ब्रेकिंग न्यूज़

 2 नवंबर को नवा रायपुर के आसमान में ‘सारंग’ के हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब

0- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर राज्योत्सव में दिखेगा वायुसेना का शौर्य
0- ‘आकाशगंगा’ टीम पैराशूट जंप से दिखाएगी कौशल, 100 से अधिक वायुसेना अधिकारी-जवान होंगे शामिल
0- कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ली तैयारियों की बैठक, ट्रैफिक-पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्योत्सव को इस बार और भी यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है। राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विकास और उपलब्धियों के उत्सव के साथ प्रदेशवासियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव भी बने, इसी कड़ी में 2 नवंबर 2026 को नवा रायपुर के आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और अद्भुत कौशल का रोमांचकारी प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम छह हेलीकॉप्टरों के साथ रोमांचकारी एयरोबेटिक शो प्रस्तुत करेगी। इसके साथ ही वायुसेना के तीन अन्य हेलीकॉप्टर भी कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे। वहीं भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘आकाशगंगा’ पैराशूट डिस्प्ले टीम के सदस्य आसमान से पैराशूट जंप कर हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। इस भव्य आयोजन में भारतीय वायुसेना के 100 से अधिक अधिकारी एवं जवान शामिल होंगे।
कलेक्टर ने ली तैयारियों की बैठक
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज भारतीय वायुसेना एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन,  ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता सिन्हा, भारतीय वायुसेना के अधिकारी तथा जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कार्यक्रम स्थल की तैयारियों के साथ सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग और साउंड सिस्टम सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
छह हेलीकॉप्टर एक साथ दिखाएंगे रोमांचक करतब
वायुसेना के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि ‘सारंग’ छह हेलीकॉप्टरों के साथ इस तरह का रोमांचकारी एयरोबेटिक प्रदर्शन करने वाली विश्व की इकलौती हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम है। सारंग के हेलीकॉप्टर बेहद सटीक तालमेल के साथ अलग-अलग फॉर्मेशन बनाते हुए आसमान में रोमांचकारी कलाबाजियां प्रस्तुत करेंगे।
भारतीय वायुसेना की सारंग टीम स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन करती है। ‘सारंग’ का अर्थ मोर है और टीम के हेलीकॉप्टरों की आकर्षक रंग-सज्जा भी मोर की थीम से प्रेरित है। सारंग टीम देश के साथ अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भी भारतीय वायुसेना के पायलटों की दक्षता, अनुशासन और उत्कृष्ट समन्वय के साथ भारत की स्वदेशी विमानन क्षमता का प्रदर्शन करती रही है।
आकाशगंगा’ टीम आसमान से लगाएगी छलांग
वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में ‘आकाशगंगा’ पैराशूट डिस्प्ले टीम भी अपने रोमांचकारी करतब दिखाएगी। प्रशिक्षित पैराट्रूपर्स आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। सारंग के हेलीकॉप्टरों की कलाबाजी और आकाशगंगा टीम का पैराशूट प्रदर्शन राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।
रायपुरवासी उत्सव की तरह करेंगे स्वागत—कलेक्टर
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्योत्सव के अवसर पर भारतीय वायुसेना का यह भव्य प्रदर्शन छत्तीसगढ़वासियों के लिए विशेष आकर्षण होगा। इसकी मेजबानी रायपुर के लिए एक बार फिर गौरव का अवसर है। रायपुरवासी भारतीय वायुसेना के जवानों और इस शानदार आयोजन का उत्सव की तरह स्वागत करेंगे।
कलेक्टर ने बड़ी संख्या में नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक एवं पार्किंग की पुख्ता कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों का व्यवस्थित निर्धारण करने तथा कार्यक्रम स्थल तक लोगों के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को वन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर बेहतर साउंड सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि उद्घोषणा एवं आवश्यक सूचनाएं लोगों तक स्पष्ट रूप से पहुंच सकें।
सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम—एसपी श्रीमती श्वेता सिन्हा
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता सिन्हा ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english