महाराष्ट्र में भिवंडी इमारत दुर्घटना में मृतकों की संख्या दस हुई; राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया
मुंबई। महाराष्ट्र में मुम्बई के भिवंडी में एक इमारत गिरने की घटना में मरने वालों की संख्या 10 हो गई है। इनमें 7 बच्चे शामिल हैं। एक चार साल के बच्चे सहित ग्यारह लोगों को मलबे से निकाल लिया गया है।
हालांकि अब भी 25 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। मुंबई के पास ठाणे जिले में धामांकर नाका के निकट नारपोली के पटेल परिसर में स्थित यह इमारत आज सुबह ढह गयी। इस इमारत में 40 फ्लैट थे और करीब 150 लोग इस में रहते थे। दमकल की तीन गाडिय़ां, आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के कर्मी बचाव कार्य में लगे हैं।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने मुम्बई के भिवंडी में एक इमारत गिरने की घटना में हुए जानी नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह घटना व्यथित करने वाली है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे मृतकों के परिजनों के साथ हैं। श्री कोविंद ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन को बचाव और राहत कार्य में सहयोग करना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वे इस घटना से दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। श्री मोदी ने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Leave A Comment