ब्रेकिंग न्यूज़

 बीरगांव में ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ का वृहद शिविर, 6527 आवेदनों पर हुई कार्रवाई

0- 6500 आवेदनों का हुआ निराकरण, एक ही स्थान पर मिली अनेक विभागीय सेवाएं
0- सेवा संकल्प माह के तहत रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आयोजित हुआ वृहद शिविर
0- शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा संकल्प :- विधायक श्री मोतीलाल साहू
रायपुर. सेवा संकल्प माह के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ के तहत रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-48 में आडवाणी आर्लिकोन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बीरगांव परिसर में विधानसभा स्तरीय वृहद शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर में रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष श्री ओमप्रकाश साहू, पूर्व महापौर श्रीमती अम्बिका यदु, स्थानीय पार्षदगण, नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, एसडीएम श्री नभ सिंह कोशले, तहसीलदार श्री राजकुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय स्टॉल एवं काउंटरों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया गया।
विधायक श्री मोतीलाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा संकल्प और मार्गदर्शन से प्रेरित होकर जनसेवा, स्वच्छता और जनकल्याण के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के साथ आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का उनके नजदीक ही समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र एवं बीरगांव में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ स्वच्छता, जनभागीदारी और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
6527 आवेदन प्राप्त, 6500 का निराकरण
सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत कुल 6527 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 6505 आवेदन मांग संबंधी तथा 22 आवेदन शिकायत संबंधी थे। इनमें से 6500 आवेदनों का निराकरण किया गया। निराकृत आवेदनों में 6482 मांग संबंधी तथा 18 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं।
वहीं 27 आवेदन लंबित हैं, जिनमें 23 मांग संबंधी और 4 शिकायत संबंधी प्रकरण हैं। संबंधित विभागों द्वारा इनका परीक्षण कर शीघ्र निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।
राजस्व के 3962, श्रम विभाग के 1826 प्रकरणों का निराकरण
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को मौके पर सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। राजस्व विभाग के 3962 प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण किया गया। श्रम विभाग के 1826 आवेदनों का निपटारा किया गया। भवन अनुज्ञा से संबंधित 409 आवेदनों पर स्वीकृति की कार्रवाई की गई, वहीं सूर्य घर योजना के 113 आवेदनों का समाधान किया गया।
इसी प्रकार 34 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड से लाभान्वित किया गया। नामांतरण के 64, पेयजल के 18, अनुज्ञप्ति एवं लाइसेंस से संबंधित 12 तथा विद्युत से जुड़े 2 प्रकरणों का निराकरण किया गया। राशन कार्ड से संबंधित प्रकरणों पर भी आवश्यक कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के हितग्राहियों को मिली सम्मान राशि
शिविर में मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत नगर पालिक निगम बीरगांव क्षेत्र के 10 हितग्राहियों को सम्मान राशि प्रदान की गई। प्रत्येक हितग्राही को 32 हजार 850 रुपये के मान से कुल 3 लाख 28 हजार 500 रुपये की राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा श्रमिक कार्ड वितरण, नोनी सुरक्षा योजना और दीदी ई-रिक्शा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में पात्र हितग्राहियों को लाभ एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के बाढ़ आपदा प्रभावित हितग्राहियों को सहयोग राशि उपलब्ध कराने से संबंधित प्रकरणों पर भी आवश्यक कार्रवाई की गई।
एक ही स्थान पर मिल रही अनेक नागरिक सेवाएं
नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं को लोगों के नजदीक उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के समन्वय से आयोजित शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर पात्र प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की पहल है। शिविर में विभागीय अधिकारी-कर्मचारी नागरिकों की समस्याएं सुनकर पात्र प्रकरणों पर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
सेवा सेतु अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आगामी शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नागरिक सेवाओं एवं विभागीय सुविधाओं का लाभ उठाएं।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english