मांग में आए उछाल के बाद पार्ले प्रोडक्ट्स ने मेलोडी का उत्पादन बढ़ाया
नयी दिल्ली. पार्ले प्रोडक्ट्स ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी का पैकेट उपहार में देने का वीडियो वायरल होने के बाद इसकी बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पादन बढ़ा दिया है। कंपनी के उपाध्यक्ष मयंक शाह ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। शाह ने इसे ब्रांड के इतिहास का सबसे बड़ा अभियान बताते हुए ' कहा कि अब कंपनी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 'स्वदेशी ब्रांड' को मिले समर्थन को आगे बढ़ाते हुए मेलोडी की वैश्विक मौजूदगी मजबूत करने का प्रयास करेगी। फिलहाल यह उत्पाद 100 देशों में उपलब्ध है। उपभोक्ताओं और वितरकों की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "वितरकों से शुरुआती प्रतिक्रिया मिली है कि मांग बढ़ी है। अचानक मांग में उछाल देखने को मिल रहा है।" उन्होंने कहा कि फटाफट सामान की आपूर्ति करने वाले ई-कॉमर्स मंचों पर मेलोडी की खरीदारी में तुरंत बढ़ोतरी देखी गई है। ई-कॉमर्स मंचों से भी भारी मांग आई है और बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। शाह ने कहा कि फटाफट सामान की आपूर्ति करने वाले ई-कॉमर्स मंचों पर 'मेलोडी' शब्द की खोज में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह रुझान बुधवार सुबह से देखा जा रहा है। मेलोडी के उत्पादन में वृद्धि के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "कल से हमने उत्पादन बढ़ा दिया है... विदेशों से भी मांग बढ़ रही है।" प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मेलोनी को मेलोडी उपहार में दिए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शाह ने कहा, "यह पार्ले परिवार के लिए बेहद गर्व का क्षण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व नेताओं को मेलोडी उपहार में दे रहे हैं।" उन्होंने मोदी के इस कदम को वैश्विक मंच पर स्वदेशी ब्रांडों की क्षमता का मजबूत प्रमाण बताया।
शाह ने कहा, "पार्ले मेलोडी भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाला टॉफी ब्रांड है और आज यह 100 से अधिक देशों में उपलब्ध है... प्रधानमंत्री मोदी ने अपना काम कर दिया है, अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस ब्रांड को वैश्विक स्तर पर और बड़ा बनाएं।" उन्होंने कहा, "भारतीय ब्रांड को यह पहचान और दृश्यता देने के लिए हम प्रधानमंत्री के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हैं।" शाह ने कहा कि कंपनी इस घटनाक्रम का लाभ उठाते हुए मेलोडी ब्रांड का और अधिक प्रचार करेगी।
उन्होंने कहा, "हमने कल से ही डिजिटल माध्यमों पर प्रचार शुरू कर दिया है और आगे विभिन्न मीडिया मंचों पर भी इसका प्रचार किया जाएगा।" प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बुधवार को मेलोनी को मेलोडी टॉफी का पैकेट भेंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्ले प्रोडक्ट्स सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गई।









Leave A Comment