शासकीय स्कूलों में बेहतर होगी स्वच्छता की स्थिति, शिक्षा उपकर की राशि से संवरेंगे शौचालय
भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने शहर के शासकीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं और स्वच्छता के स्तर को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आयुक्त ने निगम के सभी जोन आयुक्तों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि शिक्षा उपकर मद में प्राप्त राशि का प्राथमिकता के आधार पर उपयोग किया जाए। शिक्षा उपकर की राशि का मुख्य उपयोग निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय स्कूलों के शौचालयों के जीर्णोद्धार, मरम्मत और निर्माण के लिए किया जाएगा।
सभी जोन आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों का तत्काल निरीक्षण कर शौचालयों की वर्तमान स्थिति का आकलन करने को कहा गया है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, ताकि छात्रों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
"हमारा लक्ष्य है कि शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को स्वच्छता संबंधी किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। शिक्षा उपकर की राशि का सदुपयोग करते हुए हम स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगे।"
— राजीव कुमार पांडे, आयुक्त, नगर पालिक निगम भिलाई
इस पहल से शहर के दर्जनों शासकीय स्कूलों को लाभ पहुँचने की उम्मीद है, जिससे स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को भी गति मिलेगी।
--













Leave A Comment