नाखूनों में ऐसी लाइनें दिखना कहीं शरीर में किसी चीज की कमी तो नहीं?
हमारे नाखून न केवल सौंदर्य का हिस्सा हैं, बल्कि शरीर की अंदरूनी स्थिति का संकेत भी देते हैं। कमजोर, टूटते या बदलते रंग के नाखून कई बार पोषण की कमी या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की ओर इशारा करते हैं। वहीं नाखूनों पर बनने वाली रेखाएं, दाग या बदलाव अक्सर शरीर में हो रही पोषक तत्वों की कमी, बीमारियों या अन्य शारीरिक असंतुलन का संकेत होते हैं। आइए जानें नाखूनों पर बनने वाली अलग-अलग लाइनों और उनकी संभावित वजहों के बारे में।
गहरी लाइनें
अगर नाखूनों पर गहरी क्षैतिज रेखाएं दिख रही हैं तो यह ब्यूज लाइन्स हो सकती हैं। ये रेखाएं गंभीर बीमारी, बुखार, डेंगू, कोविड-19 या किसी बड़ी सर्जरी के बाद शरीर में पोषण की कमी या तनाव का कारण बनती हैं। ये शरीर के रिकवरी पीरियड का संकेत हो सकती हैं। इस तरह के लक्षण को इग्नोर नहीं करना चाहिए।
वर्टिकल लाइन्स
वर्टिकल लाइन्स पतली, सीधी रेखाएं अधिकतर उम्र के बढ़ने के साथ सामान्य रूप से बनती हैं। लेकिन अगर ये रेखाएं गहरी हों और अचानक बनें, तो यह आयरन, मैग्नीशियम या विटामिन बी12 की कमी का संकेत हो सकती हैं। लंबे समय तक नाखून के इन लक्षणों को इग्नोर नहीं करना चाहिए। (Also Read: शरीर के अंगों को डैमेज कर सकती है इन विटामिनों की कमी)
सफेद रेखाएं या धब्बे
नाखूनों पर सफेद रेखाएं या छोटे-छोटे धब्बे दिखना अक्सर कैल्शियम, जिंक या प्रोटीन की कमी का संकेत होते हैं। कभी-कभी ये चोट लगने या नाखूनों की देखभाल में लापरवाही के कारण भी हो सकते हैं। अगर आपके नाखूनों में ऐसी लाइन दिख रही हैं, तो इन्हें इग्नोर न करें और एक बार डॉक्टर से इस बारे में बात कर लेनी चाहिए।
गहरी काली रेखा
अगर नाखून में एक सीधी काली या भूरी रेखा दिखे, तो यह त्वचा की कोशिकाओं के अत्यधिक सक्रिय होने का संकेत हो सकता है। कभी-कभी यह त्वचा कैंसर (मेलानोमा) का शुरुआती लक्षण भी हो सकता है, इसलिए इसे नजरअंदाज न करें। समय रहते कैंसर का निदान और इलाज शुरू करना स्थिति को जटिल होने से बचा सकता है।
स्ट्रक्चर में बदलाव वाली रेखाएं
अगर नाखून की सतह पर गड्ढे, दरारें या उभरी रेखाएं नजर आएं, तो यह सोरायसिस या एक्जिमा जैसी त्वचा संबंधी बीमारियों का संकेत हो सकता है। यह लक्षण अक्सर शरीर के अंदरूनी स्वास्थ्य समस्याओं को भी दर्शाते हैं, जिनकी समय पर जांच आवश्यक होती है।
(नोट : यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। )
Leave A Comment