ब्रेकिंग न्यूज़

 दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी का वर्चस्व

  नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में बुधवार को 134 सीट जीतकर इस प्रतिष्ठित नगर निकाय पर भाजपा के 15 साल के शासन को खत्म कर दिया। एमसीडी के 250 वार्डों में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 104 सीटें हासिल कीं जबकि कांग्रेस के हिस्से में सिर्फ नौ सीटें आईं।एमसीडी चुनाव में जीत से खुश दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नागरिक सुविधाओं में सुधार का संकल्प व्यक्त किया और इसके लिये केंद्र तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘आशीर्वाद’ मांगा।

एक्जिट पोल में भाजपा को तगड़ा झटका लगने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया था, हालांकि उसने आप को अच्छी टक्कर दी और 104 वार्ड में जीत हासिल की। कांग्रेस को इस बार महज नौ सीटों से संतोष करना पड़ा जबकि पिछले निकाय चुनाव में उसने 30 वार्ड में जीत हासिल की थी। इस बार तीन निर्दलीय भी चुनाव जीते हैं।आप कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय को ‘भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी’ से छुटकारा मिलेगा।
कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे राजधानी के 42 मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू हुई और शुरुआती रुझान भाजपा के पक्ष में दिख रहे थे। एक समय भाजपा 107 सीटों पर आगे थे और आप 95 सीटों पर।जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, आप ने भाजपा को पछाड़ते हुए धीरे-धीरे बढ़त बना ली और अंत में 134 वार्ड में जीत हासिल की। भाजपा को 104 सीटें मिलीं और उसने एग्जिट पोल के पूर्वानुमान से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया।निर्दलीय उम्मीदवार शकीला बेगम ने उत्तरपूर्वी दिल्ली की सीलमपुर सीट से जीत हासिल की। दो अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की है।
‘आप’ के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि महज 10 साल पुरानी पार्टी ने देश की सबसे बड़ी पार्टी (भाजपा) को उसी के गढ़ में ‘‘मात’’ दे दी। उन्होंने कहा, ‘‘ परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ‘आप’ एक कट्टर ईमानदार पार्टी है।’’सिंह ने कहा कि परिणाम इसलिए भी उल्लेखनीय हैं, क्योंकि भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए 17 केंद्रीय मंत्रियों सहित सभी शीर्ष नेताओं को मैदान में उतारा था।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा, “15 साल की सत्ता विरोधी लहर के बावजूद हमारा प्रदर्शन बेहतर है। हमने नगर निगमों में दिल्ली के लोगों के लिए काम किया लेकिन शायद कुछ लोग खुश नहीं थे। हालांकि भाजपा के खिलाफ कोई गुस्सा नहीं था।”आप के राउज एवेन्यू स्थित कार्यालय में लाउडस्पीकरों से देशभक्ति के गीतों की गूंज के बीच सुबह से ही जश्न का माहौल था और समूचा परिसर रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजा हुआ था।जैसे ही पलड़ा आप के पक्ष में आया, समर्थकों ने पार्टी के झंडे लेकर मिठाई बांटी और ढोल की थाप पर नाचते हुए जश्न मनाया।
गोपाल राय, आतिशी और दुर्गेश पाठक सहित समर्थकों और नेताओं का मतगणना शुरू होने और नतीजे पार्टी के पक्ष में आने के बाद कार्यालय में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने बुधवार को यहां भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए देश में सकारात्मक राजनीति की वकालत की।केजरीवाल ने कहा, “हम सभी को दिल्ली की हालत सुधारनी है और मुझे भाजपा और कांग्रेस सहित सभी के सहयोग की आवश्यकता है। हमें ऐसा करने के लिए सभी के सहयोग की जरूरत है, खासकर केंद्र और प्रधानमंत्री की मदद और आशीर्वाद की।” 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english