ब्रेकिंग न्यूज़

बांग्लादेश में बड़ा हादसा, गहरी नदी में गिरी बस,  16 की मौत

 ढाका.। बांग्लादेश में एक बस के परिवहन नौका पर चढ़ने की कोशिश के दौरान नदी में गिर जाने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बस दक्षिण-पश्चिमी राजबारी जिले में दौलाडिया टर्मिनल पर बुधवार शाम करीब सवा पांच बजे पद्मा नदी में गिर गई। दमकल सेवा के अधिकारी सोहेल राणा ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा, '' हमजा (बचाव पोत) ने क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाला और उसके भीतर से 14 शव मिले।'' उन्होंने बताया कि गोताखोरों ने इससे पहले दो महिलाओं के शव बरामद किए थे और शेष 14 शव खराब मौसम के बीच छह घंटे के प्रयास के बाद बस को नदी से बाहर निकाले जाने पर बुधवार मध्यरात्रि के आस पास मिले। राणा ने बताया कि दमकल सेवा और तटरक्षक बल के गोताखोर सेना और पुलिस की मदद से लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि ढाका जा रही इस बस में बच्चों समेत करीब 40 यात्री सवार थे और उनमें से अधिकतर ईद की छुट्टियां मनाकर राजधानी लौट रहे थे। राजबारी जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बचाव अभियान की अद्यतन जानकारी लेने के लिए उनसे फोन पर बात की और हादसे की जांच के आदेश दिए। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने पहले बताया था कि करीब 11 यात्री तैरकर किनारे पहुंचने में सफल रहे या उन्हें बचा लिया गया लेकिन अधिकतर अन्य लोग अब भी लापता हैं। टर्मिनल के पर्यवेक्षक मोनिर हुसैन ने कहा, ''जब बस पोंटून (जलाशय में तैरता पुल) से नौका की ओर बढ़ रही थी तभी एक छोटी सहायक नौका पोंटून से टकरा गई और बस चालक के स्टीयरिंग पर से नियंत्रण खो देने के कारण बस नदी में जा गिरी।'' उन्होंने कहा, ''बस हमारी आंखों के सामने नदी में गिर गई लेकिन हम कुछ नहीं कर सके।''
दौलाडिया स्वास्थ्य परिसर के चिकित्सकों ने कहा कि दो महिलाओं के शव लाए गए जबकि एक अन्य महिला का उपचार किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों में से कई एक ही परिवार के सदस्य थे और उनमें से कई लोग बाहर खड़े होने के कारण बच गए लेकिन उनके रिश्तेदार बस डूबने के समय उसके भीतर थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english