अब तक 14.52 करोड़ से अधिक लोगों ने कोविड टीके लगवाए, 24 घंटे में ढाई लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए
नई दिल्ली। विश्व का सबसे बड़ा कोविड-19 टीकाकरण अभियान देश में सुचारू रूप से जारी है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान 33 लाख 59 हजार से अधिक लोगों को कोविड टीके लगाए गए। मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक 14 करोड़ 52 लाख से अधिक लोगों को कोविड टीके लगाए जा चुके हैं। पहली मई से टीकाकरण के तीसरे चरण में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोविड टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के तीसरे चरण के लिए पंजीकरण को-विन प्लेटफॉर्म और आरोग्य सेतु एप पर कल से आरंभ होगा।
कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान आज देश में कोविड मरीजों की संख्या में कुछ कमी आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में तीन लाख 23 हजार से अधिक कोविड मरीजों की पुष्टि हुई। मरीजों की यह संख्या कल की संख्या से लगभग 30 हजार कम है। देश के कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोविड रोगियों की संख्या में वृद्धि अब भी जारी है। इसके कारण देश में स्वस्थ्य होने की दर भी लगातार नीचे आ रही है। मंत्रालय ने बताया कि देश में इस समय 28 लाख 82 हजार से अधिक रोगियों का उपचार चल रहा है। उपचार करा रहे रोगियों की संख्या देश में अब तक संक्रमण की चपेट में आए लोगों का 16 दशमलव तीन चार प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे के दौरान दो लाख 51 हजार से अधिक लोग स्वस्थ्य हुए हैं। अब तक देश में एक करोड़ 45 लाख से अधिक कोविड रोगी स्वस्थ्य हो चुके हैं।
पिछले 24 घंटे में दो हजार सात सौ से अधिक लोगों की कोविड से मृत्यु हुई है। इसके साथ ही देश में मृतकों की कुल संख्या एक लाख 97 हजार से अधिक हो गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार 16 लाख 58 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई। अब तक देश में 28 करोड़ कोविड नमूनों की जांच की जा चुकी है।


.jpg)




.jpg)
.jpg)

Leave A Comment