आरटीआई कार्यकर्ता की हत्या के मामले में पांच गिरफ्तार
विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा में आरटीआई कार्यकर्ता रंजीत सोनी की हत्या के मामले में कथित निशानेबाज सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पूर्व सरकारी ठेकेदार सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने मुख्य निशानेबाज अंकित यादव उर्फ टुंडा, जसवंत सिंह, नरेश शर्मा, ऐश कुमार चौबे और शैलेंद्र पटेल को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार सोनी ने 2015-16 में कथित तौर पर एक ठेकेदार जसवंत सिंह को 4.60 लाख रुपये का चेक दिया था, लेकिन वह चेक बाउंस हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर यादव ने कहा कि बाद में कुछ अन्य भुगतानों पर भी उनका विवाद था और सोनी ने बाद में कथित तौर पर सिंह और अन्य को परेशान करने के लिए उनके द्वारा लिए गए कार्यों की जानकारी हासिल करने के लिए आरटीआई आवेदन दिया था। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को एक स्थानीय अदालत में चेक बाउंस होने के मामले में सुनवाई हुई।










Leave A Comment