- Home
- देश
- अहमदाबाद। गुजरात में कोरोना वायरस महामारी के कारण नौ महीने तक बंद रहने के बाद 10वीं और 12 वीं कक्षाओं के लिए स्कूल और स्नातक तथा स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए कॉलेज सोमवार से फिर से खुल गए।राज्य के शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चूडासमा ने बताया कि छात्रों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना, उचित दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा और स्कूल-कॉलेजों में प्रवेश से पहले शरीर के तापमान की जांच की जाएगी।राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि छात्रों के स्वागत के लिए गुजरात के विभिन्न स्कूलों में राज्य के मंत्री और भाजपा के विधायक मौजूद थे। चूडासमा ने गांधीनगर के कलोल शहर में एक स्कूल में छात्रों का स्वागत किया जबकि गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में एक स्कूल में मौजूद थे। चूडासमा ने बताया, कोविड-19 के कारण लंबे समय तक बंद रहने के बाद स्कूलों और कॉलेजों के फिर से खुलने पर छात्रों के बीच काफी उत्साह था। स्नातक और स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए कॉलेजों को खोलने के अलावा हमने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के कारण 10 वीं और 12 वीं की कक्षाओं के लिए भी स्कूलों को खोलने का फैसला किया है।स्कूलों के प्रबंधन को कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र की मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है। संक्रमण के मामले घटने के बाद पिछले सप्ताह राज्य मंत्रिमंडल ने 10 वीं और 12 वीं की कक्षाओं तथा स्नातक और स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए कॉलेजों को खोलने का फैसला किया था। सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि उपस्थिति अनिवार्य नहीं होगी और ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी। पिछले साल कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण मार्च में राज्य में स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालय परिसरों को बंद कर दिया गया था।---
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दूसरे राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करेंगे। इस दौरान महोत्सव के तीन राष्ट्रीय विजेता भी अपने विचार रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने रविवार को यह जानकारी दी। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री किरन रिजिजु भी उपस्थित रहेंगे। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव (एनवाईपीएफ) का उद्देश्य 18 से 25 वर्ष के बीच के युवाओं के विचारों को सुनना है जो मतदान करने का अधिकार रखते हैं और आने वाले वर्षों में सार्वजनिक सेवाओं सहित विभिन्न सेवाओं में शामिल होंगे। एनवाईपीएफ की अवधारणा प्रधानमंत्री के 31 दिसंबर, 2017 को अपने मन की बात के संबोधन में व्यक्त किए गए विचार पर आधारित है। -
सुबह 7 बजे दूध लेते आखिरी बार दिखी थी
जयपुर। शहर में अज्ञात बदमाशों ने आरएएस अफसर की बहन की बंधक बनाकर हत्या कर दी। वारदात शहर के शिप्रापथ इलाके में थड़ी मार्केट के पास सेक्टर- 23 में सोमवार को हुई। वारदात का पता चलने पर शिप्रापथ थाना पुलिस सहित डीसीपी हरेंद्र महावर मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड टीम और एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। वहीं, पुलिस ने शव को साकेत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस ने यह पूरी वारदात लूट के इरादे से होने की आशंका जाहिर की है। हालांकि, अन्य पहलूओं पर भी जांच की जा रही है। यह साफ नहीं हो सका है कि इस वारदात में लूट हुई है या नहीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका विद्या देवी (55) सेक्टर 23 में अकेली रहती थी। उनके बच्चे बाहर रहते हैं।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार आज सुबह करीब 7 बजे विद्या देवी को आस-पड़ोस के लोगों ने घर से बाहर दूध लेते हुए देखा था। इसके बाद गाय को चारा डालने भी गईं थी। फिर उनको घर के बाहर नहीं देखा गया। विद्या देवी जयपुर में गुर्जर की थड़ी स्थित एक सरकारी स्कूल में टीचर थीं। जो रोज सुबह अपने सोशल मीडिया पर लड्डू गोपाल की फोटो की डीपी लगाती थी। आज सुबह डीपी अपडेट नहीं होने पर ऑफिस स्टाफ ने कॉल कर उनसे संपर्क करने की कोशिश की। फोन नहीं उठा तो पड़ोस में रहने वाले राजेश जैन को फोन किया। जिससे विद्या देवी से बात करवाने के लिए कहा। दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसी राजेश जैन ने अपने बेटे को मकान के ऊपर की छत से घर में जाकर देखने के लिए कहा। जहां महिला रेलिंग से बंधी मृत पड़ी थीं।
पुलिस ने बताया कि महिला के हाथ पैर बंधे हुए थे। शॉल का रस्सी के तौर पर इस्तेमाल किया गया था। यह देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। तब विद्या देवी के भाई युगांतर शर्मा और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बता दें कि मृतक महिला के छोटे भाई युगांतर शर्मा आरएएस हैं। वे जयपुर शहर में एसडीएम हैं। -
भरतपुर। जिले के बयाना-हिंडौन राजमार्ग पर समोगर गांव के समीप आधी रात को बकरियों से भरे मिनी ट्रक व करौली के कैलादेवी दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की ईको कार में भिड़ंत हो गई। कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले थे। हादसा इतना भीषण था कि सभी लोग उसमें फंस गए जिन्हें दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला जा सका। स्टेयरिंग से चिपके शव को कटर से काटकर निकाला जा सका। हादसे में कार ड्राइव कर रहे युवक आगरा के कल्याणपुरा निवासी अमन राणा की मौके पर ही मौत हो गई वहीं कार में सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस का गश्ती वाहन मौके पर पहुंचा और करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद चकनाचूर हुई कार में फंसे श्रद्धालुओं को बड़ी मुश्किल के बाद निकाला। हादसे की सूचना देने पर भी 108 एम्बुलेंस 2 घण्टे तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची। इस पर पुलिस अपनी जीप में मृतक के शव का दो गंभीर घायलों को लेकर सीएचसी पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।
- देहरादून। देश के कई राज्यों में बर्ड फ्लू के खतरे के बीच उत्तराखंड के देहरादून और ऋषिकेश में कई कौओं समेत करीब 200 पक्षी मृत मिले हैं । देहरादून के अलग-अलग हिस्सों में 165 पक्षी मृत मिले हैं, जिनमें से अकेले भंडारी बाग क्षेत्र में 121 कौए मृत पाए गए हैं ।वन प्रभागीय अधिकारी राजीव धीमान ने बताया कि देहरादून में मृत मिले पक्षियों में से 162 कौए, दो कबूतर और एक अन्य पक्षी है । मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक जे एस सुहाग ने बताया कि पक्षियों की मौत की वजह जानने के लिए उनके नमूने उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान भेजे गए हैं ।ऋषिकेश और उसके आस पास भी विभिन्न स्थानों पर 30 से ज्यादा पक्षी मृत मिले हैं, जिससे शहर में बर्ड फ्लू की दहशत फैल गई है । ऋषिकेश के राजकीय पशु चिकित्सक राजेश रतूड़ी ने बताया कि एम्स ऋषिकेश के परिसर में 28 कौओं एवं एक कबूतर तथा बीस बीघा इलाके में एक पक्षी तथा रायवाला रेलवे स्टेशन में दो पक्षी मृत मिले हैं । उन्होंने बताया कि मृत पक्षियों के नमूने संकलित करके सम्बन्धित वन क्षेत्राधिकारियों को जांच के लिए भेज दिए गए हैं।उत्तराखंड के एक बड़े पर्यटक स्थल ऋषिकेश में बर्ड फ्लू की आशंका के चलते ऋषिकेश नगर निगम भी सतर्क हो गया है। ऋषिकेश के नगर आयुक्त नरेन्द्र सिंह क्विरियाल ने बताया कि निगम क्षेत्र में जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सभी वैधानिक उपाय अमल में लाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि जरूरी हुआ तो निगम क्षेत्र में पक्षियों के मांस एवं अंडों की बिक्री पर जनहित में अस्थायी रोक पर विचार किया जा सकता है।
- नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय ने कोविड महामारी की वजह से विस्थापित हुए बच्चों की पहचान करने, स्कूल में उनके दाखिले और उनकी शिक्षा जारी रखने के बारे में दिशानिर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि कोविड-19 महामारी की वजह से स्कूल छोड़ चुके बच्चों की शिक्षा जारी रखने के लिए प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को रणनीति बनानी चाहिए। मंत्रालय के अनुसार महामारी की वजह से स्कूली शिक्षा बीच में ही छोडऩे या दाखिला न ले पाने आदि से उत्पन्न समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।शिक्षा मंत्रालय के दिशा निर्देशों का मुख्य जोर शिक्षा में व्यवधान का सामना करने वाले बच्चों की पहचान करना, इस तरह के बच्चों की शिक्षा जारी रखने की व्यवस्था करना और विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चों के लिए दाखिला अभियान चलाने पर दिया गया है। इसके अलावा इस बारे में जनता में जागरूकता पैदा करने पर भी बल दिया गया है। राज्य और केंद्रशासित प्रदेश कोविड महामारी की वजह से पढाई छोडऩे वाले छह से 18 वर्ष के बच्चों का पता लगाएंगे। इसके लिए स्वयंसेवकों, स्थानीय अध्यापकों और सामुदायिक भागीदारी की मदद ली जाएगी। ये लोग घर घर जाकर इस तरह के बच्चों का पता लगाएंगे और उनको स्कूलों में दाखिल कराने के लिए कार्य योजना बनाएंगे। दिशा निर्देशों में बच्चों के माता-पिता और अभिभावकों में जागरूकता पैदा करने और बच्चों को स्कूलों में दाखिला दिलाने तथा बच्चों की स्कूलों में उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
- नई दिल्ली। पशुपालन और डेयरी विभाग ने बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए एवियन इन्फ्लूएन्जा से प्रभावित राज्यों को परामर्श जारी किया है। अब तक सात राज्यों - केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में पक्षियों की इस बीमारी के फैलने की पुष्टि हो चुकी है। मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा है कि हरियाणा के पंचकूला जिले के दो पोल्ट्री फार्मों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद राज्य ने नौ त्वरित कार्रवाई दलों का गठन किया है और रोकथाम का अभियान शुरू कर दिया गया है।गुजरात के सूरत और राजस्थान के सिरोही जिलों में कौवों और जंगली पक्षियों से लिए गए नमूनों में एवियन इन्फ्लूएन्जा की पुष्टि हुई है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से भी 86 कौवों और दो बगुलों के नमूने प्राप्त हुए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में नाहन, बिलासपुर और मंडी में पक्षियों की असामान्य मौत की खबरें मिली हैं और इनके नमूने परीक्षण के लिए संबंधित प्रयोगशालाओं को भेज दिए गए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि दिल्ली और महाराष्ट्र से भेजे गए नमूनों की परीक्षण रिपोर्टें आनी बाकी हैं। मंत्रालय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जंगली पक्षियों के संक्रमित होने की पहले ही पुष्टि हो चुकी है। मंत्रालय के अनुसार केरल के बर्ड फ्लू से प्रभावित जिलों में बर्ड फ्लू की रोकथाम के उपाय कर लिए गए हैं और राज्य को रोकथाम के उपायों के बाद की निगरानी के कार्यक्रम के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।देशभर में बर्ड फ्लू से प्रभावित राज्यों में स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्र द्वारा गठित दल प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। केंद्र का एक दल कल केरल पहुंचा और यह महामारी संबंधी जांच-पड़ताल करने तथा इसके केंद्र का पता लगा रहा है। एक अन्य केंद्रीय दल आज हिमाचल प्रदेश पहुंचा और प्रभावित इलाकों का सर्वेक्षण कर रहा है।मंत्रालय ने कहा है कि राज्यों से अनुरोध किया गया है कि वे लोगों को बर्ड फ्लू के बारे में अफवाहों से बचने और उन्हें जागरूक बनाने के लिए कदम उठाएं। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से तालाबों, झीलों, नदियों, जीवित पक्षियों के बाजारों, चिडिय़ांघरों और पोल्?ट्री फार्मों के आसपास निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। उन्हें यह भी सलाह दी गई है कि वे मृत पक्षियों के निपटान और पोल्ट्री फार्मों में जैव सुरक्षा बढ़ाने के लिए भी कदम उठाएं।
- नई दिल्ली। देश भर में करीब 1,200 पक्षियों के मृत पाए जाने तथा सात राज्यों में 'एवियन इन्फ्लुऐंजा' फैलने की पुष्टि होने के एक दिन बाद, रविवार को केंद्र ने विभिन्न चिडिय़ाघर प्रबंधनों को निर्देश दिया कि वे केंद्रीय चिडिय़ाघर प्राधिकरण (सीजेडए) को दैनिक रिपोर्ट भेजें और ऐसा तब तक जारी रखें जब तक कि उनके इलाके को रोगमुक्त घोषित नहीं कर दिया जाता।पर्यावरण मंत्रालय के तहत आने वाले सीजेडए ने कार्यालयी ज्ञापन जारी कर सभी चिडिय़ाघरों के प्रबंधन को निगरानी रखने और पक्षियों के दड़बों के प्रबंधन को मजबूत करने का निर्देश दिया। इसमें कहा गया, ''रोगग्रस्त इलाकों में पक्षियों के दड़बे वाले हिस्सों में प्रवेश को रोका जा सकता है तथा उस पर निगरानी भी रखी जा सकती है। चिडिय़ाघर में आने वाले सभी वाहनों को सैनिटाइज किया जाए। चिडिय़ाघर के भीतर सभी जलाशयों पर निगरानी रखी जाए तथा कृत्रिम जलाशयों को खाली भी किया जा सकता है।'' इसमें यह भी कहा गया कि चिडिय़ाघर के प्रभारी को सीजेडए को तब तक दैनिक रिपोर्ट भेजनी होगी जब तक कि इलाके को एवियन इन्फ्लुऐंजा से मुक्त घोषित नहीं कर दिया जाता। गौरतलब है कि शनिवार को देश में 1,200 से अधिक पक्षी मृत अवस्था में मिले थे। केंद्र ने कहा था कि एवियन इन्फ्लुऐंजा की पुष्टि सात राज्यों में हुई है।
- लातूर (महाराष्ट्र)। लातूर की औसा तहसील में रविवार को एमएसआरटीसी की एक बस को ट्रक द्वारा टक्कर मारे जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मत जाधव ने कहा कि यह घटना सुबह करीब 10 बजे वाघोली के पास नीलगंगा-लातूर राजमार्ग पर हुई। उन्होंने कहा, 14 यात्रियों को लेकर बस अकोला की ओर जा रही थी तभी उसे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे एक यात्री की मौत हो गई और 11 गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है।" उन्होंने कहा कि ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।
- हैदराबाद। तेलंगाना के विकराबाद जिले में कथित तौर पर मिलावटी ताड़ी का सेवन करने के बाद 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई महिलाओं सहित 143 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।उन्होंने कहा कि कुछ ग्रामीणों को मतली आ रही थी, उल्टियां हो रही थी, चक्कर आ रहे थे और कई बेहोश हो गए थे, जिसके बाद इन लोगों को शुक्रवार रात से जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि उनमें से 17 का बहिरोगी के तौर पर इलाज किया गया जबकि अन्य की हालत स्थिर है । उन्होंने कहा कि व्यक्ति की मौत के सही कारणों का पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा और कहा कि अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। (फाइल फोटो)---
- पालघर। महाराष्ट्र के पालघर शहर में 54 वर्षीय महिला का शव एक निजी कंपनी के दफ्तर से मिला है। वह इसी कंपनी में काम करती थी।पुलिस ने रविवार को बताया कि महिला पालघर शहर में एक निवेश कंपनी में सचिव के तौर पर काम करती थी और वह शनिवार को काम के बाद घर नहीं लौटी। उन्होंने बताया कि इसके बाद परिवार के सदस्यों ने महिला को फोन करने की कोशिश की। पालघर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक दशरथ पाटिल ने बताया कि जब महिला ने फोन नहीं उठाया तो परिवार के सदस्यों ने कंपनी के कार्यालय के सामने स्थित एक दुकान पर एक महिला दुकानदार को फोन किया और पता लगवाया कि क्या वह अब भी दफ्तर में है। पाटिल ने बताया कि दुकानदार कंपनी के कार्यालय में गई तो महिला अधिकारी को वहां खून से लथपथ पाया और उसने फिर उनके परिवार तथा पुलिस को सूचित किया। अधिकारी ने बताया कि महिला के शव पर चोट के निशान हैं। उन्होंने बताया कि कातिल और हत्या की मंशा का पता लगाया जाना है। पाटिल ने बताया कि मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) का मुकदमा दर्ज किया गया है। (प्रतीकात्मक फोटो)
- नई दिल्ली। पंजाब में गैर-सरकारी कंपनियां सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक कीमत पर कपास की खरीद कर रही हैं। कपास की खरीद के लिए अधिकृत सरकारी एजेंसी-भारतीय कपास निगम 5665 रुपये से 5725 रुपये प्रति क्विंटल तक की दर से कपास की खरीद कर रहा है लेकिन निजी कंपनियां पांच हजार 900 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कपास खरीद रही हैं। इनमें पंजाब के विभिन्न भागों के कपास कारोबारी और कारखाने शामिल हैं।राज्य के कपास किसान अब अपने उत्पाद निजी कंपनियों को बेच रहे हैं। भारतीय कपास निगम के पंजाब के अधिकारियों ने बताया कि अब निजी कंपनियां अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कपास की बढ़ती मांग और ऊंची कीमत के कारण न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक पर कपास की खरीद कर रही हैं।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 जनवरी को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी है कि बातचीत के दौरान कोविड-19 की स्थिति तथा कोविड टीकाकरण को शुरू करने के बारे में विचार-विमर्श हो सकता है। भारत में कोविड टीकाकरण अभियान 16 जनवरी से शुरू किया जाना है।देश के टीका नियामक-औषध महानियंत्रक ने भारत में निर्मित कोविशील्ड और कोवैक्सीन टीके के आपातकालीन इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। इन टीकों की सुरक्षा और प्रभाव के मूल्यांकन के बाद यह निर्णय लिया गया है। कोविड-19 टीके को सबसे पहले लगभग तीन करोड़ स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और कोविड नियंत्रण में लगे अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं को लगाया जाएगा। उसके बाद 50 वर्ष से अधिक की आयु के लोगों को, तथा 50 वर्ष से कम के उन लोगों को भी लगाया जाएगा जो जानलेवा बीमारियों से ग्रस्त है। इन लोगों की संख्या लगभग 27 करोड़ है। प्रधानमंत्री ने कल देश में कोविड-19 की स्थिति और राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों में कोविड टीकाकरण की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की थी।----
-
जयपुर। राजस्थान के कोटपूतली कस्बे में बीस साल के एक युवक ने अपनी मां व उसके कथित प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी फरार है। कोटपूतली के क्षेत्राधिकारी दिनेश यादव ने बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात हुई। महिला सुमन चौधरी (38) अपने पति से विवाद के बाद पिछले कुछ महीने से एक अन्य व्यक्ति मातादीन (40) के साथ रह रही थी, उसका आरोपी बेटा पंकज भी उसके साथ रहता था। यादव के अनुसार शुक्रवार रात आरोपी पंकज ने सुमन व मातादीन पर गोली चला दी। उन दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। आरोपी ने बाद में अपने एक रिश्तेदार को इसकी जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
-
नयी दिल्ली। इंस्टैंट मैसेजिंग सेवा प्रदाता व्हाट्सएप ने शनिवार को कहा कि उसके नये अपडेट से फेसबुक के साथ डेटा साझा करने की नीतियों में कोई बदलाव नहीं आयेगा। व्हाट्सएप पर फेसबुक का पूर्ण स्वामित्व है। व्हाट्सएप ने यह सफाई नये अपडेट की दुनिया भर में हो रही कड़ी आलोचनाओं के बाद दी है। व्हाट्सएप ने इस सप्ताह की शुरुआत में अपने उपयोक्ताओं को सेवा की शर्तों और गोपनीयता की नीति के बारे में अपडेट देना शुरू किया। व्हाट्सएप ने इसमें बताया कि वह कैसे उपयोक्ताओं के डेटा का प्रसंस्करण करती है और उन्हें (डेटा को) फेसबुक के साथ किस तरह से साझा करती है। अपडेट में यह भी कहा गया कि व्हाट्सएप की सेवाओं का उपयोग जारी रखने के लिये उपयोक्ताओं को आठ फरवरी, 2021 तक नयी शर्तों व नीति से सहमत होना होगा। इसने इंटरनेट पर व्हाट्सएप के फेसबुक के साथ उपयोगक्ताओं की जानकारियां साझा करने को लेकर बहस की शुरुआत कर दी। इसके बाद सिग्नल और टेलीग्राम जैसे प्रतिद्वंद्वी ऐप के डाउनलोड में वृद्धि देखी जा रही है। व्हाट्सएप के प्रमुख विल कैथार्ट ने एक के बाद एक ट्वीट करते हुए इस बारे में अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि कंपनी ने अपनी नीति 'पारदर्शी होने और पीपुल-टू-बिनजेस के वैकल्पिक फीचर की जानकारी देने' के लिये अपडेट की है। उन्होंने कहा, यह स्पष्ट होना हमारे लिये महत्वपूर्ण है कि यह अपडेट कारोबार संबंधी जानकारियां देने के लिये है। इससे फेसबुक के साथ डेटा साझा करने की हमारी नीतियों पर कोई असर नहीं पडऩे वाला है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि कोरोना वायरस महामारी के चलते लोग मूल भारतीय मूल्यों की ओर लौटे हैं और हाथ धोने एवं नमस्ते जैसी पद्धतियां अधिक उत्साह के साथ प्रचलन में आयीं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 ने सभी के मन में स्वास्थ्य देखभाल के महत्व को राष्ट्रीय प्राथमिकता के तौर पर स्थापित किया और दुनिया को एक-दूसरे से दूरी, स्वच्छता, योग, आयुर्वेद एवं पारंपरिक औषधियों के गुणों से अवगत कराया।
कार्मिक राज्यमंत्री सिंह ने कहा, पहले की तुलना में वे इस पर और विश्वास करने लगे हैं तथा योग एवं आयुर्वेद में फिर से रुचि जगी है जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमेशा से जोर रहा है। भारतीय जन प्रशासन संस्थान में अंदरूनी अभियांत्रिकी- कल्याण के लिए प्रौद्योगिकियां विषय पर आध्यात्मिक नेता सदगुरू जग्गी वासुदेव के साथ सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण लगाये गये लॉकडाउन के दौरान कई लोगों ने न केवल रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाने के लिए बल्कि अकेलापन एवं तनाव के कष्टों से निजात पाने के लिए योग अपनाया।
कार्मिक मंत्रालय के बयान के अनुसार सिंह ने कहा कि कोविड-19 के बाद के दौर में एक सबसे बड़ी बात है कि बीमारी के चले जाने के बाद भी योग की आदत डाल लेने वाले लोगों द्वारा बाकी जीवन में भी उसे जारी रखने की संभावना है। वासुदेव ने कहा, भारत सदैव कुछ नया ढूढने वालों की भूमि रही है और यहां विश्वास प्रणाली का ठहराव नहीं रहा है। उसकी कभी आधिपत्य की संस्कृति नहीं रही बल्कि यह सदैव पता लगाने की भी भूमि है और हमें अपने गणतंत्र के आगे बढऩे के लिए इस मूल्य प्रणाली को बनाये रखना हेागा।
-
दिल्ली में जीवित पक्षियों के आयात पर रोक
नयी दिल्ली। महाराष्ट्र के एक कुक्कुट पालन केंद्र में 900 पक्षियों सहित पूरे भारत में शनिवार को 1,200 से अधिक पक्षी मृत मिले। इसके साथ ही केंद्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है और अब इस बीमारी से संबंधित राज्यों की संख्या सात हो गई है। केंद्र ने कहा कि दिल्ली, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में मृत पक्षियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट आने के बाद ही वहां बर्ड फ्लू होने या न होने संबंधी कोई पुष्टि हो पाएगी। जिन राज्यों में बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि हुई है, उनमें उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और गुजरात हैं। इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि बर्ड फ्लू की दहशत के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में जीवित पक्षियों के आयात पर रोक लगा दी गई है तथा गाजीपुर कुक्कुट बाजार अगले 10 दिन तक बंद रहेगा। यह उल्लेख करते हुए कि दिल्ली में अभी तक एवियन इन्फ्लुएंजा या बर्ड फ्लू का कोई पुष्ट मामला नहीं है, केजरीवाल ने कहा कि नमूने जालंधर स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की मदद के लिए 24 घंटे काम करने वाली एक हेल्पलाइन शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, दिल्ली में अब तक बर्ड फ्लू का कोई पुष्ट मामला नहीं है। हमने लगभग 104 नमूने जालंधर स्थित प्रयोगशाला भेजे हैं जिनकी रिपोर्ट परसों आएगी। दिल्ली सरकार रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक निर्णय करेगी। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में बर्ड फ्लू के प्रसार को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर कई कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, दिल्ली में जीवित पक्षियों का आयात पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा रहा है। गाजीपुर कुक्कुट बाजार अगले 10 दिन तक बंद रहेगा। -
नई दिल्ली। नासा द्वारा आयोजित एक ऐप विकसित करने की प्रतियोगिता के विजेताओं में गुरुग्राम के हाईस्कूल का छात्र आर्यन जैन भी शामिल हैं। एक विज्ञप्ति के अनुसार, आर्यन जैन इस साल नासा के आर्टेमिस नेक्स्ट-जेन स्टेम-मून टू मार्स ऐप डेवलपमेंट चैलेंज के विजेताओं में शामिल हैं। गुरुग्राम (हरियाणा) के सनसिटी स्कूल के इस छात्र ने अमेरिका के हाईस्कूल के छह छात्रों के साथ मिलकर टीम बनायी थी। छह सदस्यीय टीम ने क्रॉस-प्लेटफॉर्म गेम इंजन यूनिटी का उपयोग करके एक ऐप विकसित किया। नासा की अंतरिक्ष संचार और नेविगेशन (एससीएएन) टीम द्वारा आयोजित इस वर्ष की चुनौती में, प्रतिभागियों को मिशन योजना और अन्वेषण गतिविधियों में सहायता के लिए एक ऐप विकसित करना था। -
कोयंबटूर। तमिलनाडु में तिरुपुर जिले के समीप शनिवार तड़के एक कार सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह पांच बजे हुई। एक परिवार के छह लोग इस कार से कुम्बाकोनम जा रहे थे। उन्होंने बताया कि तेज गति से जा रही कार ओलमपलायतम में राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल गए। घायलों को तिरुपुर में सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया। पुलिस ने बताया कि जांच जारी है।
-
सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में भी एक भाई ने अपने ही चचेरे भाई की ब्लेड से गर्दन काट दी जिसका लाइव वीडियो सामने आया है। लाइव वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दिल दहला देने वाली यह घटना सीकर जिले के दांतारामगढ़ से सामने आयी है जहां शुक्रवार दोपहर में 21 साल के युवक ने अपने 10 साल के चचेरे भाई की गर्दन, ब्लेड से काट दी। 50 से ज्यादा लोग दोनों भाइयों की लड़ाई देख रहे थे। वहां मौजूद सभी लोग वीडियो बना रहे थे। कुछ लोगों ने कहा कि पता ही नहीं चला कि कब गर्दन काट दी। जब तक खून देखा और दौड़ा तब तक देर हो चुकी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 साल का उत्तम आलोरिया अपने घर से एक किलोमीटर दूर स्कूल में पोषाहार लेने जा रहा था, तभी सामने से उसी के चचेरे भाई ने पकड़ कर पुराने पटवार घर के सामने ब्लेड से गला रेत कर हत्या कर दी। मौके पर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ भी लिया। इस दौरान आरोपी ने कहा कि हां, मैंने ही ब्लेड से गला रेत कर इसे मारा है, पुलिस को भी यही कहूंगा। आरोपी के यह कहने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हुआ. ग्रामीणों ने खाचरियावास पुलिस चौकी और दातारामगढ़ थाने में घटना की सूचना भी दी.
21 साल के आरोपी कैलाश चंद ने कहा कि चाचा हमेशा उसका मजाक उड़ाता था और बचपन में पढऩे भी नहीं देता था। कहता था तुझे कुछ नहीं आता है। इससे नाराज होकर उसके बेटे को हमने मार डाला है। पुलिस ने बताया कि आरोपी कैलाश चंद, छोटे भाई उत्तम आलोरिया को मारने का प्लान काफी दिन से बना रहा था। पुलिस को पता चला है कि दोनों ही परिवारों के बीच टोने और टोटके को लेकर कई सालों से रंजिश चल रही थी। आरोपी कैलाश चंद, आईटीआई की पढ़ाई किया हुआ है। -
महिला की यह दूसरी शादी है, जबकि उसके पति की यह तीसरी शादी
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अहमदाबाद के वेजलपुर इलाके में रहने वाली एक महिला का कहना है कि उसका पति उसे जीन्स नहीं पहनने देता है और जो लड़की जीन्स पहनती हैं, उन्हें अपशब्द कहता है। महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मानसिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। 37 साल की महिला की शादी दो साल पहले हुए थी। महिला ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि जब वो जीन्स पहनकर नौकरी के लिए जाती है तो घरवाले उसे तलाक देने की धमकी देते थे।
महिला की यह दूसरी शादी है, जबकि उसके पति की यह तीसरी शादी है। महिला ने शादी से पहले ही पति के साथ अकेले रहने की बात कही थी। पति इस बात के साथ तैयार था। दो साल तक तो दोनों खुशी से एक साथ रहे, लेकिन बाद में महिला के पति ने उसे ससुराल में रहने और मॉर्डन कपड़े ना पहने की बात को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब महिला ने बात नहीं मानी तो उसे तलाक की धमकी देने लगा। इसके अलावा महिला का पति उसपर नौकरी छोडऩे का भी दबाव बना रहा था। महिला अहमदाबाद की एक आईटी कपंनी में नौकरी करती है। पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक महिला को इस बात से भी धमकाया जाता था की वो अपने मायके वालों के साथ रिश्ता क्यूं रखती हैं? साथ ही उसे पति के जरिए ये भी धमकी दी जाती थी कि अगर उसने जीन्स पहना या कहीं गयी तो वो उसे तलाक देकर चौथी शादी कर लेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- कासरगोड। केरल के कनाथुर में दिल दहला देने वाली घटना में एक व्यक्ति ने शनिवार को झगड़े के बाद अपनी पत्नी की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी और उसके बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि 44 वर्षीय विजयन ने झगड़े के बाद गुस्से में अपनी पत्नी बेबी (37) को गोली मार दी और बाद में दोपहर में फांसी लगा ली। सिर पर गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अपराध करने के तुरंत बाद विजयन ने परिसर में एक पेड़ से फांसी लगा ली। उन्होंने कहा कि उसने अपनी पत्नी पर हमला करने के लिए एक देसी कट्टे का इस्तेमाल किया । पुलिस के अनुसार अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया और जांच जारी है। (प्रतीकात्मक फोटो)
- उत्तरकाशी/ देहरादून। शनिवार को उत्तरकाशी में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जिला मुख्यालय समेत गंगा घाटी क्षेत्र में शनिवार पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.3 मापी गई। भूकंप से जिले में किसी तरह का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन वर्ष 1991 में विनाशकारी भूकंप की त्रासदी झेल चुके जनपदवासियों में भूकंप का भय बना हुआ है।भूगर्भीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील जोन-4 व 5 में आने वाले उत्तरकाशी जनपद में भूकंप का लंबा इतिहास रहा है। शनिवार सुबह 11 बजकर 27 मिनट पर जिला मुख्यालय सहित भटवाड़ी क्षेत्र में भूकंप के तेज झटके से धरती डोली। भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग अपने घर दुकानों से बाहर निकल आए।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.3 मापी गई है। इसका केंद्र भटवाड़ी प्रखंड के गोरसाली गांव के जंगल में जमीन से दस किमी गहराई में था। भूकंप महसूस होते ही आपदा कंट्रोल रूम एक्टिव हो गया। सभी तहसीलों से संपर्क कर भूकंप के बारे में अपडेट ली गई। यमुना घाटी क्षेत्र में भूकंप का झटका महसूस नहीं किया गया। गंगा घाटी क्षेत्र में भी भूकंप से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
- फतेहपुर (उप्र)। फतेहपुर जिले में थरियांव थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर गांव में शनिवार को एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से अपनी बेटी की गोली मारकर कथित रूप से हत्या कर दी और खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।इस सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। फतेहपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे जयसिंहपुर गांव के रहने वाले चन्द्र मोहन यादव ने घर में 22 वर्षीय बेटी स्वाती देवी की अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी और बंदूक सहित खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।उन्होंने बताया कि थरियांव पुलिस ने इस सिलसिले में हत्या का मुकदमा दर्जकर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।थरियांव थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) उपेन्द्रनाथ राय ने बताया कि 'गिरफ्तार चंद्रमोहन यादव ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी एक साल पहले की थी, लेकिन वह ससुराल से बिना बताए यहां (पिता के घर) चली आती थी, जिससे समाज में उसकी बदनामी हो रही थी। इसी वजह से उसने उसकी हत्या कर दी है।' उन्होंने बताया कि युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
- -कोविड नमूनों की जांच 18 करोड़ से पार हुईनई दिल्ली। देश में अब तक कोविड नमूनों की जांच 18 करोड़ को पार कर गई है। कोविड से स्वस्थ होने की दर बढ़कर 96 दशमलव चार-एक प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 9 लाख 16 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई है और इस दौरान 19 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए हैं।स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या बढ़कर एक करोड 54 हजार से अधिक हो गई है। संक्रमित मामलों की कुल संख्या में केवल 2.15 प्रतिशत सक्रिय मामले ही शेष बचे है। फिलहाल देश में करीब दो लाख 24 हजार सक्रिय मामले हैं।पिछले 24 घंटों के दौरान 18 हजार 22 नये मामलों की पुष्टि हुई है। मंत्रालय के अनुसार देश में संक्रमण से होने वाली मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत रह गई है, जो विश्व में न्यूनतम दरों में से एक है। पिछले 24 घंटों के दौरान 228 लोगों की मौत के साथ ही मरने वालों की संख्या एक लाख 50 हजार 798 हो गई है।

.jpg)






.jpg)
.jpg)

.jpg)















