अबराम ने मुझे जेन जी के कुछ शब्दों से परिचित कराया: शाहरुख खान
नयी दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने बताया कि उनके छोटे बेटे अबराम खान ने उन्हें 'ऑरा फार्मिंग' और 'मॉगिंग' जैसे जेन-जी के शब्दों से परिचित कराया। शाहरुख ने शुक्रवार को अपनी आगामी फिल्म 'किंग' के नए गीत के रिलीज कार्यक्रम में हिस्सा लिया। 'डैडी कूल' नाम के इस गीत में शाहरुख के साथ करीना कपूर भी हैं। कार्यक्रम में करण जौहर भी शाहरुख के साथ बातचीत के सत्र में शामिल हुए। इस दौरान अभिनेता ने बताया कि कैसे उनके 13 वर्षीय बेटे ने उन्हें जेन-जी के कुछ नए शब्द सिखाए। शाहरुख ने बताया कि 'तू मिल जाए' जारी किए जाने के आसपास की बात है, जब अबराम उनके पास आया और कहा कि जब वह अपने सिक्स पैक एब्स दिखा रहे थे, तो वह 'ऑरा फार्मिंग' कर रहे थे। अभिनेता ने कहा कि उन्होंने पहली बार यह शब्द सुना था।
इस बातचीत सत्र से जुड़े शाहरुख के वीडियो इंटरनेट पर सामने आए हैं।
शाहरुख ने कहा, ''मुझे आपको यह बताना है। मेरे अलग-अलग आयु के बच्चे हैं। मैंने पहली बार यह शब्द अपने 13 वर्षीय बेटे अबराम से सुना था। यह 'तू मिल जाए' गाने को जारी किए जाने के आसपास की बात है और मैं अपने सिक्स पैक एब्स दिखाने की कोशिश कर रहा था।'' अभिनेता ने बताया कि अबराम ने उन्हें 'मॉगिंग' शब्द से भी परिचित कराया। इस पर करण जौहर ने कहा कि इसका मतलब दूसरों से बेहतर दिखना या उन्हें पीछे छोड़ना है। इसके बाद शाहरुख ने 'ऑरा' शब्द का अपना मतलब समझाया।
उन्होंने कहा, ''मेरे हिसाब से असली ऑरा तब होता है, जब आप अपनी अंतरात्मा और अपनी खासियत को दुनिया के सामने ला पाते हैं।'' अभिनेता ने कहा कि हर नाम का अपना एक 'ऑरा' होना चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह इस शब्द को ऐसे नामों से जोड़ते हैं, जो ''दिल को छू जाते हैं।'' शाहरुख ने कहा, ''जब मैं छोटा था... तब मेरा मानना था कि हर नाम का अपना एक ऑरा होना चाहिए, यानी हर नाम ऐसा होना चाहिए, जो आपके दिल को छू जाए।'' उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने बेटे और फिल्म निर्माता आर्यन खान का नाम भी इसी सोच के साथ रखा था।
खान की फिल्म किंग 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।










Leave A Comment