खुशबू कांग्रेस छोड़कर भाजपा में हुईं शामिल
नई दिल्ली। दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री खुशबू सुंदर यह कहते हुए सोमवार को कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गयीं कि उन्हें अहसास हो गया है कि यदि देश को ‘सही दिशा और उसके वैभव की ओर' ले जाना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे किसी व्यक्ति की जरूरत है। द्रमुक से कांग्रेस और फिर कांग्रेस से भाजपा में आने के साथ ही यह उनकी तीसरी राजनीतिक पारी होगी। तमिलनाडु में कम राजनीतिक प्रभाव रखने वाली भाजपा को आस है कि खुशबू के आने से राज्य में उसकी राजनीतिक ताकत बढेगी क्योंकि देश के अन्य क्षेत्रों की तुलना में वहां फिल्मी सितारों का ज्यादा असर है। कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के चंद घंटों बाद ही खुशबू भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि और तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष एल मुरूगन की मौजूदगी में दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा से भी भेंट की। खुशबू ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्होंने देखा है कि लोगों ने मोदी पर बार बार अपना विश्वास जताया है। उन्होंने कहा, वाकई, 125 करोड़ लोग एक व्यक्ति पर विश्वास करते हैं और वह हमारे प्रधानमंत्री हैं। मैं सोचती हूं कि वे बिल्कुल सही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी उनके लिए जो जिम्मेदार उपयुक्त समझती है वह उसके निर्वहन के लिए तैयार है।
Leave A Comment