श्रमिक दिवस पर बिलासपुर के औद्योगिक इकाइयों में मॉक ड्रिल
-आपदा प्रबंधन और सुरक्षा उपायों का दिया गया प्रशिक्षण
बिलासपुर / अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन बिलासपुर के मार्गदर्शन एवं इंडस्ट्रियल हेल्थ एंड सेफ्टी विभाग के समन्वय से जिले की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रमिकों और कर्मचारियों को औद्योगिक दुर्घटनाओं से निपटने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
मॉक ड्रिल का आयोजन बिलासपुर जिले में स्थापित श्री बालाजी स्टील (नोवा आयरन) एंड मेटल प्रा.लि., ग्राम दगोरी, पोस्ट-बिल्हा तथा राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड, ग्राम पाराघाट, पोस्ट-जयरामनगर में किया गया।कार्यक्रम का मुख्य विषय इलेक्ट्रिक शॉक एवं औद्योगिक आपदा प्रबंधन रहा, जिसमें दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति निर्मित कर कर्मचारियों को आपातकालीन प्रतिक्रिया की प्रक्रिया समझाई गई।
मॉक ड्रिल के दौरान श्रमिकों को विद्युत दुर्घटना होने पर प्राथमिक उपचार, प्रभावित व्यक्ति को सुरक्षित निकालने, फायर सेफ्टी उपकरणों के उपयोग, आपातकालीन निकासी मार्ग तथा त्वरित सूचना प्रणाली की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि इस प्रकार के अभ्यास से वास्तविक आपदा के समय घबराहट कम होती है और राहत कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकते हैं।
इंडस्ट्रियल हेल्थ एंड सेफ्टी विभाग ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।नियमित मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलती है।कार्यक्रम में संबंधित उद्योगों के अधिकारी, सुरक्षा प्रभारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता जताई।












Leave A Comment