नगर पालिक निगम बीरगांव में चलाया गया वृहद सफाई अभियान
0- 400 से अधिक लोगों ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश
रायपुर. सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा वार्ड क्रमांक 38 स्थित सरोरा शीतला तालाब में वृहद सफाई एवं विशेष श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ विधायक श्री मोतीलाल साहू श्रमदान कर किया। उन्होंने तालाब परिसर की सफाई में सहभागिता निभाते हुए नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
विधायक श्री साहू ने अभियान में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के साथ मिलकर तालाब परिसर में सफाई कार्य किया। उनके नेतृत्व एवं सक्रिय सहभागिता से अभियान में लोगों का उत्साह बढ़ा और बड़ी संख्या में नागरिक स्वच्छता अभियान से जुड़े।
इस अवसर पर 400 से अधिक लोगों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए सरोरा शीतला तालाब एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। अभियान में नगर निगम के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ निगम आयुक्त, निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा 5 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वृहद सफाई अभियान के दौरान तालाब परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक श्री साहू द्वारा उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी बनाने और स्वच्छ एवं सुंदर बीरगांव के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।
वृहद श्रमदान अभियान में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने “स्वच्छता ही सेवा” के संदेश को जनभागीदारी के साथ मजबूत किया।













Leave A Comment