होली के दिन भूलकर भी ना करें ये काम
'होली के दिन दिल खिल जाते हैं, रंगों में रंग मिल जाते हैं' हिंदुओं के सबसे बड़े त्यौहारों में से एक होली पर बना बॉलीवुड का ये सुपरहिट गाना एकदम ठीक बैठता है। होली ऐसा त्यौहार है जो बच्चे से लेकर बड़ों तक के मन में एक नया उत्साह भर देता है। लेकिन इसी उत्साह में लोग कभी-कभी कुछ ऐसा कर देते हैं, जो रंग में भंग डालने का काम करता है। इस होली के त्योहार आपके रंग में कोई भंग न पड़े, इसके लिए होली खेलते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। कुछ सेफ्टी टिप्स को अपनाकर आप फेस्टिवल को अच्छे से एंजॉय कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि आपको होली पर किन चीजों को अवॉइड करना चाहिए।
बिना इजाजत ना लगाएं रंग
होली रंगों का त्यौहार है लेकिन यह जरूरी नहीं कि हर किसी को रंग लगाना पसंद हो। हर किसी को हक है कि वह कोई भी त्यौहार अपनी मर्जी के हिसाब से मनाए। यह बात होली के त्योहार पर भी लागू होती है। रंगों के इस त्यौहार में इस बात का ध्यान रखें कि किसी को भी जबरदस्ती रंग ना लगाएं। किसी के साथ भी रंग खेलने से पहले उसकी इजाजत लेना जरूरी है।
गुब्बारे फेंकने से पहले जरूर सोच लें
होली के त्योहार पर गुब्बारे में रंग भरकर किसी के भी ऊपर फेंक देना बच्चों को बहुत भाता है। लेकिन ये खतरनाक हो सकता है। इससे किसी को चोट लग सकती है और आंखों को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए अगर आपको सेफ होली खेलना है, तो इस बार गुब्बारे वाली होली को टाटा, बाय-बाय करें और रंगों से खेलकर होली मनाएं।
जानवरों पर ना फेंके रंग
इंसान होने के नाते हमारा फर्ज बनता है कि हमारी वजह से किसी जानवर को नुकसान ना पहुंचे। होली के त्योहार पर भी इस बात का खास ध्यान रखें कि जानवरों पर भूलकर भी रंग ना डालें। क्योंकि इंसान तो इन रंगों को बाद में दो कर साफ कर लेंगे लेकिन जानवरों पर ये रंग लंबे समय तक लगा रहेगा, जो उनकी त्वचा को गहरा नुकसान पहुंचा सकता है।
रंगों के त्योहार में ना खेलें कीचड़ की होली
होली का त्यौहार रंग और गुलाल का त्योहार है और इन्हीं के साथ मर्यादित ढंग में होली खेली जाए, वही बेहतर है। लेकिन कुछ लोग इस त्यौहार पर अति उत्साहित होकर लोगों को कीचड़ और नाली में धकेलना शुरू कर देते हैं। त्यौहार के नाम पर इस तरह की चीजें करना फूहड़ता की निशानी है। अगर आपको ऐसी होली खेलनी भी है तो इसे सिर्फ अपने तक सीमित रखें। किसी को जबरदस्ती इन सबमें शामिल न करें।
होली खेलते समय रखें मर्यादा का ध्यान
कई बार होली के त्योहार पर महिलाएं काफी असुरक्षित महसूस करती हैं। क्योंकि कई बार कुछ फूहड़ और बदतमीज लोग त्यौहार के नाम पर महिलाओं के साथ अश्लीलता पर उतर आते हैं। रंग लगाने के नाम पर महिलाओं को गलत तरीके से छूना, उनके साथ बुरा आचरण करना, इस तरह के कई मामले देखने सुनने को मिल जाते है। त्यौहार की मर्यादा को बनाए रखने के लिए, मर्यादित तरीके से होली खेलना जरूरी है। इसलिए महिलाओं को सेफ फील कराएं और मिलकर त्यौहार को सेलिब्रेट करें।
केमिकल वाले रंगों का ना करें इस्तेमाल
होली के त्यौहार के बाद स्किन से जुड़ी समस्याएं काफी बढ़ जाती हैं और इसकी खास वजह है केमिकल वाले रंग। होली के त्योहार पर आपकी स्किन को नुकसान ना पहुंचे, इसके लिए कोशिश करें कि इस त्यौहार पर नेचुरली तैयार किए गए हर्बल रंगों का ही इस्तेमाल करें और केमिकल वाले रंगों से दूरी बनाकर रखें। आप घर पर भी आसानी से फूलों और सब्जियों से रंग बनाकर तैयार कर सकते हैं।
नशे से दूर रहें
होली के त्योहार पर कुछ लोग शराब, बीयर का भी सेवन करते हैं। जबकि ये बिल्कुल भी सही तरीका नहीं है। शराब शरीर के लिए तो नुकसानदायक है ही, साथ ही इसे पीने के बाद लोग बहक भी जाते हैं, जिससे त्यौहार का अच्छा- खासा माहौल कई बार खराब हो जाता है
Leave A Comment