की 6,31,400 खुराकें मिली हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हम सभी तैयार हैं, सभी संबंधित विभागों के कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया है, टीके की खुराकें मिल गयी है और इस कवायद में शिक्षा विभाग भी हमारी मदद कर रहा है। चुनौती यह सुनिश्चित करने की होगी कि टीकाकरण के लिए आने वाले लाभार्थियों की उम्र 12 साल से एक दिन भी कम नहीं होनी चाहिए। हम यह सुनिश्चित करने के लिए आधार कार्ड या स्कूल के पहचान पत्र की जांच करेंगे।
-
नई दिल्ली। महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी ने कहा है कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना की सहायता प्राप्त करने के लिए बच्चों के आवेदन राज्य और केंद्र शासित प्रदेश सरकार द्वारा पोर्टल पर अपलोड किए जाते हैं। श्रीमती इरानी ने आज राज्यसभा में लिखित प्रश्न के उत्तर में कहा कि 14 मार्च 2022 तक पोर्टल पर 8,973 से अधिक आवेदन अपलोड हो चुके हैं। इनमें से 4,302 आवेदनों को जिलाधिकारियों द्वारा अनुमोदित किया गया है। श्रीमती ईरानी ने कहा कि महिला औऱ बाल विकास मंत्रालय केंद्र प्रायोजित बाल संरक्षण सेवा योजना - मिशन वात्सल्य लागू कर रहा है। इसके अंतर्गत कठिन परिस्थितियों में बच्चों को सेवाएं प्रदान करने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को सहायता प्रदान की जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 महामारी के कारण माता-पिता या अभिभावक को खोने वाले बच्चों की सहायता करने के लिए पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना की घोषणा की थी। यह योजना ऑनलाइन पोर्टल pmcaresforchildren.in पर उपलब्ध है।
- नई दिल्ली। लोकसभा ने 2022-23 के लिए रेल मंत्रालय की अनुदान मांगे पारित कर दी हैं। इस पर 13 घंटे चली लम्बी चर्चा के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रेलवे का आधुनिकीकरण तथा प्रद्यौगिकी उन्नयन किया जा रहा है और इस क्षेत्र में पूंजी निवेश में वृद्धि की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के नतीजे मिल रहे हैं। प्रतिवर्ष पूंजी निवेश बढ़ रहा है और रेल पटरियां बिछाने का काम तथा विदयुतिकरण दुगुना हो गया है। श्री वैष्णव ने यह भी बताया कि पूर्वोत्तर सम्पर्क में काफी वृद्धि हुई है। 1,110 किलोमीटर लंबा व्यापार कॉरिडोर पूरा हो चुका है। स्वदेश में बनी वंदे भारत रेलगाड़ियां शुरू की गई हैं और रेलवे स्टेशनों का आधुनिकारण किया गया है।विपक्षी सदस्यों के प्रश्नों का जवाब देते हुए रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे के निजीकरण की कोई योजना नहीं है। अगले दस वर्षों की परिकल्पना का जिक्र करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि वार्षिक यात्री आवागमन को आठ सौ करोड़ से बढ़ाकर एक हजार करोड़ करने औरमाल ढुलाई को 140 करोड़ टन से बढ़ाकर 300 करोड़ टन किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान निवेश को बढ़ाकर तीन लाख करोड़ रुपये किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में वंदे भारत रेल कोच का विनिर्माण एक बड़ी सफलता है, जो पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित करती है। श्री वैष्णव ने बताया सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्यमों और किसानों के लिए छोटे कार्गों कंटेनरों का निर्माण करने की योजना है। बजट में घोषित एक स्टेशन एक उत्पाद योजना से क्षेत्र विशिष्ठ उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।
-
नई दिल्ली। आज राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस है। वैक्सीन के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए हर वर्ष 16 मार्च को यह दिवस मनाया जाता है। उपराष्ट्रपति एम वैंकेयानायडू ने राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर 12 से 14 वर्ष आयु के बच्चों को कोविडरोधी टीका लगाये जाने की शुरूआत होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। ट्वीट संदेशों में श्री नायडू ने कहा कि कोविड के 180 करोड से ज्यादा टीकों का लगाया जाना भारत के अभूतपूर्व टीकाकरण अभियान को दर्शाता है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि टीकाकरण घातक बीमारियों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है इसलिए विशेषकर ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाने पर ध्यान केन्द्रित किया जाना चाहिए। श्री नायडू ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत पोलियो की तरह ही कोविड महामारी को हराने में भी सफल होगा।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों से कोविड टीका लगवाने का आग्रह किया है। ट्वीट संदेशों में श्री मोदी ने कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अब 12 से 14 वर्ष के बच्चे कोविड टीकाकरण के लिए पात्र होंगे और साठ वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को एहतियाती खुराक दी जाएगी। श्री मोदी ने कहा कि देश में कई टीके विकसित किए गये हैं और सरकार ने मूल्यांकन की उचित प्रक्रिया के बाद अन्य टीकों की भी अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि भारत इस महामारी से लडने में बेहतर स्थिति में है। श्री मोदी ने कहा कि टीका मैत्री कार्यक्रम के तहत देश में कई देशों को टीके भी भेजे गए। प्रधानमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि देश ने कोविड के खिलाफ वैश्विक स्तर पर लडाई जीती है। उन्होंने लोगों से कोविड संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने को भी कहा। - नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले के पास विरासत की विषय-वस्तु पर बने नए ‘हैरिटेज पार्क' का उद्घाटन 20 मार्च को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह पार्क जामा मस्जिद के पास बना है जिसे नगर निकाय के कोष से बनाया गया है जिसमें विभिन्न सांसदों ने भी योगदान दिया है। इनमें राज्यसभा सदस्य विजय गोयल भी शामिल हैं जो ‘पुरानी दिल्ली' इलाके में ‘हैरिटेज पार्क' बनाए जाने की कोशिश कर रहे थे। उत्तर दिल्ली नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति कोविंद 20 मार्च की शाम को पार्क का उद्घाटन करेंगे जिसके बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। नगर निकाय ने मंगलवार को इस बाबत एक बयान जारी किया है।इस पार्क का नाम चरती लाल गोयल के नाम पर रखा गया है कि जो अविभाजित दिल्ली नगर निगम के पूर्व उपमहापौर थे और दिल्ली विधानसभा के पहले अध्यक्ष थे। यह ‘हैरिटेज पार्क' 8650 वर्ग मीटर में फैला है और लाल किले के पास परेड ग्राउंड के सामने स्थित है। अधिकारियों ने बताया कि पार्क में लाल पत्थरों और सफेद संगमरमर के ढांचे हैं और मुगल शैली की बारादरी हैं।--
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कश्मीर के विस्थापित हिन्दुओं के दर्द पर आधारित फिल्म ‘‘कश्मीर फाइल्स'' की सराहना की और अभिव्यक्ति की आजादी के झंडादरबार होने का दावा करने वालों को ‘‘इसे बदनाम करने के बाबत चलाए जा रहे अभियान'' के लिए आड़े हाथों लिया। फिल्म की पटकथा को एक तरह से अनुमोदन करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘उनको हैरानी हो रही है कि इस सत्य को इतने सालों तक दबा कर रखा गया जो अब तथ्यों के आधार पर बाहर लाया जा रहा है।'' ज्ञात हो कि इस फिल्म को लेकर एक राजनीतिक विवाद भी छिड़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने फिल्म के बारे में विस्तार से बात की और आरोप लगाया कि विभाजन और आपातकाल के दर्द को सामने लाते हुए अभी तक कोई फिल्म बनाने का प्रयास नहीं हुआ क्योंकि ‘‘सच्चाई को दबाने का'' लगातार प्रयास किया गया। भाजपा की ओर से जारी किए गए एक वीडियो के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘‘इन दिनों कश्मीर फाइल्स की खूब चर्चा हो रही है। जो लोग हमेशा अभिव्यक्ति की आजादी के झंडे लेकर घूमते हैं, वह पूरी जमात बौखला गई है।'' उन्होंने कहा, ‘‘तथ्यों के आधार पर इसकी विवेचना करने के बजाए, इसको बदनाम करने के लिए एक मुहिम चलाई जा रही है। यह पूरा इकोसिस्टम...अगर कोई सत्य उजागर करने का साहस करें...तो बौखला जाता है। वह वही प्रस्तुत करने की कोशिश करते हैं जिसे वह सत्य मानते हैं। पिछले चार-पांच दिनों से यही कोशिश हो रही है कि लोग सत्य को ना देख सकें।'' इतिहास को सही स्वरूप पेश करने की महत्ता को रेखांकित करते हुए मोदी ने कहा कि यह देश की भलाई के लिए होता है और उसके कई पहलू हो सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘किसी को एक चीज नजर आती हैं तो किसी को दूसरी चीज नजर आएगी। जिसको लगता है, यह फिल्म ठीक नहीं वह दूसरी बनाए। कौन मना करता है? लेकिन उनको हैरानी हो रही है कि जिस सत्य को इतने सालों तक दबाकर रखा गया, उसको तथ्यों के आधार पर अब बाहर लाया जा रहा है।'' उन्होंने कहा कि जो सत्य के लिए खड़े रहे, उन्हें इसके पक्ष में भी खड़ा होना चाहिए।मोदी ने इस अवसर पर महात्मा गांधी का उल्लेख किया और कहा कि आजादी के बाद दुनिया ने मार्टिन लूथर किंग और नेल्सन मंडेला के बारे में ज्यादा सुना। उन्होंने कहा, ‘‘यदि किसी ने गांधी पर फिल्म बनाने का प्रयास किया होता ओर उसे दुनिया के सामने पेश किया होता तो संदेश चला गया होता।'' उन्होंने कहा कि गांधी पर फिल्म बनाई भी तो एक विदेशी ने।उन्होंने कहा कि कुछ लोग अभिव्यक्ति की आजादी की बात करते हैं लेकिन किसी ने अभी तक आपातकाल पर कोई फिल्म नहीं बनाई क्योंकि सच को हमेशा दबाने का प्रयास किया गया।'' उन्होंने कहा, ‘‘जब हमने 14 अगस्त को विभाजन त्रासदी दिवस मनाने का फैसला किया तो कुछ लोगों को इससे भी दिक्कत थी...लेकिन देश कैसे वह दिन भूल सकता है।'' कई भाजपा शासित राज्यों ने कश्मीर फाइल्स को कर मुक्त किया है।-


























.jpeg)

