- Home
- बिजनेस
-
मुंबई. टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने बुधवार को कहा कि उसके बहु-उद्देश्यीय वाहन इनोवा के नए हाइब्रिड संस्करण की कीमत 18.30 लाख रुपये से शुरू होगी। टोयोटा ने इनोवा हाइक्रॉस से नवंबर में पर्दा उठाया था। यह मॉडल अगले महीने से डीलरों के पास मिलने लगेगा। कंपनी ने एक बयान में बताया कि वाहन के स्वत: चार्ज होने वाले हाइब्रिड संस्करण के दाम 24.01-28.97 लाख रुपये के बीच रखे गए हैं जबकि पेट्रोल संस्करण की कीमत 18.30-19.20 लाख रुपये के बीच रखी गई है। वाहन के लिए बुकिंग 25 नवंबर से शुरू हो चुकी है। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर में बिक्री एवं रणनीतिक विपणन के सहायक उपाध्यक्ष अतुल सूद ने कहा, ‘‘कई खूबियों वाली इनोवा हाइक्रॉस की पेशकश भारत में हमारे लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। देशभर से मिली शानदार प्रतिक्रिया से हमें बहुत प्रसन्नता हुई।'' इनोवा को 2005 में देश में उतारा गया था अब तक इसकी 10 लाख से अधिक इकाइयां बिक चुकी हैं।
-
नयी दिल्ली. देश के आठ प्रमुख शहरों में आवास की मांग मजबूत बनी हुई है और अक्टूबर से दिसंबर की अवधि के दौरान इन शहरों में आवास बिक्री सालाना आधार पर 19 फीसदी बढ़कर 80,770 इकाई रही है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। पिछले वर्ष की समान तिमाही में 67,890 आवासीय इकाइयां बिकी थीं।
आवास ब्रोकरेज कंपनी प्रॉपटाइगर डॉट कॉम ने अपनी ‘रियल स्टेट इनसाइट' रिपोर्ट में बताया कि देश के आठ प्रमुख शहरों में इस साल अब तक आवास बिक्री 50 प्रतिशत बढ़कर 3,08,940 इकाई पर पहुंच गई। 2021 में 2,05,940 इकाइयां बिकीं थीं। हाउसिंग डॉट कॉम के समूह मुख्य वित्तीय अधिकारी विकास वधावन ने कहा, ‘‘आवास ऋण की ब्याज दरों में निरंतर वृद्धि के बावजूद ग्राहक ब्याज दरों को लेकर परेशान होने के बजाए कम दाम पर सौदा तय कर लेना चाहते हैं।'' आंकड़ों के मुताबिक, अहमदाबाद में आवास बिक्री पिछले वर्ष अक्टूबर-दिसंबर की 5,420 इकाई की तुलना में इस वर्ष 23 फीसदी बढ़कर 6,640 इकाई हो गई। पिछले वर्ष कुल 16,880 इकाई बिकीं थीं जो 2022 में 62 फीसदी बढ़कर 27,310 इकाई हो गईं। बेंगलुरु में यह 30 फीसदी की गिरावट के साथ 6,560 इकाई रही जो पिछले वर्ष अक्टूबर से दिसंबर के बीच 9,420 इकाई थी। हालांकि यहां सालाना आधार पर बिक्री 22 फीसदी बढ़कर 30,470 इकाई रही है जो 2021 में 24,980 इकाई थी। चेन्नई में समीक्षाधीन तिमाही में आवास बिक्री दो फीसदी गिरकर 3,160 इकाई रही जो पिछले वर्ष समान तिमाही में 3,210 इकाई थी। हालांकि पूरे साल में आवास बिक्री आठ प्रतिशत बढ़ी है और 2022 में 14,100 इकाई बिकी हैं जबकि 2021 में 13,050 इकाई बिकी थीं। दिल्ली-एनसीआर में भी अक्टूबर-दिसंबर 2022 में बिक्री तीन प्रतिशत कम होकर 4,280 इकाई रही। 2021 की समान तिमाही में यह 4,430 इकाई थी। यहां भी आवास बिक्री पिछले साल की 17,910 इकाइयों की तुलना में सात प्रतिशत बढ़कर 2022 में 19,240 इकाई रही। हैदराबाद में आवास बिक्री समीक्षाधीन तिमाही में दोगुना से अधिक बढ़कर 10,330 इकाई रही है जो पिछले वर्ष समान तिमाही में 4,280 इकाई थी। वहीं पिछले वर्ष कुल 22,240 इकाइयां यहां बिकी थीं जो 2022 में 59 फीसदी बढ़कर 35,370 इकाई हो गईं। कोलकाता में आवास बिक्री अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 18 फीसदी गिरकर 2,130 इकाई रही जो पिछले वर्ष समान तिमाही में 2,610 इकाई थी। हालांकि इस वर्ष यहां मांग आठ प्रतिशत बढ़कर 10,740 इकाई रही है जो 2021 में 9,900 इकाई थी। मुंबई महानगर क्षेत्र में आवास बिक्री समीक्षाधीन तिमाही में 40 प्रतिशत बढ़कर 31,370 इकाई रही जो पिछले वर्ष समान तिमाही में 22,440 इकाई थी। वहीं 2022 में कुल बिक्री 87 फीसदी बढ़कर 1,09,680 इकाई रही है जो 2021 में 58,560 इकाई थी। समीक्षाधीन तिमाही में पुणे में आवास बिक्री एक प्रतिशत बढ़कर 16,300 इकाई रही, पिछले वर्ष यह 16,080 इकाई थी। यहां 2022 में कुल बिक्री 46 प्रतिशत बढ़कर 62,030 इकाई रही है जो 2021 में 42,420 इकाई थी। प्रॉपटाइगर डॉट कॉम और हाउसिंग डॉट कॉम में शोध प्रमुख अंकिता सूद ने कहा कि आवासीय रियल्टी क्षेत्र के लिए 2022 बहुत सकारात्मक रहा है और यह तो अभी शुरुआत है। -
नयी दिल्ली. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पद पर अब मुकेश अंबानी को 20 साल पूरे हो गए हैं। उनकी अगुवाई में रिलायंस ने पिछले दो दशक में राजस्व, लाभ के साथ ही बाजार पूंजीकरण में लगातार दो अंकीय वृद्धि दर हासिल की है। इस दौरान कंपनी का बाजार पूंजीकरण 42 गुना बढ़ा है, तो लाभ में करीब 20 गुना की वृद्धि हुई है।
कंपनी द्वारा बुधवार को जारी बयान में कहा गया है कि अंबानी के नेतृत्व वाले 20 वर्षों में 87 हजार करोड़ प्रति वर्ष की दर से निवेशकों की झोली में 17.4 लाख करोड़ रुपये आए। इस बीच, दुनियाभर की बड़ी से बड़ी कंपनियों का निवेश रिलायंस को मिला। फेसबुक, गूगल और बीपी जैसी बड़ी कंपनियों ने रिलायंस में निवेश किया। देश की सबसे बड़ी कंपनी की सफलता की कहानी के कई महत्वपूर्ण अध्याय मुकेश अंबानी ने अपने हाथ से लिखे हैं। तेल से शुरू कर कंपनी ने दूरसंचार और खुदरा क्षेत्र में कई मुकाम हासिल किए हैं। मुकेश अंबानी ने ही सबसे पहले डेटा को ‘न्यू-ऑयल' कहा था। जाहिर है कि डेटा ने आज देश के आमजन की रोजमर्रा की जिंदगी को बदल डाला है। अंबानी ने दुनिया की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनियों में से एक रिलायंस जियो को खड़ा किया। जियो के आने के बाद देश ने डिजिटल दुनिया में जो दौड़ लगाई, उसे देख दुनिया ने दांतों तले अंगुली दबा ली। आज सबसे अधिक डिजिटल लेनदेन का रिकॉर्ड भारत के नाम है। इसमें रिलायंस जियो का भी योगदान है। आरआईएल ने बताया कि जो डेटा करीब 250 रुपये प्रति जीबी की दर से मिलता था, वह जियो के आने के बाद घटकर 10 रुपये के आसपास पहुंच गया। डेटा खपत में भी देश ने लंबी छलांग लगाई और 2016 में 150वें स्थान से बढ़कर दुनिया में भारत ने पहला स्थान हासिल कर लिया है। खुदरा क्षेत्र में भी रिलायंस दुनिया की दिग्गज कंपनियों को टक्कर दे रही है। ऑनलाइन हो या ऑफलाइन, खुदरा हो या थोक कारोबार, मुकेश अंबानी के नेतृत्व में रिलायंस ने अपनी पकड़ मजबूत की है। रिलायंस रिटेल ने पिछले साल एक दिन में करीब सात स्टोर खोले का रिकॉर्ड बनाया है। राजस्व के मामले में भी वह देश की शीर्ष खुदरा कंपनी बन गई है। मुकेश अंबानी ने भविष्य की रिलायंस के लिए सपने अभी से बुनने शुरू कर दिए हैं। जामनगर में 75 हजार करोड़ रुपये के निवेश से नवीकरणीय ऊर्जा के लिए पांच गीगा फैक्टरी लगाई जा रही हैं। सौर ऊर्जा और हरित हाइड्रोजन जैसे नए ऊर्जा साधनों पर भी रिलायंस तेजी से काम कर रही है। - नयी दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में मजबूती के रुख के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 173 रुपये की तेजी के साथ 55,074 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले सत्र में सोने का भाव 54,901 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 926 रुपये की तेजी दर्शाती 70,205 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के जिंस शोध विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत दमानी ने कहा, ‘‘डॉलर में गिरावट आने से सोने की कीमतों में तेजी जारी रही।'' अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,807.60 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी तेजी दर्शाता 24.19 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के एक विश्लेषक ने कहा, ‘'डॉलर के कमजोर होने से एशियाई कारोबार में कॉमेक्स में सोने की कीमतों में तेजी रही।''
-
नयी दिल्ली। दूग्ध विक्रेता मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर इलाके में अपने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाने की घोषणा की है। नई कीमतें मंगलवार से लागू होंगी। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र की प्रमुख दुग्ध विक्रेता मदर डेयरी की तरफ से दूध के दाम बढ़ाने का यह इस साल पांचवां मौका है। मदर डेयरी दिल्ली एवं आसपास के इलाकों में रोजाना 30 लाख लीटर से अधिक दूध की बिक्री करती है। मदर डेयरी ने कहा कि फुल क्रीम दूध का दाम अब 66 रुपये प्रति लीटर हो गया है जबकि टोंड दूध की संशोधित कीमत 53 रुपये प्रति लीटर होगी। वहीं डबल टोंड दूध के दाम रुपये बढ़कर 47 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। हालांकि, कंपनी ने गाय के दूध की थैली एवं टोकन से खरीदे जाने वाले दूध के दाम नहीं बढ़ाए हैं।
मदर डेयरी ने इस कीमत वृद्धि के लिए दुग्ध उत्पादक किसानों से की जाने वाली खरीद की लागत बढ़ने को जिम्मेदार बताया है। कंपनी ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस साल दूध की खरीद लागत करीब 24 प्रतिशत तक बढ़ गई है। कंपनी ने कहा, ‘‘दुग्ध उद्योग के लिए यह एक अप्रत्याशित साल रहा है। हमें त्योहारों के बाद भी उपभोक्ताओँ और संस्थानों दोनों से ही मांग में तेजी देखने को मिल रही है। वहीं कच्चे दूध की खरीद दिवाली के बाद भी तेजी नहीं पकड़ पाई है। -
नयी दिल्ली. काईनेटिक समूह एक जमाने में बेहद लोकप्रिय रही अपनी मोपेड ‘लूना' का इलेक्ट्रिक संस्करण बाजार में उतारेगा। काईनेटिक इंजीनियरिंग लिमिटेड (केईएल) ने शेयर बाजारों को सोमवार को बताया कि उसकी अनुषंगी काईनेटिक ग्रीन एनर्जी एंड पॉवर सॉल्यूशंस ई-लूना को जल्द ही बाजार में उतारेगी। इसके लिए केईएल ने चेसिस और अन्य इलेक्ट्रिक कलपुर्जों का विनिर्माण शुरू भी कर दिया है।
केईएल के प्रबंध निदेशक अजिंक्य फिरोदिया ने कहा, हमें उम्मीद है कि इस व्यवसाय के जरिए अगले दो से तीन वर्ष में, जब ई-लूना की संख्या बढ़ेगी, इसका सालाना कारोबार 30 करोड़ रुपये से अधिक का हो जाएगा।'' काईनेटिक इंजीनियरिंग ने ठीक 50 साल पहले लूना को बाजार में उतारा था, तब इसकी कीमत 2,000 रुपये प्रति इकाई रखी गई थी। कंपनी ने बताया कि लूना जल्द ही बहुत लोकप्रिय हो गई और इसकी प्रतिदिन बिक्री 2,000 पर पहुंच गई थी। तब अपनी श्रेणी के बाजार में उसकी हिस्सेदारी 95 फीसदी थी।
-
हैदराबाद. दवा कंपनी ‘हेटेरो' ने कोविड-19 की मौखिक दवा निर्माट्रेलविर के जेनेरिक स्वरूप के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन पूर्व अहर्ता दवा कार्यक्रम (डब्ल्यूएचओ पीक्यू) के तहत स्वीकृति मिलने की सोमवार को घोषणा की। कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि ‘फाइजर' की कोविड-19 मौखिक वायरल रोधी दवा ‘पैक्सलोविड' के किसी जेनेरिक स्वरूप को पहली बार शुरुआती मंजूरी मिली है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि डब्ल्यूएचओ ने कोरोना वायरस से मामूली या मध्यम रूप से संक्रमित उन मरीजों को निर्माट्रेलविर और रिटोनाविर देने की मजबूत सिफारिश की है, जिनके अस्पताल में भर्ती होने का अधिक खतरा है। ऐसे मरीज या तो बुजुर्ग हो सकते हैं, या उनकी प्रतिरोधक क्षमता कम हो सकती है या फिर हो सकता है कि उनका टीकाकरण न हुआ हो। हेटेरो द्वारा उपलब्ध कराए गए मिश्रित पैक निर्माकॉम में 150 एमजी की निर्माट्रेलविर (दो गोली) और 100 एमजी रिटोनाविर (एक गोली) है। यह दवा केवल चिकित्सक की सलाह पर ही उपलब्ध है और संक्रमित पाए जाने के बाद जल्द से जल्द एवं लक्षणों की शुरुआत से पांच दिन के भीतर इस दवा को लिया जाना चाहिए। विज्ञप्ति में बताया गया कि निर्माकॉम का उत्पादन भारत में हेटेरो की इकाइयों में किया जाएगा।
हेटेरो ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रबंध निदेशक वामसी कृष्ण बांदी ने कहा, निर्माकॉम के लिए डब्ल्यूएचओ की शुरुआती मंजूरी मिलना कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि इससे हमें इस अहम नवोन्मेषी एंटीरेट्रोवायरल दवा तक लोगों की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। हम भारत में 95 एलएमआईसी (कम एवं मध्यम आय वाले देशों) में किफायती दाम पर निर्माकॉम को शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। -
नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक- आरबीआई ने देश के सभी बैंकों से पहली जनवरी तक मौजूदा लॉकर ग्राहकों के साथ लॉकर समझौते का नवीकरण करने को कहा है । सभी मौजूदा लॉकर ग्राहकों को नए समझौते के लिए अपनी पात्रता का प्रमाण देना होगा। सभी ग्राहकों को एक निश्चित तिथि से पहले अपने समझौते का नवीकरण कराना होगा।आरबीआई ने सभी बैंकों को स्ट्रांग रूम के प्रवेश और निकास द्वार पर तथा बैंक के साझा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी है। साथ ही, सभी बैंकों को कैमरों की रिकोर्डिंग कम से कम एक सौ अस्सी दिन तक सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।
आरबीआई ने बैंकों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि नए लॉकर समझौतों में कोई भी अनुचित प्रावधान या शर्त नहीं होनी चाहिए। दिशानिर्देशों के अनुसार, यदि कोई ग्राहक अपने लॉकर को बिना उसकी जानकारी के खोले जाने या किसी चोरी या सुरक्षा में चूक की शिकायत करता है तो बैंक पुलिस जांच पूरी होने और मामले के निपटारे तक सीसीटीवी रिकोर्डिंग सुरक्षित रखेगा। डकैती या आग लगने या इमारत गिरने की स्थिति में लॉकर धारक को हुए नुकसान की भरपाई के रूप में बैंक शुल्क का सौ गुना तक राशि मिल सकती है। हालांकि प्राकृतिक या दैवीय आपदाओं से होने वाले नुकसान के लिये बैंक उत्तरदायी नहीं होगा। - नई दिल्ली। एयरटेल का नया रिचार्ज काफी चर्चा में है। इस प्लान की खासियत है कि ये काफी कम कीमत में आपको अनलिमिटेड कॉलिंग और डाटा की सुविधा दे रहा है। एयरटेल 1799 प्री पेड रिचार्ज ऐसा ही प्लान है जो काफी चर्चा में रहता है। आप इसे Paytm से भी कर सकते हैं। इस प्लान में आपको 365 दिन के लिए Unlmited Calling की सुविधा दी जाती है। इसमें STD और Roaming भी शामिल है। साथ ही इसमें आपको 24 GB Data भी दिया जाता है।
- नयी दिल्ली। सीमेंस की भारतीय इकाई 26,000 करोड़ रुपये के अनुबंध की शर्तों के अनुसार रेलवे के लिए 9,000 हॉर्सपावर की क्षमता वाले 1,200 इलेक्ट्रिक इंजन का निर्माण करेगी। रेलवे ने शनिवार को यह जानकारी दी। रेलवे ने इस बाबत सीमेंस को इंजन के उत्पादन और रखरखाव के लिए ‘लेटर ऑफ अवार्ड' जारी किया है। रेलवे ने एक बयान में कहा, ‘‘दाहोद, गुजरात स्थित रेलवे कारखाना 11 वर्षों की अवधि में 1,200 इलेक्ट्रिक इंजन का निर्माण करेगा। इसमें इंजन का उत्पादन और 35 वर्षों तक इनका रखरखाव शामिल होगा।''
-
नई दिल्ली। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में पंद्रह स्टार्ट-अप जल्द ही काम करना शुरू करेंगे। नवप्रवर्तकों के स्थायी समाधान विकसित करने वाले उत्पाद पहली बार विशेष कार्यक्रम के अन्तर्गत चुने गए हैं। यह स्टार्ट-अप भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर, कानपुर द्वारा शुरू किए गए निर्माण कार्यक्रम का पहला समूह है।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग निधि योजना के माध्यम से उत्पाद विकास यात्रा में आने वाली चुनौतियों को हल करने में मदद करेगा। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर की दो सफल पहलों, वेंटीलेटर प्रोजेक्ट और मिशन भारत O2 से प्रेरणा लेकर ये कार्यक्रम तैयार किया गया है। -
जियो ने रिलायंस इन्फ्राटेल में 3,720 करोड़ रुपये में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया
मुंबई। रिलायंस जियो की अनुषंगी कंपनी रिलायंस प्रोजेक्ट्स एंड प्रॉपर्टी मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड (आरपीपीएमएसएल) ने रिलायंस इन्फ्राटेल में लगभग 3,725 करोड़ रुपये में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अरबपति कारोबारी मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली जियो ने नवंबर 2019 में रिलायंस कम्युनिकेशंस की कर्ज में डूबी अनुषंगी कंपनी की टावर और फाइबर संपत्ति को हासिल करने के लिए 3,720 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। रिलायंस कम्युनिकेशंस का प्रबंधन मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी के पास था। राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने नवंबर में आरपीपीएमएसएल को रिलायंस इन्फ्राटेल (आरआईटीएल) के अधिग्रहण के लिए मंजूरी दे दी थी। आरआईएल ने शेयर बाजार को बताया कि आरआईटीएल ने गुरुवार को आरपीपीएमएसएल को 10 रुपये अंकित मूल्य के 50 लाख इक्विटी शेयर आवंटित किए। इसके अलावा 372 करोड़ जीरो कूपन जारी किए गए, जो वैकल्पिक रूप से 10 रुपये मूल्य के ऋण पत्रों में पूरी तरह बदले जा सकते हैं। यह सौदा 3,720 करोड़ रुपये में हुआ। शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक, ‘‘आरआईटीएल की मौजूदा चुकता इक्विटी शेयर पूंजी को रद्द कर दिया गया है। इसके बाद आरपीपीएमएसएल के पास आरआईटीएल की 100 प्रतिशत इक्विटी शेयर पूंजी आ गई है।'' रिलायंस इन्फ्राटेल की मोबाइल टावर और फाइबर संपत्तियों के अधिग्रहण के लिए रिलायंस ने एसबीआई एस्क्रो खाते में 3,720 करोड़ रुपये जमा किए थे। -
राष्ट्रीय मधुमक्खी बोर्ड शहद के लिए जीआई का दर्जा को हितधारकों का समर्थन करेगा
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय मधुमक्खी बोर्ड (एनबीबी) मधुमक्खी पालक समुदाय के उत्थान और मूल्यवर्धन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रकार के शहद के लिए भौगोलिक संकेतक (जीआई) का दर्जा पाने में हितधारकों का समर्थन करेगा। कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को यह बात कही। जीआई का दर्जा विशिष्ट भौगोलिक पहचान वाले उत्पादों को दिया जाता है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए जीआई महत्वपूर्ण है। कृषि मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव अभिलक्ष लिखी ने शहद के जीआई के आवेदन और उपयोग पर एक बैठक की अगुवाई करते हुए कहा, ‘‘जीआई के दर्जे से मधुमक्खी पालक समुदाय के उत्थान में काफी मदद मिलेगी। यह दर्जा मिलने के बाद मधुमक्खी पालक शहद और मधुमक्खियों से मिलने वाले अन्य उत्पादों के मूल्यवर्धन के लिए आगे बढ़ सकते हैं। एक अधिकारिक बयान के अनुसार, लिखी ने कहा कि एनबीबी राज्य सरकारों और अन्य हितधारकों के समर्थन से विभिन्न प्रकार के शहद के लिए जीआई का दर्जा प्राप्त करने के लिए हितधारकों का समर्थन करेगा। -
कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों पर निर्यातकों ने जताई चिंता
नयी दिल्ली । चीन और दूसरे देशों में कोविड के बढ़ते संक्रमण के कारण भारतीय निर्यातकों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे आपूर्ति श्रृंखला और मांग फिर से बाधित हो सकती है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (फियो) के महानिदेशक अजय सहाय ने कहा कि यदि आने वाले दिनों में संक्रमण के मामले बढ़ते रहे तो इसका असर आयात पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम बेसब्री से देख रहे हैं कि हालात काबू में रहें।''सहाय ने कहा कि अगर कोविड मामलों में वृद्धि के कारण चीन के उद्योग बंद होने लगे, तो इससे दवा, इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहन जैसे क्षेत्रों के प्रमुख कलपुर्जों के आयात पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हालात ऐसे ही बने रहे, तो समस्याएं होंगी।'' हैंड टूल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंदर रल्हन ने भी कहा कि अगर कोविड संक्रमण के मामले बढ़ते हैं, तो इससे यहां के उद्योग के लिए समस्या खड़ी हो जाएगी। रल्हन ने कहा, ‘‘हम रसायन और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण कच्चे माल का आयात चीन से करते हैं।'' उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को कोविड मामलों का प्रकोप रोकने के लिए चीन से उड़ानें रोकने पर विचार करना चाहिए। - नयी दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज की इकाई रिलायंस स्ट्रैटेजिक बिजनेस वेंचर्स ने अमेरिकी कंपनी एक्सिन टेक्नोलॉजीज इंक में 23.3 प्रतिशत हिस्सेदारी ढाई करोड़ डॉलर या 207 करोड़ रुपये में खरीदी है। एक्सिन प्रमुख ऑटानमी प्रौद्योगिकी कंपनियों में से है, जो ड्रोन और रोबोट को बिना जीपीएस या अन्य किसी प्रौद्योगिकी के मुश्किल रास्ते से निकलने में मदद करती है। आरआईएल ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा, ‘‘रिलायंस इंडस्ट्रीज की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी रिलायंस स्ट्रैटेजिक बिजनेस वेंचर्स लि. (आरएसबीवीएल) ने एक्सिन टेक्नोलॉजीज में 2.5 करोड़ डॉलर में 23.3 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है।'
-
मुंबई. सकारात्मक वैश्विक रुख के बावजूद प्रमुख शेयर सूचकांक बृहस्पतिवार को शुरुआती बढ़त को कायम नहीं रख सके और बाजार लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुआ। इससे पहले बुधवार को भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीतिक समिति की बैठक का ब्योरा जारी हुआ था, जिसका असर बाजार की धारणा पर पड़ा। सकारात्मक शुरुआत के बावजूद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स बढ़त बरकरार नहीं रख सका और कारोबार के अंत में 241.02 अंक या 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60,826.22 पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 71.75 अंक या 0.39 प्रतिशत गिरकर 18,127.35 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी में नुकसान रहा। दूसरी ओर अल्ट्राटेक सीमेंट, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा और भारती एयरटेल फायदे में रहे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख भी घरेलू शेयर बाजारों में जोश भरने में विफल रहा। रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक का ब्योरा जारी होने से भी घरेलू बाजार में बिकवाली हुई, क्योंकि इसमें केंद्रीय बैंक ने कुछ सख्त टिप्पणियां की हैं।'' आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा था कि इस समय नीतिगत कार्रवाई को रोकने की गलती महंगी साबित हो सकती है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि मुद्रास्फीति के खिलाफ लड़ाई खत्म नहीं हुई है। चीन और कुछ अन्य देशों में कोविड-19 का संक्रमण बढ़ने के मद्देनजर देश में स्थिति की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की। हेम सिक्योरिटीज के कोष प्रबंधक मोहित निगम ने कहा कि वैश्विक बाजारों में मजबूती के बावजूद चीन, जापान, कोरिया और ब्राजील में कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण घरेलू बाजारों का उत्साह जल्द ही फीका पड़ गया। व्यापक बाजारों में बीएसई स्मॉलकैप 1.83 प्रतिशत और मिडकैप 0.77 प्रतिशत गिर गया।
क्षेत्रवार बात करें तो औद्योगिक सूचकांक में 1.78 प्रतिशत, उपयोगिता में 1.60 प्रतिशत, पू्ंजीगत वस्तुओं में 1.57 प्रतिशत, बिजली में 1.49 प्रतिशत, रियल्टी में 1.33 प्रतिशत और वाहन में 1.05 प्रतिशत की गिरावट हुई। अन्य एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट निचले स्तर पर बंद हुआ। मध्य सत्र के सौदों में यूरोपीय बाजार तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए। अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.99 प्रतिशत चढ़कर 83.01 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया। शेयर बाजार के अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,119.11 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
- - नयी दिल्ली। वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोना 59 रुपये बढ़कर 55,241 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले सत्र में सोने का भाव 55,182 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।हालांकि, चांदी की कीमत 194 रुपये की हानि के साथ 69,413 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ हुई।एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘दिल्ली में सोने की हाजिर कीमत 59 रुपये की तेजी के साथ 55,241 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी। पिछले कुछ सत्रों में सोने की कीमतों में एक सीमित दायरे में घट-बढ़ हुई है। निवेशकों को बाजार के आगे के संकेतों के लिए अमेरिका के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों का इंतजार है।’’अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,816.7 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी की कीमत मामूली गिरावट के साथ 23.84 डॉलर प्रति औंस रह गई। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के जिंस शोध विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत दमानी ने कहा, ‘‘ब्याज दरों में लगातार बढ़ोतरी तथा रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भू-राजनीतिक चिंताओं के कारण वैश्विक वृद्धि दर में मंदी की आशंका के कारण इन दोनों बहुमूल्य धातुओं की निवेश के सुरक्षित विकल्प के रूप में मांग बढ़ी है।’’
-
नयी दिल्ली. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने बुधवार को कहा कि अयोध्या हवाई अड्डे का कुल परियोजना कार्य जून, 2023 तक पूरा होने की उम्मीद है। यह हवाई अड्डा विकास परियोजना 242 करोड़ रुपये की है। इसमें एक टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण और एयरसाइड सुविधाओं का विकास शामिल है। एएआई ने बयान में कहा, ‘‘6,000 वर्ग मीटर के कुल क्षेत्रफल के साथ नए टर्मिनल भवन की क्षमता व्यस्त समय में 300 यात्रियों को सेवाएं देने की होगी। इसकी सालाना क्षमता छह लाख यात्रियों की होगी।'' एएआई ने कहा कि 52 प्रतिशत विकास कार्य पूरा हो चुका है और उत्तर प्रदेश में अयोध्या हवाई अड्डे का कुल परियोजना कार्य अगले साल जून तक पूरा होने की उम्मीद है। बयान में कहा गया है कि हवाई अड्डे का डिज़ाइन राम मंदिर के विचार और भावना को प्रतिबिंबित करेगा। -
मुंबई. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार को कहा कि महंगाई पर काबू के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय बैंक द्वारा ‘समन्वित रुख' अख्तियार किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति को लेकर रिजर्व बैंक के साथ सरकार भी 'समान रूप से गंभीर' है। रिजर्व बैंक कुछ सप्ताह पहले ही सरकार को लिखित रूप से मुद्रास्फीति को संतोषजनक दायरे में लाने से चूकने की वजह बताई है। इसके बाद अब गवर्नर का यह बयान आया है। दास ने बिजनेस स्टैंडर्ड द्वारा आयोजित ‘बीएफएसआई इनसाइट समिट 2022' को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं कहूंगा कि महंगाई पर काबू के लिए केंद्रीय बैंक और सरकार के बीच ‘समन्वित रुख' अपनाया गया है। उन्होंने दोनों द्वारा महंगाई पर अंकुश के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए यह बात कही। दास ने कहा कि रिजर्व बैंक ने महंगाई के मोर्चे पर नीतिगत दर, मौद्रिक समीक्षा और तरलता जैसे उपाय किए हैं वहीं सरकार ने आपूर्ति पक्ष के कदम उठाए हैं। इनमें पेट्रोल और डीजल पर करों में कटौती, आयातित खाद्य सामान पर शुल्कों में कटौती जैसे कदम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भी महंगाई को लेकर समान रूप से गंभीर है।
दास ने कहा, ‘‘हर कोई महंगाई को नीचे लाना चाहता है। मुझे विश्वास है कि सरकार भी महंगाई पर काबू चाहती है।'' दास ने 2024 में होने वाले आम चुनाव से पहले फरवरी, 2023 के सरकार के आखिरी पूर्ण बजट संबंधी सवाल पर कहा कि मौद्रिक नीति मुद्रास्फीति पर काबू पाने के लिए है। दास ने दो नवंबर को कहा था कि रिजर्व बैंक की मुद्रास्फीति पर ‘अर्जुन की आंख' की तरह नजर है। अब इसमें कुछ बदलाव करते हुए उन्होंने कहा कि अर्जुन की नजर मुद्रास्फीति और महंगाई पर है। नवंबर में करीब 10 माह बाद मुद्रास्फीति पहली बार छह प्रतिशत के संतोषजनक स्तर से नीचे आई है। चुनाव संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि राज्यों के चुनावों को भी देखा जाए, तो यह पूरे साल भर चलता है। गवर्नर ने स्पष्ट किया कि मौद्रिक नीति का रुख मुद्रास्फीति और वृद्धि जैसे घरेलू कारकों से तय होता रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में रिजर्व बैंक अन्य कारकों मसलन फेडरल रिजर्व के रुख पर भी गौर करता है। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक 70 तेजी से बढ़ने वाले संकेतकों पर नजर रखता है और उनमें से ज्यादातर ‘बेहतर स्थिति' में हैं। उन्होंने कहा कि ये बाहरी कारक है, जो दुनिया के एक बड़े हिस्से में मंदी के डर से प्रेरित है, जहां चुनौतियां हैं।'' उन्होंने कहा कि बाहरी मांग का प्रभाव अर्थव्यवस्था को ‘प्रभावित' करेगा। केंद्रीय बैंक ने इस महीने की शुरुआत में अगले वित्त वर्ष 2023-24 के लिए अपने वृद्धि अनुमान को पहले के सात प्रतिशत से घटाकर 6.8 प्रतिशत कर दिया है। दास ने कहा कि भारतीय वित्तीय क्षेत्र जुझारू बना हुआ है और काफी बेहतर स्थिति में है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के लिए नियामक और वित्तीय क्षेत्र की कंपनियों, दोनों का श्रेय जाता है।
गवर्नर ने कहा कि जमा और ऋण वृद्धि के बीच पूर्ण रूप से कोई खास अंतर नहीं है। आधार प्रभाव दोनों के वृद्धि आंकड़े को अलग-अलग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि ऋण वृद्धि दो दिसंबर, 2022 तक एक साल में 19 लाख करोड़ रुपये रही, जबकि जमा वृद्धि 17.5 लाख करोड़ रुपये थी। - नयी दिल्ली,। वैश्विक स्तर पर बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 192 रुपये बढ़कर 55,261 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले सत्र में सोने का भाव 55,069 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 433 रुपये की तेजी के साथ 69,962 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘एशियाई कारोबार में सोने की कीमत में थोड़ी तेजी आई है। दिल्ली के बाजारों में सोने की कीमत 192 रुपये बढ़कर 55,261 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।'' अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,815 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। जबकि चांदी तेजी के साथ 23.94 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के जिंस शोध विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत दमानी ने कहा, ‘‘पिछले सत्र में लगभग एक प्रतिशत की तेजी के बाद सोने की कीमतों में स्थिरता रही। बैंक आफ जापान के नीतियों में बदलाव करने के बाद डॉलर के कमजोर होने से सोने में यह स्थिरता आई है।''
- नईदिल्ली। दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 38 रुपये बढ़कर 54,740 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले सत्र में सोने का भाव 54,702 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, चांदी की कीमत 328 रुपये की गिरावट के साथ 67,984 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के जिंस शोध विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नवनीत दमानी ने कहा, ‘ब्याज दरों में और वृद्धि होने की संभावना के बीच आरंभिक कारोबार के दौरान सोने की कीमत में गिरावट के बाद स्थिर के रुख के साथ कारोबार हुआ।कारोबारियों की निगाह चीन में कोविड की स्थिति पर है।’ अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,794 डॉलर प्रति औंस पर स्थिरता के रुख के साथ कारोबार कर रहा था। जबकि चांदी गिरावट के साथ 23.13 डॉलर प्रति औंस रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने कहा, ‘‘एशियाई कारोबार में सोने की कीमतों में स्थिरता रही। कॉमेक्स में सोने की हाजिर कीमत 1,794 डॉलर प्रति औंस पर अपरिवर्तित रही।
- मुंबई। आवास वित्त कंपनी एचडीएफसी ने अपनी खुदरा प्रधान ऋण दर में 0.35 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। इससे आवासीय ऋण की न्यूनतम दर बढ़कर 8.65 प्रतिशत हो गई है। नई दरें मंगलवार से लागू होंगी।एचडीएफसी ने सोमवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि खुदरा प्रधान ऋण दर को 0.35 प्रतिशत बढ़ाकर 8.65 प्रतिशत कर दिया गया है। नई दरें 20 दिसंबर से लागू होंगी। मई से अब तक एचडीएफसी अपनी ऋण दरों में 2.25 प्रतिशत की वृद्धि कर चुका है। एचडीएफसी ने कहा कि 8.65 प्रतिशत की नई दर सिर्फ उन ग्राहकों के लिए ही होगी जिनका ‘क्रेडिट स्कोर' 800 या उससे अधिक होगा। कंपनी के मुताबिक, यह उद्योग में न्यूनतम दर है।
- मुंबई। इटली की सुपरबाइक विनिर्माता कंपनी डुकाटी के मोटरसाइकिल के सभी मॉडल की कीमतें भारत में एक जनवरी से बढ़ जाएंगी। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी। हालांकि उसने यह नहीं बताया कि मूल्य वृद्धि कितनी होगी। डुकाटी इंडिया ने एक बयान में कहा कि उसकी मोटरसाइकिल की पूरी श्रृंखला के दाम एक जनवरी 2023 से बढ़ जाएंगे। इसमें कहा गया कि लागत का भार कुछ समय से कंपनी स्वयं पर ले रही थी लेकिन कच्ची सामग्री, उत्पादन और लॉजिस्टिक्स से संबंधित लागत में वृद्धि की वजह से उसे कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ रही है।
- मुंबई। बैंकिंग, तेल और एफएमसीजी शेयरों में सोमवार को हुई जोरदार लिवाली के दम पर घरेलू शेयर बाजारों के दोनों मानक सूचकाकों में दो दिन के अंतराल के बाद तेजी का दौर लौट आया। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में करीब एक प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 468.38 अंक यानी 0.76 प्रतिशत चढ़कर 61,806.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 507.11 अंक तक उछल गया था।इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी 151.45 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की बढ़त रही और यह 18,420.45 अंक पर बंद हुआ।इस तरह शेयर बाजारों में लगातार दो कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद तेजी लौटी है। पिछले सप्ताह के अंतिम दो कारोबारी दिनों में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में भारी गिरावट दर्ज की गई थी।सेंसेक्स में शामिल शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावरग्रिड, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति सुजुकी, आईटीसी, टाइटन, नेस्ले, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज बढ़त दर्ज करने में सफल रहे।वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, टाटा मोटर्स और इंडसइंड बैंक के शेयरों को नुकसान उठाना पड़ा।एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग के हैंगसेंग में गिरावट रही।यूरोप के शेयर बाजारों में दोपहर के सत्र में बढ़त देखी जा रही थी। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को नुकसान में रहे थे।इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.15 प्रतिशत बढ़कर 79.95 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गत शुक्रवार को भारतीय बाजारों से निकासी की थी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने 1,975.44 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे।
-
नई दिल्ली। मजबूत वैश्विक रुख के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 231 रुपये बढ़कर 54,652 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले सत्र में सोने का भाव 54,421 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 784 रुपये की तेजी के साथ 68,255 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘एशियाई कारोबार में सोने की कीमतों में तेजी रही।न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज कॉमेक्स में सोने में 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,795 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार हो रहा था।’अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ के साथ 1,795.8 डॉलर प्रति औंस पर था। जबकि चांदी तेजी के साथ 23.30 डॉलर प्रति औंस पर रही।




.jpg)








.jpeg)

.jpeg)

.jpg)





.jpg)
.jpg)


