ब्रेकिंग न्यूज़

 वडनगर से काशी की सेवा यात्रा का बिलासपुर में आत्मीय स्वागत

0- 52 बाइक यात्रियों का दल पहुंचा बिलासपुर, तिफरा में हुआ भव्य अभिनंदन
0- उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने महतारी वंदन की हितग्राही महिलाओं से किया जीवंत संवाद
बिलासपुर. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर से उनकी कर्मभूमि काशी तक निकली सेवा यात्रा में शामिल 52 बाइक यात्रियों का दल बुधवार को बिलासपुर पहुंचा। तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी सहित जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। महिलाओं ने यात्रियों को तिलक लगाया और आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया।
  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से प्रारंभ यह बाइक यात्रा वडनगर से काशी तक निकाली जा रही है। यात्रा में शामिल बाइकर्स रास्ते में पड़ने वाली पवित्र नदियों का जल अपने साथ लेकर चल रहे हैं, जिसे काशी विश्वनाथ मंदिर में अर्पित किया जाएगा। इसमें बिलासपुर की जीवनदायिनी अरपा नदी का जल भी शामिल किया गया है। यात्रियों ने अब तक लगभग 1500 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर ली है।
 विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि बिलासपुरवासियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें वडनगर से काशी जा रही इस सेवा यात्रा के स्वागत का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं, किसानों और जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं के माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक संबल मिला है।
 कार्यक्रम का आत्मीय दृश्य उस समय देखने को मिला जब उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव मंच से उतरकर महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं के बीच पहुंचे। उन्होंने नीलम मार्काे, प्रियंका नवरंग, अंजली साहू और लक्ष्मी नवरंग से सीधे संवाद कर जाना कि योजना से मिलने वाली राशि का वे किस प्रकार उपयोग कर रही हैं।
 महिलाओं ने बताया कि कोई इस राशि को सुकन्या समृद्धि योजना में जमा कर बेटी का भविष्य संवार रही है तो कोई बच्चों की बेहतर पढ़ाई, दवाइयों एवं परिवार की जरूरतों में इसका उपयोग कर रही है। कुछ महिलाएं बेटी के विवाह के लिए भी राशि संजो रही हैं। हितग्राहियों ने योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उप मुख्यमंत्री ने वय वंदन आयुष्मान कार्ड का उपचार में लाभ ले चुके लक्ष्मीबाई और गोकुल को भी सम्मानित किया।
 श्री साव ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य लोगों को उनका लाभ देकर आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है। जब नागरिक सशक्त होते हैं तो देश भी मजबूत होता है और विकसित भारत का संकल्प साकार करने की दिशा में आगे बढ़ता है।
 सेवा यात्रा में शामिल बाइक यात्री श्री अनिरुद्ध बाग ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बिलासपुर में मिले आत्मीय स्वागत और स्नेह से सभी यात्री अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि यहां मिले अपनत्व से ऐसा महसूस ही नहीं हुआ कि वे पहली बार बिलासपुर आए हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि के साथ मार्ग में पड़ने वाली पवित्र नदियों का जल एकत्र किया जा रहा है, जिसे काशी पहुंचकर भगवान विश्वनाथ को अर्पित किया जाएगा।
 कार्यक्रम में अंधमूक-बधिर शाला के बच्चों ने स्वच्छता पर आधारित गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।एलसीआईटी, स्वामी आत्मानंद स्कूल तिफरा एवं सिरगिट्टी के एनएसएस विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित विभिन्न योजनाओं एवं समसामयिक विषयों पर आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।इस अवसर पर क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, यात्रा प्रभारी श्री जगन्नाथ पाणिग्रही, धमतरी महापौर श्री रामू रोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक सिंह ठाकुर, श्री मोहित जायसवाल,पूर्व सांसद लखनलाल साहू, भाजयुमो अध्यक्ष श्री राहुल टिकरिहा, प्रदेश भाजपा मंत्री श्रीमती हर्षिता पाण्डेय, भाजयुमो जिला अध्यक्ष श्री वैभव गुप्ता, श्री रोशन सिंह, श्री राजेश सिंह, मीडिया प्रभारी श्री दुर्गेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, हितग्राही एवं नागरिक उपस्थित थे।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english