विश्व बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर किया 7.1 प्रतिशत
नयी दिल्ली. विश्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर मंगलवार को 7.1 प्रतिशत कर दिया। यह अप्रैल में लगाए गए अनुमान से 0.5 प्रतिशत अंक अधिक है। वृद्धि के अनुमान में यह बढ़ोतरी पहली तिमाही के उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन के कारण की गई है। विश्व बैंक ने अपनी नवीनतम 'इंडिया डेवलपमेंट अपडेट' रिपोर्ट में कहा, ''हमने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए वृद्धि का अनुमान अप्रैल के 6.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत कर दिया है, क्योंकि व्यापार एवं भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद वृद्धि उम्मीद से बेहतर रही है।'' भारत की आर्थिक वृद्धि दर वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 7.8 प्रतिशत हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 7.2 प्रतिशत थी। इस वृद्धि को मजबूत निवेश और ठोस निजी खपत से समर्थन मिला तथा अनुकूल नीतिगत एवं ऋण परिस्थितियों का असर व्यापारिक तनाव पर भारी पड़ा। विश्व बैंक ने कहा कि शुरुआत में ग्रामीण खपत शहरी मांग से आगे रही। इसे कृषि क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन, ग्रामीण आय सहायता, खाद्य सब्सिडी और कम मुद्रास्फीति से समर्थन मिला। वहीं, आयकर में राहत और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती के बाद साल के बाकी बचे हिस्से में शहरी खपत मजबूत हुई। अप्रैल के बाद से वैश्विक प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद औद्योगिक गतिविधियां उम्मीद से बेहतर रही हैं।







.jpeg)

Leave A Comment