- Home
- देश
-
नई दिल्ली। सरकार, देश के सौ शहरों के लिए स्वदेशी ऑनलाइन ई- कॉमर्स नेटवर्क शुरू करने की योजना बना रही है। इसका उद्देश्य किराना स्टोर और उपभोक्ताओं को अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे बहुराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म का विकल्प उपलब्ध कराना है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कल कहा कि इस ई-कॉमर्स नेटवर्क का फिलहाल परीक्षण किया जा रहा है। अपने ट्वीट संदेश में उन्होंने कहा कि यह यू.पी.आई. के बाद एक और महत्वपूर्ण आर्थिक निर्णय सिद्ध होगा, जिसमें पारदर्शिता के साथ बहुत सारे विकल्प होंगे।
उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग में अपर सचिव अनिल अग्रवाल ने बताया कि यह एक बहुत बड़ी परियोजना है और परीक्षण की सफलता के बाद इसकी शुरूआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में सौ शहरों में यह सेवा शुरू हो जाएगी। फिलहाल इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के लिए दिल्ली, कोयम्बतूर, भोपाल और शिलंग में परीक्षण चल रहा है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल शाम अपने आवास पर सिख प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को सम्बोधित करते हुए देश के विकास में सिख समुदाय की भूमिका और प्रयासों की सराहना की। श्री मोदी ने कहा कि दूसरे देशों के साथ भारत के संबंध मजबूत करने में सिख समुदाय की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं ने शौर्य की शिक्षा दी है और लोगों में सेवा की भावना जगाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव जी ने राष्ट्रीय चेतना की अलख जगाने का काम किया और देश को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का मार्ग प्रशस्त किया। श्री मोदी ने कहा कि वास्तविक अर्थों में, सिख परम्परा 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' का जीवंत उदाहरण है।
प्रधानमंत्री ने सिख धर्मस्थलों तक आवाजाही की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयासों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज लाखों श्रद्धालु करतारपुर साहिब गलियारे से जुड़े गुरुद्वारों में अरदास कर पा रहे हैं।
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। प्रतिनिधि मंडल में समाज के विभिन्न वर्गों के सदस्य उपस्थित थे।इस अवसर पर सोनी पिक्चर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एन.पी. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा लोगों को प्रेरित करते हैं। पंजाब साहित्य अकादमी की अध्यक्ष डॉक्टर सरबजीत कौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिख समुदाय के लिए कई कदम उठाए हैं। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार न्यायिक प्रणाली में प्रौद्योगिकी की संभावनाओं को डिजिटल इंडिया मिशन का एक अनिवार्य हिस्सा मानती है। उन्होंने कहा कि देश में ई-कोर्ट परियोजना को मिशन के रूप में लागू किया जा रहा है।
नई दिल्ली में आयोजित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के संयुक्त सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यायपालिका संविधान की संरक्षक है और विधायिका नागरिकों की आंकाक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने कहा कि इन दो संवैधानिक संस्थाओं का संतुलन देश में प्रभावी और समयबद्ध न्यायिक व्यवस्था का रोड़मैप तैयार करेगा। भारत के प्रधान न्यायाधीश एन वी रमणा, विधि और न्याय मंत्री किरेन रिजीजू, कई राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री सम्मेलन में मौजूद थे।
यह सम्मेलन सहज और सुविधाजनक तरीके से न्याय उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित करने और न्याय प्रणाली के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों पर काबू पाने के आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श का एक अवसर है। इसके पहले यह सम्मेलन 2016 में आयोजित किया गया था। सरकार ने ई-कोर्ट मिशन मोड प्रोजेक्ट के तहत व्यवस्था को बेहतर बनाने और न्यायिक प्रक्रियाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के कई उपाय किए हैं।
-
नयी दिल्ली। प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) एन वी रमण ने उच्च न्यायालय में रिक्तियों के मुद्दे को शुक्रवार को रेखांकित किया और सभी 25 उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों से इन पदों के लिए नाम शीघ्र भेजने का अनुरोध किया।न्यायमूर्ति रमण ने यहां 39वें मुख्य न्यायाधीश सम्मेलन के उद्घाटन के दौरान यह अनुरोध किया। यह सम्मेलन छह वर्ष बाद हुआ है। इसमें सीजेआई ने बैठक के उद्देश्य की जानकारी दी और कहा कि, ‘‘आज के सम्मेलन का मकसद चर्चा करना और उन समस्याओं की पहचान करना है जो न्याय के प्रशासन को प्रभावित कर रही हैं।’’
उन्होंने कहा कि छह वर्ष पहले हुए मुख्य न्यायाधीश (सीजे) सम्मेलन में जो प्रस्ताव पारित हुए थे उनके क्रियान्वयन में हुई प्रगति को देखने के अलावा बैठक में न्यायपालिका से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी, जिनमें उच्च न्यायालयों में न्यायाधीशों की नियुक्तियों से लेकर नेटवर्क को मजबूत करने और देश भर की सभी अदालत परिसरों में संपर्क बढ़ाना शामिल है।न्यायमूर्ति रमण ने कहा, ‘‘मैं रिक्तियों का मुद्दा उठाना चाहूंगा। आप याद कर सकते हैं कि मेरी आपसे पहली चर्चा में रिक्तियों को भरने पर बात हुई थी। मैंने आप सभी से पहली ऑनलाइन बातचीत के दौरान अनुरोध किया था कि आप उच्च न्यायालयों में पदस्थापन के लिए नामों की अनुशंसा करने में तेजी लाएं, जिसमें सामाजिक विविधता पर जोर हो....।’’उन्होंने अपने उद्घाटन भाषण में कहा, ‘‘ मैं उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीशों से अनुरोध करता हूं, जहां अभी भी रिक्तियां हैं, कि वे पदस्थापन के लिए शीघ्रता से नाम भेंजे।’’
न्यायमूर्ति रमण ने कहा, ‘‘ हमारे सम्मिलित प्रयासों से हम एक वर्ष से कम वक्त में विभिन्न उच्च न्यायालयों में 126 रिक्तियों को भर सके। हमें 50 और नियुक्तियां होने की उम्मीद है। ये उपलब्धि आपके पूरे सहयोग और संस्था के प्रति प्रतिबद्धता के कारण ही हासिल हुई है।
इस सम्मेलन में भारत भर में न्यायालय परिसरों में आईटी बुनियादी ढांचे और संपर्क को मजबूत करने के मुद्दे पर चर्चा होगी। बैठक में मानव संसाधन, कार्मिक नीति और जिला अदालतों की जरूरतों के मुद्दे पर भी चर्चा की जाएगी। इसमें शीर्ष अदालत के दो वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति उदय उमेश ललित और न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर भाग ले रहे हैं। -
बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत एक मजबूत अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है और देश में अर्ध-चालकों (सेमी-कंडक्टर) की खपत 2030 तक 110 अरब अमरीकी डॉलर को पार करने की उम्मीद है और यह दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ता स्टार्ट-अप ‘इको-सिस्टम’ है।उन्होंने कहा कि भारत अगली प्रौद्योगिकी क्रांति का नेतृत्व करने के लिए तैयार है और अन्य चीजों के साथ ही 5जी में क्षमताओं को विकसित करने में निवेश किया जा रहा है।
यहां सेमीकॉन इंडिया-2022 सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हम भारत के लिए अगली प्रौद्योगिकी क्रांति का नेतृत्व करने का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। हम छह लाख गांवों को ब्रॉडबैंड से जोड़ने की राह पर हैं। हम 5जी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों में क्षमताओं के विकास में निवेश कर रहे हैं।”उन्होंने कहा, “भारत में अर्धचालकों की खपत 2026 तक 80 अरब डॉलर और 2030 तक 110 अरब डॉलर को पार करने की उम्मीद है।” देश के आर्थिक स्वास्थ्य के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इको-सिस्टम के साथ मजबूत आर्थिक विकास की ओर अग्रसर है, जहां हर कुछ हफ्तों में नए यूनिकॉर्न (एक अरब डॉलर वाला स्टार्टअप) सामने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योग जगत से भारत को वैश्विक सेमी-कंडक्टर आपूर्ति श्रृंखलाओं में प्रमुख भागीदारों में से एक के रूप में स्थापित करने और हाई-टेक, उच्च गुणवत्ता और उच्च विश्वसनीयता के सिद्धांत के आधार पर इस दिशा में काम करने का आह्वान किया।
भारत के सेमी-कंडक्टर प्रौद्योगिकियों के लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य बनने के कारणों का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हम 1.3 अरब से अधिक भारतीयों को जोड़ने के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रहे हैं और यूपीआई आज भुगतान के लिये दुनिया का सबसे कुशल बुनियादी ढांचा है।”मोदी ने यह भी कहा कि देश स्वास्थ्य और कल्याण से लेकर समावेश और सशक्तिकरण तक शासन के सभी क्षेत्रों में जीवन को बदलने के लिए डिजिटल तकनीक का उपयोग कर रहा है।प्रधानमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि देश 21वीं सदी की जरूरतों के लिए युवा भारतीयों के कौशल और प्रशिक्षण में भारी निवेश कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमारे पास एक असाधारण अर्धचालक डिजाइन प्रतिभा पूल है जो दुनिया के अर्धचालक डिजाइन इंजीनियर का 20 प्रतिशत है।” -
चेन्नई। तमिलनाडु के चेन्नई में तीन विमान यात्रियों के पास से 1.46 करोड़ रुपये मूल्य का इलेक्ट्रॉनिक सामान और करीब तीन किलोग्राम सोना बरामद किया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सीमा शुल्क विभाग ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ये यात्री एक खाड़ी देश से आये थे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि विशिष्ट सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विभाग के अधिकारियों ने दुबई से अलग-अलग आए तीन यात्रियों को रोक लिया और उनसे यह खेप बरामद कर ली। सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की संबंधित धाराओं के तहत यात्रियों से 1.46 करोड़ रुपये मूल्य की शराब की बोतलें, लैपटॉप, आईफोन, सिगरेट के डिब्बे बरामद किये गये। इसके अलावा एक पुराने एम्पलीफायर के ट्रांसफॉर्मर में छिपाकर रखा गया करीब तीन किग्रा सोना जब्त किया गया। यात्रियों को गिरफ्तार करके मामले की जांच की जा रही है।
-
बाड़मेर। राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर जिले के ग्रामीण इलाके में एक पत्नी ने कथित रूप से अपनी प्रेमी और अन्य लोगों के साथ मिलकर पति को पीट-पीट कर मार डाला। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि घटना के समय पति-पत्नी और कुछ अन्य लोग एक शराब पार्टी में शामिल थे। आरोपी अधमरी हालत में युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती करवाने के बाद फरार हो गए। इस बीच अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि मृतक कालबेलिया समुदाय से है और गाने-बजाने का काम करता था।
ग्रामीण थानाधिकारी परबतसिंह ने घटना की पुष्ठि की। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त भाचभर निवासी अर्जन (22) के रूप में की है।
थानाधिकारी ने बताया कि घटना बुधवार रात की है जब अर्जन पत्नी राजकी, मामी अणसी, तीन भाइयों सवाईराम, मदन व जेठाराम के साथ बाड़मेर शहर से कुछ दूर शराब पार्टी कर रहा था। इस दौरान मृतक ने पत्नी के अवैध संबंधों को लेकर एतराज जताया, जिस पर उसकी पत्नी ने नाराजगी जाहिर की और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद सब आरोपियों मिलकर अर्जन को लाठियों और डंडों से मारना शुरू किया। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि उसके भाई की बेहरमी पिटाई करने के बाद आरोपी उसे अधमरी हालत में बाड़मेर के जिला अस्पताल में भर्ती करवाकर फरार हो गए, इस बीच डॉक्टरों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि उसके भाई की पत्नी के मदन और जेठाराम से अवैध संबध थे, जिससे उसका भाई नाराज रहता था। उसने आरोप लगाया कि उसके भाई की पत्नी अपने प्रेमियों के साथ संबध रखना चाहती थी और इसी कारण उसने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर उसके भाई को मार डाला थानाधिकारी ने बताया कि मृतक की पत्नी सहित कुल 6 आरोपियों के खिलाफ भादसं की धारा 302 और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि अवैध संबंधों के चलते हत्या का मामला भी दर्ज किया गया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। उन्होनें कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता लग पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -
नयी दिल्ली। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में इस शनिवार 'गार्ड अदला-बदली' समारोह का आयोजन नहीं होगा। यह जानकारी राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी एक बयान में दी गयी।
बयान में कहा गया है, ''राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में इस शनिवार (30 अप्रैल, 2022) 'गार्ड अदला-बदली' समारोह का आयोजन नहीं होगा। '' -
हजारीबाग ।झारखंड के हजारीबाग जिले में गिरफ्तार नक्सली के कोर्रा थाने की हाजत के शौचालय में फांसी पर लटकते पाये जाने के मामले में एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और मामले की न्यायिक तथा सीआईडी जांच प्रारंभ कर दी गयी है। पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी । हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने बताया कि 25 और 26 अप्रैल की मध्य रात्रि को पीएलएफआई का नक्सली नन्द किशोर महतो गिरफ्तार किया गया और उसे कोर्रा थाने में हिरासत में रखा गया था, जहां उसे सुबह हाजत के शौचालय में फांसी से लटकता पाया गया था । चौथे ने बताया कि इसके बाद प्रारंभिक जांच के बाद हाजत की अभिरक्षा में लगे एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक समेत पांच पुलिस कर्मियों को कत्र्तव्य में लापरवाही के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले की सीआईडी जांच भी प्रारंभ कर दी गयी है, जबकि दूसरी ओर पुलिस प्रशासन के अनुरोध पर हजारीबाग के जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यप्रकाश सिन्हा ने मामले की न्यायिक जांच के लिए प्रथम श्रेणी के एक न्यायिक मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी सौंप दी है।
-
नयी दिल्ली। प्रख्यात कलाकारों से आवास खाली कराने की कार्रवाई को लेकर आलोचना के बीच, केंद्र ने गुरुवार को कहा कि उन्हें कुछ शर्तों के अधीन तीन साल के लिए सरकारी आवास दिये गए थे जिसमें कुछ समय के बाद उसकी समीक्षा भी शामिल थी। संपदा निदेशालय ने कहा कि उसने अभी तक सरकारी आवास खाली नहीं करने वाले कलाकारों से कहा है कि वे दो मई तक उन्हें खाली कर दें तथा ऐसा नहीं करने पर उन्हें आवास से बेदखल करने की कार्रवाई फिर से शुरू की जाएगी। उसने कहा कि ऐसे 27 आवंटन थे, जिनमें से 15 कलाकार पहले ही आवास खाली कर चुके हंै। सरकार के एक बयान में कहा गया है, ''आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने 12 सितंबर, 1985 को आवास संबंधी कैबिनेट समिति (सीसीए) द्वारा लिए गए निर्णय के आधार पर प्रतिष्ठित कलाकारों की श्रेणी के तहत सरकारी आवास के आवंटन के लिए 24 अक्टूबर 1985 को दिशा निर्देश जारी किए थे। यह कुछ शर्तों के तहत था, जिसमें यह भी शामिल था कि 'आवंटन की अवधि तीन साल के लिए होगी और तीन साल में एक बार आवंटन की समीक्षा की जाएगी।'' उसने कहा कि तब से, उन्हें आवंटन किया जा रहा है और सीसीए ने 31 जुलाई, 2014 तक उन्हें आवास रखने की अनुमति दी। मंत्रालय ने कहा, ''इसके बाद, सीसीए ने 1 अगस्त 2014 से 30 सितंबर, 2020 तक उनके अनधिकृत कब्जे की अवधि को नियमित कर दिया और वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए 31 दिसंबर तक तीन महीने का और समय दिया।'' हालांकि, इसने कहा कि कलाकारों ने पिछले साल दिल्ली उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की थी।
---- -
नयी दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि वंदे भारत ट्रेन के उपकरणों की डिलीवरी में यूक्रेन के उत्पादक की ओर से देर हुयी है। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि उपकरणों की समय से आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विकल्प तलाशे जा रहे हैं। उन्होंने एक प्रेस वार्ता में कहा, "कुछ उपकरण यूक्रेन में बनते हैं। डिलीवरी के तय समय पर कुछ असर पड़ा है। हम विकल्पों की तलाश कर रहे हैं ताकि समय पर डिलीवरी हो सके।" उनसे सवाल किया गया था कि क्या रूस-यूक्रेन युद्ध से उपकरणों की आपूर्ति में देरी हुई है। बागची ने कहा, " इसका ब्योरा रेल मंत्रालय के पास है। लेकिन हम यह सुनिश्चित करने के लिए समन्वय कर रहे हैं कि हमें जल्द से जल्द उपकरणों की आपूर्ति हो सके।'' file photo
-
पटना। बिहार राज्य निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की एक टीम ने गुरुवार को जहानाबाद जिले के घोसी थाना में सहायक अवर निरीक्षक के पद पर कार्यरत उपेन्द्र प्रसाद मेहता को दस हजार रूपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया । ब्यूरो ने इसकी जानकारी दी । पटना स्थित ब्यूरो मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जहानाबाद जिले के घोसी थाने के महमदपुर गांव निवासी और परिवादी मणिभूषण कुमार ने 25 अप्रैल को शिकायत दी थी कि आरोपी मेहता द्वारा एक कांड में केस डायरी में मोबाइल का कॉल डिटेल अंकित करने के लिए रिश्वत की मांग की जा रही है। मणिभूषण की शिकायत के सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगा जाना साबित हो गया । पुलिस उपाधीक्षक सुरेन्द्र कुमार मौआर के नेतृत्व में ब्यूरो की एक टीम ने अआरोपी मेहता को 10 हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया । (REPRESENTATIONAL IMAGE)
-
पटना। बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने बुधवार को बताया कि 105 करोड़ रूपये की लागत से बने देश के पहले ग्रीनफील्ड ग्रेन आधारित इथेनॉल प्लांट का शुभारंभ बिहार के पूर्णियां जिले के परोरा में 30 अप्रैल को किया जायेगा जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे । हुसैन ने बताया कि केंद्र और राज्य की इथेनॉल पॉलिसी 2021 के बाद, ग्रीनफील्ड ग्रेन आधारित देश का पहला इथेनॉल प्लांट होगा । मंत्री ने कहा इस इथेनॉल प्लांट की उत्पादन क्षमता 65 हजार लीटर प्रतिदिन है, इसके साथ ही इस प्लांट से प्रतिदिन 27 टन डीडीजीएस यानी एनीमल फीड बनाने के लिए जरूरी पोषक तत्व का उत्पादन बायप्रोडक्ट के रुप में होगा। उन्होंने कहा कि बिहार इथेनॉल उत्पादन प्रोत्साहन नीति 2021 के तहत बिहार में पहले चरण में 17 इथेनॉल उत्पादन ईकाईयां स्थापित हो रही हैं। इनमें से चार बनकर तैयार हैं।
-
बलिया (उत्तर प्रदेश)। जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के नारायनपाली गांव के पास स्कूल बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को गड़वार थाना क्षेत्र के नारायनपाली गांव के पास तेज रफ्तार स्कूल बस ने मोटरसाइकिल से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अमरनाथ दुबे (44) और अभय नारायण प्रजापति (31) गम्भीर रूप से घायल हो गये। पुलिस दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के समय दोनों जिला मुख्यालय से अपने घर नारायनपाली जा रहे थे।
-
नयी दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर क्षेत्र में बेचने के इरादे से बारहसिंगा के सींग रखने के आरोप में 23 वर्षीय एक युवती को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से बारहसिंगे के तीन किलोग्राम सींग बरामद किये गए जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत डेढ़ करोड़ रुपये के आसपास है। पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान छोटी उर्फ फातिमा के रूप में की गई है जो अरुणा नगर, मजनू का टीला की रहने वाली है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने कहा कि गुरुवार को सूचना मिली कि एक महिला तिमारपुर बीडी एस्टेट के पास बारहसिंगे के सींग की आपूर्ति कर रही है। पुलिस ने वन एवं वन्यजीव विभाग के एक अधिकारी के साथ बीडी एस्टेट तिमारपुर के गेट के पास छापेमारी की और युवती को गिरफ्तार कर लिया।
-
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के वर्धा, अकोला, चन्द्रपुर और यवतमाल जिलों में कल और परसों के लिए ऑरेंज एलर्ट जारी किया है, जो भीषण गर्मी का संकेत देता है। मौसम विभाग ने कहा है कि भीषण गर्मी के प्रभाव के कारण अधिक तापमान और लोगों में गर्मी से संबंधित बीमारियों का बढ़ना शामिल है। इसके अलावा संवेदनशील शिशुओं, वरिष्ठ नागरिकों और लंबी बीमारियों से ग्रसित लोग भी इससे प्रभावित हो सकते हैं।
(REPRESENTATIONAL IMAGE) -
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल कोविड के लगभग एक हजार पांच सौ नये संक्रमितों की पहचान हुई। शहर में रोगियों की यह संख्या इस वर्ष पांच फरवरी के बाद सबसे अधिक है। इसके साथ ही दिल्ली में कोविड के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 5 हजार 250 हो गयी है, जो दस फरवरी के बाद से सबसे अधिक है। दिल्ली में कोविड की वर्तमान संक्रमण दर 4.62 प्रतिशत हो गयी है। दिल्ली में कल एक हजार 70 मरीज स्वस्थ हुए इसके साथ ही अब तक कोरोना से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 18 लाख 48 हजार पांच सौ 26 हो गयी। कोविड संक्रमण के कारण बीमार दो व्यक्तियों की मृत्यु भी हुई है, इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में इस महामारी के कारण अब तक 26 हजार 172 लोगों की मौत हो चुकी है।
- नयी दिल्ली. डाक विभाग से ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) की सदस्यता ली जा सकती है। एक आधिकारिक बयान में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई। डाक विभाग द्वारा (डीओपी) राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस-सभी नागरिक मॉडल योजना) उपलब्ध कराई जाती है। यह भारत सरकार की एक स्वैच्छिक पेंशन योजना है, जिसका प्रबंधन पेंशन कोष नियामक और विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) द्वारा 2010 से अपने नामित डाकघरों के माध्यम से किया जाता है। बयान में कहा गया, ‘‘डाक विभाग ने अब 26 अप्रैल, 2022 से ऑनलाइन माध्यम से एनपीएस की सदस्यता प्रदान करनी शुरू की है।'' अब 18-70 वर्ष के आयु वर्ग के भारतीय नागरिक डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ‘राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली-ऑनलाइन सेवाएं' खंड में जाकर ऑनलाइन सुविधा का लाभ ले सकते हैं।'' बयान में कहा गया है, ‘‘एनपीएस ऑनलाइन के तहत ग्राहकों को नए पंजीकरण, शुरुआती/बाद के योगदान और एसआईपी विकल्प जैसी सुविधाएं न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध हैं।'' डाक विभाग का दावा है कि उसका एनपीएस सेवा शुल्क सबसे कम है।
- नयी दिल्ली. साइबर सुरक्षा के लिये काम करने वाली कंप्यूटर इमरजेंसी रेस्पॉन्स टीम (सीईआरटी-इन) ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं, सोशल मीडिया मंचों समेत सभी सरकारी और निजी एजेंसियों से साइबर सुरक्षा में किसी भी प्रकार के सेंध के बारे में सूचना मिलने के छह घंटे के भीतर इसकी जानकारी देने को कहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन आने वाली सीईआरटी-इन ने एक परिपत्र में सभी सेवाप्रदाताओं, मध्यस्थों, डेटा केंद्रों, कंपनियों और सरकारी संगठनों को अपनी सभी सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) प्रणालियों से संबंधित रिकॉर्ड (लॉग) को अनिवार्य रूप से बनाये रखने के लिये कहा गया है। इसे 180 दिनों के लिये सुरक्षित और भारतीय अधिकार क्षेत्र में बनाये रखना होगा। किसी भी प्रकार की घटना के बारे में सूचना सीईआरटी को दी जानी चाहिए। या जब भी कंप्यूटर इमरजेंसी रेस्पॉन्स टीम का निर्देश हो, रिकॉर्ड उसे उपलब्ध कराने की जरूरत होगी। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने ट्विटर पर लिखा है कि इस कदम से साइबर अपराध से प्रभावी तरीके से निपटने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी कंपनियों और उपक्रमों से साइबर सुरक्षा में सेंध के बारे में जानकारी अनिवार्य रूप से सीईआरटी को देने को कहा। सीईआरटी-इन को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 70बी के तहत साइबर सुरक्षा घटनाओं पर जानकारी एकत्र करने, विश्लेषण करने और प्रसारित करने का अधिकार है। एजेंसी ने कहा कि साइबर घटनाओं से निपटने और विभिन्न पक्षों से बातचीत के दौरान कुछ कमी की पहचान की गयी है। यह साइबर सुरक्षा मामलों के विश्लेषण में बाधा उत्पन्न करते हैं। उसने कहा कि कमियों को दूर करने के लिये सीईआरटी-इन ने सूचना सुरक्षा गतिविधियों, प्रक्रिया, रोकथाम और सूचना देने से संबंधित निर्देश जारी किए हैं। ये निर्देश 60 दिन बाद प्रभावी होंगे।
- गुरूग्राम . गुरुग्राम पुलिस ने बृहस्पतिवार को वसूली वैन लूट के मामले में आठ लाख रुपये और बरामद किये हैं जिसे मिला कर, अब तक इस मामले में 78.4 लाख रुपये बरामद किये जा चुके हैं । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने 96.32 लाख रुपये से अधिक की नकदी, संग्रह वैन से कथित रूप से लूटने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने पहले उनसे 70.5 लाख रुपये से अधिक की बरामदगी की थी । पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को समाप्त चार दिवसीय पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस ने उनके पास से दो कारें, एक मोबाइल फोन, एक कार की नकली नंबर प्लेट और एक नकली पंजीकरण प्रमाण पत्र भी बरामद किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बृहस्पतिवार को सभी छह आरोपियों को शहर की एक अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया । उन्होंने बताया कि सातवां आरोपी अब भी फरार है। उल्लेखनीय है कि 18 अप्रैल को दोपहर 1.45 बजे के करीब, पांच लोगों ने दिल्ली के झंडेवालान में स्थित नगदी संग्रह कंपनी ‘‘मेसर्स एस एंड आईबी प्राइवेट लिमिटेड'' की एक कैश वैन से 96.32 लाख रुपये लूट लिए थे। उन्होंने यहां सोहना रोड पर सुभाष चौक के पास चालक और गार्ड की आंखों में मिर्च का पाउडर फेंका ओर बंदूक दिखा कर नकदी लूट ली थी ।
- इंदौर (मध्यप्रदेश). इंदौर में एक गर्भवती महिला ने पुलिस-प्रशासन को अजीबो-गरीब मांग वाली अर्जी भेजकर कहा है कि उसे उसकी कार के आगे वैसा ही विशाल चक्र लगाने की अनुमति दी जाए, जैसा चक्र मशहूर फिल्म ‘‘बाहुबली'' में युद्ध के एक दृश्य के दौरान इसके किरदार भल्लाल देव के रथ के आगे लगा नजर आता है। सोशल मीडिया पर फैल रहे आवेदन पत्र को शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क पर स्थानीय वाहन चालकों के व्यवहार पर तीखे कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। छोटा बांगड़दा क्षेत्र में रहने वाली कनुप्रिया सत्तन ने गुरुवार को एक न्यूज़ एजेंसी से पुष्टि की कि उन्होंने पुलिस और प्रशासन के कुछ आला अफसरों को यह आवेदन पत्र भेजा है। सत्तन ने एक पेज के लिखित आवेदन में कहा है, ‘‘मुझे आठ माह का गर्भ है। मैं कई बार महसूस करती हूं कि इंदौर की सड़कों पर गाड़ी चलाना या उसमें बैठना सुरक्षित नहीं है।'' उन्होंने आवेदन पत्र में कहा कि शहर की सड़कों पर खासकर ऑटो रिक्शा, भारवाहक वाहन और सार्वजनिक परिवहन की बसों के चालक गलत ढंग से ओवरटेक करते हैं और दूसरी गाड़ियों के चालकों को डराने के लिए उनके एकदम पास से तेजी से वाहन निकालते हैं। सत्तन में पत्र में कहा कि अगर फिल्म ‘‘बाहुबली'' के किरदार भल्लाल देव के रथ के आगे लगे विशाल चक्र की तर्ज पर उनकी कार के आगे चक्र लग जाएगा तो इसकी वजह से लोग डरकर उनकी गाड़ी से खुद ही दूरी बना लेंगे और शहर की सड़कों पर तमाम अव्यवस्थाओं के बावजूद वह गर्भावस्था के दौरान सुरक्षित आवागमन कर सकेंगी। उधर, इस अर्जी के बारे में पूछे जाने पर पुलिस उपायुक्त (यातायात प्रबंधन) महेश चंद्र जैन ने दो टूक जवाब में कहा कि वह इस बारे में कोई भी टिप्पणी नहीं करना चाहेंगे।
- नयी दिल्ली. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के बड़े हिस्से में जारी लू के प्रकोप में अगले पांच दिनों में और वृद्धि का अनुमान व्यक्त करते हुए राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के लिए “ऑरेंज” अलर्ट जारी किया है जबकि उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की बात कही है। बृहस्पतिवार को जारी आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में और अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत में लू का प्रकोप बना रहेगा। विभाग ने कहा, “अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की आशंका है और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।” राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के लिये अगले चार दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की चेतावनी के लिए आईएमडी चार रंग के संकेतकों का उपयोग करता है - हरा (कोई कार्रवाई आवश्यक नहीं), पीला (देखें और जानकारी लेते रहें), नारंगी (तैयार रहें), और लाल (कार्रवाई करें)। झारखंड, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और मध्य प्रदेश में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच सकता है। स्वतंत्र मौसम विज्ञानी नवदीप दहिया ने कहा, “चुरू, बाड़मेर, बीकानेर और श्री गंगानगर जैसे स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस सामान्य है, लेकिन उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अप्रैल के अंत तक 45-46 डिग्री सेल्सियस काफी असामान्य है।” आईएमडी ने कहा कि लू प्रभावित क्षेत्रों में संवेदनशील लोगों - शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए ‘मध्यम' स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को जन्म दे सकती है। उसने कहा, “इसलिए इन क्षेत्रों के लोगों को गर्मी के संपर्क से बचना चाहिए, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने चाहिए और टोपी, छतरी आदि से सिर का बचाव करना चाहिए।” आईएमडी के एक परामर्श में कहा गया, “उन लोगों में गर्मी की बीमारी के लक्षणों की संभावना बढ़ जाती है जो या तो लंबे समय तक धूप के संपर्क में रहते हैं या मेहनत वाला काम करते हैं।” गौरतलब है कि मैदानी इलाकों में जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होता है तब लू जैसे हालात की घोषणा की जाती है। मौसम विभाग के अनुसार भीषण लू की घोषणा तब की जाती है जब तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा हो। पूर्ण रिकॉर्ड किए गए तापमान के आधार पर, लू तब घोषित की जाती है जब कोई क्षेत्र अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज करता है। यदि तापमान 47 डिग्री के निशान को पार कर जाता है तो भीषण लू की घोषणा की जाती है।
- नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व नेता एवं लोकमत ग्रुप ऑफ न्यूजपेपर्स के संस्थापक जवाहरलाल दर्डा की जन्मशती को रेखांकित करने के लिए सरकार जल्द ही 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेगी। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, सिक्के के बीच में दर्डा की छवि होगी। सिक्के के ऊपर और नीचे की परिधि पर हिंदी और अंग्रेजी में 'श्री जवाहरलाल दर्डा की जन्मशती' अंकित होगा। अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘सिक्के के दाएं और बाएं मध्य परिधि पर अंतरराष्ट्रीय अंकों में क्रमशः वर्ष '1923' और '2023' अंकित किया जाएगा।'' 1923 में जन्मे, दर्डा ने एक सफल व्यवसायी और बाद में 1978 से 1995 तक महाराष्ट्र सरकार में कई कार्यकालों के लिए मंत्री बने। उनका 25 नवंबर, 1997 को निधन हो गया था।
- जयपुर. राजस्थान के टोंक जिले के सदर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को तेज गति के ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दादा, बहू और पोती की मौत हो गई। वहीं, दो साल का पोता सकुशल बच गया। पुलिस ने बताया कि चंदलाई और तारण के बीच एक ट्रेलर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में कैलाश धाकड (55), उनकी बहू दुर्गा देवी (27) और पोती डारवी (6) की मौत हो गई जबकि दो साल का हिमांशु सकुशल बच गया। उन्होंने बताया कि चारों बाइक से किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि दुर्गा देवी और डारवी (6) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर घायल धाकड ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। ट्रेलर को जब्त कर फरार चालक की तलाश की जा रही है। एक अन्य हादसे में अलवर के खैरथल रेलवे स्टेशन के पास बीती रात शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। अलवर जीआरपी थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि मजदूरी कर सब्जी लेने जा रहे दोनों युवक मोबाइल की लीड कान में डालकर चल रहे थे और उन्हें शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के आने की आवाज नहीं सुनाई दी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान संजू (22) और सुधीर (26) के रूप में की गई है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।
- शिमला. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में 21 वर्षीय एक व्यक्ति की गर्दन पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह पता नहीं चल सका है कि किस वस्तु से चोट लगी। उन्होंने कहा कि बरशैणी गांव के निवासी योगेश को उसके पिता और दोस्त बुधवार देर रात दो बजकर 40 मिनट पर कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल लेकर आए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत अवस्था में लाया गया घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि मृतक की गर्दन पर चोट के निशान थे । पुलिस के अनुसार, योगेश और उसके दोस्त बुधवार रात 11 बजकर 40 मिनट पर सैंट्रो कार में बैठकर सिगरेट पी रहे थे। पुलिस ने कहा, “अचानक से उन्होंने धमाके जैसी एक आवाज सुनी। योगेश रोने लगा और उसके गले से खून निकल रहा था।” दोस्तों ने योगेश के माता पिता को बुलाया और उसे अस्पताल ले गए लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि योगेश के शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऐसा प्रतीत होता है कि कार के बोनेट के बाएं हिस्से से एक चिंगारी निकली जो विंडस्क्रीन में छेद करते हुए योगेश की गर्दन पर लगी। पुलिस ने बताया कि कार में बैठे एक अन्य व्यक्ति की बांह पर ‘टुकड़ा' लगा जिससे वह घायल हो गया। मंडी से क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के एक दल ने घटनास्थल का दौरा किया और कार की जांच की। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है। उन्होंने कहा कि योगेश के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। घटना के संबंध में कुल्लू पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।




























