ब्रेकिंग न्यूज़

 सिनेमा जगत के सितारों ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी

 नई दिल्ली।  कमल हासन, चिरंजीवी, सनी देओल, मनोज बाजपेयी समेत अन्य फिल्मी सितारों ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें एक दूरदर्शी और महान राजनीतिक नेता के रूप में याद किया। भारत में आर्थिक सुधारों के शिल्पकार सिंह का 92 वर्ष की उम्र में बृहस्पतिवार रात दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया।उन्होंने 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। वर्ष 1991 में देश के वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने भारत के आर्थिक ढांचे को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने वैश्विक स्तर पर वित्तीय और आर्थिक क्षेत्रों में व्यापक पहचान अर्जित की।

अभिनेता-राजनेता हासन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि देश ने अपने ‘बेहतरीन सपूतों में से एक’ को खो दिया है।उन्होंने कहा कि भारत ने अपने सबसे प्रतिष्ठित राजनीतिक नेताओं और विद्वानों में से एक को खो दिया है। हासन ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का निधन भारतीय राजनीति में एक युग के अंत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सिंह ने अपने आर्थिक दृष्टिकोण और सामाजिक नीतियों से देश को एक नया आकार दिया।हासन ने पोस्ट में लिखा, ‘‘कुछ ही लोगों ने देश की प्रगति को इतने दूरगामी प्रभाव के साथ प्रभावित किया है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री, दोनों के रूप में उनकी नीतियों ने लाखों लोगों को सशक्त बनाया, भारतीय लोकतंत्र के ढांचे को मजबूत किया और सबसे कमजोर लोगों का उत्थान किया।’’
चिरंजीवी ने कहा कि वह सिंह के निधन से दुखी हैं, जो एक उच्च शिक्षित, सर्वाधिक शालीन, मृदुभाषी और विनम्र नेता थे।उन्होंने कहा, ‘‘वित्त मंत्री के रूप में उनका दूरदर्शी और निर्णायक योगदान और फिर भारत के 13वें प्रधानमंत्री के रूप में उनका लगातार दो सफल कार्यकाल इतिहास में अंकित रहेंगे।’’अभिनेता ने कहा कि वह सौभाग्यशाली और गौरवान्वित हैं कि उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में सिंह के दूसरे कार्यकाल के दौरान संसद सदस्य और पर्यटन राज्य मंत्री के रूप में कार्य करने का मौका मिला।चिरंजीवी ने कहा, ‘‘मैं उनके साथ अपनी बातचीत और उनसे मिली प्रेरणा और ज्ञान को हमेशा याद रखता हूं। उनका जाना हमारे देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार और उनके असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।’’
सनी देओल ने भारत के आर्थिक उदारीकरण को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सिंह की सराहना की।उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बुद्धिमत्ता, शुचिता और देश के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। मेरी हार्दिक संवेदना।’’
मनोज बाजपेयी ने कहा, ‘‘हमारे पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से दुखी हूं। एक राजनेता… जिनका हमारे देश के विकास के हर पहलू में योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’’
अनिल कपूर ने याद किया कि वह एक बार पूर्व प्रधानमंत्री से मिले थे जिन्होंने उनपर ‘अमिट छाप’ छोड़ी थी।उन्होंने कहा, ‘‘वह अद्वितीय विनम्रता और बुद्धिमत्ता के व्यक्ति थे। उनके असाधारण योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।’’
दिलजीत दोसांझ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सिंह की एक तस्वीर साझा की और इसके कैप्शन में लिखा, ‘‘ओह, वाहेगुरु।’’अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा, ‘‘डॉक्टर मनमोहन सिंह जी, आपकी आत्मा को शांति मिले।’’
अल्लू अर्जुन ने इंस्टाग्राम पर सिंह की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा, ‘‘राष्ट्र के प्रति उनके नेतृत्व और समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। सर, आपकी आत्मा को शांति मिले।’’
सिंह के पूर्व मीडिया सलाहकार संजय बारू के संस्मरण पर आधारित 2019 की फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ में पूर्व प्रधानमंत्री की भूमिका निभाने वाले दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि वह उनके निधन से बहुत दुखी हैं।उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ के लिए एक साल से अधिक समय तक उनका अध्ययन करने के बाद, ऐसा लगा कि मैंने वास्तव में उनके साथ इतना समय बिताया है। वह स्वाभाविक रूप से एक अच्छे इंसान थे। व्यक्तिगत रूप से पूरी तरह से ईमानदार, महान अर्थशास्त्री और बहुत विनम्र व्यक्ति। कुछ लोग कह सकते हैं कि शायद वह एक चतुर राजनीतिक नेता नहीं थे! उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।’’संजय दत्त ने पोस्ट किया, ‘‘डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से बहुत दुखी हूं। भारत के लिए उनके योगदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा।’’
रितेश देशमुख ने सिंह को भारत के ‘सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्रियों’ में से एक बताया।देशमुख ने कहा, ‘‘उन्होंने भारत के आर्थिक विकास को गति दी। वह गरिमा और विनम्रता के प्रतीक थे। हम हमेशा उनकी विरासत के ऋणी रहेंगे। उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले। श्री मनमोहन सिंह जी को धन्यवाद।’’
फिल्म निर्माता जोया अख्तर, इम्तियाज अली, शेफाली शाह, आयुष्मान खुराना, रणदीप हूडा आदि ने भी सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english