तालपुरी बी ब्लॉक एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित
कुबेर देशमुख अध्यक्ष एवं जे मनोहरण महासचिव बने
-टी सहदेव
भिलाई नगर। तालपुरी बी ब्लॉक इंटरनेशनल कॉलोनी रेसिडेंट्स एसोसिएशन के सातों पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। इस बात की आधिकारिक पुष्टि मुख्य निर्वाचन अधिकारी सेवक राम बांधे ने की है। अधिकृत जानकारी के अनुसार कुबेर देशमुख अध्यक्ष, जगनीक यादव और नोहर सिंह गजेंद्र उपाध्यक्ष, जे मनोहरण महासचिव, अमल कुमार दास कोषाध्यक्ष, ओमवीर सिंह तथा रूपेंद्र कुमार वर्मा उप महासचिव पद पर निर्वाचित हुए हैं। इनका कार्यकाल दो वर्षों का होगा। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतदान 18 फरवरी को होने वाला था।
निर्धारित समय पर किसी अन्य उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल न करने से यह स्थिति बनी। यह दूसरा मौका है जब पदाधिकारियों ने चुनाव का सामना नहीं किया। जब पहली बार एसोसिएशन अस्तित्व में आया, तब उसके पदाधिकारी मनोनीत हुए थे। उस समय सुनील चौरसिया एसोसिएशन के अध्यक्ष थे। उसके बाद 2019 के विदा होते साल में पहली मरतबा चुनाव हुआ, जिसमें यमलेश देवांगन की अगुवाई वाले पैनल ने इकतरफा जीत दर्ज की। इस चुनाव में सुनील चौरसिया के नेतृत्व वाले पैनल का पूरी तरह सफाया हो गया था।
यहां यह जिक्र करना लाजिमी है कि निवर्तमान एसोसिएशन का कार्यकाल वर्ष 2021 के दिसंबर को समाप्त हो गया था। समय पर चुनाव न होने तथा क्लब हाउस संचालन में कथित आर्थिक अनियमितता को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद अपने चरम पर भी पहुंच गया। इस दौरान व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप भी लगे। कॉलोनीवासियों ने वह मंजर भी देखा, जिसकी किसी ने उम्मीद भी नहीं की थी। इसका असर यह हुआ कि यहां के रहवासी चुनाव के प्रति उदासीन हो गए और निर्वाचित उम्मीदवारों के अलावा किसी ने भी नामांकन पत्र नहीं भरा। बता दें कि निवर्तमान एसोसिएशन ने पहले ही चुनाव न लड़ने की घोषणा कर दी थी।


.jpg)
.jpg)
.jpg)






.jpg)


Leave A Comment