प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को यूपीएससी के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। यूपीएससी केंद्र सरकार की नौकरियों के लिए भर्ती के वास्ते प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करता है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार इस मौके पर प्रधानमंत्री एक स्मारक सिक्का, एक डाक टिकट और 'भारत में यूपीएससी और लोक सेवा आयोगों की नीतियों को आकार देने वाले - 100 ऐतिहासिक निर्णय' नामक पुस्तक का विमोचन करेंगे। यह कार्यक्रम उन सालभर चलने वाले समारोहों का समापन होगा जो पिछले साल एक अक्टूबर से शुरू हुए थे और 1926 में यूपीएससी की स्थापना के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम यूपीएससी द्वारा 30 सितंबर और एक अक्टूबर, 2026 को आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय कार्यक्रम का हिस्सा है। राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी तथा शिक्षाविद् समेत देशभर के विभिन्न हितधारक इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। बयान के अनुसार 'शताब्दी समारोह - मंथन' यूपीएससी के शताब्दी समारोहों का उद्घाटन कार्यक्रम था, जो बुधवार को यहां 'भारत मंडपम' में आयोजित किया गया।











Leave A Comment