ब्रेकिंग न्यूज़

 गांधी जयंती पर चित्रोत्पला फिल्म सिटी परिसर में वृहद पौधारोपण अभियान

-छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारियों ने लगाए लगभग 1,000 पौधे
-फिल्म सिटी के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र विस्तार पर रहेगा विशेष जोर
रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा नवा रायपुर स्थित प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी परिसर में वृहद पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत परिसर के विभिन्न हिस्सों में लगभग 1,000 पौधों का रोपण किया गया। टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वयं पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
पौधारोपण अभियान में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा, सिंचाई, नियमित देखरेख और सर्वाइवल सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा पौधों के संरक्षण एवं आगामी देखरेख की व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई।
फिल्म सिटी के विकास के साथ हरित परिसर विकसित करने की पहल
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा चित्रोत्पला फिल्म सिटी को आधुनिक फिल्म निर्माण एवं ऑडियो-विजुअल प्रोडक्शन की सुविधाओं से युक्त एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। परियोजना के विकास के साथ ही पर्यावरणीय संतुलन, हरित आवरण के विस्तार और सुव्यवस्थित हरित क्षेत्रों के विकास को भी महत्वपूर्ण प्राथमिकता दी जा रही है।
फिल्म सिटी परिसर को इस प्रकार विकसित करने की परिकल्पना है कि आधुनिक फिल्म निर्माण सुविधाओं के साथ यहां लैंडस्केपिंग, पर्याप्त हरित क्षेत्र और पर्यावरण-संवेदनशील विकास का संतुलित स्वरूप दिखाई दे। इससे भविष्य में यहां आने वाले कलाकारों, तकनीशियनों, पर्यटकों और अन्य आगंतुकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्राकृतिक एवं हरित वातावरण भी उपलब्ध हो सकेगा।
“विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर आगे बढ़ना हमारा प्रयास”
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री सौमिल रंजन चौबे ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी का विकास आधुनिक और उच्चस्तरीय सुविधाओं के साथ किया जाना है, लेकिन इसके साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दी जाएगी।उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी आधुनिक फिल्म निर्माण सुविधाओं के साथ एक सुंदर, सुव्यवस्थित और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील परिसर के रूप में विकसित हो। विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलना हमारी कार्ययोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आज गांधी जयंती के अवसर पर लगभग एक हजार पौधों का रोपण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत है।”श्री चौबे ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और सर्वाइवल सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसके लिए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पौधारोपण के बाद संरक्षण और सर्वाइवल पर रहेगा फोकस
टूरिज्म बोर्ड द्वारा पौधारोपण के बाद पौधों की सतत निगरानी और देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं आवश्यक रखरखाव के लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। समय-समय पर पौधों की स्थिति और उनके सर्वाइवल की समीक्षा भी की जाएगी।
टूरिज्म बोर्ड का उद्देश्य है कि फिल्म सिटी के विकास के साथ-साथ परिसर में स्थायी और पर्याप्त हरित क्षेत्र तैयार हो, जो आने वाले समय में फिल्म सिटी के प्राकृतिक सौंदर्य को बढ़ाने के साथ पर्यावरणीय संतुलन में भी योगदान दे।
अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से लिया हिस्सा
पौधारोपण अभियान में टूरिज्म बोर्ड के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी सामूहिक रूप से शामिल हुए। सभी ने स्वयं पौधारोपण कर अभियान को केवल औपचारिक आयोजन न रखते हुए सामूहिक सहभागिता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english