ब्रेकिंग न्यूज़

 सुशासन तिहार के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाए: कलेक्टर

-समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
-आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित कर आवेदकों को अनिवार्य रूप से सूचना देने को कहा
बालोद ।  कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने राज्य शासन के द्वारा प्रदेश में 01 मई से 10 जून के मध्य आयोजित की जाने वाली सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बालोद जिले में इसका सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले में सुशासन तिहार के आयोजन के तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आवेदनों के निराकरण के पश्चात् आवेदकों को इसकी जानकारी अनिवार्य रूप से देने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा एवं श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। 
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सुशासन तिहार के आयोजन के संबंध में राज्य शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रत्येक शिविरों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्व अनुविभागीय अधिकारी अपने-अपने अनुविभाग के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी जनसमस्या निवारण शिविरों के नोडल अधिकारी होंगे। अनुविभाग के अंतर्गत आयोजित होने वाले जन समस्या निवारण शिविर राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के नियंत्रण एवं देखरेख में संपन्न होगा। कलेक्टर ने कहा कि अपने-अपने अनुविभाग में आयोजित होने वाले जनसमस्या निवारण शिविर के संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों की होगी। कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में कुल 32 जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 23 एवं नगरीय क्षेत्रों में कुल 09 जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। श्रीमती मिश्रा ने राजस्व अधिकारियों को शिविर में प्राप्त नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि के प्रकरणों का त्वरित निराकरण के अलावा आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों का भी तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने शिविर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना इत्यादि हितग्राहीमूलक योजनाओं का पात्रतानुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक अनुविभागों में 04 से 06 जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसका उन्होंने समुचित प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। जिससे कि आम जनता को सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित होने वाले जनसमस्या निवारण शिविर की तिथि, स्थल एवं अन्य आवश्यक जानकारियां प्राप्त हो सके। कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत बालोद जिले में पहला जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन सोमवार 04 मई को डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम पिनकापार के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। 
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव एवं अन्य गणमान्य जनों के शिविर में प्रवास के दौरान वे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण भी करेंगे। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कलेक्टर ने सुशासन तिहार के दौरान आयोजित होने वाली समीक्षा बैठक एवं प्रेस वार्ता के आयोजन के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जिले में अपने प्रवास के दौरान विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से भेंट भी करेंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित होने वाली जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों का शत प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित की जाए। उन्होेंने सभी अधिकारियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता एवं शर्तों आदि की जानकारी भी अनिवार्य रूप से उल्लेख करने को कहा। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने शिविरों में संबंधित क्षेत्रों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 03 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। इसके आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। 
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने 11 मई को ’सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के आयोजन के संबंध में भी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम का लाईव प्रसारण किए जाने की भी जानकारी दी। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों से अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों का ’आई गोट मिशन कर्मयोगी’ पोर्टल में आॅनबोर्डिंग के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित तिथि तक जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से आॅनबोर्डिंग कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भीषण गर्मी को देखते हुए राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों के समीप प्याऊ घर स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिलेवासियों के लिए पेयजल एवं निस्तारी हेतु समुचित मात्रा में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english