ब्रेकिंग न्यूज़

हीरो बनने के चक्कर में अभिनेता को मत खोना...

शाहरुख खान ने नाना पाटेकर की सलाह को किया याद
मुंबई.
सुपरस्टार शाहरुख खान ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें 'उत्कृष्ट अभिनेता' और 'कैरम के अपराजेय खिलाड़ी' के रूप में याद किया। उन्होंने बताया कि करियर के शुरुआती दौर में पाटेकर ने उन्हें एक ऐसी सलाह दी थी, जिसे वह आज भी अपने दिल में संजोए हुए हैं। शाहरुख ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में पाटेकर की कही बात को याद करते हुए लिखा, ''हीरो बनने के चक्कर में अभिनेता को मत खोना।'' पाटेकर का बृहस्पतिवार तड़के दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया। 75 वर्षीय अभिनेता गोवा स्थित अपने अपार्टमेंट में बेहोश पाए गए थे और उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शाहरुख ने बताया कि 1992 की फिल्म 'राजू बन गया जेंटलमैन' में साथ काम करने से पहले जब वह पहली बार पाटेकर से मिले थे तो घबराहट में अपने बालों से खेलने लगे थे। उन्होंने कहा, ''उन्होंने मेरा हाथ झटक दिया और कहा, 'हीरो की तरह बाल मत बना... तू अभिनेता है।' वह आपकी खुशामद नहीं करते थे। वह आपको वह नहीं बताते थे जो आप सुनना चाहते थे, बल्कि वह बताते थे जो आपको सुनना जरूरी होता था। यही नाना थे—सीधे-सपाट, थोड़े सख्त, ईमानदार और बेहद खूबसूरत मुस्कान वाले।'' शाहरुख ने कहा कि पाटेकर का स्नेह जताने का तरीका भी अनोखा था।
उन्होंने कहा, ''वह पहले आप पर चिल्लाते थे और फिर तीसरी या चौथी डांट के बीच आपको एहसास होता था कि वह आपको गले लगा रहे हैं। वह मुझसे प्यार करते थे और मैं भी उनसे प्यार करता था। वह मेरे मार्गदर्शक, शिक्षक, आलोचक और मित्र थे।'' उन्होंने पाटेकर को कैरम का माहिर खिलाड़ी बताते हुए कहा कि वह हर बार उन्हें और आसपास के बाकी लोगों को हरा देते थे और अपनी जीत का भरपूर आनंद लेते थे। शाहरुख ने कहा, ''नाना, आपकी तीव्रता, हंसी, पागलपन और प्यार हमेशा हमारे साथ रहेगा। बस यही इच्छा है कि हमारे पास और बातचीत करने, एक और बहस करने, एक कप चाय पीने और कैरम खेलने का समय होता।'' शाहरुख ने पाटेकर के साथ 2002 में आई फिल्म 'शक्ति : द पावर' में भी काम किया था। उन्होंने कहा कि पाटेकर के निधन से सिर्फ सिनेमा की दुनिया में ही नहीं, बल्कि भारत और दुनियाभर के लोगों के दिलों में भी एक खालीपन पैदा हुआ है। उन्होंने कहा, ''मैं बस इतना कह सकता हूं कि मैं आपको बहुत याद करूंगा और आपके शब्दों को हमेशा अपने दिल में रखूंगा... 'हीरो बनने के चक्कर में अभिनेता को मत खोना।' नाना, आपकी आत्मा को शांति मिले और अल्लाह आपको आशीर्वाद दें।'' शाहरुख ने कहा, ''स्वर्ग भी आपके होने से धन्य होगा... एक शानदार अभिनेता और अपराजेय कैरम चैंपियन। आपसे प्यार है और आपकी बहुत याद आएगी। बहुत जल्दी चले गए, मेरे हीरो-अभिनेता! श्रद्धांजलि।''

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english