कोविड महामारी से स्वस्थ होने की दर 64.51 प्रतिशत हुई
नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण से स्वस्थ लोगों की संख्या दस लाख तक पहुंच गई है। इसके साथ ही स्वस्थ होने की दर अब 64.51 प्रतिशत हो गयी है। कोरोना से मृत्यु दर भी घटकर दो दशमलव दो-तीन प्रतिशत रह गई है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 35 हजार 286 मरीज ठीक हुए हैं। अब तक कुल नौ लाख 88 हजार 29 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं।
अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में कुल 48 हजार 513 लोग संक्रमित हुए। इसके साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 15 लाख 31 हजार 669 हो गई है। इनमें से पांच लाख नौ हजार 447 का इलाज चल रहा है। एक दिन में 768 लोगों की मृत्यु के साथ कोविड-19 से मृतकों की संख्या 34 हजार 193 हो गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-आईसीएमआर ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान विभिन्न प्रयोगशालाओं में चार लाख आठ हजार आठ सौ 55 कोविड-19 नमूनों की जांच की गई। अब तक देशभर में एक करोड 77 लाख 43 हजार सात सौ चालीस नमूनों की जांच की जा चुकी है। फिलहाल देश में एक हजार तीन सौ 16 जांच केन्द्र हैं, जिसमें नौ सौ छह सरकारी और चार सौ दस निजी क्षेत्र के जांच केंद्र शामिल हैं।
---
Leave A Comment