बारिश में टपकती छत से मिली निजात, सुशासन शिविर से बना पक्का मकान
0- सुशासन शिविर बना सहारा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत धनश्याम को मिला पक्का मकान
रायपुर। ग्राम पंचायत नगरगांव के श्री घनश्याम प्रसाद वर्मा के लिए सुशासन शिविर एक नई शुरुआत साबित हुआ है। कच्चे घर में रहने की परेशानी अब खत्म हो चुकी है और प्रधानमंत्री आवास योजना की मदद से उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो गया है। गत वर्ष आयोजित सुशासन शिविर में श्री घनश्याम प्रसाद वर्मा ने आवेदन किया था। श्री वर्मा अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में निवासरत थे। बरसात के दिनों में उनके घर की छत से पानी टपकता था। वे खेती एवं मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में पक्का मकान बनवाना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था।
इसी दौरान पड़ोसी ग्राम में आयोजित सुशासन शिविर उनके जीवन में बदलाव का माध्यम बना। उन्होंने अपनी समस्या को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया, जिसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनका नाम प्रतीक्षा सूची में शामिल है। आवास की स्वीकृति के बाद आवास निर्माण के लिए प्रथम एवं द्वितीय किश्त की राशि प्राप्त हुई। साथ ही मनरेगा से मजदूरी के रूप में 23,490 रुपये प्राप्त हुए। उन्हें इस योजना के तहत कुल 1,20,000 रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। योजना से मिली सहायता राशि एवं स्वयं के योगदान से उनके सपनों का घर बन गया।
अब वे अपने परिवार के साथ खुशहाली से रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना हम सभी आम नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिनके पास अपना पक्का मकान नहीं है, उन्हें मकान मिल रहा है। इस योजना के लिए मैं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी का आभार व्यक्त करता हूं। इस बार भी मुख्यमंत्री के निर्देश पर 1 मई 2026 से सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जा रहा हैं।
--










Leave A Comment