मातृ-महिमा को तालपुरी की महिलाओं का सलाम

-महिला समिति के तत्वावधान में मातृ-दिवस मना
टी सहदेव
भिलाई नगर। तालपुरी बी ब्लॉक में रविवार को क्लब हाउस में महिला समिति के बैनर तले पहली बार मातृ-दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। मातृ-महिमा के समक्ष नतमस्तक होते हुए कॉलोनी की महिलाओं ने पारंपरिक और आधुनिक वेशभूषा में एकल एवं समूह नृत्य, लोकनृत्य तथा फिल्मी नृत्य पेश किया। माता की महिमा और ममता का बखान करते हुए अध्यक्ष रेखा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मां घर में प्रकाश पुंज की तरह होती हैं, भले ही वे बाहर कितने भी बड़े ओहदे पर आसीन हों। वे उन्नति के कितने भी शिखर प्राप्त कर लें, लेकिन वे घर में सिर्फ मां होती हैं। उनका योगदान अतुल्य होता है, आज का कार्यक्रम ऐसी ही मां को समर्पित है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आरंभ गणेश वंदना एवं स्वागत गान से किया गया, जिसे कृतिका साव, माला यादव एवं वकुला राव ने सुरों से सजाया। जबकि सुमन खरे तथा कृतिका साव ने फिल्मी गाने 'तू कितनी अच्छी मां' को बड़े ही मार्मिक अंदाज में प्रस्तुत किया। वहीं दूसरी ओर मनोरमा सिंह, अनीता सिंह ने भोजपुरी लोक नृत्य, सीमा देवांगन ने छत्तीसगढ़ी नृत्य तथा बी सुशीला एवं जे दीपिका ने दक्षिण भारतीय फिल्मी गाने पर नृत्य पेश कर धमाल मचा दिया। इसके अलावा गायत्री देवांगन, मनीषा धोबले तथा हिमानी सिंह ने एकल नृत्य तथा सुमन खरे ने सुरीली आवाज में नगमा पेश कर खूब तालियां बटोरीं। इस दौरान आशा जानी द्वारा लिखित प्रसंग 'नारी' को वकुला राव, धनेश्वरी शर्मा, अनीता सिंह, मोना सिंह, सुमन खरे, मनोरमा सिंह और बी सुशीला ने अपने अभिनय से जीवंत बना दिया। कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष रेखा सिंह ने तथा उपाध्यक्ष रेखा मालवीय ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के संचालन में निशा बंछोर एवं सरला श्रीवास्तव की भी विशेष भूमिका रही।
Leave A Comment