आरंग के ग्राम छटेरा में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित
0- शिविर में कुल 902 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से 132 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार आरंग विकासखंड के ग्राम पंचायत छटेरा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला प्रांगण में सुशासन तिहार 2026 के तहत जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभागों को शिकायत एवं मांग से संबंधित कुल 902 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से 132 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में छटेरा, नरियरा, बरभट्टा, कोसमखुटा, राटाकाट, कुम्हारी, पांहदा, मोखला, भलेरा, पधीं, चरौदा, बनचरौदा, सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों ने आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान 2 लोगों को आयुष्मान कार्ड, 3 लोगों का आयुष्मान वय वंदन कार्ड, खाद्य विभाग द्वारा 5 राशन कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा चार लोगों का आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, चार लोगों को किस किताब एवं 5 लोगों का b1 का बनाया गया तथा मनरेगा विभाग द्वारा 14 नए जॉब कार्ड वितरित की।
मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 1 हफ्ते के अंदर आज प्राप्त सभी आवेदनों का समुचित निराकरण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई आवेदनकर्ता किसी वजह से योजना का लाभ लेने के लिए पात्र नही है तो उसे सूचित किया जाए और कारण उसके आवेदन के निराकरण में स्पष्ट रूप से लिखा जाए।
अभनपुर विधायक श्री इन्द्रकुमार साहू ने कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को अपने क्षेत्र में ही समाधान मिल रहा है, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है। समाधान शिविरों के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस, जॉब कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त सभी शिकायतों एवं आवेदनों का प्राथमिकता के साथ जल्द से जल्द निराकरण किया जाए, एवं शिविरों की गंभीरता को बनाए रखें एवं आवेदनों के निराकरण की गंभीरता को भी बनाए रखें ।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी की संकल्पना है कि शासन की सुविधाएं और योजनाओं का लाभ लोगों के घर तक पहुंचे। जनता की सभी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे और प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई हो।
इस अवसर पर आरंग नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ संदीप जैन, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिस्वरंजन, एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैंकरा, महिला एवं बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री शैल ठाकुर, जिला खाद्य नियंत्रक श्री भूपेन्द्र मिश्रा, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा डॉ. शंकरलाल उइके, तहसीलदार श्रीमती ज्योति मसियारे, सीईओ जनपद श्री अभिषेक बैनर्जी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
--












Leave A Comment