आपके पास हमेशा एक योजना होनी चाहिए: बोमन ईरानी
नयी दिल्ली. अभिनेता बोमन ईरानी का मानना है कि हमेशा एक योजना बनाकर काम करते रहना, सृजन करते रहना और खुद को नये सिरे से गढ़ते रहना जरूरी है। ईरानी शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव दिल्ली (आईएफएफडी) में शामिल हुए।
अभिनेता ईरानी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "कुछ भी करने की कोई उम्र नहीं होती, ऐसा कभी मत सोचना कि मेरा समय निकल गया है। ऐसा कुछ नहीं होता।" उन्होंने कहा, "आखिर तक आप काम करते रह सकते हैं, सृजन करते रह सकते हैं, खुद को नए रूप में ढालते रह सकते हैं। आपके पास हमेशा एक योजना होनी चाहिए। जब तक आपके पास कुछ करने का जज़्बा है, तब तक हर कोई जवान है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव दिल्ली (आईएफएफडी) 2026 के दौरान राष्ट्रीय राजधानी के कई स्थानों पर 47 देशों की 140 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह महोत्सव 25 मार्च को भारत मंडपम में शुरू हुआ और 31 मार्च को समाप्त होगा। इस फिल्म समारोह का आयोजन दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) द्वारा दिल्ली सरकार के सहयोग से किया जा रहा है।
ईरानी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हालांकि यह पहला संस्करण है, लेकिन ऐसा लगता है जैसे यह वर्षों से जारी है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यह एक शानदार शुरुआत है। भले ही यह पहला है, लेकिन ऐसा लगता है जैसे यह सालों से जारी हो। यह और भी बड़ा होता जाएगा। यही मेरी राय है।" ईरानी से जब उनकी आगामी परियोजना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। वर्ष 2025 में रिलीज हुई "द मेहता बॉयज़" का निर्देशन बोमन ईरानी ने किया था और इसमें अविनाश तिवारी, श्रेया चौधरी और ईरानी ने अभिनय किया था।


.jpg)







Leave A Comment