अंचल वासियों के लिए सौगातों भरा रहा ग्राम खुरसुनी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर
0- मौके पर 929 आवेदनों का किया गया निराकरण
0- विधायक, कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल
बालोद. जिला प्रशासन द्वारा आज गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम खुरसुनी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम खुरसुनी एवं अंचल वासियों के लिए सौगातों भरा रहा। खुरसुनी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में आज ग्राम खुरसुनी सहित शिविर में शामिल अंचल के 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को पात्रतानुसार शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान शिविर में प्राप्त सभी 929 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। इस मौके पर विधायक गुण्डरदेही श्री कुंवर सिंह निषाद, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, एसडीएम श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा सहित जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के उपाध्यक्ष श्री नरेश यदु, नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन, नगर पंचायत अर्जुंदा के अध्यक्ष श्री प्रणेश जैन, जिला पंचायत सदस्य श्री गुलशन चंद्राकर, श्रीमती मीना उमा साहू, नगर पंचायत अर्जुंदा के उपाध्यक्ष श्री अनुभव शर्मा, जनपद सदस्य श्री गुलशन साहू, ललिता भुआर्य, श्री आशीष गहलोत, श्री पवन सोनबरसा, श्री जीतू गुप्ता, जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष श्री कांति भूषण साहू, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
खुरसुनी जनसमस्या निवारण शिविर में आज स्वामित्व योजना अंतर्गत 461 हितग्राहियों को अधिकार पत्र, वीबी जी राम जी योजना अंतर्गत 30 हितग्राहियों को नवीन जाॅब कार्ड के वितरण के अलावा समाज कल्याण विभाग द्वारा 05-05 हितग्राहियों को छड़ी एव श्रवण यंत्र, 01 हितग्राही को बैटरी चलित ट्राय सायकल एवं 01 हितग्राही को व्हील चेयर प्रदान किया गया। इसके अलावा 05 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास निर्माण का पूर्णता प्रमाण पत्र, 10 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, 05 हितग्राहियों को आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड के अलावा मछली पालन विभाग के द्वारा 02 हितग्राहियों को मछली जाल एवं ग्रोथ प्रमोटर प्रदान किया गया। इसी तरह कृषि विभाग के द्वारा 08 कृषकों को आदान सामग्री के अंतर्गत बैटरी चलित स्प्रेयर तथा राष्ट्रीय आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत 04 महिला स्व सहायता समूहों को डेमो चेक का भी वितरण किया गया। इसके अलावा अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों के सांस्कृतिक मण्डलियों को स्वेच्छा अनुदान का चेक भी वितरण किया गया। इस मौके पर अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार करने के अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंट कर उनके गोदभराई रस्म को पूरा किया गया। इस मौके पर विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों में शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनके मांगों एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तलब कर आम जनता के मांगों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री कंुवर सिंह निषाद ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को जनसमस्या निवारण शिविर के महत्व एवं उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों को आम जनता के मांगों एवं समस्याओं का पूरी संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। जिससे कि आम नागरिकों को शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। इस अवसर पर उन्होंने पानी के महत्व के संबंध में प्रकाश डालते हुए आम नागरिकों से जल संरक्षण के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। इस मौके पर विधायक श्री निषाद ने अंचल के प्रमुख मांगों एवं समस्याओं की ओर जिला प्रशासन के आला अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट भी कराया। इस अवसर पर विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद ने पानी को अत्यंत अनमोल बताते हुए शिविर में उपस्थित लोगों को पानी के प्रत्येक बुंदों का सदुपयोग करने तथा जल संरक्षण के महत्व कार्य में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने ग्राम खुरसुनी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त सभी 929 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि शिविर में आज मांग से संबंधित 902 एवं 27 शिकायत संबंधी आवेदन प्राप्त हुए थे। संबंधित विभागों के द्वारा इन सभी आवेदनों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया है। श्रीमती मिश्रा ने सभी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को तत्परता से कार्य करते हुए शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसके लिए उन्हें बधाई दी। श्रीमती मिश्रा ने शिविर में आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं विद्युत विभाग से अधिक आवेदन प्राप्त हुए है। ये सभी आवेदन निस्तारी एवं पेयजल हेतु पानी के प्रबंध से संबंधित है। उन्होंने कहा कि ये समस्याएं हम सभी लोगों के द्वारा भूजल के अत्यधिक दोहन एवं पानी के संरक्षण पर ध्यान नही देने के फलस्वरूप उत्पन्न हुआ है। इन सभी हम सभी को पानी के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण, संवर्धन एवं इसके विवेकपूर्ण उपयोग पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को आने वाले भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अभी से पानी के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के बदले दलहन, तिलहन, कुसुम इत्यादि फसलों का उत्पादन करने की भी सलाह दी। इस अवसर पर कलेक्टर ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की मांग पर खुरसुल, देवरी, खुरसुनी, सिंगारपुर आदि अंचल के जलाशयों को मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि दुर्ग जिले के ग्राम अण्डा में स्थापित 132/33 के.व्ही.के. का सब स्टेशन एक माह में प्रारंभ होने के बाद लो वोल्टेज की भी समस्या दूर हो जाएगी। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत अपने घरों में सोलर पैनल लगाकर बिजली की बचत करने के कार्य में सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने राज्य शासन द्वारा खाद, बीज का समुचित संग्रहण के संबंध में पोर्टल बनाए जाने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पोर्टल शुरू होने के पश्चात् 01 सप्ताह में किसानों के लिए खाद, बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टेक पोर्टल में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने की भी सलाह दी। इस अवसर पर श्रीमती मिश्रा ने ग्राम खुरसुनी के सरपंच के पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य में उल्लेखनीय भूमिका एवं जिले में चलाए जा रहे वृहद वृक्षारोपण कार्य के अंतर्गत गुण्डरदेही क्षेत्र में सर्वाधिक पौध रोपण कार्य की भी सराहना की। इस मौके पर कलेक्टर ने बाल विवाह को सामाजिक बुराई के साथ-साथ अपराध भी बताते हुए इसके रोकथाम के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु उपस्थित लोगों को शपथ भी दिलाई।
इस मौके पर एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने सड़क दुर्घटना के संबंध में प्रकाश डालते हुए इसका मुख्य कारण वाहन चालक के द्वारा नशा का सेवन एवं तेज गति से ड्राइविंग को बताया। श्रीमती ठाकुर ने बताया कि नशापान, तेज गति एवं बिना हेलमेट के ड्राइविंग पर यदि रोकथाम सुनिश्चित की जाती है तो सड़क दुर्घटना में बहुत कुछ कमी लाई जा सकती है। इस अवसर पर उन्होंने वर्तमान में हो रहे डिजिटल धोखाधड़ी के संबंध में भी प्रकाश डालते हुए इससे बचने के उपायों के संबंध में भी जानकारी दी। कार्यक्रम को नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन, जिला पंचायत सदस्य श्री गुलशन चंद्राकर एवं अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। उन्होंने आम जनता से शिविर में उपस्थित होकर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने को कहा। शिविर में ग्राम पंचायत खुरसुनी के सरपंच एवं अंचल के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विशाल संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले जनसमस्या निवारण शिविर की भाँति कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ बस में सवार होकर ग्राम खुरसुनी पहुँचे। जिला प्रशासन के प्रमुख अधिकारियों के ग्राम खुरसुनी पहुँचने पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा एवं अधिकारियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के स्टाॅल में चिकित्सकों के द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई। खुरसुनी में आयोजित शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 578 आवेदन, राजस्व विभाग के 86 आवेदन, समाज कल्याण विभाग के 80, सहकारिता विभाग के 03, खाद्य विभाग के 13, वन विभाग के 02, कृषि विभाग के 14, लोक निर्माण विभाग के 07, स्वास्थ्य विभाग के 13, पशु चिकित्सालय विभाग के 09, जल संसाधन विभाग के 14, ऊर्जा विभाग एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के 02-02 आवेदन, शिक्षा विभाग के 03, महिला एवं बाल विकास विभाग के 15, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 22, विद्युत विभाग के 55, मछली पालन विभाग के 02 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।
--












.jpg)
Leave A Comment