लड़का-लड़की राजी...पुलिस ने करा दी शादी
पटना। बिहार के बेतिया में घर वाले शादी के लिए नहीं माने तो लड़का-लड़की घर से ही भाग गए। लड़की की मां ने लड़के के खिलाफ शिकायत कर दी तो दोनों थाने आए और कहा हमें साथ रहना है। इसके बाद पुलिस ने दोनों के परिवार को बुलवाया और थाने के अंदर ही दोनों की शादी करवा दी। बैरिया थाना में शनिवार की शाम को अलग ही माहौल था। थाने के अंदर शिव मंदिर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में कपल की शादी कराई गई। प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा। वहीं, पुलिसकर्मी सुरक्षा के साथ-साथ गवाह भी बने रहे।
बैरिया थानाध्यक्ष प्रणय कुमार ने बताया कि दरअसल, हरेंद्र शर्मा के बेटे सनी (21 साल) का पड़ोस के ही लालबाबू पटेल की बेटी उजाला कुमारी (19) से अफेयर चल रहा था। दोनों करीब पांच साल से एक-दूसरे के करीब थे। दोनों बैरिया थाना क्षेत्र के खिरिया घाट चौधरिया टोला के रहने वाले हैं। हालांकि, लड़का और लड़की के परिजन शादी को तैयार नहीं थे। इस बीच लड़की घर छोड़ कर गुरुवार की रात चली गई। लड़की की मां ने बैरिया थाने में सनी कुमार के ऊपर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया। शुक्रवार की रात महिला थाना से फोन आया कि उजला नाम की लड़की थाने में आई है। इसके बाद बैरिया पुलिस ने लड़की को महिला थाने से लाया। फिर पूछताछ करने के बाद युवक सनी को भी बुलाया। दोनों से बातचीत की गई। प्रेमी और प्रेमिका ने बताया कि वे शादी कर एक साथ रहना चाहते हैं। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों की शादी करा दी। थाने कैंपस में ही मंदिर में पंडित को बुलाया गया। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे दिलवाए गए।










Leave A Comment