रामेश्वर मिश्रा बैडमिंटन एकल के फाइनल में
- सुशील अग्रवाल व टीकम वर्मा अपने ग्रुप में टॉप पर रहे
- रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2ः स्व. देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता के अंतिम राउंड के मुकाबले हुए
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 (इंडोर गेम) के तहत आयोजित स्व. देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को नॉकआउट दौर के अंतिम राउंड के मुकाबले पूरे जोश और उत्साह के साथ खेले गए। यूनियन क्लब में आयोजित इस प्रतियोगिता के अंतिम राउंड के मैच में रामेश्वर मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। साथ ही सुशील अग्रवाल और टीकम वर्मा अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर रहे।
अंतिम राउंड के मुकाबले में रामेश्वर मिश्रा ने चंदन साहू के खिलाफ आक्रामक शुरुआत की और लगातार बढ़त बनाए रखते हुए 30-9 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। उनके सटीक स्मैश, तेज रिटर्न और कोर्ट पर शानदार नियंत्रण ने मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
फाइनल में पहुंचने से पहले भी रामेश्वर मिश्रा ने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले मैच में सत्येंद्र कर को 30-17 से पराजित किया। इस मुकाबले में सत्येंद्र ने शुरुआती दौर में चुनौती पेश की, लेकिन रामेश्वर ने अनुभव और संयम का परिचय देते हुए जीत अपने नाम की। इसके बाद खेले गए मैच में रामेश्वर ने सत्यप्रकाश दुबे को 30-5 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। इस मैच में उनका खेल पूरी तरह हावी रहा और विपक्षी खिलाड़ी को संभलने का अवसर ही नहीं मिला।
ग्रुप बी के मुकाबलों में सुशील अग्रवाल का दबदबा देखने को मिला। उन्होंने संतोष साहू (सीनियर) को 30-17 से हराकर ग्रुप विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मैच के दौरान सुशील ने शानदार नेट प्ले और सटीक ड्रॉप शॉट्स का प्रदर्शन किया। इससे पहले उन्होंने अमित मिश्रा को 30-11 से और पंकज सिंह को 30-7 से हराया था। तीनों मुकाबलों में सुशील ने एकतरफा जीत दर्ज कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
ग्रुप सी में भी रोमांच अपने चरम पर रहा। टीकम वर्मा और टिकेश्वर पटेल के बीच खेला गया मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। दोनों खिलाड़ियों ने अंत तक शानदार खेल दिखाया और अंक दर अंक मुकाबला बराबरी पर चलता रहा। अंततः टीकम वर्मा ने 30-28 से जीत दर्ज कर ग्रुप में टॉप पर रहे। यह मैच प्रतियोगिता के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक रहा। मैच के निर्णायक विजय मिश्रा, सत्येंद्र कर, टीकम वर्मा, कमलेश गोगिया, चंदन साहू, लविंदर सिंघोत्रा व टिकेश्वर पटेल रहे।
आज सभी मैचों में खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखने लायक रही। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है, क्योंकि सभी खिलाड़ी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
आज के मैच-
19 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से एकल व युगल के सभी शेष मैच के साथ ही फाइनल मैच खेले जाएंगे। सभी खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर यूनियन क्लब में उपस्थित होना अनिवार्य है।
एकल के मैच-
1. टीकम वर्मा/सुशील अग्रवाल के बीच।
2. पहले मैच के विजेता/चंदन साहू के बीच।
3. फाइनलः रामेश्वर मिश्रा/दूसरे मैच के विजेता के बीच।











Leave A Comment