- Home
- देश
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में व्यक्ति का धोखे से एटीएम कार्ड बदल उसके खाते से कथित रुप से करीब सवा दो लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। इस बाबत दनकौर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। दनकौर थाना के प्रभारी निरीक्षक अरविंद पाठक ने बताया कि गांव भट्टा पारसौल में रहने वाले आशीष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करा कर आरोप लगाया है कि जब वह एटीएम मशीन से पैसे निकालने गया था तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया तथा पिन कोड हासिल कर लिया। पाठक के मुताबिक, पीड़ित का आरोप है कि ठगों ने उसके खाते से 2.30 लाख रुपये निकाल लिए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना की छानबीन की जांच कर रही है।
- मुंबई ।मुंबई में एक व्यक्ति ने घर के बाहर तेज आवाज में संगीत बजाने और आवाज कम करने से इनकार करने पर 40 वर्षीय पड़ोसी की हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना बुधवार रात मालवानी इलाके के अंबुजवाड़ी मोहल्ले में हुई। अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार गुन्नार के रूप में हुई है। वह अपनी झुग्गी के बाहर बैठकर रिकॉर्डर पर गाने सुन रहा था। गुन्नार के पड़ोसी आरोपी सैफ अली चांद अली शेख (25) ने उससे आवाज कम करने के लिये कहा, लेकिन गुन्नार ने इससे इनकार कर दिया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी शेख ने कथित रूप से गुन्नार पर हमला कर उसे जमीन पर पटक दिया। बहुत खून बह जाने से गुन्नार बेहोश हो गया। गुन्नार को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
- प्रतापगढ़ (उप्र)। जिले के थाना कोहडौर क्षेत्र के लाखींपुर गांव के निकट एक कार के पेड़ से टकरा जाने के कारण एक बालिका सहित तीन लोगों कि मौत हो गयी, जबकि दो लोग घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक (क्षेत्राधिकारी) नगर अभय पाण्डेय ने बताया कि ये लोग जिला बस्ती से कार से प्रयागराज तिलक चढ़ाने गए थे, जहां से वापसी में अयोध्या प्रयागराज राजमार्ग पर थाना कोहड़ौर क्षेत्र के लाखीपुर गांव के निकट बुधवार की रात कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा कर एक दुकान में घुस गयी। इस दुर्घटना में हरीशंकर सिंह (60), आरती सिंह (14), सुशील सिंह (24), सुरेन्द्र (54) व देवीकरन (40) सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। चिकित्सकों ने हरीशंकर, आरती और सुशील को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एसआरएन अस्पताल, प्रयागराज भेज दिया गया है। पुलिस तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।
- मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में विभिन्न थाना क्षेत्रों से अगवा की गई 12 लड़कियों को ‘ऑपरेशन स्माइल' के तहत छुड़वाया गया है। शामली के पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बृहस्पतिवार को बताया कि कैराना तथा आदर्श मंडी पुलिस थाने में चार-चार, कांधला, थाना भवन, बाबरी और गढ़ी पुख्ता में एक-एक लड़की के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 363 के तहत मामले दर्ज किए गए थे। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने लापता बच्चों की पहचान करने, उनका पता लगाने, छुड़वाने और उनके पुनर्वास के लिए सितंबर 2014 में 'ऑपरेशन स्माइल' शुरू किया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे पूरे राज्य में लागू कर दिया था।
- भुज । गुजरात के कच्छ जिले के भुज कस्बे के समीप बृहस्पतिवार तड़के एक कार और ट्रक की टक्कर में तीन महिलाओं की मौत हो गई और एक अन्य महिला घायल हो गई। यह दुर्घटना मनकुवा-सुखपार मार्ग पर उस समय हुई जब महिलाएं एक धार्मिक कार्यक्रम से कार से लौट रही थीं। मनकुवा पुलिस थाने के निरीक्षक वाई पी जडेजा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक दुर्घटनास्थल से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि प्रमिलाबेन वर्सानी (45), शीलू वर्सानी (25), सविता हिरानी (45) भरासर गांव की रहनेवाली थीं और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि कार चला रहीं महिला इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
- नई दिल्ली ।सीडीएस बिपिन रावत और सशस्त्र बलों के अन्य जवानों का पार्थिव शरीर गुरुवार रात करीब आठ बजे दिल्ली पहुंचा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद भी हवाई अड्डे पहुंचे। उन्होंने सभी वीर सपूतों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर हादसे में बुधवार को देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की मौत हो गई थी।पीएम मोदी ने रात करीब 9 बजे दिवंगत सीडीएस बिपिन रावत और अन्य सशस्त्र बलों के जवानों को श्रद्धांजलि दी। इनका पार्थिव शरीर गुरुवार रात करीब आठ बजे दिल्ली पहुंचा। सैन्य विमान दुर्घटना में मारे गए जवानों के परिवार के कुछ सदस्य भी इस दौरान मौजूद रहे। पीएम के साथ रक्षा मंत्री, रक्षा राज्य मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और तीन सेना प्रमुख भी मौजूद रहे।इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल करीब साढ़े 8 बजे एयरपोर्ट पहुंचे और सभी शहीदों के परिजनों से मिलकर बातचीत की। पीएम के बाद राजनाथ सिंह और अजित डोभाल ने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया।सीडीएस बिपिन रावत समेत 13 शहीदों के अंतिम दर्शन के लिए तीनों सेना के प्रमुख भी पालम एयरपोर्ट पहुंचे। थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।रावत की दोनों बेटियों ने ताबूत पर मत्था टेकासीडीएस रावत की दोनों बेटियां भी हवाई अड्डे में मौजूद थीं। दोनों ने माता-पिता के पार्थिव शरीर को प्रणाम कर ताबूत पर मत्था टेका। उनका रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था। जनरल रावत की बड़ी बेटी का नाम कीर्तिका है। कीर्तिका की शादी हो चुकी है और फिलहाल मुंबई में रहती हैं। छोटी बेटी का नाम तारिणी है, जो दिल्ली हाईकोर्ट में वकील के तौर पर प्रैक्टिस कर रही हैं।सीडीएस बिपिन रावत और सशस्त्र बलों के अन्य जवानों का पार्थिव शरीर सुलूर से भारतीय वायु सेना के विमान से लाया गया । आम नागरिक कल सुबह 11 बजे से दोपहर साढे 12 बजे तक जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। सैन्यकर्मी दोपहर साढे 12 बजे से डेढ बजे तक श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उसके बाद पार्थिव शरीर बरार स्क्वायर श्मशानग्रह ले जाए जाएंगे। इसके बाद कामराज मार्ग से बरार चौराहे तक शवयात्रा निकाली जाएगी। दिल्ली कैंटोनमेंट में अंतिम संस्कार होगा। सेना ने कहा है कि अब तक केवल जनरल बिपिन रावत, मधुलिका रावत और ब्रिगेडियर एल एस लिड्डर के शवों की ही पहचान की गई है। सम्बंधित परिवारों की इच्छा के अनुसार अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर निकट सम्बंधियों को सौंपे जाएंगे। शवों को पहचानने की प्रक्रिया जारी है। पहचान की सभी औपचारिकताएं पूरी होने तक उन्हें सेना के बेस अस्पताल के शवगृह में रखा जाएगा। निकट परिजनों से विचार-विमर्श के बाद समुचित सैन्य सम्मान के साथ उनके अंतिम संस्कार की योजना बनाई जा रही है। रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार दोपहर एक बयान जारी किया। मंत्रालय ने कहा कि हादसा इतना भीषण था कि शवों की पहचान मुश्किल हो गई है। हम सही पहचान के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं, ताकि किसी करीबी की भावना को चोट न पहुंचे। मृतकों के परिजनों को दिल्ली बुला लिया गया है। इसके अलावा वैज्ञानिक तरीके से भी जांच की जाएगी।
- संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा-हर महीने स्थिति की होगी समीक्षा, 15 जनवरी को समीक्षा बैठकनई दिल्ली। तीन कृषि कानूनों की वापसी के बाद किसानों की बाकी मांगों पर भी सरकार की तरफ से भरोसा मिलने के बाद किसान आंदोलन स्थगित हो गया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने किसान आंदोलन को स्थगित करने का ऐलान कर दिया है। 11 दिसंबर से किसान अपने घरों को लौटने शुरू हो जाएंगे। दिल्ली की सीमाओं पर पिछले एक साल से ज्यादा वक्त से किसान आंदोलन कर रहे थे। संयुक्त किसान मोर्चा ने साफ किया है कि आंदोलन स्थगित हो रहा है, हर महीने स्थिति की समीक्षा होगी। 15 जनवरी को समीक्षा बैठक होगी।संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक के बाद किसान नेताओं ने जो प्रेस कॉन्फ्रेंस की, उसमें बहुत ही जोर देकर और कई बार कहा कि आंदोलन सस्पेंड हो रहा है, स्थगित हो रहा है। उन्होंने साफ किया कि अगर सरकार अपने वादों से पीछे हटेगी तो किसान फिर सड़कों पर उतरेंगे।
- प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ के कोहड़ौर थाना क्षेत्र के लाखीपुर गांव के पास गुरुवार भोर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में युवती सहित 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्रयागराज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि कार में एक युवती सहित 5 लोग सवार थे। यह सभी लोग तिलक समारोह में शामिल होने प्रयागराज आए थे। घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। सभी बस्ती और गोरखपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।कोहड़ौर एसओ बच्चे लाल ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे में मृतक सुशील सिंह (30) निवासी महुवापार, थाना हरैया बस्ती, आरती सिंह निवासी कादीपुर लोहरीपुर, थाना चिलुपार गोरखपुर, हरिशंकर (50) निवासी भटौली बाजार, थाना बासगांव गोरखपुर हैं। वहीं हादसे में घायल सुरेंद्र सिंह और देवीशरण (41) हैं। इनका प्रयागराज में इलाज चल रहा है।एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि आज भोर में कार हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। एसपी ने ड्राइवर को नींद आने के कारण हादसे की आशंका जताई है।
- बरनाला। कस्बा भदौड़ में सोमवार देर रात्रि बड़े भाई ने कथित रूप से पत्नी से अवैध संबंधों के चलते टेंट लगाने वाले लोहे की राड का वार करके छोटे भाई की हत्या कर दी।थाना भदौड़ के थाना प्रभारी एसएचओ रमनदीप सिंह ने बताया कि विगत रात्रि साढ़े 12 बजे के करीब उन्हें फोन आया कि स्टेडियम रोड भदौड़ में किसी व्यक्ति का कत्ल हो गया है। पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। 25 वर्षीय मृतक सुखजिदर सिंह पुत्र मेजर सिंह निवासी भदौड़ का कत्ल उसके ही बड़े भाई आरोपी हरपाल सिंह ने कर दिया था।थाना भदौड़ के थाना प्रभारी एसएचओ रमनदीप सिंह के मुताबिक मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि उसके बड़े बेटे आरोपी हरपाल सिंह का विवाह लुधियाना के गांव मलक की रहने वाली गुरमीत कौर से 2019 में हुआ था। बहू के छोटे बेटे सुखजिदर सिंह से संबंध हो गया। इसके बाद घर में झगड़ा रहने लगा था। सोमवार रात्रि गुरमीत कौर व आरोपी हरपाल सिंह ने सुखजिदर सिंह को अपने कमरे में बुला लिया। उनका किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। तैश में आकर आरोपी हरपाल सिंह ने सुखजिदर सिंह के सिर पर टेंट लगाने वाले राड से हमला करके गंभीर घायल कर दिया। खून अधिक बहने के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एसएचओ इंस्पेक्टर रमनदीप सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।--
- नयी दिल्ली। दूरसंचार विभाग ने नौ से ज्यादा सिम कार्ड रखने वाले ग्राहकों के सिम को फिर से सत्यापित करने और सत्यापित न होने की स्थिति में सिम बंद करने का आदेश दिया है। जम्मू-कश्मीर और असम समेत पूर्वोत्तर के लिए यह संख्या छह सिम कार्ड की है। दूरसंचार विभाग की तरफ से जारी आदेश के अनुसार ग्राहकों के पास अनुमति से अधिक सिम कार्ड पाए जाने की स्थिति में उन्हें अपनी मर्जी का सिम चालू रखने और शेष को बंद करने का विकल्प दिया जाएगा। विभाग ने कहा, "विभाग द्वारा किये गए विश्लेषण के दौरान यदि किसी ग्राहक के पास सभी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों के सिम कार्ड निर्धारित संख्या से अधिक पाए जाते है तो सभी सिम का फिर से सत्यापन किया जाएगा।" दूरसंचार विभाग ने यह कदम दरअसल वित्तीय अपराधों, आपत्तिजनक कॉल, स्वचालित कॉल और धोखाधड़ी गतिविधियों की घटनाओं की जांच करने को लेकर उठाया है। विभाग ने दूरसंचार कंपनियों से उन सभी मोबाइल नंबर को डेटाबेस से हटाने के लिए कहा है जो नियम के अनुसार उपयोग में नहीं हैं।-
- हैदराबाद ।तेलंगाना के निजामाबाद जिले में पंजाब के दो व्यक्तियों समेत तीन लोगों की हत्या की खबर है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार आधी रात को डिचपल्ली मंडल में एक शेड में हुई। पुलिस ने कहा कि तीनों हार्वेस्टर मेकैनिक थे और 28-35 साल की उम्र के थे जिनकी अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि हत्या के पीछे के मकसद की जांच की जा रही है। निजामाबाद पुलिस आयुक्त कार्तिकेय ने कहा कि मृतकों में से दो पंजाब के रहने वाले थे और एक अन्य तेलंगाना के संगरेड्डी जिले का निवासी था। उन्होंने कहा कि तीनों पर हथौड़े से हमला किया गया था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हत्याकांड की जांच के लिए एक विशेष दल बनाया गया है।
- पुणे। टीका निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के कार्यकारी निदेशक डॉ सुरेश जाधव का यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार के करीबी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की मुख्य वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन और एसआईआई के अध्यक्ष अदार पूनावाला ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। सूत्रों ने बताया कि 72 वर्षीय जाधव कैंसर से पीड़ित थे और मंगलवार रात को उनका निधन हो गया।वह 1979 से टीका निर्माता एसआईआई से जुड़े थे और निर्माण और गुणवत्ता नियंत्रण का काम देखते थे। कंपनी ही कोरोना वायरस रोधी टीके 'कोविशील्ड' का निर्माण कर रही है। पूनावाला ने ट्वीट किया कि डॉ जाधव के निधन से एसआईआई और भारतीय टीका उद्योग ने एक मार्गदर्शक शख्स को खो दिया है। उन्होंने कहा, “ इस कठिन समय के दौरान मैं उनके परिवार के लिए प्रार्थना करता हूं । मैं आपकी संवेदना के लिए आप सभी को धन्यवाद देता हूं।” स्वामीनाथन ने ट्वीट किया कि उन्होंने टीके के विकास में असाधारण योगदान दिया । उनकी आत्मा को शांति मिले।
- नयी दिल्ली। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत को ले जा रहा भारतीय वायुसेना का दुर्घटनाग्रस्त हुआ एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर एक उन्नत सैन्य परिवहन हेलीकॉप्टर है जोकि वर्ष 2012 से वायुसेना के बेड़े में शामिल है। रशियन हेलीकॉप्टर की सहायक कंपनी 'कजान' द्वारा निर्मित एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर मौसम रडार के साथ ही नवीनतम पीढ़ी के 'नाइट विजन' उपकरणों से लैस है। इसमें पीकेवी-8 स्वचालित पायलट प्रणाली की भी सुविधा है। एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर 4,000 किलोग्राम वजनी सामग्री ले जाने में सक्षम है। भारत ने 2008 में मानवीय तथा आपदा राहत अभियानों और परिवहन कार्यों के मद्देनजर अपने हेलिकॉप्टर बेड़े को मजबूत करने के लिए 80 एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर की खरीद के लिए रूस के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। हालांकि, बाद में इनकी संख्या बढ़ाकर 151 कर दी गई थी। इन हेलीकॉप्टर की पहली खेप सितंबर 2011 में भारत पहुंची थी। भारतीय वायुसेना ने फरवरी 2012 में औपचारिक रूप से एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर को अपने बेड़े में शामिल किया था। ये हेलीकॉप्टर कई तरह के हमलों से बचाव के लिए आत्म-रक्षा प्रणाली से भी लैस है। एमआई श्रेणी का ये हेलीकॉप्टर 250 किलोमीटर प्रतिघंटा की अधिकतम रफ्तार पकड़ सकता है।
- नयी दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन के मामले सामने आने के चलते बढ़ी चिंता के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर बुधवार को कहा कि वायरस के इस नए स्वरूप के मरीजों का उपचार केवल निर्धारित कोविड अस्पतालों के पृथक-वास वार्ड में ही करना होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने पत्र में कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि इन अस्पतालों में स्वास्थ्यकर्मी वायरस से बचाव के पर्याप्त उपाय अपनाएं ताकि मरीज से अन्य लोगों में संक्रमण फैलने का खतरा नहीं रहे। भूषण ने राज्यों को यह भी सुनिश्चित करने का सुझाव दिया कि संक्रमित पाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों और उनके करीबी संपर्क वाले लोगों के नमूने जीनोम अनुक्रमण के वास्ते प्रयोगशालाओं में भेजे जाएं और समय-समय पर इनकी समीक्षा की जाए। साथ ही कहा कि वायरस की रोकथाम के मद्देनजर मरीज के संपर्क में आए सभी लोगों का पता लगाने और उनके नमूनों की जांच करने को लेकर गंभीरता से कदम उठाए जाएं। सचिव ने सामुदायिक स्तर पर भी निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने पत्र में कहा, '' जिला निगरानी दल द्वारा क्षेत्र में पहुंचे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी सुनिश्चित की जाए और, अगर वे जोखिम वाले देशों से पहुंचे हैं तो आठवें दिन उनका कोविड परीक्षण कराए जाने की आवश्यकता है।
- अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में अहमदाबाद के सोला इलाके में मां उमियाधाम मंदिर के शिलान्यास समारोह में 13 दिसंबर को डिजिटल माध्यम से शरीक होंगे। भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक ने बुधवार को यह जानकारी दी। विधायक एवं उमियाधाम शिलान्यस महोत्सव समिति के प्रमुख बाबूभाई पटेल ने कहा कि काडवा पाटीदार समुदाय की कुलदेवी मां उमिया का मंदिर और अन्य भवन 74000 वर्ग गज़ जमीन पर 1500 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। अहमदाबाद में सोला उमिया परिसर, जहां मंदिर बनाया जा रहा है , वह मेहसाणा के उंझा में उमिया माताजी संस्थान से संबंधित है। शिलान्यास को लेकर तीन दिन चलने वाले समारोह की शुरुआत 11 दिसंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होगी। बाबूभाई पटेल ने बताया कि समारोह में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि “नवचंडी यज्ञ'' 12 दिसंबर को होगा जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 दिसंबर को शिलान्यास समारोह में डिजिटल माध्यम से शामिल होंगे। उंझा में मंदिर का संचालन करने वाला न्यास नए मंदिर के बगल में 13 मंजिला एक इमारत बनाएगा जिसमें 400 कमरे होंगे। इनमें पाटीदार समुदाय के युवकों को संघ लोक सेवा आयोग और गुजरात लोकसेवा आयोग की परीक्षाओं के लिए तैयारी कराने की सुविधा होगी। बाबू भाई पटेल ने बताया कि पूरे परिसर में 1200 विद्यार्थी रह सकते हैं।
- श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में तीन अज्ञात आतंकवादियों को मार गिराया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि शोपियां के चक-ए-चोलां गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी और घेराबंदी अभियान चलाया। अधिकारी ने कहा कि आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोली चलाई जिसके बाद जवाबी फायर किया गया। अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से दिनभर चली गोलीबारी में तीन आतंकी मारे गए। उन्होंने बताया कि अभियान अभी जारी है। उन्होंने कहा कि मारे गए आतंकवादियों की पहचान और संगठन का पता लगाया जा रहा है।
- मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक ने डिजिटल भुगतान का दायरा बढ़ाने के मकसद से फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिये यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस) आधारित भुगतान उत्पाद पेश करने का प्रस्ताव किया है। साथ ही केंद्रीय बैंक ने खुदरा निवेशकों द्वारा यूपीआई के उपयोग को प्रोत्साहन को खुदरा प्रत्यक्ष योजना और आईपीओ (आरंभिक सार्वजनिक निर्गम) आवेदनों के लिये इसके जरिये लेन-देन की सीमा को दो लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने का प्रस्ताव किया है। आरबीआई ने कहा कि दूरसंचार नियामक ट्राई के अक्टूबर के आंकड़ों के अनुसार, भारत में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों की संख्या करीब 118 करोड़ है। इसमें 74 करोड़ स्मार्टफोन हैं जबकि शेष फीचर फोन हैं। फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के पास डिजिटल भुगतान उत्पादों तक सीमित पहुंच हैं। हालांकि, फीचर फोन में एनयूयूपी (नेशनल यूनिफाइड यूएसएसडी प्लेटफार्म) है। यह मूल भुगतान सेवा प्राप्त करने का विकल्प है। आरबीआई ने कहा कि वित्तीय उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के लिये फीचर फोन उपयोगकर्ताओं को डिजिटल भुगतान की मुख्यधारा में लाना महत्वपूर्ण है। केंद्रीय बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि नियामकीय ‘सैंडबॉक्स' (सीमित दायरे में नये उत्पादों और सेवाओं का सीधा परीक्षण) के पहले समूह में, कुछ नवोन्मेषकों ने ‘खुदरा भुगतान' विषय के तहत फीचर फोन भुगतान के लिए अपने समाधानों का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों एवं कुछ अन्य पूरक समाधानों के साथ फीचर फोन में डिजिटल भुगतान सुविधा दी जा सकती है। अत: डिजिटल भुगतान का दायरा बढ़ाने के मकसद से फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिये यूपीआई आधारित भुगतान उत्पाद पेश करने का प्रस्ताव है। इस बारे में जल्दी ही विस्तृत ब्योरा जारी किया जाएगा। इसके अलावा, खुदरा निवेशकों द्वारा यूपीआई के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिये खुदरा प्रत्यक्ष योजना और आईपीओ आवेदनों के लिये इसके जरिये लेन-देन की सीमा को दो लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने का प्रस्ताव किया गया है। आरबीआई ने कहा कि आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिये यूपीआई एक लोकप्रिय भुगतान विकल्प बन गया है। ऐसी रिपोर्ट है कि दो से पांच लाख रुपये के आईपीओ आवेदन का हिस्सा कुल आवेदनों का लगभग 10 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि लेन-देन की मात्रा (अक्टूबर 2021 में प्रति दिन 14 करोड़ लेनदेन) के हिसाब से यूपीआई देश में सबसे बड़ी खुदरा भुगतान प्रणाली है। यूपीआई के प्रारंभिक उद्देश्यों में से एक कम मूल्य के लेनदेन में नकदी की जगह इसका उपयोग करना था। दास ने कहा कि आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि यूपीआई के जरिये 50 प्रतिशत लेन-देन 200 रुपये से कम के हैं। हालांकि, ये कम मूल्य के लेन-देन, महत्वपूर्ण प्रणाली क्षमता और संसाधनों का उपयोग करते हैं। कभी-कभी ‘कनेक्टिविटी' से संबंधित मुद्दों के कारण लेनदेन की विफलता के कारण ग्राहकों को असुविधा होती है। उन्होंने कहा कि इसीलिए यूपीआई ऐप में ‘ऑन-डिवाइस' वॉलेट के माध्यम से छोटे मूल्य के लेनदेन को सक्षम करके एक सरल प्रक्रिया बनाने का प्रस्ताव है, जो उपयोगकर्ता के लिए लेनदेन के अनुभव में किसी भी बदलाव के बिना बैंकों की प्रणाली से जुड़े संसाधनों का संरक्षण करेगी।
- मुंबई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को 22वीं मिसाइल वेसल स्क्वाड्रन को विशिष्ट सेवा के लिए ‘राष्ट्रपति मानक' से सम्मानित किया। इसी इकाई ने 1971 के युद्ध में पाकिस्तानी नौसेना के जहाजों पर बमबारी की थी और उन्हें डुबो दिया था। राष्ट्रपति ने कहा कि यह सम्मान स्क्वाड्रन के पूर्व और वर्तमान अधिकारियों द्वारा की गई सेवाओं का प्रमाण है। यह वर्ष मिसाइल वेसल स्क्वाड्रन की स्थापना के पचास वर्षों का भी प्रतीक है। इस स्कवाड्रन को ‘किलर्स' के रूप में भी जाना जाता है। इस स्क्वाड्रन ने पिछले पांच दशकों में समुद्र से विश्वसनीय आक्रामक युद्धक क्षमता बनाए रखी है। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, ‘‘इस पुरस्कार का समय इससे अधिक उपयुक्त नहीं हो सकता था क्योंकि हमारा देश ‘स्वर्णिम विजय वर्ष' मना रहा है। मानक सम्मान प्रदान किया जाना हमारे देश के लिए इस स्क्वाड्रन के अतीत और वर्तमान के अधिकारियों और नाविकों द्वारा प्रदान की गई असाधारण सेवा का प्रमाण है।'' मिसाइल वेसल स्क्वाड्रन ने ‘ऑपरेशन विजय' और ‘ऑपरेशन पराक्रम' में भाग लिया है और 2019 में पुलवामा हमले के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा के दौरान पाकिस्तान तट से हमलों की आशंका के मद्देनजर जवाबी कार्रवाई के लिए भी इसकी तैनाती की गई। अक्टूबर 1991 में मुंबई में 22वीं मिसाइल वेसल स्क्वाड्रन को औपचारिक रूप से दस वीर श्रेणी और तीन प्रबल श्रेणी की मिसाइल युक्त नौकाओं के साथ स्थापित किया गया था। हालांकि, ‘किलर्स' की शुरुआत वर्ष 1969 में हुई, जब भारतीय नौसेना की ताकत को बढ़ाने के लिए तत्कालीन यूएसएसआर (सोवियत संघ) से ओएसए एक श्रेणी मिसाइल पोत को शामिल किया गया था। राष्ट्रपति ने कहा कि 22वीं मिसाइल वेसल स्क्वाड्रन पिछले पांच दशकों में लगातार आगे बढ़ती रही। उन्होंने कहा, ‘‘पचास साल पहले, आठ दिसंबर को किलर स्क्वाड्रन जहाजों ने कराची बंदरगाह को आग लगा दी, दुश्मन के मनोबल को धराशायी कर दिया, कराची पर नाकाबंदी लागू कर दी और समुद्र में नियंत्रण हासिल कर लिया। तथ्य यह है कि ये जहाज, मुख्य रूप से तट रक्षा के लिए लिए गए थे। युद्ध में ये हमारी नौसेना के लिए सबसे शक्तिशाली आक्रामक स्ट्राइक फोर्स बन गए, जो हमारे नौसेना कर्मियों के शौर्य और बहादुरी का प्रतीक है।'' राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि वह आत्मानिर्भर भारत के प्रति नौसेना की प्रतिबद्धता को छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि के रूप में देखते हैं, जिन्हें कई इतिहासकार 17वीं शताब्दी में भारत की युद्ध के लिए तैयार नौसेना बल के संस्थापक के रूप में मानते हैं। उन्होंने कहा कि स्क्वाड्रन ने अदम्य वीरता और विशिष्ट सेवा के लिए कई सम्मान और पुरस्कार अर्जित किए हैं। इसमें महावीर चक्र, वीर चक्र और नौसेना पदक शामिल हैं, जो ‘किलर्स' स्क्वाड्रन की बहादुरी का प्रमाण है।
- मंगलुरु । कर्नाटक के मंगलुरु में बुधवार को एक घर में एक ही परिवार के चार सदस्य मृत मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान नागेश शेरिगुप्पी (30), उसकी पत्नी विजयलक्ष्मी (26), बेटी सपना (8) और बेटे समर्थ (4) के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि नागेश ने अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। नागेश का शव घर की छत से लटका पाया गया, जबकि अन्य को जहर देकर मार डाला गया था। परिवार बागलकोट जिले के बिलगी तालुक के सुनग गांव का रहने वाला था। नागेश ड्राइवर के तौर पर काम करता था जबकि विजयलक्ष्मी सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम करती थी। विजयलक्ष्मी अक्टूबर में लापता हो गई थी और नागेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। विजयलक्ष्मी के वापस आने के बाद मामले को बंद कर दिया गया। विजयलक्ष्मी ने पुलिस को बताया था कि वह अपने पति से झगड़े के बाद कुछ दिन के लिए अपनी दोस्त के घर चली गई थी। शहर के पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार, डीसीपी हरिराम शंकर व अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया।
- शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)। शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर इलाके में बुधवार को एक ट्रक के सड़क किनारे बैठे लोगों पर पलट जाने से उसके नीचे दबकर दो महिलाओं की मौत हो गई तथा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को बताया कि ढाई घाट से गन्ना लेकर चीनी मिल जा रहा एक ट्रक पृथ्वीपुर गांव में ऊपर से गुजर रहे एक बिजली के तार में फंस गया और अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बैठे लोगों पर पलट गया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में ट्रक के नीचे दबकर रेखा (45) और सोनकली (55) नामक महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ट्रक का चालक भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
- पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक श्रमिक की किस्मत उस वक्त रातों रात बदल गई जब उसे खदान से 60 लाख रुपए कीमत का 13 कैरेट का हीरा मिला। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। हीरा निरीक्षक अनुपम सिंह ने बताया कि आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले मजदूर मुलायम सिंह को कृष्णा कल्याणपुर इलाके में उथली खदानों में मिले हीरे का वजन 13.54 कैरेट है जिसकी कीमत कम से कम 60 लाख रुपए है। उन्होंने कहा कि सिंह के अलावा अन्य मजदूरों को अलग अलग वजन के छह हीरे मिले हैं। इन छह में से दो हीरों का वजन क्रमश छह और चार कैरेट है जबकि अन्य का वजन 43, 37 और 74 सेंट है। अधिकारी ने कहा कि इन सभी हीरों की कुल कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है। नीलामी में इनकी वास्तविक कीमत का पता चलेगा। हीरा मिलने पर खुशी जताते हुए सिंह ने कहा, मैं हीरे की नीलामी से मिलने वाले रुपयों को अपने बच्चों की शिक्षा पर खर्च करुंगा।'' अधिकारियों के अनुसार भोपाल से 380 किलोमीटर दूर स्थित पन्ना जिले में कुल 12 लाख कैरेट के हीरे के भंडार होने का अनुमान है।
- बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के एक गांव में मां और बेटे के शव एक कुएं से बरामद हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। तिरोड़ी थाना प्रभारी चेन सिंह उइके ने बुधवार को बताया कि घटना मंगलवार शाम को तिरोड़ी थाने के दिग्धा गांव में हुई। महिला के मायके वालों का आरोप है कि दोनों की हत्या की गई है जबकि महिला के पति का कहना है कि महिला ने बच्चे के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या की है। उइके ने कहा कि शकुंतला बाई (28) और उसके छह साल के बेटे का शव खेत के कुएं में मिला है। उन्होंने महिला के पति के हवाले से कहा कि उसकी पत्नी दोनों बेटों के साथ कुंए में कूद गई। इसमें तीन वर्षीय छोटा बेटा कुएं की सीढ़ियों से बाहर निकल आया और बच गया जबकि महिला और उसके पांच वर्षीय बड़े बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार देर रात शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।=file photo
- मुजफ्फरनगर (उप्र)। यहां बुढ़ाना थाना क्षेत्र में पैसा जमा कराने जा रहे एक गैस एजेंसी के प्रबंधक से तीन हथियारबंद लोगों ने 1.69 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी विनय गौतम ने बताया कि एक गैस एजेंसी के प्रबंधक नितिन कुमार दो अन्य कर्मचारियों के साथ मोटरसाइकिल से एजेंसी के पैसे बैंक में जमा करने के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में बुढाना-कांडला मार्ग पर तीन हथियारबंद लोगों ने उन पर धावा बोल दिया। गौतम ने कुमार की शिकायत के हवाले से बताया कि उन्होंने कुमार और उनके सहयोगियों को हथियार का डर दिखाकर उनसे पैसे लूट लिये। उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है।
- नई दिल्ली। लोकसभा ने उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों के वेतन और सेवा शर्तें संशोधन विधेयक, 2021 को बुधवार को ध्वनि मत से पारित कर दिया है। कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि इस संशोधन विधेयक में उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के पेंशन के वितरण में विसंगतियों को दूर करने का प्रयास किया गया है।इस संशोधन में व्यवस्था है कि विशेष आयु प्राप्त करने के बाद सेवानिवृत्त ये न्यायाधीश अतरिक्त पेशन अथवा परिवार पेशन के पात्र होगे। विशेष आय़ु को पांच श्रैणीयों में रखा गया है, जिसमें न्यूनतम आयु 80 वर्ष होनी चाहिए। विधेयक पर बहस का जवाब देते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि न्यायपलिका के उच्च पदों पर जजों की नियुक्त की वर्तमान कॉलेजियम प्रणाली के बारे में सेवानिवृत्त न्यायाधीशों, गैर सरकारी संगठनों और नागरिक समाज के अनेक वर्गों द्वारा अपत्ति व्यक्त की गई है।श्री रिजिजू ने कहा कि उन्हें एक नई राष्ट्रीय न्यायिक पालिका नियुक्ति आयोग विधेयक लाने का सुझाव भी प्राप्त हुआ है।उच्चतम न्यायालय औऱ उच्च न्यायालयों में रिक्त पदों का उल्लेख करते हुए कानून मंत्री ने कहा कि कॉलेजियम द्वारा नामों के सेट मिलने के बाद नियमानुसार उनकी छानबीन की आवश्यकता होती है।उन्होंने कहा कि इस मामले में एक निश्चित समय के भीतर कार्य करना उचित नहीं होगा। श्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उन्होंने उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों से कहा है कि वे इस बात का ख्याल रखे की न्यायाधीश पद की नियुक्त के लिए भेजे गए नामों में समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व होना चाहिए।कानून मंत्री का कहना था कि सरकार न्यायपलिका के मामले में कभी दखल नहीं देती है। कार्यपालिका और विधायका की तरह न्यायपालिका को भी अपने मामले में स्वतंत्रता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार फॉस्टट्रैक कोर्ट की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकारों के साथ मिलकर कार्य कर रही है, औऱ पश्चिम बंगाल सरकार को केंद्र के साथ सहयोग करने को कहा गया है। श्री रिजिजू ने कहा कि फिल्हाल न्यायालयों में साढ़े पांच करोड़ मामले लंबित है जो चिंता का विषय है। हांलाकि उनका ये भी कहना है कि इनमे से 90 प्रतिशत मामले निचली आदलतों में लंबित है। श्री किरेन रिजिजू ने 30 नवंबर को इस विधेयक को लोकसभा में पेश किया था। इस विधेयक पर कल सदन में विस्तार से चर्चा की गई।
- नई दिल्ली। जाने माने कोंकणी लेखक दामोदर माउजो को वर्ष 2022 का ज्ञानपीठ पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। दामोदर मौज़ो सर्वोच्च साहित्यिक पुरस्कार प्राप्त करने वाले कोंकणी के दूसरे लेखक हैं, इससे पहले रविन्द्र केलेकर को 2006 में यह सम्मान दिया गया था। माउजो लघु कथा उपन्यासकार और पटकथा लेखक हैं। उन्हें 1983 में उपन्यास कार्मेलिन के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार दिया गया था। उनकी कई लघु कथाओं का अन्य भाषाओं में अनुवाद किया जा चुका है और विभिन्न पत्रिकाओं में प्रकाशित की गई हैं। उनकी कहानियों में निर्धन लोगों के संघर्ष और उनका दर्द झलकता है। असमी भाषा के कवि नीलमणि फुकन को वर्ष 2021 के 56वें ज्ञानपीठ पुरस्कार के लिए चुना गया था।


























.jpeg)

