- Home
- देश
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर मंगलवार को एक वाहन से 70.48 लाख रुपये मूल्य का गुटखा जब्त किया गया और इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय अपराध इकाई और मीरा भायंदर विरार वसई पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ के संयुक्त दल ने तड़के एक वाहन को रोका। उन्होंने बताया कि वाहन से प्रतिबंधित गुटखा बरामद किया गया तथा इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। गुटखे की कीमत 70.48 लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारी ने कहा कि आरोपी के विरुद्ध कानून की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
- नयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी कोविड-19 के टीकों की 1.67 करोड़ से अधिक खुराक हैं और समस्या टीकों की कमी की नहीं बल्कि बेहतर योजना की है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अभी तक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को 13,10,90,370 टीकों की खुराक मिली हैं जिनमें से कुल खपत 11,43,69,677 खुराकों की ही हुई है। इनमें बेकार हुईं खुराकें भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पूर्वाह्न 11 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अभी इस्तेमाल नहीं की गईं 1,67,20,693 खुराकें हैं। आज से अप्रैल के अंत तक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को 2,01,22,960 खुराकों की आपूर्ति की जाएगी।
- नोएडा (उत्तर प्रदेश)। गौतमबुद्ध नगर जिले में हुए चार अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि फेस-3 थाना क्षेत्र के छीजारसी गांव के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने शशि को टक्कर मार दिया। गंभीर हालत में उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां आज सुबह उनकी मौत हो गई। मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 82 कट के पास अभिषेक और उसके साथ बाइक पर सवार एक लड़की को एक अज्ञात पिकअप चालक ने टक्कर मार दिया। गंभीर हालत में अभिषेक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में ज्ञानी भाटी (60) की मौत हो गई। उनकी मोटरसाइकिल को एक अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दिया था। थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को जितेंद्र (19) मोटरसाइकिल से चचूड़ा दनकौर नहर के रास्ते जा रहा था। तभी एक अज्ञात वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दिया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
- रायसेन। प्रदेश के रायसेन जिले में एक ट्राला की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई। बम्होरी थाने की प्रभारी माया सिंह ने मंगलवार को बताया कि यह हादसा रायसेन जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर छीतापुर गांव के पास सोमवार शाम को हुआ। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान राहुल राजपूत (21), वीरेंद्र राजपूत (30) एवं शुभम राजपूत (21) के रूप में हुई है। सिंह ने बताया कि हादसे के वक्त ये लोग देहगांव की ओर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।
- नई दिल्ली। मौसम संबंधी पूर्वानुमान व्यक्त करने वाली निजी एजेंसी स्काइमेट वेदर ने मंगलवार को कहा कि जून से सितंबर के दौरान देश में 75 प्रतिशत से अधिक वर्षा का योगदान देने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून इस साल सामान्य रहेगा।भौगोलिक जोखिम के आधार पर उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के कुछ हिस्सों के साथ उत्तरी भारत में इस मौसम में कम बारिश होने की भी आशंका है। स्काइमेट वेदर के अध्यक्ष (मौसम विज्ञान) जी पी शर्मा ने कहा कि जून से सितंबर के दौरान वर्षा का दीर्घावधि औसत (एलपीए) 103 प्रतिशत रहेगा। इसमें चूक की संभावना पांच प्रतिशत अधिक या कम की है। शर्मा ने कहा, इस तरह, सामान्य मानसून रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि सामान्य मानसून रहने की 60 प्रतिशत संभावना है और सामान्य से ज्यादा बारिश की 15 प्रतिशत संभावना है। स्काइमेट ने कहा कि मासिक आधार पर जून में 106 प्रतिशत वर्षा जबकि जुलाई में 97 प्रतिशत वर्षा की संभावना है। अगस्त और सितंबर में 99 प्रतिशत और 116 प्रतिशत बारिश का अनुमान है। दीर्घावधि औसत के हिसाब से 96-104 प्रतिशत के बीच मानसून को सामान्य माना जाता है और 103 प्रतिशत वर्षा सामान्य रेंज में सबसे अधिक औसत है। शर्मा ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष 2021 में अच्छा मानसून रहेगा। पिछले दो वर्षों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गयी थी। स्काइमेट ने कहा, आंतरिक कर्नाटक में भी मानसून के प्रमुख महीने जुलाई-अगस्त में इसके कमजोर प्रदर्शन यानि कम बारिश की आशंका है। मनसून के आरंभिक महीने जून और आखिरी चरण सितंबर में देश भर में व्यापक वर्षा के संकेत हैं। स्काइमेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) योगेश पाटिल ने बताया कि प्रशांत महासागर में पिछले वर्ष से 'ला नीनाÓ की स्थिति बनी हुई है और अब तक मिल रहे संकेत इशारा करते हैं कि पूरे मानसून में यह तटस्थ स्थिति में रहेगा।ला-नीना प्रभाव का आशय प्रशांत महासागर में पानी के ठंडा होने की स्थिति से है। महाद्वीप के मौसम पर इसका असर पड़ता है। पाटिल ने कहा, मनसून के मध्य तक आते-आते प्रशांत महासागर के मध्य भागों में समुद्र की सतह का तापमान फिर से कम होने लगेगा। हालांकि समुद्र की सतह के ठंडा होने की यह प्रक्रिया बहुत धीमी रहेगी। इस आधार पर कह सकते हैं कि मानसून को खराब करने वाले 'अल नीनोÓ के उभरने की आशंका इस साल के मानसून में नहीं है। स्काइमेट वेदर ने जनवरी में अपने पूर्वानुमान में भी सामान्य मानसून रहने का अनुमान जताया था। देश के मौसम के बारे में आधिकारिक तौर पर अनुमान जारी करने वाले मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) इस सप्ताह अपना पूर्वानुमान जारी कर सकता है।
- प्रतापगढ़ (उप्र)। प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से पचास किलोमीटर दूर थाना बाघराय क्षेत्र के बिहार बाज़ार में मंगलवार सुबह ट्रक और मोटरसायकिल के बीच टक्कर में एक महिला और उसके पोते की मौत हो गयी, जबकि उसका बेटा और बहू घायल हो गये हैं। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि बिहार बाज़ार के पेट्रोल पम्प के सामने ट्रक और मोटरसायकिल के बीच टक्कर में उमराइन देवी (70) और उसके पोते सृजन उर्फ़ सचिन (आठ) की मौत हो गयी वहीं उमराइन देवी का बेटा फूलचन्द्र (35) और बहू ममता देवी (30) गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि फूलचन्द्र मोटरसायकिल से अपनी माँ, पत्नी व बेटे के साथ प्रयागराज गया था और घर लौटते समय यह घटना हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को भारतीय विश्वविद्यालय संघ की 95वीं वार्षिक बैठक और कुलपतियों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पीएमओ की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन अहमदाबाद स्थित बाबा साहेब आंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से किया जा रहा है। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, राज्यपाल आचार्य देवव्रत और केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी बाबा साहेब आंबेडकर के जीवन पर आधारित और किशोर मकवाना द्वारा लिखित चार पुस्तकों का विमोचन भी करेंगे। बयान में कहा गया है कि इस भारतीय विश्वविद्यालय संघ की वार्षिक बैठक के दौरान भारत में उच्चतर शिक्षा में बदलाव के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के मुद्दे पर कुलपतियों का एक राष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।
- केंद्रपाड़ा। ओडिशा में एक महिला ने जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया है। यह बच्चियां चर्चा में इसलिए है क्योंकि ये जुड़वा बच्चियोंं ने दो सिर और 3 हाथों और 3 पैरों के साथ जन्म लिया है, लेकिन इनका शरीर एक ही है। बता दें कि ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में 11 अप्रैल (रविवार) को एक प्राइवेट हॉस्पिटल में महिला ने इन बच्चियों को जन्म जिया, जिनके शरीर एक है, लेकिन दो सिर और तीन हाथ हैं।यह स्थिति काफी दुर्लभ स्थिति है। ऐसे मामले डॉक्टर्स को भी हैरान कर देने वाले होते हैं। इन बच्चियों का सिर पूरी तरह के विकसित है। बच्चियां दोनों मुंह से आहार का सेवन कर रही हैं और सांसे भी ले रही हैं। दोनों बहनें एक ही शरीर से जुड़ी हुई हैं और दोनों के तीन हाथ और तीन पैर हैं। बच्चियों का जन्म केंद्रपाड़ा के निजी अस्पताल में हुआ है, जिसके बाद उन्हें जिला मुख्यालय के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।गुजरात में दो सिर के साथ जन्मा था बच्चागुजरात के जामनगर में भी साल 2019 में एक अनोखे बच्चेे ने जन्म लिया था। यह एक बच्चा दो सिर के साथ पैदा हुआ। आश्चर्य की बात यह है कि बच्चा दोनों मुंह से दूध पीता है और अलग-अलग रोता भी है। उस दौरान बच्चे को स्वस्थ्य बताया गया था।मध्य प्रदेश में 2 सिर और 4 पंजे के साथ जन्मा था बच्चासाल 2019 में ही कुदरत का एक और करिश्मा मध्यप्रदेश के विदिशा में देखने को मिला था, जिसमें 1 नवजात का 2 सिर, 3 हाथ और 4 पंजे थे। इस तरह के बच्चे को देखकर डॉक्टर भी हैरान हो जाते हैं। विदिशा के गंज बसौदा की रहने वाली 21 वर्षीय महिला बबीता अहिरवार ने इस बच्चेे को जन्म दिया था।
- नई दिल्ली। महाराष्ट्र सरकार ने बढ़ते कोरोना संक्रमण के मद्देनजर 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थागित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में सोमवार को हुई राज्य शिक्षा विभाग की बैठक में यह फैसला किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षाएं आयोजित करने के लिए शिक्षा विभाग को सम्पूर्ण और भली-भांति योजना के अनुसार कोविड संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करनी चाहिए।
- रूपनगर । पंजाब में रूपनगर जिले के एक गांव में सोमवार को तेज रफ्तार बस से कुचलकर दो महिलाओं समेत तीन पैदल यात्रियों की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि आनंदपुर साहिब तहसील में भानूपाली गांव के समीप यह हादसा हुआ। हादसे के बाद चालक और संचालक राज्य परिवहन की बस को वहीं छोड़कर भाग गये। बस नांगल से चंडीगढ़ जा रही थी। पुलिस तीनों पैदल यात्रियों को आनंदपुर साहिब सिविल अस्पताल ले गयी। अस्पताल के अनुसार दो की मौके पर ही मौत हो गयी थी जबकि तीसरे ने चंडीगढ़ के स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। एक मृतक की पहचान राजिंदर के तौर पर हुई है जबकि बाकी दो की शिनाख्त नहीं हो पायी है। file photo
- संभल। उत्तर प्रदेश के संभल के हयात नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी । संभल के पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बताया कि हयात नगर थाना क्षेत्र में जंगल में स्थित खंडहर में एक अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी पकड़ी गयी और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मिश्रा ने बताया क़ि एक बंदूक, 12 बने तमंचे, आठ अर्धनिर्मित तमंचे, 30 कारतूस, 10 खोखा कारतूस एवं शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया क़ि हयात नगर पुलिस द्वारा यह बड़ी कामयाबी हासिल की गई है ।
- डोडा। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक मिनी बस के सड़क से फिसल कर गहरे खड्ड में गिर जाने से उसमें सवार दो यात्रियों की मौत हो गई तथा छह अन्य जख्मी हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा डोडा जिला शहर से 42 किलोमीटर दूर प्याकुल गांव के पास ठठरी-गंडोह सड़क पर हुआ है। अधिकारी ने बताया कि बस में कम से कम 20 सवारियां सवार थीं। उन्होंने बताया कि बचावकर्ताओं ने अब तक दो शवों को निकाला है तथा उन्हें छह जख्मी मिले हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और मामले की अधिक जानकारी का इंतजार है।
- नयी दिल्ली । नागर विमानन मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ने के बीच उन एयरलाइन को उड़ान के दौरान भोजन उपलब्ध कराने की अनुमति नहीं होगी जिनकी यात्रा अवधि दो घंटे से कम है। मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि यह प्रतिबंध गुरुवार से प्रभावी होगा।पिछले साल कोरोना वायरस लॉकडाउन के बाद जब 25 मई से घरेलू उड़ान सेवाएं शुरु की गई थी तब मंत्रालय ने कुछ शर्तों के तहत विमानों के भीतर भोजन उपलब्ध कराने की एयरलाइनों को अनुमति दी थी। पूर्व के आदेश में सुधार करते हुए, मंत्रालय के नये निर्देशों में कहा गया, “घरेलू क्षेत्रों में विमानों का परिचालन कर रही एयरलाइन कंपनियां उड़ान के दौरान भोजन उपलब्ध करा सकती हैं जहां विमान का सफर दो घंटे या उससे अधिक हो।” मंत्रालय ने कहा कि ‘‘कोविड-19 और उसके विभिन्न प्रकारों के बढ़ते खतरे” पर विचार करते हुए उसने घरेलू उड़ानों में सफर के दौरान भोजन उपलब्ध कराए जाने की सुविधा की समीक्षा करने का फैसला किया है।
- बहराइच । उत्तर प्रदेश के बहराइच-भिनगा मार्ग पर सोमवार को डिवाइडर से टकराने के कारण मोटरसाइकिल की टंकी में लगी आग में झुलस कर एक अध्यापक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पड़ोस के ही जिले श्रावस्ती के एक विद्यालय में तैनात सरकारी अध्यापक दिनेश मिश्र (45) सुबह अपनी मोटरसाइकिल से बहराइच की तरफ आ रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में बहराइच भिनगा मार्ग पर दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र स्थित नौसुतिया इलाके के पास उनकी मोटरसाइकिल सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि टक्कर होने के बाद मोटरसाइकिल का पेट्रोल टैंक फट गया और उसमें आग लग गई।सूत्रों ने बताया इस घटना में अध्यापक के सिर में भी चोट लगी और वह आग में फंस कर बुरी तरह झुलस गए। आसपास के राहगीर जब तक मौके पर पहुंचे तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।-file photo
- जम्मू, । बालटाल और चंदनवाड़ी के रास्ते से होकर जाने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू होगा। सोमवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दक्षिण कश्मीर में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित भगवान अमरनाथ की गुफा तक जाने की 56 दिवसीय यात्रा दो रास्तों से 29 जून से शुरू होगी और 22 अगस्त को समाप्त होगी। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीतीश्वर कुमार ने बताया कि तीर्थयात्रियों को वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा जिसमें स्वास्थ्य प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। सीईओ ने कहा कि संबंधित राज्य सरकार और केंद्र शासित प्रदेश द्वारा अधिकार प्राप्त डॉक्टरों और चिकित्सा संस्थानों से 15 मार्च के बाद जारी किए गए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र मान्य होंगे। सीईओ ने कहा कि 13 साल से कम और 75 साल से अधिक के लोग तथा छह सप्ताह से अधिक समय से गर्भवती महिलाएं पंजीकरण नहीं करा सकेंगी। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को पंजीकरण नहीं कराना होगा क्योंकि उनके हेलीकॉप्टर टिकट ही पर्याप्त होगा।-file photo
- नई दिल्ली। भारतीय औषध महानियंत्रक- डीसीजीए के विशेषज्ञ समूह ने रूस की वैक्सीन स्पुतनिक-वी के आपातकालीन उपयोग की अनुमति दे दी है। डीसीजीए की आवश्यक अनुमति के बाद भारत में कोविड महामारी से निपटने के लिए यह तीसरी वैक्सीन होगी, जिसका आपात उपयोग किया जा सकेगा।भारत में इस वैक्सीन का क्लीनिकल परीक्षण डॉक्टर रेड्डीज लैब करा रही है। हैदराबाद की बहुराष्ट्रीय भारतीय दवा कम्पनी डॉक्टर रेड्डीज लैब ने भारत में स्पुतनिक टीके की आपूर्ति के लिए रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष-आरडीआईएफ के साथ समझौता किया है।डीसीजीए की विशेषज्ञ समिति ने पहली अप्रैल को बैठक में डॉक्टर रेड्डीज लैब को ऐसे आंकड़े उपलब्ध कराने को कहा था कि कोरोना वायरस से निपटने में यह वैक्सीन शरीर की प्रतिरोधी क्षमता पर क्?या असर करती है। आरडीआईएफ ने स्पुतनिक- वी वैक्सीन के 91 दशमलव छह शून्य प्रतिशत प्रभावी होने का दावा किया है।
- हरिद्वार/देहरादून। कोविड के बढ़ते खौफ के बावजूद सोमवती अमावस्या के मौके पर महाकुंभ के दूसरे शाही स्नान में सोमवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा और इस मौके पर 25-30 लाख लोगों ने गंगा में डुबकी लगायी ।शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि शाही स्नान में 25—30 लाख साधु संतों और श्रद्धालुओं ने मोक्षदायिनी गंगा में डुबकी लगाकर कुंभ का पुण्यलाभ कमाया । मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शाही स्नान के सुरक्षित और सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरिद्वार महाकुंभ— 2021 का दूसरा शाही स्नान भी कोविड-19 के दिशानिर्देशों का अनुपालन करते हुए दिव्यता व भव्यता के साथ संपन्न हो गया ।देहरादून में संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि कोविड की विपरीत परिस्थितियों में कुंभ के आयोजन में चुनौतियां बहुत हैं लेकिन हमारी सरकार ने उन चुनौतियों का स्वीकार किया और कुंभ को दिव्यता और भव्यता के साथ सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया । सभी 13 अखाड़ों से जुड़े साधु संतों ने अपने अनुयायियों के साथ मुख्य स्नान घाट हर की पैड़ी पर असीम आस्था और अपार उत्साह के साथ मोक्षदायिनी गंगा में डुबकी लगाई । शाही स्नान के दौरान महाकुंभ मेले की व्यवस्था की स्वयं निगरानी करने पहुंचे प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि शाही स्नान निर्विघ्न रूप से संपन्न हुआ और कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई ।कोविड 19 के कारण एक माह की अवधि के लिए सीमित कर दिए गए महाकुंभ का यह दूसरा शाही स्नान है । इससे पहले एक मार्च को महाशिवरात्रि के मौके पर महाकुंभ का पहला शाही स्नान पड़ा था ।
- नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सफल बाई-पास सर्जरी के बाद सोमवार को राष्ट्रपति भवन लौट आए हैं। श्री कोविंद ने जल्द स्वस्थ होने के लिए लोगों की शुभकामनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया।राष्ट्रपति ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स और सेना अस्पताल के डॉक्टरों तथा नर्सों का भी आभार जताया जिन्होंने उनकी अच्छी तरह से देखभाल की।
- नई दिल्ली। निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा को सोमवार को अगला मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) नियुक्त किया गया। विधि मंत्रालय ने यह जानकारी दी।मंत्रालय के विधायी विभाग द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक चंद्रा 13 अप्रैल को कार्यभार संभालेंगे। मौजूदा मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा के कार्यकाल का सोमवार को अंतिम दिन है। चंद्रा को लोकसभा चुनाव के पहले 14 फरवरी 2019 को निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। वह 14 मई 2022 को पदमुक्त होंगे। चंद्रा के कार्यकाल में निर्वाचन आयोग गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड, पंजाब और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव कराएगा। गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड और पंजाब की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल मार्च में अलग-अलग तारीखों पर खत्म हो रहा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 14 मई को समाप्त होगा। चंद्रा के पांच साल का कार्यकाल समाप्त होने से पहले नई विधानसभाओं का गठन किया जाना है।
- इटावा/लखनऊ । इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक सड़क हादसे में पिता-पुत्र और कार चालक की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गये। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं। इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि दिल्ली से झांसी जा रही कार का टायर पंचर हो जाने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर कार को टायर बदलने के लिए खड़ा किया गया था,तभी पीछे से आ रहे तेज गति ट्रक ने कार को टक्कर मार दी जिससे कार सवार बुद्धि सिंह (45), तथा उसके पुत्र दीपक (25) और कार चालक कमरुज्जमा की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में चार लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। योगी ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुँच कर पीड़ितों की हर सम्भव मदद करने तथा दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
- मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार को पुलिस के एक कांस्टेबल ने अपनी सरकारी बंदूक से खुद को गोली मारकर कथित रूप से खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बाताया कि मृतक अखिल कपासिया शहर में नई मंडी थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी में किराये के आवास में रहता था। उन्होंने बताया कि कपासिया सिविल लाइंस थाने में तैनात था और उसके आत्महत्या करने के कारण का अभी पता नहीं है।
- नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाने की पैरवी करते हुए सोमवार को कहा कि यह देश की जरूरत है क्योंकि सुरक्षित जीवन हर नागरिक का अधिकार है।उन्होंने पार्टी की ओर से स्पीकअप फॉर वैक्सीन्स फॉर ऑल हैशटैग से चलाए गए सोशल मीडिया अभियान के तहत यह टिप्पणी की। कांग्रेस ने सभी नागरिकों को टीका लगाए जाने की मांग करते हुए यह अभियान चलाया है। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, कोरोना का टीका देश की जरूरत है। आपको इसके लिए अपनी आवाज उठानी चाहिए। सुरक्षित जीवन हर किसी का अधिकार है।राहुल गांधी ने देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढऩे, टीके की कमी और सभी के लिए टीके की मांग का उल्लेख वाला एक वीडियो साझा भी किया।गौरतलब है कि देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 1 लाख 68 हजार 912 नए मामले सामने आने के साथ सोमवार को संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1 करोड़ 35 लाख 27 हजार 717 हो गए। संक्रमण के कारण 904 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 1 लाख 70 हजार 179 हुई।
- नयी दिल्ली। दिल्ली में सोमवार की सुबह और दिनों के मुकाबले कुछ सर्द रही जहां न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से तीन डिग्री कम 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के डेटा के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘खराब' श्रेणी में दर्ज की गई जहां सुबह नौ बजे सूचकांक (एक्यूआई) 224 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान जताया है।
- बलिया (उप्र)। मऊ थाना क्षेत्र के बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर कल अपरान्ह 35 वर्षीय महिला दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन पर सवार होते समय गिर गई तथा उसकी मौत हो गई। चौकी प्रभारी वीरेंद्र प्रताप ने सोमवार को बताया कि महिला अपने दो बच्चों के साथ ट्रेन में चढ़ रही थी, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है । पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।- file photo
- चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में मऊ थाना क्षेत्र के लालता रोड तिराहे पर रविवार को एक जीप की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को इस बारे में बताया। मऊ थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि मऊ क्षेत्र के लालता रोड तिराहे पर रविवार को एक बोलेरो जीप ने मोहनी गांव निवासी बाइक सवार दो चचेरे भाइयों सुजीत (18) और जितेंद्र (23) को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार देर शाम दोनों की मौत हो गयी। एसएचओ ने बताया कि जीप और उसके चालक को पकड़ लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।



















.jpg)


.jpg)




