ब्रेकिंग न्यूज़

 तेलुगु भाषी युवाओं के राज्य स्तरीय परिचय सम्मेलन में 325 का पंजीयन

 
टी सहदेव
भिलाई नगर। आंध्र साहित्य समिति के तत्वावधान में रविवार को सेक्टर 05 बालाजी मंदिर के आंध्र भवन में तेलुगु भाषी विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए राज्य स्तरीय परिचय सम्मेलन (परिचय वेदिका) आयोजित किया गया। इस मेगा इवेंट में प्रदेश के साथ-साथ आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, ओड़िशा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के सवा तीन सौ विवाह योग्य युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया, जिनका व्यक्तिगत विवरण बड़ी स्क्रीन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इनमें अमेरिका‌, आस्ट्रेलिया तथा यूके में रह रहे भारतीय मूल के तेलुगु भाषी युवक-युवती भी शामिल हैं। परिचय वेदिका की शुरुआत भगवान बालाजी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। सम्मेलन में मध्याह्न भोजन की भी व्यवस्था की गई। पहली बार परिचय वेदिका की शुरुआत 2015 में हुई थी।
 रिश्ते पक्के होने के हैं बेहतर विकल्प 
आंध्र साहित्य समिति के अध्यक्ष पीवी राव ने इस मौके पर कहा कि हमारा उद्देश्य विवाह योग्य युवाओं को एक-दूसरे  से परिचय कराना था, ताकि रिश्ते पक्के होने के लिए उनके सामने बेहतर विकल्प उपलब्ध हो सकें। सचिव पीएस राव ने कहा कि समाज के उच्च शिक्षित युवा करियर बनाने के लिए दूरदराज क्षेत्रों में चले जाते हैं, हमारा प्रयास है कि युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना, जिससे उन्हें मनपसंद जीवनसाथी चुनने में मदद मिल सके। इस अवसर पर आंध्र समाज के अध्यक्ष जी स्वामी, उपाध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी, महासचिव के आचार्यलु, एक्सक्यूटिव मेंबर बीवीएस राजकुमार, छत्तीसगढ़ तेलुगु महासंघम के प्रदेशाध्यक्ष आर मुरली और राजेश वेगी को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वेगी ने अपने माता-पिता की 25 मई को होने वाली 52 वीं वैवाहिक वर्षगांठ पर गरीब परिवारों के 11 जोड़ों को 51-51 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।
विभिन्न जाति-वर्ग के आठ ग्रुप बने 
जाति एवं वर्ग के आधार पर युवक-युवतियों को आठ ग्रुपों में बांटा गया था। ए ग्रुप में ब्राह्मण, वैष्णव, बी में तेलगा, कापु, सी में बलिजा, वाड़बलिजा, जालारी, डी में अग्निकुल क्षत्रिय, पल्ली, रेड्डी, गोल्ला (यादव), ई में विश्व ब्राह्मण, स्वर्णकार, कम्मा, तेलका, एफ में पद्मसाली, देवांग, पटनायक, जी में वैश्य, गवरा, सोंडी व अन्य तथा एच ग्रुप में जाति बंधन से मुक्त युवक- युवतियों को रखा गया। परिचय सम्मेलन आयोजित करने वालों में कोषाध्यक्ष टीवीएन शंकर, उपाध्यक्ष एनएस राव, संयुक्त सचिव के लक्ष्मी नारायण व एस रवि आदि शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में पिछले कई दशकों से रह रहे लोगों की मांग पर आयोजित यह परिचय सम्मेलन सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक चला, जिसमें बड़ी तादाद में लोगों ने हिस्सा लिया। 
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english