ब्रेकिंग न्यूज़

 भाटागांव में कोटपा के तहत सघन कार्रवाई: 80 चालान, 3750 रुपये जुर्माना वसूला

-"सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार" अभियान के तहत NCORD दिशा-निर्देश पर औषधि विक्रेताओं की बैठक  
-नशामुक्ति के लिए ली गई सामूहिक शपथ, रिकॉर्ड संधारण के दिए निर्देश
 रायपुर । प्रदेश के नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं औषधि उपलब्ध कराने की प्राथमिकता के तहत राज्य शासन द्वारा 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक "सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार" थीम पर 15 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला रायपुर द्वारा आज भाटागांव क्षेत्र में तंबाकू उत्पादों के अवैध सेवन और मादक द्रव्यों के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
भाटागांव क्षेत्र में सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के उल्लंघन पर सघन चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 80 चालान काटे गए और 3750 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई। आम जनता और दुकानदारों को सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करने तथा तंबाकू उत्पादों के विक्रय संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।इसके साथ ही जिले में नारकोटिक ड्रग्स के नियंत्रण, जागरूकता एवं रोकथाम हेतु जिला रायपुर के समस्त थोक औषधि विक्रेताओं के साथ एनकॉर्ड (NCORD - Narco Coordination Centre) के दिशा-निर्देशों के तहत IEC गतिविधि एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सभी थोक औषधि विक्रेताओं को नारकोटिक, साइकोट्रॉपिक एवं अन्य नियंत्रित औषधियों, जिनका नशे के रूप में दुरुपयोग होता है, के संबंध में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। उन्हें ऐसी दवाओं के क्रय-विक्रय, भंडारण एवं वितरण से संबंधित स्टॉक रजिस्टर, बिल-वाउचर, प्रिस्क्रिप्शन रिकॉर्ड सहित सभी अभिलेखों का नियमानुसार एवं पारदर्शी रूप से संधारण करने हेतु प्रेरित किया गया।
विभाग ने कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा एवं युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने में औषधि विक्रेताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।IEC गतिविधि के तहत सभी उपस्थित थोक औषधि विक्रेताओं को स्वयं नशा न करने तथा अपने परिवार, कर्मचारियों एवं आमजन को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने हेतु सामूहिक शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने बताया कि "नशा मुक्त समाज" का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। सभी विक्रेताओं ने नशा मुक्त रायपुर एवं स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला रायपुर के औषधि निरीक्षकों श्रीमती हंसा साहू, श्रीमती प्रीती उपाध्याय, श्री नीरज साहू, श्री टेकचंद, श्री सुरेश साहू, श्री ओमप्रकाश यादव एवं श्री ईश्वरी नारायण अधिकारी की टीम द्वारा किया गया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english