- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए रविवार को अपने 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिनमें केंद्रीय मंत्रियों पीयूष गोयल और निर्मला सीतारमण को क्रमश: महाराष्ट्र और कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है। इन 16 उम्मीदवारों में से छह उत्तर प्रदेश से हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए राज्य में गोरखपुर शहरी सीट छोड़ने वाले भाजपा के पूर्व विधायक राधा मोहन दास अग्रवाल राज्यसभा के लिए पार्टी के उम्मीदवारों में शामिल हैं। भाजपा ने राज्य से पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राज्यसभा के मौजूदा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर और उप्र पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष बाबूराम निषाद को भी उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने राज्य से दो महिलाओं दर्शना सिंह और संगीता यादव को भी चुनाव मैदान में उतारा है। दर्शना पार्टी की महिला शाखा की पूर्व प्रमुख हैं जबकि संगीता गोरखपुर के चौरी चौरा से पार्टी की पूर्व विधायक हैं। पार्टी ने कर्नाटक, महाराष्ट्र और बिहार से दो-दो और मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड व हरियाणा से एक-एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और विनय सहस्त्रबुद्धे के नाम भाजपा के उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है। इन दोनों सदस्यों का भी कार्यकाल समाप्त हो रहा है। हरियाणा से राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा महासचिव दुष्यंत गौतम का नाम भी पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है। पार्टी ने हरियाणा से पूर्व विधायक कृष्ण लाल पंवार को उम्मीदवार बनाया है। मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार, राजस्थान से घनश्याम तिवारी और उत्तराखंड से कल्पना सैनी के नामों की घोषणा की गई है। बिहार से पार्टी ने सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा की विज्ञप्ति के अनुसार केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री गोयल तथा अनिल सुखदेवराव बोंडे को महाराष्ट्र से उम्मीदवार बनाया गया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और अभिनेता से नेता बने जग्गेश को कर्नाटक से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। देश के 15 राज्यों से राज्यसभा की 57 सीटों के लिए चुनाव 10 जून को होंगे। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 31 मई है। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में ‘यूनीकॉर्न' कंपनियों की संख्या 100 तक पहुंचने का उल्लेख करते हुए रविवार को कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी में भी भारतीय स्टार्टअप ने धन कमाना और मूल्यांकन बढ़ाना जारी रखा तथा छोटे शहरों एवं कस्बों से भी उद्यमी निकल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने रेडियो पर प्रसारित होने वाले अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात' में कहा कि इस महीने की पांच तारीख को भारत में ‘यूनीकॉर्न' की संख्या 100 के आंकड़े तक पहुंच गई। उन्होंने कहा, ‘‘इन यूनीकॉर्न का कुल मूल्यांकन 330 अरब डॉलर से अधिक का यानी 25 लाख करोड़ रुपए से अधिक है। यह हर भारतीय के लिए निश्चित ही बहुत गर्व की बात है।'' मोदी ने कहा, ‘‘आपको यह जानकर हैरानी होगी कि हमारी कुल यूनिकॉर्न कंपनियों में से 44 पिछले साल ही बनी थीं। इसके अलावा, इस साल तीन से चार महीनों की अवधि में 14 यूनीकॉर्न कंपनियां बनीं। इसका अर्थ है कि वैश्विक महामारी में भी हमारे स्टार्टअप ने धन कमाना और मूल्यांकन बढ़ाना जारी रखा।'' उन्होंने कहा कि भारतीय यूनिकॉर्न की औसत वार्षिक वृद्धि दर अमेरिका, ब्रिटेन और कई अन्य देशों की तुलना में अधिक है। उन्होंने कहा कि विश्लेषकों का भी मानना है कि आगामी वर्षों में इनकी संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में यूनिकॉर्न कंपनियां विविधतापूर्ण बन रही हैं और वे ई-कॉमर्स, फिन-टेक, एड-टेक और बॉयो-टेक जैसे कई क्षेत्रों में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एक अन्य बात जिसे मैं ज्यादा महत्वपूर्ण समझता हूं, वह यह है कि स्टार्टअप की दुनिया नए भारत की भावना को प्रदर्शित कर रही है। आज, भारत का स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र केवल बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि छोटे-छोटे शहरों एवं कस्बों से भी उद्यमी सामने आ रहे हैं। यह दर्शाता है कि भारत में जिसके पास नवोन्मेषी विचार है, वह धन कमा सकता है।'' मोदी ने स्टार्टअप की दुनिया में सही मार्गदर्शन की महत्ता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा, ‘‘एक अच्छा मार्गदर्शक किसी स्टार्टअप को नई ऊंचाइयों पर लेकर जा सकता है... संस्थापकों को सही निर्णय लेने के लिए मार्गदर्शन मुहैया करा सकता है। मुझे गर्व है कि भारत में ऐसे कई मार्गदर्शक हैं, जिन्होंने स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए स्वयं को समर्पित कर दिया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि आज स्टार्टअप के लिए देश में एक पूर्ण सहयोगी तंत्र विकसित हो रहा है। मुझे भरोसा है कि आगामी समय में हमें भारत के स्टार्टअप की दुनिया में प्रगति की नई उड़ान देखने को मिलेगी।'' मोदी ने कहा कि भारत कई भाषाओं, लिपियों और बोलियों का समृद्ध खजाना है।
उन्होंने कहा, ‘‘विभिन्न क्षेत्रों की विविध पोशाक, व्यंजन और संस्कृति हमारी पहचान है। एक देश के रूप में यह विविधता हमें मजबूत बनाती है और हमें एकजुट करती है।'' विविधता का उदाहरण देते हुए मोदी ने कल्पना नामक छात्रा की यात्रा का जिक्र किया, जिसने हाल में कर्नाटक में 10वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने कहा कि कल्पना की सफलता की कहानी में अहम बात यह है कि उसे कुछ समय पहले तक कन्नड नहीं आती थी, लेकिन उसने न केवल तीन महीने में भाषा सीखी, बल्कि 92 अंक हासिल करके स्वयं को साबित किया। मोदी ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी और पुरुलिया स्थित सिद्धो-कान्हू-बिरसा विश्वविद्यालय में संथाली भाषा के प्रोफेसर श्रीपति टुडू का भी उदाहरण दिया। प्रधानमंत्री ने बताया कि टुडू ने संथाली समुदाय के लिए अपनी मूल ‘ओल चिकी' लिपि में देश के संविधान का संस्करण तैयार किया है। उन्होंने कहा, ‘‘ये ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के जीते-जागते उदाहरण हैं। आपको ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत' वेबसाइट पर ऐसे कई प्रयासों की सूचना मिलेगी, जो इस भावना को आगे बढ़ा रहे हैं।'' मोदी ने उल्लेख किया कि 21 जून को दुनियाभर में आठवां ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इस बार योग दिवस की विषय वस्तु है- ‘मानवता के लिए योग'। मैं आप सभी से पूरे जोश के साथ ‘योग दिवस' मनाने और कोरोना वायरस को लेकर सावधानी बरतने का आग्रह करूंगा। वैसे, दुनियाभर में पहले की तुलना में अब हालात बेहतर दिखाई दे रहे हैं। अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण होने के कारण अधिक लोग अब घरों से बाहर निकल रहे है, इसलिए ‘योग दिवस' के लिए दुनियाभर में कई तैयारियां होती दिख रही हैं।'' मोदी ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस वैश्विक महामारी ने हम सभी को एहसास कराया है कि हमारे जीवन में स्वास्थ्य का कितना महत्व है और योग यह (अच्छा स्वास्थ्य) सुनिश्चित करने का बेहतरीन माध्यम है। लोग अनुभव कर रहे हैं कि योग के माध्यम से शारीरिक, आध्यात्मिक और बौद्धिक कल्याण को कितना बढ़ावा मिल रहा है। -
उज्जैन. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल की पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। महाकालेश्वर मंदिर देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘राष्ट्रपति कोविंद ने आज पत्नी सविता कोविंद और पुत्री स्वाति कोविंद के साथ उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल की पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।'' उन्होंने कहा कि पंडित घनश्याम शर्मा और अन्य पुरोहितों ने पूजा-अर्चना कराई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के साथ पूजन में राज्य के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री की पत्नी साधना सिंह चौहान भी शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश की संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी और राज्यपाल मंगुभाई पटेल जी के साथ उज्जैन में भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना कर प्रदेश-देश की प्रगति एवं उन्नति और जनता के कल्याण के लिए प्रार्थना की।'' राज्य के तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन कोविंद ने इससे पहले आज उज्जैन में अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के 59वें अधिवेशन का उद्घाटन किया और शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय के भवन का ऑनलाइन तरीके से लोकार्पण भी किया।
-
नयी दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को शिमला में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में देश भर की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के लाभार्थियों से बातचीत करेंगे। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि इस कार्यक्रम में, प्रधानमंत्री मोदी 21,000 करोड़ रुपये से अधिक की किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त भी जारी करेंगे। कुछ लाभार्थी शिमला में आयोजन स्थल पर मौजूद रहेंगे, वहीं शेष डिजिटल तरीके से इसमें शामिल होंगे। मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि ‘गरीब कल्याण सम्मेलन' सभी जिलों में अब तक के सबसे बड़े एकल आयोजनों में से एक होगा, जहां प्रधानमंत्री इन योजनाओं और कार्यक्रमों के लाभार्थियों के जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में उनसे बातचीत करेंगे। राज्य की राजधानियों, जिला मुख्यालयों और कृषि विज्ञान केंद्रों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां लाभार्थी मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय और राज्य के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे। बयान में कहा गया कि इनमें से कई योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या करोड़ों में है। ये योजनाएं आवास, पीने योग्य पानी की उपलब्धता, भोजन, स्वास्थ्य और पोषण, आजीविका और वित्तीय समावेशन समेत आबादी के सबसे गरीब तबके की सबसे गंभीर समस्याओं का समाधान करती हैं। मंत्रालय ने कहा कि बातचीत इन योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में और देश के लिए नागरिकों की आकांक्षा का आकलन करने का अवसर देगी क्योंकि भारत 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करने वाला है। यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित हिमाचल प्रदेश में हो रहा है जहां इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होगा।
~ -
नयी दिल्ली। आरआरटीएस ट्रेन के बिजनेस क्लास में दिल्ली और मेरठ के बीच सफर करने वाले यात्री इस हाई-स्पीड रेल के सभी स्टेशनों पर बने ‘प्रीमियम लाउंज' में जा सकेंगे। एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, प्रीमियम लाउंज सिर्फ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के बिजनेस क्लास के यात्रियों के लिए ही आरक्षित होगा। प्रत्येक स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर प्रीमियम लाउंज के लिए अलग प्रवेश द्वार होगा जहां से यात्री सीधे ट्रेन के प्रीमियम कोच में जा सकेंगे। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) दिल्ली और मेरठ के बीच देश का पहला आरआरटीएस स्थापित कर रहा है जो तीव्र गति वाली रेल आधारित क्षेत्रीय परिवहन प्रणाली है। अधिकारियों ने कहा कि ये भारत में सबसे तेज ट्रेनें होंगी क्योंकि इसकी डिजाइन गति 180 किलोमीटर प्रति घंटे और परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटे है। इन आरआरटीएस ट्रेनों की औसत रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। एनसीआरटीसी के एक अधिकारी ने कहा, "हर ट्रेन में एक प्रीमियम कोच होगा। बिजनेस या प्रीमियम श्रेणी का किराया सामान्य टिकट से अधिक होगा। स्टेशनों पर बना प्रीमियम लाउंज हवाईअड्डों के लाउंज की तरह होगा और इसमें सभी बिजनेस क्लास सुविधाएं होंगी।" उन्होंने कहा कि प्रीमियम लाउंज में बिजनेस क्लास टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को ही जाने की अनुमति दी जाएगी। प्रीमियम श्रेणी का कोच अधिक बड़ा होगा।
~ -
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस ने 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए विवेक तन्खा को उम्मीदवार बनाने का फैसला लिया है। मध्य प्रदेश की 11 राज्यसभा सीटों में से आठ भाजपा और तीन कांग्रेस के पास हैं।उच्चतम न्यायालय में अधिवक्ता तन्खा के साथ-साथ भाजपा के एमजे अकबर और संपतिया उइके का राज्यसभा का कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है। मध्य प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा सदस्यों में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, एल मुरुगन और धर्मेंद्र प्रधान साथ एम जे अकबर, अजय प्रताप सिंह, कैलाश सोनी, सुमेर सिंह सोलंकी और संपतिया उइके शामिल हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सांसदों में तन्खा और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के के मिश्रा ने कहा, ‘‘ तन्खा सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।''
मध्य प्रदेश विधानसभा के एक अधिकारी ने कहा कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 मई थी जबकि पत्रों की जांच एक जून को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि तीन जून है।
~ -
अंबाला। अंबाला में कथित रूप से जहर खाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी और बेटा अस्पताल में जिंदगी के लिये जंग लड़ रहे हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंबाला शहर के नया बांस इलाके में रहने वाले जसविंदर ने अपनी पत्नी कुसुम (58) और बेटे हितेश (34) के साथ शुक्रवार को विषैला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने कहा कि पड़ोसी उन्हें सिविल अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें चंडीगढ़ स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि पीजीआईएमईआर में इलाज के दौरान जसविंदर की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी और बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है। घर में से एक सुसाइट नोट भी मिला है, जिसमें जसविंदर ने कहा कि उनके इस फैसले के लिये किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए। किराना दुकान चलाने वाले जसविंदर सिंह को कोविड महामारी के दौरान कारोबार में भारी नुकसान उठाना पड़ा।
~ -
भोपाल। भारत सरकार के केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के तहत संचालित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) के भोपाल परिसर का दो दिवसीय ‘‘ ग्रेजुएशन प्रोजेक्ट शो'' यहां संस्थान के भौंरी स्थित नवनिर्मित परिसर में शनिवार को संपन्न हुआ। इसमें संस्थान के 99 छात्रों ने अपनी स्नातक परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शिक्षा एवं उद्योग जगत के गणमान्य लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमपी भोज (खुला) विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलपति प्रो. (डॉ.) जयंत सोनवलकर थे। निफ्ट भोपाल, के संयुक्त निदेशक अखिल सहाय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर सोनवलकर ने छात्रों द्वारा प्रदर्शित रचनात्मक संग्रह की सराहना करते हुए कहा कि निफ्ट भोपाल के छात्र दुनिया भर में प्रतिस्पर्धा कर और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचेगे। पहली बार यह आयोजन निफ्ट के स्थायी परिसर में किया गया है। यहां सभी विभाग के छात्रों ने अपने डिजाइन कार्य और शोध प्रस्तुत किए। निफ्ट भोपाल के सह प्राध्यापक डॉ अनुपम सक्सेना ने बताया कि संस्थान में कपड़ा डिजाइन विभाग फैशन और वस्त्र उद्योग की चुनौतियों का समाधान करने का प्रयास करता है। संस्थान के सह प्राध्यापक डॉ सोमीक हलधर ने कहा कि स्नातक छात्रों के प्रोजेक्ट प्रतिष्ठित कपड़ा मिलों, घर और परिधान निर्यात घरानों, डिजाइनरों, गैर सरकारी संगठनों, हस्तशिल्प विकास निगम और खादी बोर्डों द्वारा प्रायोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही फैशन और लाइफस्टाइल एक्सेसरीज विभाग द्वारा पेश किया जाने वाला एक्सेसरी डिज़ाइन देश में अपनी तरह का एक ही जो छात्रों को पेशेवर बनाने में अहम भूमिका निभाता है। संस्थान की सहायक प्राध्यापक साक्षी कहा कि संस्थान के छात्रों के प्रोजेक्ट और इंटर्नशिप और प्रशिक्षण सुविधाओं के लिए 200 से अधिक उद्योगों के साथ गठजोड़ किया गया है। इसमें भारत एंटरप्राइजेज, निकोबार, हिडिजाइन, कासा डेकोर, टाइटन ज्वेलरी, वॉचेस एंड फैशन एक्सेसरीज, सैमसोनाइट, वी.आई.पी. इंडस्ट्रीज लिमिटेड, मैगपाई एक्सपोर्ट्स, माइकल अराम एक्सपोर्ट्स, ज़ेन डिज़ाइन, कू-से डिजाइन, लिबर्टी शूज लिमिटेड, डोरसेट, ज़ेड-एक्सिस, रेनविक एक्सपोर्ट्स, एबीसी लेदर्स, विवाल्डी आम्रपाली, आरआर इंडस्ट्री, डेमोंटे और अन्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि निफ्ट देश का एक प्रमुख संस्थान है, जिसकी स्थापना वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 1986 में की गई थी। वर्तमान में पूरे देश में 17 पूर्ण परिसर हैं।
~
-
नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश) । नर्मदापुरम की एक अदालत ने 105 करोड़ रुपये मूल्य की 21 किलोग्राम हेरोइन बरामद होने के मामले में गिरफ्तार तीन महिलाओं को शनिवार को स्थानीय अदालत ले 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। अतिरिक्त लोक अभियोजक केशव सिंह चौहान ने बताया कि पूर्वोत्तर के राज्य मिजोरम की रहने वाली तीनों आरोपी महिलाओं को न्यायाधीश जेपी सिंह की विशेष अदालत में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी महिलाओं को तीन दिन पहले इटारसी के एक होटल से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 21 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुआ था। उन्होंने बताया कि तीनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया। गुरुवार को अदालत ने पूछताछ के लिए तीनों महिलाओं को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हिरासत में भेजा था। हिरासत अवधि समाप्त होने पर उन्हें फिर से अदालत में पेश किया गया था।
~ -
नयी दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान की खिड़की में दरार पड़ने के बारे में जानकारी मिलने पर उसे वापस मुंबई ले जाया गया। आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। विमान कंपनी के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘28 मई को स्पाइसजेट के बोइंग 737 विमान को मुंबई से गोरखपुर जाना था। उड़ान के दौरान विमान की खिड़की में दरार के बारे में पता चला।'' प्रवक्ता ने कहा कि पायलट ने विमान को वापस मुंबई ले जाने का फैसला किया। इस बारे में हवाई यातायात नियंत्रक को जानकारी दी गई और विमान को सुरक्षित तरीके से मुंबई हवाई अड्डे पर उतार दिया।
-
आगरा (उप्र) । उत्तर प्रदेश में आगरा के छावनी क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में जूट की बोरी के अंदर लगभग 25 किलोग्राम वजन का इंडियन सोफ्टशेल टर्टल (कछुआ) पाया गया, जिसे वाइल्डलाइफ एसओएस के सदस्यों ने बचाया किया। एसओएस के सदस्य श्रेयस पचौरी ने इस संबंध में शनिवार को बताया कि कछुए को वर्तमान में चिकित्सा निगरानी में रखा गया है और जल्द ही वाइल्डलाइफ एसओएस के पशु चिकित्सकों द्वारा फिट करार दिये जाने पर वापस उसके प्राकृतिक पर्यावास में छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेलवे कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शुक्रवार की शाम को एक अजीब दृश्य देखा कि एक बड़ा सा कछुआ सड़क किनारे जूट की बोरी में बंद था और उसके शरीर के चारों ओर रस्सियां बंधी हुई थीं। उन्होंने बताया कि इस घटना के बारे में वाइल्डलाइफ एसओएस की हेल्पलाइन को तुरंत संपर्क किया गया, जिसके बाद दो-सदस्यीय टीम सहायता के लिए पहुंची और उसने कछुए को बचाया। कछुए की पहचान इंडियन सोफ्टशेल टर्टल के रूप में हुई, जो दक्षिण एशिया के मीठे पानी में पायी जाने वाली प्रजाति है। -
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने मानसून को लेकर खुशखबरी दी है। विभाग के मुताबिक रविवार को केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है। सामान्यतौर पर केरल में मॉनसून 1 जून तक दस्तक देता है, लेकिन इस साल यहां मानसून 3 दिन पहले 29 मई को ही पहुंच चुका है। इसके साथ ही कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इधर, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में हल्की बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्वोत्तर राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। बिहार में भी मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मानसून समय से पहले आ जाएगा। पिछले साल भी मानसून संभावित तिथि से एक दिन पहले आया था। इस बार 2 दिन पहले आने का पूर्वानुमान है। बिहार में 13 से 15 जून के बीच मानसून की तिथि निर्धारित है।
-
नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश के बांदा में युवक ने खुद को अवैध तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। युवक ने मरने से पहले फेसबुक पर अलविदा लिखकर पोस्ट भी डाला है।
सीओ राकेश सिंह ने बताया कि मामला कटरा मोहल्ले का है। बताया जा रहा है कि यहां उसका एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुसाइड नोट में मृतक ने लिखा है-मैं अपनी प्रेमिका से परेशान हो गया हूं। इसलिए सुसाइड कर रहा हूं। मेरी मौत की जिम्मेदार मेरी प्रेमिका है। फिलहाल युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल को खंगाला जा रहा है। सीओ राकेश सिंह ने बताया कि फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि युवक ने सुसाइड एक तरफा प्यार में किया है या उसका सच में ही लड़की से अफेयर था।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले बांदा में एक युवती ने डिप्रेशन में आकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक युवती के चेहरे पर दाने निकलते थे। 10 सालों से कई डॉक्टरों को दिखाने के बाद भी उसकी यह बीमारी ठीक नहीं हुई। इन दानों की वजह से युवती की कई बार शादी भी टूटी और वह डिप्रेशन में रहने लगी। फिर अचानक उसने पंखे से लटककर जान दे दी थी।
- - श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कल श्रीनगर में ऐतिहासिक शालीमार गार्डन के संरक्षण और पुनर्स्थापन की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जे.एस.डब्ल्यू. फाउंडेशन के सहयोग से जम्मू-कश्मीर की वैभवशाली धरोहर को संजोने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। श्री सिन्हा ने कहा कि उनकी सरकार राज्य की प्रगति और समाज के सभी वर्गों के समान विकास के सभी पहलुओं पर काम कर रही है।उप-राज्यपाल ने कहा कि बगीचे कश्मीर घाटी में पर्यटकों का मुख्य आकर्षण हैं और पुष्पकृषि विभाग आठ मुगल बागानों के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष राज्य के मुगल बागानों को विश्व धरोहर में शामिल करने का अनुरोध यूनेस्को से किया गया था जिससे पर्यटन में वृद्धि हुई है। राज्य सरकार ने पिछले वर्ष कश्मीर घाटी में शालीमार और निशात बागानों के संरक्षण के लिए जे.एस.डब्ल्यू. फाउंडेशन के साथ सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर किए थे।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत आदर्श सहकारिता ग्राम की ओर बढ़ रहा है। कल गुजरात की गांधीनगर के महात्मा मंदिर में सहकार से समृद्धि सम्मेलन में उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसे छह गांवों को चिह्नित किया गया है जहां सभी सहकारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रधानमंत्री ने कल गुजरात में कलोल स्थित इफ्को में दुनिया के पहले नैनो तरल यूरिया संयंत्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस संयंत्र से अब एक बोरी यूरिया की क्षमता को एक बोतल में समेट पाना संभव होगा। इससे ढुलाई की लागत कम होगी और छोटे किसानों को फायदा होगा। यूरिया की बोरी की ताकत एक बोतल में समा गई है। यानी नैनो यूरिया की आधा लीटर बोतल किसान की एक बोरी यूरिया की जरूरत को पूरा करेगी। ये जो आधुनिक प्लांट कलोल में लगा है, इसकी कैपेसिटी अभी डेढ़ लाख बोतल के उत्पादन की है। लेकिन आने वाले समय में ऐसे आठ और प्लांट देश में लगने वाले हैं। इससे यूरिया पर विदेशी निर्भरता कम होगी, देश का पैसा भी बचेगा।प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में एनडीए सरकार के गठन के बाद यूरिया पर पूरी तरह से नीम कोटिंग की गई। इससे किसानों के लिए यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना संभव हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना में पांच बंद पड़े उर्वरक कारखानों को भी दोबारा शुरू कर रही है।प्रधानमंत्री ने कहा कि आत्म-निर्भरता से देश की अधिकतर समस्याओं का समाधान हो सकता है और सहकारिता आत्म-निर्भरता का एक शानदार मॉडल है।इस अवसर पर केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि इफ्को के नैनो तरल यूरिया संयंत्र से पृथ्वी और जल दोनों की रक्षा होगी। उन्होंने कहा कि कॉपरेटिव क्षेत्र से जुड़े लोग लंबे समय से एक अलग केंद्रीय मंत्रालय खोले जाने की मांग कर रहे थे और प्रधानमंत्री मोदी ने सहकारिता मंत्रालय की शुरुआत देशभर में सहकारिता क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ही की है। मोदी जी के नेतृत्व में करीब-करीब एक साल पहले एक क्रांतिकारी कदम लिया सहकारिता मंत्रालय की रचना भारत सरकार ने की। ये कदम कहने को तो एक मंत्रालय की रचना का है। मगर देश के करोड़ों किसान और सहकारिता आंदोलन ये सभी कार्यकर्ता जानते हैं कि ये कदम आने वाले 100 साल तक सहकारिता आंदोलन को नया जीवन देने वाला है। उसमें प्राण फूंकने वाला है।इससे पहले, प्रधानमंत्री ने राजकोट के पास अटकोट में मातुश्री केडीपी मल्टी स्पेशिएलिटी अस्पताल का उद्घाटन करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने आठ वर्ष के कार्यकाल के दौरान गरीबों और सुशासन के लिए काम किया है, ताकि सबका साथ, सबका विकास सुनिश्चित हो सके। श्री मोदी ने कहा कि गुजरात में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र लगातार विकसित हो रहा है, जिससे आम जनता को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि जनता के प्रयास जब सरकार के प्रयासों से जुड़ जायें तो जन सेवा की सरकार की क्षमता बढ़ जाती है और केडीपी अस्पताल इसका एक बड़ा उदाहरण है। मातोश्री के.डी.पी. मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल सौराष्ट्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में मदद करेगा। जब सरकार के प्रयास में जनता का प्रयास जुड़ जाता है तो सेवा करने की हमारी शक्ति भी अनेक गुणा बढ़ जाती है। राजकोट में बना यह आधुनिक अस्पताल एक इसका बहुत बड़ा उत्तम उदाहरण है।प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने सबको नि:शुल्क कोविड टीका उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया है और युद्ध काल में मध्य वर्ग के नागरिकों को सरकार ने संकटग्रस्त क्षेत्रों से बाहर निकाला है।श्री मोदी ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के जनता को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। -
हल्दानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री एचआर बहुगुणा ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। घटना के बाद पुलिस उन्हें घायल हालत में सुशीला तिवारी हॉस्पिटल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बहुगुणा ने किन कारणों की वजह से सुसाइड किया, इसकी जांच की जा रही है। बहुगुणा ने अपने घर के पास बने ओवरहेड टैंक पर चढ़कर पुलिस के सामने खुद को गोली मारी। पुलिस के अनुसार, परिवार में विवाद के चलते बहुगुणा आहत थे।
पुलिस के अनुसार बनभूलपुरा थाने के भगत कॉलोनी निवासी पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री व रोडवेज में कार्यरत एचआर बहुगुणा बुधवार की दोपहर करीब एक बजे घर के पास कुछ दूरी पर बने पानी टैंक पर चढ़ गए। काफी देर तक लोग व पुलिसकर्मी उन्हें उतरने के लिए मनाते रहे, मगर वे नहीं माने और कूदने को कहने लगे।
मौके पर पहुंची बनभूलपूरा पुलिस ने काफी समझाया और उन पर दर्ज केस में सही से जांच की बात कही, लेकिन इसी बीच उन्होंने खुद को तमंचे से गोली मार ली। इसके बाद पुलिस उन्हें घायल अवस्था में सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एचआर बहुगुणा पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के कार्यकाल में कांग्रेस में शामिल हुए थे। लंबे समय तक कांग्रेस में रहने के दौरान दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे थे। -
नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने देशभर में सभी स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए संयुक्त परीक्षा के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 मई तक बढ़ा दी है। यूजीसी के अध्यक्ष प्रोफेसर एम जगदीश कुमार ने कहा कि यह निर्णय छात्रों से प्राप्त अनुरोध के बाद लिया गया है। पहले आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 22 मई थी। साढ़े तीन घंटे की कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा दो पारियों में ली जाएगी।
- नई दिल्ली। अदालत ने आय से अधिक संपत्ति मामले में दोषी हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को चार साल की जेल और 50 लाख के जुर्माने की सजा सुनाई है।ओमप्रकाश चौटाला ने अपनी बीमारी व मामले के पुराना होने के नाते सहानुभूति बरतने का आग्रह किया था। वहीं सीबीआई ने कहा था कि भ्रष्टाचार समाज के लिए कैंसर के समान है, भ्रष्टाचार के मामले में कोर्ट ऐसी सजा सुनाए जिससे समाज में मिसाल दी जा सके। वे जमानत के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में अपील कर सकते हैं जहां से उन्हें राहत मिल सकती है।पिता को चार साल की सजा मिलने के बाद उनके बेटे अभय चौटाला ने कहा कि, हम इस फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट जाएंगे। अगले दो दिनों में हम अपने वकील से सलाह करके सोमवार या मंगलवार तक हाईकोर्ट में अपील करेंगे।क्या है मामलासीबीआई द्वारा दायर आरोप पत्र के अनुसार चौटाला 1993 और 2006 के बीच 6.09 करोड़ रुपये (आय के अपने वैध स्रोत से अधिक) की संपत्ति एकत्र करने के लिए जिम्मेदार हैं। मई 2019 में प्रवर्तन निदेशालय ने 3.6 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की थी। चौटाला को जनवरी 2013 में जेबीटी घोटाले में भी दोषी ठहराया गया था। 2008 में चौटाला और 53 अन्य पर 1999 से 2000 तक हरियाणा में 3,206 जूनियर बेसिक प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति के संबंध में आरोप लगाए गए थे। जनवरी 2013 में अदालत ने ओम प्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय सिंह चौटाला को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दस साल के कारावास की सजा सुनाई थी।कौन हैं ओमप्रकाश चौटालाओमप्रकाश चौटाला पांच बार हरियाणा के सीएम बने हैं। दो दिसंबर 1989 को चौटाला पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। वे 22 मई 1990 तक इस पद पर रहे। 12 जुलाई 1990 को चौटाला ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद को शपथ ली थी, जब तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता को दो माह में ही पद से हटा दिया गया था। हालांकि चौटाला को भी पांच दिन बाद ही पद से त्यागपत्र देना पड़ा था। 22 अप्रैल 1991 को तीसरी बार चौटाला ने सीएम पद संभाला। लेकिन दो हफ्ते बाद ही केंद्र सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था। 1993 में उन्होंने नरवाना उपचुनाव जीता। 1996 के लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने हरियाणा लोक दल (राष्ट्रीय) के नाम से नई पार्टी बनाई। 1998 में लोकसभा के मध्यावधि चुनाव में बसपा से गठबंधन कर हरियाणा में पांच लोकसभा सीटें जीती। इसके बाद उनके दल को मान्यता मिली। इसके बाद उनकी पार्टी का नाम बदलकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) कर दिया गया। 24 जुलाई 1999 में चौटाला ने चौथी बार सीएम पद संभाला। दिसंबर 1999 में उन्होंने विधानसभा भंग करवा दी और विधानसभा चुनाव के बाद दो मार्च 2000 को चौटाला पांचवीं बार मुख्यमंत्री बने। उसके बाद चौटाला पूरे पांच साल मुख्यमंत्री रहे।
- जयपुर। राजस्थान के अलवर जिले के उद्योग नगर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल शुक्रवार सुबह एक एनईबी थाना क्षेत्र में नीम के पेड़ से लटका पाया गया।एनईबी थानाधिकारी राजेन्द्र वर्मा ने बताया कि हेड कांस्टेबल ध्रुव सिंह जाट (44) घर से तीन -चार किलोमीटर दूर सड़क किनारे एक नीम के पेड़ से लटका पाया गया। वर्मा ने बताया कि उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों से पूछताछ से पता चला कि मृतक गुरुवार को सरकारी काम से जयपुर जाने की बात कहकर घर से गया था। उन्होंने कहा कि परिजनों ने किसी पर कोई संदेह जाहिर नहीं किया है। उन्होंने बताया कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया । इस संबंध में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मृग दर्ज की गई हैं। (प्रतीकात्मक फोटो)
- लेह/नयी दिल्ली। सैनिकों को ले जा रहा एक वाहन शुक्रवार को लद्दाख में सड़क से फिसल कर श्योक नदी में गिर गया, जिसमें सात सैनिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गये। थल सेना के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लेह जिले के नुब्रा क्षेत्र में थोइसे से करीब 25 किमी दूर स्थित तुकतुक सेक्टर में सुबह करीब नौ बजे यह दुर्घटना हुई। अधिकारी ने बताया कि 26 सैनिकों के एक दल को लेकर वाहन परतापुर ट्रांजिट कैम्प से हनीफ सब-सेक्टर में स्थित एक अग्रिम स्थान पर जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि तेजी से बचाव अभियान चलाया गया और सभी सैनिकों को परतापुर स्थित सेना के अस्पताल में पहुंचाया गया। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अब तक सात सैनिकों को मृत घोषित किया गया है। अन्य को गंभीर चोटें भी आई हैं। घायलों की सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे हैं, जिसमें अधिक गंभीर रूप से घायलों को वायुसेना की मदद से पश्चिमी कमान ले जाना भी शामिल है।’’
- नयी दिल्ली। ) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला को धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए 31 मई को दिल्ली तलब किया है। सरकारी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। माना जाता है कि यह पूछताछ जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) में कथित वित्तीय अनिमियतता के मामले में की जाएगी। संघीय एजेंसी इस मामले की जांच कर रही है।यह समन धनशोधन रोकथाम कानून (एपीएमएलए) के तहत जारी किया गया है और अब्दुल्ला को 31 मई को ईडी के दिल्ली स्थित मुख्यालय में तलब किया गया है।ईडी ने इस मामले में 2020 में अब्दुल्ला की 11.86 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी।नेशनल कॉन्फ्रेंस के 84 वर्षीय संरक्षक से ईडी इस मामले में कई बार पूछताछ कर चुकी है।ईडी ने आरोप लगाया था कि अब्दुल्ला ने अतीत में जेकेसीए के अध्यक्ष के रूप में अपने पद का "दुरुपयोग" किया था और खेल संस्था में इस तरह से नियुक्तियां की थी जिससे बीसीसीआई प्रायोजित कोषों का दुरुपयोग किया जा सके।
-
नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत, दुनिया में ड्रोन प्रौद्योगिकी का प्रमुख केन्द्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में देश के सबसे बड़े भारत ड्रोन महोत्सव-2022 का उद्घाटन करते हुए श्री मोदी ने कहा कि देश में ड्रोन प्रौद्योगिकी का प्रमुख केन्द्र बनने की अपार क्षमता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यह तकनीक कृषि, रक्षा, प्राकृतिक आपदा प्रबंधन स्वास्थ्य और भूमि मैपिंग जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रौद्योगिकी के महत्व का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसकी मदद से अन्त्योदय के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने ड्रोन प्रौद्योगिकी को कारगर बताते हुए कहा कि यह तकनीक सेवा प्रदान करने और लोगों के जीवन को सुगम बनाने में भी सक्षम है। श्री मोदी ने कहा कि ड्रोन प्रौद्योगिकी से कृषि क्षेत्र में क्रांति आएगी और इससे छोटे किसान काफी लाभान्वित होंगे। ड्रोन उद्योग के फलने-फूलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। श्री मोदी ने कहा कि ड्रोन तकनीक को लेकर देश में बड़ा उत्साह दिखाई दे रहा है। श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने ड्रोन की मदद से केदारनाथ पुनर्विकास परियोजना की समीक्षा भी की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केन्द्र न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन के मार्ग पर चलकर लोगों के जीवन और व्यापार को सुगम बनाने पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी ने अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र के तहत सरकार ने आम नागरिकों के कल्याण के लिए तकनीक का इस्तेमाल एक सेतु के रूप में किया है।श्री मोदी ने कहा कि ड्रोन जैसा एक स्मार्ट उपकरण जल्द ही हर नागरिक के जीवन का हिस्सा बनने जा रहा है। यह कृषि, रक्षा, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवा सहित सभी क्षेत्रों में सामग्री को गुणवत्ता परक बनाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि ड्रोन किसानों के जीवन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाने जा रहे हैं, जिसका एक बेहतरीन उदाहरण स्वामित्व योजना है। ड्रोन के जरिए पहली बार देश के गांवों में हर संपत्ति की डिजिटल मैपिंग की जा रही है। इससे मानवीय हस्तक्षेप कम हुआ है और कामकाज में पारदर्शिता आई है। अब तक 65 हजार संपत्ति कार्ड जारी किए जा चुके हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रोन से किसानों को खेती के आधुनिक तरीके अपनाने और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य सेवा में सुधार लाने में ड्रोन महत्वपूर्ण होंगे।नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस अवसर पर कहा कि वर्ष 2026 तक ड्रोन उद्योग का करोबार 15 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। देश में इस समय 270 ड्रोन स्टार्ट-अप हैं।ड्रोन महोत्सव में प्रधानमंत्री ने पांच किसान ड्रोन संचालकों के साथ बातचीत की। उन्होंने खुले आसमान में ड्रोन प्रदर्शन का अवलोकन भी किया।इस अवसर पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई केंद्रीय मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।दो दिन के महोत्सव में उद्योग जगत की कई हस्तियां, सरकारी अधिकारी, विदेशी राजनयिक, सार्वजनिक उपक्रमों और निजी कंपनियों के प्रतिनिधि तथा स्टार्टअप सहित एक हजार छह सौ से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इसमें भारतीय विमानन क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर मंत्रणा होगी। - नोएडा (उप्र) .नोएडा में दादरी थाने की पुलिस ने नकली नमक बनाने के धंधे का पर्दाफाश किया है एवं इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 20,400 नकली रैपर,20,400 किलो ग्राम नकली टाटा नमक एवं 800 थैले लोकल नमक आदि बरामद किया है। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस को टाटा कंपनी के अधिकारियों ने सूचना दी थी कि उनकी कंपनी के नाम से नकली नमक बनाया जा रहा है जिसके आधार पर पुलिस ने कस्बा दादरी में छापेमारी की। कुमार के अनुसार छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से 20,400 किलो नकली टाटा नमक, 800 थैले लोकल नमक, 25 हजार टाटा नमक की खाली रैपर, चार बैटरी, एक सिलाई मशीन, एक पैकिंग की मशीन, एक वजन करने वाली मशीन तथा इस फैक्ट्री से नकली नमक की आपूर्ति में प्रयोग होने वाला एक ट्रक बरामद किया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग टाटा कंपनी के नाम से नकली नमक बनाकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बेचते हैं।
-
फेसबुक 26 जुलाई से नयी निजता नीति लागू करेगी
नयी दिल्ली. सोशल मीडिया कंपनी मेटा (पूर्व में फेसबुक) ने उपयोगकर्ताओं को नयी निजता नीति के बारे में ‘नोटिफिकेशन' भेजना शुरू कर दिया है। कंपनी नयी निजता नीति 26 जुलाई से लागू करेगी। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मेटा ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि उसने अपनी निजता नीति को फिर से तैयार किया, ताकि यह समझना और आसान हो सके कि वह उपयोगकर्ताओं की जानकारी का इस्तेमाल कैसे करती है। मेटा ने कहा, ‘‘फेसबुक, इंस्टाग्राम और मैसेंजर पर लोगों को आज से मिलने वाली सूचनाएं उन्हें इस बारे में जानकारी देंगी कि उनके क्षेत्र में प्रासंगिक निजता नीति और सेवा शर्तें क्या हैं। वे सारांश के रूप में भी यह देख सकेंगे कि क्या अंतर आया है। ये अपडेट 26 जुलाई से प्रभावी होगा और लोगों को हमारे उत्पादों का उपयोग जारी रखने के लिए इस तिथि तक इस अधिसूचना पर कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है।'' मेटा ‘सेवा की शर्तों' को भी अपडेट कर रही है, ताकि उसके मंच का उपयोग करने वालों को उसकी अपेक्षाओं को स्पष्ट किया जा सके। मेटा ने कहा, ‘‘नयी मेटा निजता नीति में फेसबुक, इंस्टाग्राम, मैसेंजर और अन्य मेटा उत्पाद शामिल हैं। इसमें व्हॉट्सएप, वर्कप्लेस, फ्री बेसिक्स, मैसेंजर किड्स या फेसबुक खाते के बिना क्वेस्ट डिवाइस का उपयोग शामिल नहीं हैं। इनकी अपनी निजता नीति है।' - नयी दिल्ली. केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने बृहस्पतिवार को कहा कि पौध आधारित खाद्य उद्योग के विकास को गति देने के लिए नियमों की अनुपालन आवश्यकताओं को कम करने के साथ-साथ ब्रांडिंग और प्रोत्साहन दिये जाने पर ध्यान देने की जरूरत है। यह उद्योग अभी अपनी शुरुआती अवस्था में है। मंत्री ने प्लांट बेस्ड फूड्स इंडस्ट्री एसोसिएशन (पीबीएफआईए) और गुड फूड इंस्टिट्यूट इंडिया (जीएफआई इंडिया) द्वारा आयोजित पहले पौध आधारित खाद्य सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। पीबीएफआईए द्वारा जारी बयान के अनुसार, पटेल ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थों का समर्थन करते हैं। हालांकि, मंत्री ने यह भी कहा कि जब भोजन की बात आती है तो हर कोई अपनी पसंद चुनने के लिए स्वतंत्र होता है। पटेल ने इस उद्योग को कम अनुपालन आवश्यकताओं के साथ-साथ अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से विकसित करने की जरूरत पर बल दिया। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपिडा) के सचिव सुधांशु ने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि पादप खाद्य कारोबार उल्लेखनीय वृद्धि की राह पर है। हाल के बरसों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के साथ भारत में यह उद्योग आगे बढ़ रहा है।'' पीबीएफआईए के कार्यकारी निदेशक संजय सेठी ने कहा, ‘‘हर कोई भारत में हमारे पौध-आधारित खाद्य व्यवसाय में निवेश करना चाहता है क्योंकि वे देखते हैं कि यह राष्ट्रीय और विश्वव्यापी बाजारों में कितना महत्वपूर्ण होता जा रहा है और मूल्य में कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है।'' इस सम्मेलन में 30 से अधिक स्टार्टअप ने अपने उत्पादों को प्रदर्शित किया।





















.jpg)




.jpeg)

