सुशासन तिहार 2026: 01 मई से बिलासपुर जिले में समाधान शिविर

-*ग्रामीण क्षेत्र का पहला शिविर हरदीकला में*
-लोगों की समस्याओं का मौके पर होगा त्वरित निराकरण
बिलासपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आमजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार 2026 का शुभारंभ 1 मई से किया जाएगा। यह अभियान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चरणबद्ध रूप से संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत जिले में कुल 73 शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नगरीय निकाय क्षेत्रों में 24, नगर पंचायत क्षेत्रों में 18 तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 31 शिविर शामिल हैं।
कलेक्टर के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी और प्रकरणों का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा।
नगर निगम क्षेत्र में 1 मई को वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 तथा 4 मई को वार्ड क्रमांक 5, 6, 7 एवं 8 में शिविर लगाए जाएंगे। रतनपुर नगर पालिका परिषद में 01 मई को वार्ड 1 से 05 तक शिविर लगाए जाएंगे। 04 मई को तखतपुर नगर पालिका परिषद में वार्ड 1 से 05 तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में 1 मई को ग्राम पंचायत हरदीकला से अभियान की शुरुआत होगी, इसके पश्चात 2 मई को तखतपुर के रानीडेरा एवं 4 मई को मस्तूरी ब्लॉक के सोंठी में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में सेवाओं का लाभ मिल सके।
एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी प्रमुख सेवाएं
इन शिविरों में आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वास्थ्य सेवाएं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का अधिकतम निराकरण मौके पर ही सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे शिविरों में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहें और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम शिविर में पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में इसका लाभ उठाएं और शासन की योजनाओं से जुड़कर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।













Leave A Comment