डायबिटीज में अमरूद के पत्ते: क्या वाकई इनसे ब्लड शुगर घटता है?
पिछले कुछ समय से इंटरनेट पर अमरूद के पत्तों के के फायदों पर काफी चर्चा हाे रही है क्योंकि इनमें कई गुण मौजूद होते हैं जो सेहत को बेहतर बनाने का काम करते हैं। खासकर, इसे ब्लड शुगर लेवल घटाने के लिए असरदार माना जाता है। कुछ स्टडीज में अमरूद के पत्तों के बायोएक्टिव कंपाउंड्स पर संभावित एंटीडायबिटिक प्रभावों का अध्ययन किया गया है। हालांकि, एक सवाल मन में आता है कि क्या वाकई अमरूद के पत्ते शुगर लेवल घटा सकते हैं? आइए एक्सपर्ट से समझते हैं इस सवाल का सही जवाब।
अमरूद के पत्ते इंसुलिन को मैनेज करने में सहायक माने जाते हैं क्योंकि इनमें फ्लेवोनॉयड्स, पॉलीफेनॉल्स और टैनिन जैसे तत्व पाए जाते हैं जो ब्लड शुगर लेवल को सपोर्ट करते हैं। अमरूद के पत्तों में एंटी ऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं। यह आंतों में कार्ब्स के पाचन और ग्लूकोज के एब्जॉर्ब होने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे भोजन के बाद शुगर स्पाइक से बचने में मदद मिल सकती है।
साल 2010 में Nutrition & Metabolism में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक, अमरूद की पत्तों के अर्क में अल्फा-एमाइलेज, माल्टेज, सुक्रेज जैसे कंपाउंड्स पाए जाते हैं जो शुगर स्पाइक से बचने में मदद कर सकते हैं। साथ ही स्टडी में टाइप-2 डायबिटीज वाले मरीजों में अमरूद की पत्ती की चाय का सेवन करने से पोस्ट मील शुगर लेवल में सुधार देखा गया। शुगर लेवल 160 से 143 mg/dL तक घट गया।
अमरूद के पत्ते की चाय बनाकर पी सकते हैं
अमरूद के पत्ते का सेवन बेहद आसान है। इसे चाय या काढ़ा के रूप में सेवन किया जा सकता है-
-4 से 5 अमरूद के पत्ते लें।
-इसे गर्म पानी में 5 मिनट तक उबालें।
-जब पानी आधा रह जाए, तो पानी को गिलास में भर लें।
-इसे दिन में एक से दो बार पी सकते हैं।
-डायबिटीज में दवा का विकल्प नहीं है अमरूद के पत्ते
''किसी आयुर्वेदिक संस्था ने अभी तक डायबिटीज में ब्लड शुगर मैनेजमेंट के लिए अमरूद के पत्तों के इस्तेमाल पर मुहर नहीं लगाई है इसलिए अगर आप डायबिटिक मरीज हैं और सोच रहे हैं कि दवा के बगैर, केवल अमरूद के पत्तों के सेवन से शुगर लेवल कंट्रोल होगा, तो इस मिथ से बचें।'' अमरूद के पत्तों को डायबिटीज की दवा का विकल्प नहीं समझना चाहिए। अध्ययनों में ब्लड शुगर पर संभावित लाभ दिखा है, लेकिन फिलहाल सीमित स्टडीज मौजूद हैं इसलिए इसे दवा से रिप्लेस नहीं किया जा सकता। अगर कोई व्यक्ति इसे शुगर कंट्रोल के लिए ले रहा है, तो ब्लड शुगर की नियमित जांच करें और डॉक्टर द्वारा दी गई दवाएं खुद से बंद या कम न करें।
कार्ब पचाने वाले एंजाइमों की गतिविधि घटती है
साल 2025 में General Nursing Science Journal में प्रकाशित एक स्टडी रिव्यू के मुताबिक, अमरूद के पत्ते सहायक उपचार के रूप में ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं। यह कार्ब्स को पचाने वाले कुछ एंजाइमों की गतिविधि को कम कर सकते हैं, जिससे ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।
फ्री रैडिकल्स से बचाव
साल 2019 में Molecules में प्रकाशित एक स्टडी में बताया गया कि अमरूद के पत्तों की मदद से फ्री रैडिकल्स से लड़ने में मदद मिलती है। साथ ही, इससे लिवर, किडनी और पैंक्रियाज को होने वाले नुकसान को कम करने में भी मदद मिली। हालांकि, यह एक पशु आधारित स्टडी है।
सेहत के लिए क्यों फायदेमंद हैं अमरूद के पत्ते?
-जब हम अमरूद के पत्तों का सेवन करते हैं, तो वे पेट में जाकर हानिकारक जर्म्स को खत्म करने में मदद करते हैं। साथ ही इन पत्तों का सेवन करने से कब्ज की समस्या भी दूर होती है।
-हार्ट हेल्थ के लिए भी ये फायदेमंद माने जाते हैं। अमरूद के पत्ते बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करके, गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करते हैं।
-इन पत्तों का सेवन करने से मेटाबॉलिज्म को मजबूत बनाने में भी मदद मिल सकती है जिससे वेट लॉस करना आसान हो जाता है।
-त्वचा के लिए भी अमरूद के पत्ते फायदेमंद माने जाते हैं। इसे पीसकर त्वचा पर लगाने से मुंहासे या स्किन इरिटेशन से राहत मिल सकती है।
किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?
-अगर व्यक्ति को लो शुगर लेवल की समस्या है, तो अमरूद के पत्तों का सेवन करने से बचें।
-गर्भवती महिलाओं को भी अमरूद के पत्तों से परहेज करना चाहिए।
-बच्चों को भी अमरूद के पत्तों की चाय या काढ़ा देने की सलाह नहीं दी जाती है।
-अगर किसी व्यक्ति को लिवर, किडनी या अन्य गंभीर बीमारी है या वह डॉक्टर की सलाह के बगैर इन पत्तों का सेवन न करे।
ज्यादा मात्रा लेने से लो ब्लड शुगर की समस्या
अमरूद के पत्तों का जरूरत से ज्यादा सेवन से ब्लड शुगर लेवल गिर सकता है, अगर लो शुगर लेवल की शिकायत रहती है, तो इससे सेहत बिगड़ सकती है इसलिए दिनभर में 4 से 5 पत्तों से ज्यादा सेवन न करें। अधिक मात्रा में लेने से पेट दर्द, मतली या अन्य पाचन समस्याएं भी हो सकती हैं।
निष्कर्ष:
ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने के लिए अमरूद के पत्तों का सेवन स्टडीज में फायदेमंद बताया गया है क्योंकि इससे शुगर स्पाइक से बचाव होता है और इसमें मौजूद तत्व जैसे फ्लेवोनॉयड्स, पॉलीफेनॉल्स और टैनिन, शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। हालांकि, इसे डायबिटीज के इलाज के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। इसे डाइट में शामिल कर सकते हैं अमरूद के पत्तों का काढ़ा या चाय बनाकर सेवन किया जा सकता है। अगर व्यक्ति पहले से लो ब्लड शुगर का मरीज है, तो अमरूद के पत्तों का सेवन करने से से पहले डॉक्टर से सलाह लें। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को इसके सेवन से बचना चाहिए।

.jpg)


.jpg)




Leave A Comment