दलहन तिलहन की भी सरकार समर्थन मूल्य पर कर रही खरीदी
बिलासपुर. जिले में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) योजना के अंतर्गत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर चना, मसूर और सरसों की खरीदी की जा रही है। इस पहल से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित हो रहा है और बाजार के उतार-चढ़ाव से राहत मिल रही है।
जिले में बिल्हा, सेदरी, जयरामनगर, तखतपुर और कोटा स्थित 5 सोसाइटी के माध्यम से खरीदी की व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों पर चना 5875 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 7000 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों 6500 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य तय किया गया है। अब तक जिले में कुल 548 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिससे योजना के प्रति किसानों की बढ़ती रुचि स्पष्ट हो रही है। खरीदी कार्य भी धीरे-धीरे गति पकड़ रहा है। वर्तमान में 5 किसानों से 26 क्विंटल चना तथा 8 किसानों से 90 क्विंटल सरसों की खरीदी की जा चुकी है। प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर अपनी उपज का विक्रय करें और शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं। सरसों फसल के लिए 30 अप्रैल एवं चना फसल के लिए 15 मई तक किसान समिति के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते है।
--













Leave A Comment