- Home
- देश
- उत्तरकाशी (उत्तराखंड) ।उत्तरकाशी जिले में एक कार के खाई में गिर जाने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार शाम गंगोरी-डोडीताल मार्ग पर हुई, जिसमें कार में सवार सभी तीन लोगों की मौत हो गई। कार्यालय ने बताया कि मृतकों की पहचान शांति लाल (45), जसपाल सिंह (35) और वाहन चला रहे बृज मोहन (39) के रूप में की गई है।-
- देहरादून। बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर के आस-पास के क्षेत्रों में मंगलवार को ताजा बर्फबारी हुई, जिससे निचले क्षेत्रों में ठंड और बढ़ गयी। वहीं, राज्य के मैदानी इलाकों में दिन में ज्यादातर समय आसमान में बादल छाए रहे। देहरादून में भी ठंड का प्रकोप रहा, जहां सूर्य दोपहर के समय महज कुछ देर के लिए निकला।आपदा प्रबंधन कार्यालय ने यहां बताया कि बदरीनाथ में बर्फबारी रुक- रुक कर होती रही, जबकि केदारनाथ में सुबह में हल्का हिमपात हुआ। देहरादून समेत मैदानी इलाकों के ज्यादातर शहरों में आसमान में बादल छाये रहे। इन जगहों पर सर्दी से बचने के लिए शाम में लोगों ने अलाव जलाए। मौसम विभाग ने बताया कि मुक्तेश्वर राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अल्मोड़ा में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस, देहरादून में 6.1 डिग्री सेल्सियस और पंतनगर में 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा।-
- पुणे।महाराष्ट्र के सांगली जिले के मिराज में सरकारी मेडिकल कॉलेज की 49 छात्राओं और दो कर्मचारियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संक्रमित छात्राओं को टीके की दोनों खुराक लग चुकी थी। सभी संक्रमित लोगों को कॉलेज से जुड़े अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिला परिषद, सांगली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र डूडी ने कहा कि कुल 51 लोगों - 49 छात्राओं और दो कर्मचारियों के वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुयी है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर छात्राओं में बीमारी के कोई लक्षण नहीं थे। उन सभी को कॉलेज से जुड़े अस्पताल में भर्ती किया गया है। इससे पहले कॉलेज के डीन डॉ सुधीर नानंदकर ने कहा, “हॉस्टल के एक हिस्से में संक्रमण के मामले सामने आए हैं क्योंकि छात्राएं भोजन के लिए मेस में एकत्र होती हैं।” इससे पहले की रिपोर्ट में 18 छात्राओं के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
- इंदौर।मध्यप्रदेश पुलिस के नारकोटिक्स दस्ते ने इंदौर के पड़ोसी धार जिले के खेत में सुखाया जा रहा करीब साढ़े तीन क्विंटल गांजा जब्त किया और मामले में मंगलवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी जा रही है।पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संतोष हाड़ा ने संवाददाताओं को बताया कि मुखबिर की सूचना पर धार जिले की मनावर तहसील के हनुवंतिया गांव के खेत से गांजे की यह खेप जब्त की गई। उन्होंने बताया, एक व्यक्ति अपने खेत में गांजे की कटी फसल सूखा रहा था। उसे हमने मौके से गिरफ्तार कर लिया।" डीएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
- बरेली (उत्तर प्रदेश)। बरेली की आंवला लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रह चुके राजवीर सिंह का बुधवार को नोएडा के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। परिवार के सूत्रों के मुताबिक पूर्व सांसद राजवीर सिंह काफी समय से बीमार थे और नोएडा के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके परिवार में एक पुत्र और पुत्री हैं। वर्ष 1989, 1991 और 1998 में बरेली की आंवला लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गये राजवीर सिंह जनसंघ, जनता पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में सांगठनिक जिम्मेदारियां संभाल चुके थे और उनकी गिनती पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेहद करीबी सहयोगियों में होती थी। वर्ष 2004 में सिंह समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए थे। उनके बेटे धीरेंद्र सिंह हाल ही में सपा में शामिल हुए हैं। राजवीर सिंह की गिनती रुहेलखंड के जमीनी पकड़ रखने वाले नेता के रूप होती थी। वह जनसंघ के सचिव, जनता पार्टी के महासचिव, उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष और एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके थे।
-
केंद्रपाड़ा। ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में स्थित भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान मगरमच्छों की वार्षिक गिनती के लिए दो जनवरी से अगले दस दिनों तक आंगुतकों के लिए बंद रहेगा। संभागीय वन अधिकारी जे डी पाटी ने बताया कि इस अभियान में लगे 22 दल उद्यानक्षेत्र में संकरी खाड़ी, नालों एवं नदियों एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में मगरमच्छों की गिनती करेंगे। उन्होंने बताया कि उद्यान को बंद रखने का मूलभूत उद्देश्य इस गणना अभियान में किसी भी तरह का मानवीय हस्तक्षेप से बचना है। यह उद्यान भारत के खारे पानी के मगरमच्छों के 70 फीसद हिस्से का आवास है, जिसका संरक्षण 1975 में शुरू हुआ। साल 2021 की गणना के अनुसार, इस उद्यान में 1768 मगरमच्छ हैं।
- देहरादून। बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर के आस-पास के क्षेत्रों में मंगलवार को ताजा बर्फबारी हुई, जिससे निचले क्षेत्रों में ठंड और बढ़ गयी। वहीं, राज्य के मैदानी इलाकों में दिन में ज्यादातर समय आसमान में बादल छाए रहे। देहरादून में भी ठंड का प्रकोप रहा, जहां सूर्य दोपहर के समय महज कुछ देर के लिए निकला।आपदा प्रबंधन कार्यालय ने यहां बताया कि बदरीनाथ में बर्फबारी रुक- रुक कर होती रही, जबकि केदारनाथ में सुबह में हल्का हिमपात हुआ। देहरादून समेत मैदानी इलाकों के ज्यादातर शहरों में आसमान में बादल छाये रहे। इन जगहों पर सर्दी से बचने के लिए शाम में लोगों ने अलाव जलाए। मौसम विभाग ने बताया कि मुक्तेश्वर राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अल्मोड़ा में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस, देहरादून में 6.1 डिग्री सेल्सियस और पंतनगर में 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
- कोयंबटूर। तमिलनाडु के कोयंबटूर में पुलिस ने सामूहिक रूप से झगड़ा कर रहे महाविद्यालय के छात्रों को अनोखी सजा देते हुए उनसे संत-कवि तिरुवल्लुवर के दोहे लिखवाए। घटना रविवार को मदुक्करई में भगवान अयप्पा के वार्षिक उत्सव के अवसर पर हाथियों के जुलूस के दौरान हुई। कार्यक्रम स्थल पर युवकों के बीच कहासुनी हो गई जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस घटना को देख रहे लोगों में से किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस वहां पहुंची और 10 युवकों को अपने साथ थाने ले गई। बाद में उनकी पहचान छात्रों के रूप में हुई। थाने के कर्मियों ने कहा कि मामला दर्ज करने पर उनके भविष्य पर पड़ने वाले प्रभाव पर विचार करते हुए छात्रों को एक अच्छा और कठोर सबक सिखाया गया और उसने कुरल के कुल 1,330 में कम से कम 50 दोहे लिखने को कहा गया। छात्र थाने में मुश्किल से 10 या 12 दोहे लिख पाए। यह जानते हुए भी कि वे कम से कम 50 दोहे नहीं लिख पाए, पुलिस ने उन्हें जाने दिया। लेकिन पुलिस ने उनके माता-पिता को थाने बुलाया और बच्चों को अनुशासन सिखाने का अनुरोध किया।==
- इंदौर। मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मंगलवार को घोषणा की कि वह राज्य के सबसे बड़े शहर इंदौर में पानी बचाने के लिए ‘‘जल हठ'' के नाम से सामाजिक मुहिम शुरू करेंगे। सिलावट ने पत्रकारों से संवाद के एक कार्यक्रम में कहा कि इस मुहिम के तहत शहर की नदियों, तालाबों, कुंओं और बावड़ियों का संरक्षण कर उन्हें उनके पुराने स्वरूप में लाने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ ही, स्थानीय नागरिकों को पानी बचाने और वर्षा जल संचयन के प्रति प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम इंदौर में जल हठ मुहिम के तहत भविष्य की जरूरतों का आकलन कर पानी का प्रबंधन और नियोजन भी करेंगे।'' जल संसाधन मंत्री ने कहा कि इंदौर की कान्ह नदी को प्रदूषण से मुक्त करना राज्य सरकार के सामने चुनौती है और इसे स्वीकारते हुए नदी को साफ करने की दिशा में काम जारी है। गौरतलब है कि कान्ह नदी इंदौर के पास स्थित धार्मिक नगरी उज्जैन की पवित्र क्षिप्रा नदी में मिलती है। कान्ह नदी के कारण क्षिप्रा में भारी प्रदूषण को लेकर साधु-संतों ने स्थानीय प्रशासन के सामने हाल ही में गहरी नाराजगी जताई थी।
- कानपुर (उप्र)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में विकास का श्रेय भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन (केंद्र व राज्य) की सरकार को देते हुए कहा कि जिस उत्तर प्रदेश (यूपी) को हथियारबंद गिरोहों के लिए बदनाम किया गया, वही आज सुरक्षा के लिए रक्षा गलियारा बना रहा है। कानपुर में मेट्रो रेल परियोजना और ऊर्जा ईंधन को समर्पित बीना-पनकी पाइपलाइन परियोजना की शुरुआत करने के बाद कानपुर नगर के निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ''जिस यूपी को कभी अवैध हथियारों वाले गैंग के लिए बदनाम किया गया था, वही उत्तर प्रदेश, देश की सुरक्षा के लिए डिफेंस कॉरिडोर बना रहा है, इसीलिए यूपी के लोग कह रहे हैं फर्क साफ है।'' केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''ये फर्क योजनाओं और परियोजनाओं का ही नहीं बल्कि काम करने के तरीके का भी है।'' उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘किसी राज में निवेश के लिए, उद्योगों के फलने फूलने के लिए सबसे जरूरी है कानून व्यवस्था का राज। यूपी में पहले जो सरकारें रहीं, उन्होंने माफियावाद का पेड़ इतना फैलाया कि उसकी छांव में सारे उद्योग-धंधे चौपट हो गए।'' उन्होंने कहा, ''यूपी में पहले जिन लोगों ने सरकार चलाई उन लोगों ने कभी समय की अहमियत नहीं समझी। 21वीं सदी के इस कालखंड में यूपी को जिस तेज गति से प्रगति करनी थी, उस अमूल्य समय को पहले की सरकारों ने गंवा दिया, क्योंकि उनकी प्राथमिकताओं में यूपी का विकास नहीं था, उनकी प्रतिबद्धता यूपी के लोगों के लिए नहीं थी।'' मोदी ने कहा, ''आज उत्तर प्रदेश में जो डबल इंजन की सरकार चल रही है, वह बीते कालखंड में समय का जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई में जुटी है, हम डबल स्पीड से काम कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार जिस काम का शिलान्यास करती है, उसका उद्घाटन भी समय से करती है। प्रधानमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘आजादी के बाद दशकों तक हमारे देश में एक सोच रही कि जो कुछ भी नया होगा, अच्छा होगा वह तीन चार बड़े शहरों में ही होगा। देश के बड़े मेट्रो शहरों के अलावा जो शहर थे उन्हें अपने हाल पर छोड़ दिया गया।'' मोदी ने कहा, ''इन शहरों में रहने वाले लोगों की कितनी बड़ी ताकत है, उन्हें सुविधा देना कितना जरूरी है, यह पहले सरकार चलाने वाले समझ नहीं पाये, इन शहरों की आकांक्षाओं पर पहले जो सरकार में थे उन्होंने ध्यान ही नहीं दिया।'' मोदी ने अकेले मेट्रो के क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा, ''साल 2014 से पहले यूपी में जितनी मेट्रो चलती थी उसकी कुल लंबाई नौ किलोमीटर थी और साल 2014 से 2017 के बीच मेट्रो की लंबाई हुई 18 किलोमीटर और आज कानपुर मेट्रो को मिला दें तो यूपी में मेट्रो की लंबाई 90 किलोमीटर से ज्यादा हो चुकी है।'' उन्होंने कहा, ''2014 के पहले देश के सिर्फ पांच शहरों में मेट्रो की सुविधा थी लेकिन आज अकेले यूपी के पांच शहरों में मेट्रो चल रही है और देश के 27 शहरों में मेट्रो पर काम चल रहा है।'' मोदी ने कहा, ''जो पहले सरकार में थे वो इस मानसिकता के साथ सरकार चलाते थे कि पांच साल के लिए लॉटरी लगी है, जितना हो सके यूपी को लूटते चलो, लूट लो।'' उन्होंने कहा ''आपने खुद देखा है कि यूपी में पहले की सरकारें जो परियोजनाएं शुरू करती थीं उनमें कैसे हजारों करोड़ के घोटाले हो जाते थे, इन लोगों ने कभी यूपी के लिए बड़े लक्ष्यों पर काम नहीं किया, बड़े विजन के साथ काम नहीं किया, इन लोगों ने खुद को कभी यूपी की जनता के लिए जवाबदेह माना ही नहीं। आज डबल इंजन की सरकार पूरी ईमानदारी से, पूरी जवाबदेही के साथ यूपी को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए काम कर रही है।'' कानपुर की विशेषता बताते हुए मोदी ने कहा कि '' यह कानपुर है जिसने दीनदयाल उपाध्याय, सुंदर सिंह भंडारी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे ‘विजनरी' (दूरदृष्टि वाले) नेताओं को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुराने दिनों की स्मृतियों को साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा ''जब संगठन के काम के लिए मेरा आपके बीच आना होता था तो खूब सुनता था- ''झाड़े रहो, कलेक्टरगंज।'' उन्होंने पूछा '' आजकल आप लोग बोलते हैं या नयी पीढ़ी के लोग भूल गए।
- नयी दिल्ली। प्रमुख दवा निर्माता सिप्ला को भारतीय दवा महानियंत्रक (डीसीजीआई) से देश में कोविड-19 के इलाज में उपयोगी एंटीवायरल दवा मॉलनुपिरेविर के आपातकालीन उपयोग की अनुमति मिली है। उसकी योजना इस दवा को सिप्मोलनु ब्रांड नाम के तहत पेश करने की है। सिप्ला के प्रबंध निदेशक एवं वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारी उमंग वोहरा ने एक बयान में कहा कि कोविड के इलाज के लिए जरूरी उपचारों को उपलब्ध कराने के तहत यह एक नई पेशकश की गई है। इस दवा को भारत के अलावा निम्न एवं मध्यम आय वाले 100 से अधिक देशों में भी मुहैया कराने की योजना है। इससे पहले दिन में सरकार ने कोविड-19 के इलाज में मॉलनुपिरेविर (गोली) के आपात स्थिति में नियंत्रित उपयोग की अनुमति दी थी। इसे वयस्क मरीजों और बीमारी से ज्यादा खतरे वाले लोगों को दिया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करते हुए, केन्द्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने एक दिन में तीन स्वीकृति दी हैं। कोवोवैक्स एवं कोर्बेवैक्स टीके और ‘मॉलनुपिरेविर' दवा को कुछ शर्तों के साथ आपात उपयोग की अनुमति दी गई है।'' दवा कंपनी सन फार्मा को भी मॉलनुपिरेविर के विपणन के लिए डीसीजीआई की मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने मंगलवार को कहा कि उसकी सहायक कंपनी को डीसीजीआई से विनिर्माण और विपणन के लिए ईयूए मिला है। ऑप्टिमस फार्मा ने भी एक या दो दिन में भारतीय बाजार में मोलनुपिराविर पेश करने की घोषणा की है।
- हैदराबाद। टीका विनिर्माता बायोलॉजिकल ई. लिमिटेड (बीई) की अपने कोविड-19 टीके कॉर्बेवैक्स का उत्पादन 7.5 करोड़ खुराक प्रति महीने की दर से करने की योजना है। बीई ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि फरवरी, 2022 से वह कॉर्बेवैक्स टीके की हर महीने 10 करोड़ से अधिक खुराकों का उत्पादन कर पाने की स्थिति में होगी। ऐसा होने पर वह भारत सरकार को अपने वादे के अनुरूप 30 करोड़ खुराकों की आपूर्ति कर पाएगी। कॉर्बेवैक्स टीके को भारतीय औषधि महानियंत्रक (डीजीसीआई) ने मंगलवार को ही अनुमति दी है। यह भारत का स्वदेश में विकसित पहला प्रोटीन आधारित कोविड टीका है। नियामकीय अनुमति मिलने के फौरन बाद जारी बयान में कंपनी ने कहा कि वह वैश्विक स्तर पर इस टीके की एक अरब से अधिक खुराकों के उत्पादन की योजना बना रही है। बायोलॉजिकल ई. ने कहा, ‘‘हम महीने में 7.5 करोड़ खुराकों की रफ्तार से उत्पादन लक्ष्य को हासिल करना चाहते हैं। फरवरी से हमारी उत्पादन दर 10 करोड़ खुराक प्रति महीने हो जाने की उम्मीद है। ऐसा होने पर हम भारत सरकार को वादे के अनुरूप 30 करोड़ खुराक की आपूर्ति कर पाएंगे।'' इस टीके का विकास बायोलॉजिकल ई. लिमिटेड ने टेक्सास चिल्ड्रंस हॉस्पिटल के टीका विकास केंद्र के साथ मिलकर किया है। इसके अलावा टेक्सास के ह्यूस्टन स्थित बेलॉर कॉलेज ऑफ मेडिसिन ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई है। बीई लिमिटेड की प्रबंध निदेशक महिमा दातला ने कहा, ‘‘हम वर्षों से गुणवत्ता वाले टीके एवं दवाइयां बनाते रहे हैं। हमने कोविड-19 का भी एक किफायती एवं असरदार टीका बनाने का विचार किया और अब यह एक हकीकत बन चुका है।'' कॉर्बेवैक्स अपने क्लिनिकल परीक्षण के दो दौर पूरा कर चुका है जिसमें भारत के 33 स्थानों पर 18-80 वर्ष की उम्र के 3,000 से अधिक लोग शामिल हुए। कंपनी ने कहा कि इन परीक्षणों में टीका पूरी तरह सुरक्षित पाया गया। उसके मुताबिक, कॉर्बेवैक्स कोविशील्ड की तुलना में प्रतिरोधक क्षमता दिखाने में कहीं आगे रहा।
- डिंडोरी (मध्यप्रदेश)।) मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के वन क्षेत्र में एक बाघिन और एक जंगली भैंसा संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सरस्ताल वन क्षेत्र में सोमवार को ग्रामीणों ने एक बाघिन का शव देखा और उसके पास ही एक जंगली भैंसा भी मृत पाया गया। उप मंडलाधिकारी (वन) ए के शर्मा ने कहा कि 10 वर्षीय बाघिन वन क्षेत्र में एक सड़क के किनारे मृत पाई गई। उन्होंने कहा कि इस इलाके में जो भैंसा मृत हालत में मिला संभवत उसे बाघिन ने मार डाला हो। अधिकारी ने कहा कि वन कर्मियों का एक दल जानवरों की मौत का सही कारण पता लगाने के लिए शव का परीक्षण करेगा।
- श्रीनगर। संक्षिप्त राहत के बाद पिछले दो दिनों में बर्फबारी एवं बारिश के चलते कश्मीर घाटी में मंगलवार को शीतलहर लौट आयी एवं पारा हिमांक बिंदु के नीचे चला गया जबकि श्रीनगर उसका अपवाद रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उनके अनुसार उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन केंद्र गुलमर्ग में पारा शून्य के नीचे 9.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। आज का न्यूनतम तापमान कल की तुलना में 3.4 डिग्री कम रहा। वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर के रूप में उपयोग में आने वाले पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.9 डिग्री नीचे रहा जबिक उसकी पिछली रात यह शून्य के नीचे 4.1 डिग्री था। अधिकारियों के मुताबिक केवल श्रीनगर में न्यूनतम तापमान हिमांक के ऊपर रहा, यहां पारा 1.4 डिग्री तक लुढका । सोमवार को शहर में न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे 2.2 डिग्री था। उनके अनुसार घाटी का प्रवेश द्वारा समझे जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे 0.4 डिग्री दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के निकटस्थ कोकरनागर में पारा शून्य के नीचे 2.5 डिग्री तक लुढक गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर घाटी फिलहाल 40 दिनों की भयंकर सर्दी के दौर में दाखिल हुई जिसे ‘चिल्ल-ई-कलां' कहा जाता है। ‘चिल्ल-ई-कलां' एक ऐसा काल है जब सर्दी पूरे क्षेत्र में अपने गिरफ्त में लिये रखती है और तापमान काफी घट जाता है। यहां डल झील समेत घाटी के जलाशय एवं जलापूर्ति लाइनों में पानी बर्फ बन जाता है। इस दौरान हिमपात की संभावना अक्सर रहती हैं तथा ज्यादातर क्षेत्रों खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में भारी से बहुत अधिक हिमपात होता है। कश्मीर में ‘चिल्ल-ई-कलां' 31जनवरी को खत्म होगा लेकिन उसके बाद भी शीतलहर रहती है और फिर 20 दिनों का ‘चिल्लई-खुर्द' और 10 दिनों का ‘चिल्लई बच्चा' का दौर आता है।
- मुंबई। देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वास्तविक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष (2021-22) और अगले वित्त वर्ष (2022-23) में नौ प्रतिशत रहने का अनुमान है। एक रिपोर्ट में यह कहा गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कोविड-19 के नए स्वरूप ओमीक्रोन को लेकर चिंता के बावजूद अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर ऊंची रहने का अनुमान है। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर में आर्थिक वृद्धि दर 8.4 प्रतिशत रही है। वहीं पहली तिमाही अप्रैल-जून में अर्थव्यवस्था 20.1 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी। घरेलू रेटिंग एजेंसी इक्रा की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने एक रिपोर्ट में कहा, ‘‘हम अर्थव्यवस्था के संगठित और असंगठित क्षेत्रों के बीच स्पष्ट ‘के' आकार के पुनरूद्धार के साथ चालू वित्त वर्ष में नौ प्रतिशत की वृद्धि दर के अपने अनुमान पर कायम हैं।'' ‘के' आकार के पुनरुद्धार से आशय नरमी के बाद अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग पुनरुद्धार के स्तर से है। उन्होंने कहा कि अगले वित्त वर्ष में भी भारतीय अर्थव्यवस्था नौ प्रतिशत की दर से बढ़ेगी।नायर ने उम्मीद जताई कि मार्च, 2022 तक दोनों टीके लगा चुके वयस्कों की संख्या बढ़कर 85-90 प्रतिशत हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बूस्टर खुराक और 15-18 आयु वर्ग के लिए टीकों की घोषणा का स्वागत है, लेकिन अभी यह देखा जाना बाकी है कि क्या मौजूदा टीके ओमीक्रोन के खिलाफ सुरक्षा देने में सक्षम रहेंगे या नहीं, जिससे देश में महामारी की तीसरी लहर को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए कई राज्यों द्वारा अंकुश लगाए जा रहे हैं जिससे आर्थिक पुनरुद्धार अस्थायी रूप से बाधित हो सकता है। विशेषरूप से इससे चालू वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में संपर्क-गहनता वाले क्षेत्र प्रभावित हो सकते हैं। नायर ने कहा कि अगले वित्त वर्ष में अर्थव्यवस्था का विस्तार अधिक अर्थपूर्ण और मूर्त होगा। यह चालू वित्त वर्ष में आधार प्रभाव की वजह से हुए विस्तार की तरह नहीं होगा। रेटिंग एजेंसी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के जो आंकड़े उपलब्ध हैं उनसे इस बात का स्पष्ट प्रमाण नहीं मिलता कि मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) का सतत और टिकाऊ वृद्धि का मानदंड पूरा हुआ है, जिसके आधार पर वह फरवरी, 2022 में नीतिगत रुख में बदलाव कर इसे तटस्थ करे।-
- नयी दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की कनवर्जेन्स एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) ने ग्राम उजाला कार्यक्रम के तहत 50 लाख एलईडी बल्ब वितरित करने की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बिजली मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लि. (ईईएसएल) की पूर्ण अनुषंगी इकाई सीईएसएल ने ग्राम उजाला कार्यक्रम की परियोजना करोड़ के तहत 50 लाख एलईडी बल्ब वितरित करने की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ग्राम उजाला योजना बिहार, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना के ग्रामीण परिवारों में लागू की जा रही है। सीईएसएल ने इस वर्ष मार्च में गांवों में सस्ती कीमत यानी 10 रुपये में एलईडी बल्ब वितरित करने की योजना शुरू की थी। इस महीने राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस, 2021 के अवसर पर सीईएसएल ने एक दिन में ही 10 लाख एलईडी बल्ब वितरित करने का महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल किया। सीईएसएल परंपरागत बल्बों के बदले 10 रुपये प्रति बल्ब की कीमत पर तीन साल की गारंटी के साथ उच्च गुणवत्ता के सात वॉट और 12-वॉट के एलईडी बल्ब उपलब्ध करा रही है। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक परिवार अधिकतम पांच बल्ब प्राप्त कर सकता है। इससे उक्त राज्यों के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति वर्ष 71,99,68,373.28 यूनिट बिजली बचत का अनुमान है। इससे लागत के रूप में सालाना करीब 250 करोड़ रुपये की बचत होगी। यह कार्यक्रम 31 मार्च, 2022 तक चलेगा। सीईएसएल की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी महुआ आचार्य ने कहा, ‘‘यह कार्यक्रम ग्रामीण परिवेश के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है... कार्बन क्रेडिट के वित्तीय मॉडल पर काम करते हुए हम ‘परियोजना करोड़' के पूरा होने पर अन्य राज्यों के गांवों में भी इस कार्यक्रम का विस्तार करेंगे।
- नोएडा (उप्र) । उपनगर के थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में कार में लिफ्ट देकर लोगों से लूटपाट करने वाले एक गैंग के पांच बदमाशों को पुलिस ने बीती रात को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि बीती रात चेकिंग के दौरान पुलिस को एक कार आती हुई दिखाई दी, जब उसे रुकने का इशारा किया तब चालक ने रूकने के बजाय कार भगा दी। उन्होंने बताया कि पुलिस के पीछा करने पर पांच बदमाश कार से उतरकर पुलिस पर गोली चलाने लगे। सिंह ने बताया कि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक बदमाश के पैर में लगी है तथा उसके बाद पुलिसकर्मियों ने अन्य चार बदमाशों को भी दबोच लिया। अपर उपायुक्त ने बताया कि इन बदमाशों के पास से पुलिस ने दो देसी तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की कार बरामद की। पूछताछ के दौरान इन गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कार में लिफ्ट देकर लूटपाट की दर्जनों वारदातें की है। पुलिस के अनुसार ये बदमाश इससे पूर्व भी लूटपाट, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, समेत विभिन्न धाराओं में जेल जा चुके हैं।
-
नई दिल्ली। कोविड-19 के बढते मामलों को देखते हुए दिल्ली में स्कूल, कॉलेज, सिनेमा हॉल, जिम, मल्टीप्लेक्स, बैंक्वेट हॉल, ऑडिटोरियम और स्पोर्टस कॉम्पलेक्स तत्काल प्रभाव से बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली में रात का कर्फ्यू दस बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान- ग्रैप के अंतर्गत दिल्ली में घोषित येलो अलर्ट के मद्देनज़र ये प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण- डीडीएमए के आदेश के अनुसार दिल्ली मेट्रो और बसें बैठने की पचास प्रतिशत क्षमता के चलेंगी और इनमें खडे होकर यात्रा नहीं की जा सकेंगी। रेस्त्रां को पचास प्रतिशत क्षमता के साथ सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक और बार को भी पचास प्रतिशत क्षमता के साथ दोपहर 12 बजे से रात दस बजे तक ही काम करने की अनुमति दी गई है।राजनीतिक, धार्मिक और त्यौहारों के समारोहों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अंतिम संस्कार और विवाह कार्यक्रम में अधिकतम बीस लोग शामिल हो सकेंगे। डीडीएमए के आदेश में कहा गया है कि शादी केवल घर में की जा सकेंगी। मॉल में दुकानें ऑड ई-वन आधार पर खुलेंगी। धार्मिक स्थल खुले रहेंगे लेकिन उनमें किसी श्रद्धालू को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सार्वजनिक पार्कों और बागीचों में केवल सैर करने, दौड़ने और खेलने की अनुमति होगी।अंतर्राजीय बस सेवा के अंतर्गत बसों में पचास प्रतिशत की क्षमता तक यात्री बैठ कर यात्रा कर सकेंगे। दिल्ली सरकार के कार्यालयों में ग्रुप-ए के अधिकारियों और अनुभाग अधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति होगी, जबकि ग्रुप-ए से कम दर्जे के पचास प्रतिशत कर्मचारियों को कार्यालय आना होगा। निजी कार्यालयों में भी पचास प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति की अनुमति दी गई है। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान- ग्रैप, पॉजिटिविटी रेट की दर, कोविड के नए मामलों और ऑक्सीजन बेड की संख्या पर आधारित है। ग्रैप के अंतर्गत चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, ये हैं- येलो, एम्बर, ऑरेन्ज और रेड। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से कोविड के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है और लगातार दो दिन से पॉजिटिविटी रेट शून्य दशमलव पांच प्रतिशत से अधिक बनी हुई है। इसके अलावा कोविड के नए वैरिेएंट ओमिक्रॉन के मामले भी बढ़ रहे हैं। - जयपुर। राजस्थान पुलिस नए साल पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों को हतोत्साहित करने के लिए इन दिनों लोगों को ‘‘बुलाती है, मगर जाने का नहीं'' की नसीहत दे रही है। दरअसल राजस्थान पुलिस ने 'ड्रिंक एंड ड्राइव' के खिलाफ अभियान के तहत ट्वीट पर एक संदेश दिया है, जिसमें मशहूर शायर राहत इंदौरी की उक्त पंक्तियों का इस्तेमाल किया गया है। इसमें कहा गया है, ‘‘बुलाती है मगर जाने का नहीं ... (मदिरा) पीकर गाड़ी चलाने का नहीं।'' पुलिस ने लोगों से नए साल पर शराब पीकर गाड़ी चलाने से परहेज करने की अपील की है। इससे पहले भी राजस्थान पुलिस लोगों को जागरुक करने के लिए इस तरह के रचनात्मक संदेश सोशल मीडिया पर साझा करती रहती है।
- नोएडा (उत्तर प्रदेश) । नोएडा के थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के तहत सेक्टर 94 के पास तेज गति से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरे नाले में गिर गई। इस घटना में एक इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि जयपुर के मानसरोवर कॉलोनी के रहने वाले हार्दिक (25) पुत्र सुनील वर्मा तथा उनका दोस्त स्नेहिल बीती रात करीब डेढ बजे कार से सेक्टर 94 के पास से गुजर रहे थे। उन्होंने बताया कि तेज गति से जा रही कार अनियंत्रित होकर सेक्टर 94 के पास नाले में जा गिरी। कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस क्रेन की सहायता से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कार को नाले से बाहर निकालने में कामयाब हुई। उन्होंने बताया कि कार के अंदर फंसे हार्दिक वर्मा और स्नेहिल को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने हार्दिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि स्नेहिल की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक हार्दिक के पिता राजस्थान में पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं।
- कोल्लम। केरल के कोल्लम जिले के चावड़ा में मंगलवार तड़के एक मिनी बस और एक वैन के बीच टक्कर में चार मछुआरों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। मछुआरे विझिंजम से उत्तरी कोझिकोड जिले के बेपोर जा रहे थे, तभी उनकी मिनी बस एक वैन से टकरा गई, जो नींडकारा जा रही थी। मिनी बस से टकराते ही वैन पलट गई। पुलिस ने कहा कि सभी घायल व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- कोलकाता। बीसीसीआई अध्यक्ष और भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है हालांकि उनकी हालत अब स्थिर बताई गई है। गांगुली को कोरोना टीके के दोनों डोज लग चुके हैं और वह लगातार यात्रा कर रहे थे ।वुडलैंड्स अस्पताल द्वारा जारी एक बयान के अनुसार ,‘‘ बीसीसीआई अध्यक्ष और भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली को 27 दिसंबर की देर शाम कोरोना संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया ।'' बयान में कहा गया ,‘‘उन्हें कल रात ही मोनोक्लोनल एंटीबॉडी कॉकटेल थेरेपी दी गई और फिलहाल उनका रक्तचाप और ह्र्दयगति स्थिर (हायमोडायनामिकली स्टेबल) है ।'' इसमें आगे कहा गया ,‘‘डॉक्टर सरोज मंडल, डॉक्टर सप्तर्षि बासु और डॉक्टर सौविक पांडा की टीम डॉक्टर देवी शेट्टी और डॉक्टर आफताब खान से सलाह लेकर उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है ।'' गांगुली को इस साल की शुरूआत में दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था । ह्र्दय से जुड़ी परेशानियों के बाद उनकी आपात एंजियोप्लास्टी कराई गई थी ।
- नयी दिल्ली। आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को इंटेल फाउंड्री सर्विसेज के अध्यक्ष रणधीर ठाकुर के एक पोस्ट के बाद भारत में इंटेल का ‘‘स्वागत'' करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया। ठाकुर ने अपनी पोस्ट में भारत सरकार द्वारा हाल में घोषित सेमीकंडक्टर डिजाइन और विनिर्माण नीति की तारीफ की थी। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 15 दिसंबर को देश में सेमीकंडक्टर (अर्धचालक) और डिस्प्ले बोर्ड के विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए 76,000 करोड़ रुपये की उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना को मंजूरी दी थी। इस योजना के तहत अगले चार वर्षों में 1.7 लाख करोड़ रुपये का निवेश मिलने और 1.35 लाख रोजगार के अवसरों के सृजन की उम्मीद है। यह घोषणा ऐसे वक्त में हुई, जब इलेक्ट्रॉनिक चिप की दुनिया भर में कमी है और कई सेमीकंडक्टर कंपनियां अपनी क्षमता को बढ़ा रही हैं। आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘‘इंटेल - भारत में आपका स्वागत है।'' यह ट्वीट, इंटेल के ठाकुर के एक ट्वीट के जवाब में था, जिसमें लिखा था, ‘‘इलेक्ट्रॉनिक और सेमीकंडक्टर केंद्र के रूप में भारत में सेमीकंडक्टर डिजाइन और विनिर्माण प्रोत्साहन के लिए इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और राजीव चंद्रशेखर को बधाई।'' ठाकुर ने आगे लिखा: ‘‘आपूर्ति श्रृंखला के सभी पहलुओं - प्रतिभा, डिजाइन, विनिर्माण, परीक्षण, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक, के लिए एक योजना को देखकर खुशी हुई।
- जयपुर। राजस्थान पुलिस के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी-क्राइम ब्रांच) के दल ने मंगलवार को पाली जिले में अवैध अंग्रेजी शराब की 355 पेटियां जब्त की और मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) रवि प्रकाश ने बताया कि सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम ने पाली के सदर थाना क्षेत्र में गुजरात ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की 355 पेटियां जब्त की और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह शराब एक ट्रक में लदी थीं, उसे भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अवैध शराब ट्रक में आलू की बोरियों के नीचे छिपा कर रखी गई थी। चालक ने बताया कि वह ये अवैध शराब सीकर जिले के निमोड़ी कुशलपुरा से लाया था और उसे गुजरात के जामनगर में पहुंचाने जा रहा था। चालक अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी के मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। जब्त अवैध अंग्रेजी शराब की कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच की जा रही है।
- नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोविड वैक्सीन लगावाने के इच्छुक लोगों को अगले महीने की पहली तारीख से को-विन पोर्टल पर स्वयं को पंजीकृत कराना होगा। मंगलवार को मंत्रालय ने कहा है कि लाभार्थी, वॉक इन रजिस्ट्रेशन सुविधा का उपयोग भी कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में घोषणा की थी कि पंद्रह से अठारह वर्ष आयु वर्ग के लिए टीकाकरण अगले महीने की तीन तारीख से शुरू किया जाएगा। कमजोर श्रेणियों को ऐहतियाती तौर पर तीसरी खुराक अगले महीने की दस तारीख से दी जाएगी।इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के साथ तालमेल से सम्भावित लाभार्थियों का टीकाकरण शुरू करने की समीक्षा के प्रयास तेज कर दिए हैं। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने टीकाकरण शुरू करने की समीक्षा के लिए आज सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की कार्यशाला की अध्यक्षता की।स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को केवल कोवैक्सीन की खुराक दी जाएगी और कोवैक्सीन की अतिरिक्त खुराक उन्हें भेजी जाएगी। राज्यों को सूचित किया गया है कि उनके पास कुछ कोविड टीकाकरण केन्द्रों को पन्द्रह से अठारह वर्ष आयु वर्ग के टीकाकरण केन्द्र को विशेष केन्द्र बनाने का विकल्प होगा और उन्हें को-विन पोर्टल में अलग से दिखाया जाएगा। श्री भूषण ने बताया कि केवल उन ही लोगों को ऐहतियाती खुराक दी जाएगी जिनको नौ महीने या इससे पहले दूसरी खुराक दी जा चुकी है।कोविड टीकाकरण केन्द्र में साठ वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों में अन्य बीमारी होने से सम्बंधित डॉक्टर द्वारा दिए जाने वाले प्रमाण पत्र की आवश्यकता को लेकर मीडिया में फैलाए जा रहे दुष्प्रचार पर स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि केन्द्र ने इस बारे में कोई निर्देश जारी नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐहतियाती खुराक देने के लिए कोविड टीकाकरण केन्द्र में प्रमाण पत्र या दवा की पर्ची दिखाना अनिवार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि ऐहतियाती खुराक के लिए सभी पात्र लाभार्थिेयों को को-विन से संदेश दिया जाएगा और यह डिजिटल वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट में भी दिखाई देगा।


























.jpeg)

