- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वी एस के कौमुदी को कैबिनेट सचिवालय में सचिव (सुरक्षा) नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय ने सोमवार को एक आदेश जारी कर यह जानकारी दी। आंध्रप्रदेश संवर्ग से 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी कौमुदी फिलहाल गृह मंत्रालय में विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) हैं। आदेश में कहा गया गया है कि नियुक्ति से संबंधित मंत्रिमंडल की एक समिति ने सचिव (सुरक्षा) के रूप में उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी। सचिव (सुरक्षा) विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) के प्रशासनिक प्रमुख होते हैं और प्रधानमंत्री के सुरक्षा इंतजाम की कड़ी निगरानी के लिए जिम्मेदार होते हैं। सचिव (सुरक्षा) राज्य सरकारों तथा केंद्रीय पुलिस बलों द्वारा जैमर की खरीद से जुड़ी नीति के संदर्भ में नोडल अधिकारी भी होते हैं। -
शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबलों की भर्ती के लिए नयी लिखित परीक्षा तीन जुलाई को होगी। दो महीने से भी अधिक समय पहले प्रश्नपत्र लीक हो जाने के कारण लिखित परीक्षा रद्द कर दी गयी थी। राज्य पुलिस की ओर से सोमवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार इस लिखित परीक्षा के लिए प्रवेशपत्र शीघ्र ही जारी किये जाएंगे। उसमें कहा गया है, हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल सामान्य ड्यूटी एवं चालकों के पद के लिए लिखित परीक्षा अब पूरे राज्य में तीन जुलाई, 2022 को 12 बजे से एक बजे तक के लिए तय की गयी है। इससे पहले यही परीक्षा 27 मार्च को हुई थी जिसमें 75803 उम्मीदवारों ने 1334 कांस्टेबलों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा दी थी। लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने की खबर सामने आने के बाद सरकार ने छह मई को यह परीक्षा रद्द कर दी थी।
-
सुलतानपुर (उप्र). लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक चलती हुई एक बीएमडब्लू कार में आग लग गयी । प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार गाड़ी के चालक ने कार से कूद कर जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोतवाली नगर के अमहट स्थित पुलिस प्रशिक्षण शिविर के पास चलती हुई बीएमडब्लू कार आग का गोला बन गई। उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार की रात लगभग 11:30 बजे की है। उन्होंने बताया कि आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और चालक ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। उन्होंने बताया कि लोगों ने राजमार्ग पर पर बैरिकेड लगाकर उधर से गुजर रहे दूसरे वाहनों को सुरक्षित किया। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल किया । वहीं लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाया। गाजीपुर के रहने वाले चालक मोहम्मद इमरान ने बताया कि कार वाराणसी के एक व्यक्ति की है। उसने बताया कि शनिवार की सुबह वो गाड़ी सर्विसिंग कराने के लिए लखनऊ लेकर गया था और सर्विस कराकर जब वह वापस लौट रहा था तो यहां एकाएक गाड़ी का इंजन लॉक होने लगा, जब तक मैं कुछ समझ पाता और गाड़ी रोकने की कोशिश करता, तब तक आगे से धुंआ निकलने लगा और फिर उसमें आग लग गई।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त न करने की नीति अपनाते हुए एक भ्रष्टाचार शिकायत प्रकोष्ठ की स्थापना की है और ऐसी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर और एक ईमेल पता जारी किया है। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में इस बाबत जानकारी दी गयी। भ्रष्टाचार शिकायत प्रकोष्ठ अपर आयुक्त की देखरेख में काम करेगा।
बयान में कहा गया है, ‘‘दिल्ली नगर निगम ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस का दृष्टिकोण अख्तियार किया है। इस दिशा में काम करते हुए, निगम ने एक 'भ्रष्टाचार शिकायत प्रकोष्ठ' की स्थापना की है।'' बयान के अनुसार, ‘‘नवगठित प्रकोष्ठ नगर निगम के अधिकारियों/विभागों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतों से निपटेगा। कोई भी व्यक्ति लिखित रूप में या ई-मेल के माध्यम से निगम से संबंधित भ्रष्टाचार पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकता है।'' एमसीडी ने एक ई-मेल पता, टेलीफोन नंबर और एक पता जारी किया है जिस पर शिकायत दर्ज की जा सकती है।
बयान में कहा गया है, ‘‘अतिरिक्त उपायुक्त (मुख्यालय) भ्रष्टाचार शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी होंगे, जो अतिरिक्त आयुक्त की देखरेख में काम करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि शिकायतों का निवारण किया जाए और यदि आवश्यक हो तो उचित कार्रवाई की जाए। -
जयपुर. राजस्थान के नागौर जिले में बिजली के ट्रांसफार्मर के खंभे से टकराने के बाद कार में आग लग गई जिसमें झुलसकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि कार में तीन अन्य लोग भी सवार थे लेकिन तीनों कार से बाहर निकलने में सफल रहे लेकिन सुरेश कार में फंस गया और उसमें झुलसने उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कुचामन क्षेत्र के हीरानी गांव में कार की टक्कर से ट्रांसफारमर कार पर गिर गया जिससे कार में आग लग गई। उन्होंने बताया कि वहां काम करने वाली एक महिला ने कार की खिड़की को लकड़ी के डंडे से तोड़ दिया जिससे तीनों व्यक्ति कार की खिड़की से बाहर निकल सके। -
जम्मू. जम्मू क्षेत्र की चिनाब घाटी में सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक सुरक्षा सम्मेलन में भाग लिया, जिसमें आगामी अमरनाथ यात्रा के सफल प्रबंधन के लिए असैन्य और सैन्य एजेंसियों के बीच तालमेल, संवाद और समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। एक रक्षा प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डेल्टा फोर्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग और जम्मू के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने शनिवार को रामबन जिले के धरमुंड आर्मी गैरीसन में बैठक की अध्यक्षता की। प्रवक्ता ने कहा कि आगामी तीर्थयात्रा के लिए असैन्य एवं सैन्य एजेंसियों के बीच तालमेल, संवाद और समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से रामबन और किश्तवाड़ जिलों के नागरिक प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की गई। अमरनाथ यात्रा 30 जून से शुरू होगी और 43 दिनों तक जारी रहेगी।
प्रवक्ता ने बताया कि इस बैठक में डोडा, किश्तवाड़ और रामबन के पुलिस उपमहानिरीक्षक, रामबन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), एसएसपी (यातायात), सहायक आयुक्त (रॉ) और क्षेत्र के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा को प्रभावित करने वाले आपसी हित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। -
संबलपुर. ओडिशा के बारगढ़ जिले के बरपाली में खुदाई के दौरान 2000 साल पुरानी कलाकृतियां बरामद की गईं, जो मौर्योत्तर काल की सभ्यता को उजागर करती हैं। बरपाली में असुरगढ़ के सांस्कृतिक क्रम का पता लगाने के उद्देश्य से गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग द्वारा 31 मई को स्थल पर खुदाई शुरू की गई थी। खुदाई में लगभग 60 छात्रों ने भाग लिया था। खुदाई स्थल 17 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में फैला है। सहायक प्रोफेसर अतुल प्रधान ने कहा कि इसमें दो खंदक और तीन प्रवेश द्वार वाले दो किले मिले हैं। उन्होंने कहा कि उत्खनन और बरामद कलाकृतियों से यह निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि यह बस्ती मौर्योत्तर काल के बाद की एक शहरी बस्ती थी, जो लगभग 2,000 साल पुरानी है। खुदाई के दौरान प्राचीन कलाकृतियां जैसे सिक्के, मुहरें, लोहे के हथियार और खंडित टेराकोटा की मूर्तियां पाई गईं। बड़ी संख्या में घुंडीदार बर्तन मिले, जो प्रारंभिक शहरीकरण की एक अनूठी विशेषता होने के साथ व्यापार और वाणिज्य के प्रतीक हैं। खुदाई में एक लोहा गलाने वाला चूल्हा भी मिला।
-
फतेहगढ़ साहिब (पंजाब). फतेहगढ़ साहिब में रविवार को एक ट्रक और कार की टक्कर हो जाने से चार लोगों की मौत हो गई तथा तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतकों में से दो दिल्ली के रहने वाले थे और दो अन्य हरियाणा के रेवाड़ी के निवासी थे। हादसे में घायल हुए एक व्यक्ति ने संवाददाताओं को बताया कि वे अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर से अपने घर जा रहे थे, तभी सरहिंद जीटी रोड पर एक ट्रक ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। सरहिंद के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक नजर सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है . -
चंद्रपुर. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के ब्रह्मपुरी तहसील में रविवार दोपहर बाद एक मां की आंखों के सामने ही बाघ ने उसके 50 वर्षीय बेटे को मार डाला। घटना के समय व्यक्ति अपनी मां और पत्नी के साथ जंगल से लकड़ी लेने गया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान राजेंद्र अर्जुन कमादी के तौर पर की गई है जो ब्रह्मपुरी के हल्दा गांव का रहने वाला था। राजेंद्र पेशे से मजदूर था। ब्रह्मपुरी वन रेंज के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘व्यक्ति नजदीकी जंगल में अपनी मां और पत्नी के साथ घर के चारों ओर बाड़ बनाने के लिए लकड़ी लेने गया था। तभी झाड़ियों में छिपे बाघ ने उस पर हमला कर दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मां और पत्नी द्वारा शोर मचाए जाने के बाद बाघ घटनास्थल से भाग गया।'' उन्होंने बताया कि जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण और वनकर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारी के मुताबिक घटना के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है। स्थानीय नेता ने कहा कि इंसान और जंगली जानवरों के बीच संघर्ष के बढ़ते मामलों को खत्म करने की जरूरत है नहीं तो ग्रामीण विरोध प्रदर्शन करेंगे।
-
मंगलुरु . कर्नाटक के स्कूल हॉस्टल में रह रहे एक नाबालिग लड़के ने वार्डन द्वारा फोन पर मां को जन्मदिन की बधाई देने से मना करने पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक का नाम पूर्वज है जो 14 साल था और बेंगलुरु के होसाकोटे का रहने वाला था।
पुलिस ने बताया कि किशोर ने वार्डन से अपनी मां को जन्मदिन (11 जून) की बधाई देने के लिए फोन मुहैया कराने का अनुरोध किया। लेकिन खबर के मुताबिक वार्डन ने फोन नहीं दिया। पुलिस ने बताया कि इसके अलावा लड़के के परिवार के सदस्यों ने भी कई बार उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे बात नहीं कर सके क्योंकि पूर्वज को बात करने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि इससे आहत लड़के ने सुसाइड नोट लिखने के बाद कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि पूर्वज ने यह कदम शनिवार की मध्य रात्रि को उठाया। उन्होंने बताया कि अन्य विद्यार्थियों ने सुबह छात्रावास में पूर्वज का शव देखा और इसकी जानकारी छात्रावास प्रबंधन को दी। पुलिस ने बताया कि लड़के के माता-पिता दिन में छात्रावास पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच चल रही है। -
भोपाल. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर 35 वर्षीय एक महिला पर तीन मनचलों ने कथित तौर पर ब्लेड मारकर हमला कर दिया। इस हमले में महिला के चेहरे पर 10 सेंटीमीटर लंबा चीरा लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे कई टांके लगाने पड़े। टी टी नगर पुलिस थाने के प्रभारी चैन सिंह रघुवंशी ने रविवार को बताया कि यह घटना नौ जून की रात करीब आठ बजे के आसपास उस समय हुई जब 35 वर्षीय महिला अपने पति के साथ मजदूरी करने के बाद वापस अपने घर जा रही थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को रविवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का नाम बादशाह बेग (38) है, जो मुख्य आरोपी है, जबकि दो नाबालिग हैं, जिनकी उम्र 15-15 साल है। इस बीच, मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक अखबार की कटिंग टैग करते हुए लिखा, ‘‘मनचलों को रोकने पर ब्लेड से हमला। चेहरे पर 118 टांके। महिलाओं के खिलाफ अपराध में भोपाल अव्वल।'' जब पीड़ित महिला के चेहरे पर ब्लेड मारकर किये गये हमले में 118 टांके लगने के बारे में भोपाल के पुलिस उपायुक्त साईकृष्णा एस थोटा से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मेडिकल रिपोर्ट में 118 टांके नहीं लिखे हैं। 10 सेंटीमीटर लंबाई लिखी गई है।'' इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार सुबह आला अधिकारियों की बैठक बुलाई और कहा कि इस मामले में गिरफ्तारी काफी नहीं है, अपराधियों को कठोरतम दंड देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने महिला से भोपाल के उसके आवास पर जाकर भेंट की और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। चौहान ने घायल महिला को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं के विरूद्ध अपराध घटित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। भोपाल में हुई इस घटना के संबंध में पुलिस आयुक्त भोपाल को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।'' चौहान ने कहा, ‘‘महिला का साहस सराहनीय है। उसने बदमाशों की आपत्तिजनक और अश्लील हरकत का हिम्मत से मुकाबला किया। राज्य शासन द्वारा महिला का उपचार करवाया जाएगा। अन्याय का प्रतिकार करना अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का काम है। घटना का प्रतिरोध करने वाली यह महिला अन्य महिलाओं के लिए प्रेरक भी है।'' उन्होंने महिला के बेटा और बेटी जो भोपाल में पढ़ते हैं, उनके सहयोग के लिए भी जिलाधिकारी भोपाल को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं और उनके विरूद्ध कठोरतम कार्रवाई के निर्देश पुलिस कमिश्नर भोपाल और अन्य अधिकारियों को दिए गए हैं। चौहान ने महिला के पति और अन्य परिजन से भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘घटना में तीन अपराधी शामिल हैं। उन्होंने भयानक अपराध किया है। मुख्य अपराधी ऑटो चलाने का कार्य करता है। वह कुछ दिन पूर्व ही जेल से छूट कर आया है। उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही उसके वाहन का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘महिला ने साहस का काम किया है। मैं उसे प्रणाम करता हूं और बधाई देता हूं। वह अन्याय और हिंसा के खिलाफ प्रेरणा बन कर सामने आई हैं।'' चौहान ने कहा कि चिकित्सकों से विचार-विमर्श करके महिला की प्लास्टिक सर्जरी भी करवाई जाएगी। -
शाहजहांपुर . उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में अपनी सास के साथ बगीचे की रखवाली करने गई बहू की गला काटकर हत्या कर दी गई। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) अखंड प्रताप सिंह ने रविवार को बताया कि थाना काट अंतर्गत नबीपुर गांव के बाहर ओमवती (40) ने बगीचा लगाया था जिसकी देखभाल ओमवती तथा उसकी सास करती थी। उन्होंने बताया कि शनिवार रात में ओमवती और उसकी सास अलग-अलग चारपाई पर बगीचे में ही लेटी थीं। उन्होंने बताया कि रात में सास की आंख खुल गई और उसने ओमवती को चारपाई पर नहीं देखा तो पास में ही तलाश किया तब बगीचे में ही बनाई गई झोपड़ी में ओमवती का शव पड़ा मिला। पुलिस ने ओमवती के बेटे संजय की ओर से अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। -
पलवल। हरियाणा के जिला पलवल के राम नगर स्थित एक मकान के ताले तोड़कर चोरों ने 50 हजार नकदी व लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर लिए। सूचना पर मौके पर पहुंची कैंप थाना पुलिस ने घटना की जानकारी ली। साथ ही मकान स्वामी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
कैंप थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रामनगर निवासी नितिन कुमार ने दी शिकायत में कहा है कि वह अपने परिवार के साथ घर का ताला लगाकर बाहर गया था। 12 जून को पीडि़त जब अपने घर पहुंचा तो देखा की घर के ताले टूटे हैं। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरों व अलमारी के भी ताले टूटे हुए थे और घर का सामान फैला था। अलमारी से 50 हजार रुपए नगद, सोने की अंगूठी, झुमकी, नाक की लौंग व गले की चेन गायब थी। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का सुराग लगा लिया जाएगा। -
आरा। बिहार के भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहा ओपी अंतर्गत पुरुषोत्तमपुर गांव में रविवार की देर शाम पंखे के कुंडी से लटका हुआ एक महिला का शव बरामद हुआ है। शव के मिलने से गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही धोबहा ओपी इंचार्ज सुशांत कुमार अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और महिला के शव को पंखे के कुंडी से नीचे उतारा। इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।
धोबहा ओपी इंचार्ज सुशांत कुमार ने बताया कि मृतका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहा ओपी अंतर्गत पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी मुकेश पंडित की 26 वर्षीया पत्नी रूबी देवी है।
धोबहा ओपी इंचार्ज सुशांत कुमार ने बताया कि मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृतका की मौत फांसी लगने के कारण होना प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। -
रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिला के बड़े व्यापारी किशन खरबंदा समेत 4 लोगों की रविवार को हादसे में मौत हो गई। हादसा पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिला के सरहिंद में हुआ, जिसमें जेबी टेलर के मालिक किशन खरबंदा, उनकी पत्नी रेणू खरबंदा समेत 4 की जान चली गई। वहीं 3 लोग घायल हो गए। घायलों को घायलों को चंडीगढ़ के सेक्टर 32 स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल श्याम धमीजा के मुताबिक वह, किशन खरबंदा और विश्वेशर ग्रोवर दोस्त हैं। गत दिवस वह आनंदपुर साहिब, अमृतसर सहित दूसरे धार्मिक स्थलों के दर्शन करने पत्नियों सहित गए थे। रविवार सुबह अमृतसर में माथा टेकने के बाद घर लौट रहे थे कि जीटी रोड पर सरहिंद के नजदीक पहुंचने पर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर कार सड़क के बीचोंबीच पलट गई, जिसमें नीलम धमीजा (60) और विश्वेशर ग्रोवर (64) दोनों निवासी दिल्ली, किशन खरबंदा (60) और पत्नी रेणू (55) निवासी रेवाड़ी हरियाणा की मौत हो गई। घायलों में कार चालक हिम्मत शर्मा निवासी रेवाड़ी, वीना ग्रोवर पत्नी विश्वेशर तथा श्याम धमीजा शामिल हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद ट्रक आरोपी चालक फरार है। - नयी दिल्ली। जम्मू-कश्मीर ने राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सर्विस डिलीवरी असेसमेंट (एनईएसडीए) के मामले में केंद्र शासित प्रदेशों की सूची में अव्वल स्थान प्राप्त किया है और इसने लगभग 90 प्रतिशत सेवाओं का अनुपालन किया है। एक आधिकारिक रिपोर्ट में रविवार को यह जानकारी उपलब्ध कराई गई है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सोमवार को संबंधित एनईएसडीए-2021 रिपोर्ट जारी करेंगे, जिसमें सरकारों को अपनी ई-गवर्नेंस सेवा वितरण प्रणाली को और सशक्त बनाने का सुझाव दिया गया है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केंद्र शासित प्रदेशों की श्रेणी में, जम्मू-कश्मीर का पहली बार एनईएसडीए 2021 में मूल्यांकन किया गया था और छह क्षेत्रों के लिए सभी केंद्र शासित प्रदेशों में इसने सर्वोच्च अंक हासिल किया है। मेघालय और नगालैंड का ई-सेवा पोर्टल प्रमुख राज्य पोर्टल हैं, जो पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों के सभी मूल्यांकन मानकों में 90 प्रतिशत से अधिक के समग्र अनुपालन के साथ शीर्ष पर हैं। रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेशों में, जम्मू-कश्मीर लगभग 90 प्रतिशत के समग्र अनुपालन के साथ सर्वोच्च स्थान पर है। शेष राज्यों की श्रेणी में केरल, ओडिशा, तमिलनाडु, पंजाब, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में 85 प्रतिशत से अधिक का सेवा अनुपालन किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में केरल का समग्र अनुपालन स्कोर उच्चतम था। रिपोर्ट में कहा गया है कि पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों के लिए सेवा पोर्टल में, उच्चतम रैंकिंग वाले राज्यों -मेघालय और त्रिपुरा- ने सभी छह क्षेत्रों में एनईएसडीए 2019 की तुलना में सुधार दर्ज किया है। शेष राज्यों की श्रेणी में, तमिलनाडु के समग्र स्कोर में 2019 की तुलना में 2021 में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गयी है। आंध्र प्रदेश, केरल, पंजाब, गोवा और ओडिशा ने भी अपनी सेवाओं के अनुपालन में 100 प्रतिशत सुधार किया है। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) ने ई-सरकार के प्रयासों को बढ़ावा देने और डिजिटल सरकारी उत्कृष्टता के लिए अपने जनादेश के तहत 2019 में एनईएसडीए का गठन किया था। एनईएसडीए संबंधित सरकारों को नागरिक केंद्रित सेवाओं के वितरण में सुधार करने में मदद करता है और सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों के अनुकरण के लिए देश भर में सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करता है।
-
हैदराबाद। टॉप फैशन डिजाइनर प्रत्यूषा गरिमेला हैदराबाद में अपने घर पर मृत पाई गईं। पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर बंजारा हिल्स में अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली। 35 वर्षीय प्रत्यूषा का घर बंजारा हिल्स थाना इलाके के फिल्म नगर में है। प्रत्यूषा देश के टॉप 30 फैशन डिजाइनरों में से एक थी।घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस ने प्रत्यूषा के शव को उस्मानिया अस्पताल भिजवाया। इसी के साथ लिविंग रूम में कार्बन मोनोऑक्साइड का सिलेंडर भी मिला है। पुलिस को संदेह है कि कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण उनकी मौत हुई है।
घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब शनिवार दोपहर को उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद सिक्योरिटी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिस पर घर का दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर गई तो उसका शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया है और संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि दिल्ली में रहने वाले उनके रिश्तेदारों को इसकी सूचना दे दी है। - कोलकाता । कोलकाता स्थित प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय ने शनिवार को कहा कि स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले पर फैसला छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा। करीब 40 छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में धरना दिया था, जिसके पश्चात छात्र संघ एवं प्राधिकारियों की बैठक के बाद विश्वविद्यालय ने यह बयान दिया। छात्रों की मांग थी कि विश्वविद्यालय को स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए राज्य द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों के लिए आयोजित की जाने वाली केंद्रीय प्रवेश प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लेना चाहिए। छात्र संघ के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘प्राधिकरण ने हमें आश्वासन दिया कि दाखिले संबंधी मामलों पर हमारे विश्वविद्यालय की स्वायत्तता बरकरार रखी जाएगी। विश्वविद्यालय स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले संबंधी सभी निर्णय बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के लेगा।'' विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया पर अंतिम निर्णय लेने से पहले छात्रों के विचारों को ध्यान में रखा जाएगा।
- उज्जैन (मप्र) । मध्य प्रदेश के उज्जैन से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सांसद ने दावा किया है उन्होंने अपना वजन 15 किलोग्राम घटा लिया है और इसलिए वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के वादे के मुताबिक अपने क्षेत्र के विकास के लिए प्रति किलोग्राम घटे वजन के हिसाब से 15,000 करोड़ रुपये पाने के हकदार हैं। सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने करीब तीन महीने पहले कहा था कि यदि मैं अपना वजन कम करूंगा तो उनका मंत्रालय मेरे निर्वाचन क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए मेरे प्रत्येक किलोग्राम घटे वजन के लिए 1,000 करोड़ रुपये की राशि आवंटित करेगा। इससे प्रेरित होकर तब से अब तक मैंने अपना 15 किलोग्राम वजन कम कर लिया है और उनके वादे के अनुसार मैं उनसे अपने संसदीय क्षेत्र के लिए 15,000 करोड़ रूपये की मांग करने का हकदार हो गया हूं।'' गडकरी इस साल 24 फरवरी को एक कार्यक्रम में शामिल होने उज्जैन आए थे। इस दौरान उन्होंने उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया के भारी भरकम वजन को देखते हुए उन्हें मंच से ही एक चुनौती दी थी और कहा था कि अगर वह (फिरोजिया) वजन कम कर लेते हैं तो उन्हें प्रत्येक किलोग्राम वजन कम होने पर उज्जैन के विकास के लिए 1,000 करोड़ रुपए मिलेंगे। वह मुझसे हर बार विकास के लिए बजट की मांग करते हैं, इसलिए वह इस चुनौती को स्वीकार करें और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए मुझसे बड़ा बजट ले लें।पहली बार सांसद बने फिरोजिया ने कहा, ‘‘जब गडकरी ने इस साल 24 फरवरी को मुझे यह चुनौती दी थी, तब मेरा वजन 127 किलोग्राम था, जो अब 15 किलोग्राम घटकर 112 किलोग्राम हो गया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इसे गडकरी जी की आज्ञा की तरह स्वीकार किया। अपने संसदीय क्षेत्र के लिए इस चुनौती को मैंने स्वीकार करते हुए पिछले करीब साढ़े तीन महीनों में अपने खान-पान, व्यायाम, योग एवं साइकिल चलाकर अपना वजन 15 किलोग्राम कम कर लिया है।'' फिरोजिया ने कहा, ‘‘फरवरी में मेरा पहले वजन 127 किलोग्राम था और मुझे खाने पीने का भी बड़ा शौक है। लेकिन अपने क्षेत्र के विकास के लिए मैंने भी ठान लिया कि वजन कम करके करोड़ों रुपए विकास कार्य के किए लाऊंगा।''
- आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में चांदी का कारोबार करने वाले दो भाईयों द्वारा उप निरीक्षक और सिपाहियों पर एनकाउंटर करने की धमकी देकर 74 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने चौकी प्रभारी उप निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच के आदेश दिये हैं । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि आगरा के एत्माउद्दौला थाने में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया और थाने पर जिलाधिकारी पी एन सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह शिकायतें सुन रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान दो भाई - विपिन और धमेंद्र - लोगों के साथ पहुंच कर पुलिसकर्मियों की शिकायत की । उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सही मानते हुए चौकी प्रभारी फाउंड्री नगर नीलकमल, कांस्टेबल कपिल और आशीष नेहरा को निलंबित कर दिया गया है, और इस पूरे मामले की जांच एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता को सौंपी गई है।
- कोटा (राजस्थान) । बूंदी जिले के एक गांव के तालाब में शनिवार को नहाते समय तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया, एक अन्य लड़का जो तीनों के साथ नहाने गया था वह तालाब के किनारे तक तैरने में कामयाब रहा, उसने अपने माता-पिता को घटना के बारे में सूचित किया। चारों लड़के रिश्तेदार थे। उन्होंने कहा, यह घटना बूंदी जिले के सलावतिया गांव में हुई जहां लड़कों के परिवार मुंडन समारोह के लिए एकत्र हुआ था। मृतकों की पहचान कौशल गुर्जर (14), कुलदीप गुर्जर (13), दिलखुश गुर्जर (13) के रूप में हुई है। ये सभी पड़ोसी गांव पनिदल के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, लड़के दोपहर करीब डेढ़ बजे तालाब में नहाने गए थे, जब उनके परिजन अनुष्ठान की तैयारी कर रहे थे। हिंडोली के पुलिस उप-अधीक्षक और अंचल अधिकारी, सज्जन सिंह ने कहा कि नहाने के दौरान चारों गहरे पानी में चले गए और उनमें से तीन डूब गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और उन्हें हिंडोली के एक अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों लड़कों को मृत घोषित कर दिया।इस बीच, राज्य के खेल मंत्री और हिंडोली-नैनवा विधायक अशोक चंदना ने ट्विटर पर परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। (प्रतीकात्मक फोटो)
-
जमशेदपुर (झारखंड)। झारखंड के जमशेदपुर में शनिवार को 47 वर्षीय व्यक्ति को अपने मोबाइल फोन पर स्कूली लड़कियों को अश्लील वीडियो दिखाने और ‘अश्लील गतिविधियों' में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान जुगसलाई में ग्वाला पट्टी के रियाज अली के रूप में हुई है। उसे कन्या माध्यमिक स्कूल की प्रधानाध्यापिका द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 ए (यौन उत्पीड़न) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जुगसलाई पुलिस थाना के प्रभारी अधिकारी तरुण कुमार ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से व्यक्ति स्कूल परिसर के बाहर लड़कियों को कथित तौर पर अश्लील वीडियो दिखा रहा था और ‘अश्लील' हरकत करता था। स्कूल की छात्राओं द्वारा इस बारे में बताए जाने के बाद प्रधानाध्यापिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कहा कि उन्होंने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
- -छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मानसून पूर्व गतिविधियां शुरू होने की संभावनानयी दिल्ली। पश्चिमोत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में शनिवार को भी लू चली, हालांकि इससे प्रभावित क्षेत्र के आकार में मामूली कमी आई है। भारत मौसम विज्ञान (आईएमडी) ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार और झारखंड के इलाकों में लू का प्रकोप दो दिन तक जारी रहेगा। राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शनिवार को लू की स्थिति बनी रही और बांदा (उत्तर प्रदेश) 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा। इन राज्यों के कम से कम 22 कस्बों और शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण पश्चिमोत्तर और मध्य भारत दो जून से लू की चपेट में है। विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमोत्तर भारत के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान में सप्ताहांत में कुछ डिग्री की कमी आएगी, लेकिन 15 जून तक कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। आईएमडी ने बताया कि नमी युक्त पुरवाई चलने से 16 जून से भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी।आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 12 जून से मानसून पूर्व गतिविधियां शुरू होने का पूर्वानुमान है, लेकिन उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में 15 जून तक तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिन में पश्चिमोत्तर भारत में अधिकतम तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है। आईएमडी ने बताया कि 16 जून से 22 जून के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से कम या सामान्य के निकट रहने की संभावना है। उसने कहा, ‘‘सप्ताह (16 जून-22 जून) के दौरान देश के किसी भी हिस्से में लू चलने का अनुमान नहीं है।''
- कोडरमा (झारखंड)। झारखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर शनिवार दोपहर पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान 18 वर्षीय युवती का पैर असंतुलित होकर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। यात्रियों के सहयोग से जब तक युवती को बाहर निकाला गया, ट्रेन की चपेट में आकर उसके दोनों पैर कट गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिहार के जमुई निवासी फागू हेम्ब्रम अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ कोडरमा रेलवे स्टेशन पर जल्दीबाजी में पुरुषोत्म एक्सप्रेस में सवार हो रहे थे, उसी दौरान उनकी 18 वर्षीय बेटी सोना मूनी हेम्ब्रम का पैर फिसला और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच में फंस गई जिससे उसके दोनों पैर कट गए। उन्होंने बताया कि यात्रियों ने तत्काल युवती को बाहर निकाला और उसे कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। युवती की हालत चिंताजनक बनी हुई है। कोडरमा के सिविल सर्जन ने बताया कि युवती की स्थित नाजुक बनी हुई है । file photo
- नयी दिल्ली। मंगोलिया के लोगों के प्रति एक विशेष भावना प्रदर्शित करते हुए, भगवान बुद्ध के चार पवित्र अवशेषों को भारत से मंगोलिया ले जाया जाएगा। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू के नेतृत्व में 25 सदस्यीय एक शिष्टमंडल पवित्र अवशेषों के साथ 12 जून, 2022 को मंगोलिया के लिए रवाना होगा। भारतीय वायु सेना के सी-17 ग्लोबमास्टर विमान से भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को एक विशेष ताबूत में ले जाया जाएगा और उन्हें 11 दिनों के लिए एक बौद्ध मठ में प्रदर्शित किया जाएगा। इन अवशेषों को 14 जून, 2022 को पड़ने वाली मंगोलियाई बुद्ध पूर्णिमा के समारोहों में 11 दिवसीय प्रदर्शनी के लिए ले जाया जाएगा। पवित्र अवशेषों को बौद्ध धर्मावलंबियों के दर्शन के लिए गंदन मठ के परिसर में बटसागान मंदिर में रखा जाएगा। महात्मा बुद्ध के पवित्र अवशेष वर्तमान में राष्ट्रीय संग्रहालय में रखे गए हैं जिन्हें ‘कपिलवस्तु अवशेष ‘के नाम से जाना जाता है। रीजीजू ने संवाददाताओं को बताया कि यह भारत-मंगोलिया के संबंधों में एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर है तथा यह दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और अध्यात्मिक संबंधों को और बढ़ावा देगा। रीजीजू ने बताया कि मंगोलिया और भारत एक दूसरे को अध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक पड़ोसी देशों के रूप में देखते हैं और इस समानता के कारण मंगोलिया को हमारा ‘तीसरा पड़ोसी‘ भी कहा जा सकता है भले ही हमारी साझा भौगोलिक सीमाएं नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि भगवान बुद्ध के उपदेश आज के समय में भी प्रासंगिक हैं और ये मानवता को और अधिक शांति, सद्भाव तथा समृद्धि की ओर ले जाएंगे। रीजीजू ने यह भी कहा कि भारत शांति और सद्भाव में विश्वास रखता है तथा भगवान बुद्ध के उपदेशों, जो दुनिया को भारत का सांस्कृतिक उपहार है, के माध्यम से इस संदेश को विश्व भर में फैलाना चाहता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये पवित्र अवशेष मंगोलिया के लोगों के लिए, जिनका इस पवित्र अवशेष के प्रति उनके हृदय में बहुत विशिष्ट सम्मान है, एक विशेष उपहार के रूप में 11 दिनों की प्रदर्शनी के लिए ले जाये जा रहे हैं। रीजीजू ने कहा कि ‘कपिलवस्तु' के अवशेष बेहद महत्वपूर्ण हैं और इसे अब तक यहां के राष्ट्रीय संग्रहालय से बाहर नहीं ले जाया गया है। लेकिन, मंगोलियाई सरकार के विशेष अनुरोध पर भारत सरकार ने इन्हें प्रदर्शनी के लिए भेजने का फैसला किया है। शुरुआत में अवशेषों को एक सप्ताह के लिए प्रदर्शित किया जाना था, लेकिन मंगोलिया के अनुरोध पर प्रदर्शनी का समय बढ़ाकर 11 दिन कर दिया गया है। कानून मंत्री ने कहा कि भारत में मंगोलिया के सांस्कृतिक दूत गायक मोहित चौहान भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे।
















.jpg)

.jpg)


.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpeg)

