देश में कोरोना संक्रमण का पता लगाने एक दिन में 6 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई
नई दिल्ली। भारत में एक दिन में छह लाख से अधिक नमूनों की कोविड जांच की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार विभिन्न प्रयोगशालाओं में पिछले 24 घंटों के दौरान रिकार्ड छह लाख 42 हजार पांच सौ 88 नमूनों की जांच की गई। देशभर में अब तक एक करोड़ 88 लाख से अधिक नमूनों की कोविड जांच की जा चुकी है।
रोजाना सौ से भी कम नमूनों की जांच से शुरू होकर कुछ महीनों में जांच क्षमता में कई गुणा वृद्धि हो गई। यह सब अनुंसधान संस्थानों, मेडिकल कॉलेज, जांच प्रयोगशालाओं, मंत्रालयों, एअरलाइंस और डाक विभाग के समर्पित सहयोग के कारण संभव हुआ।
इस वर्ष जनवरी में देश में कोविड जांच की केवल एक प्रयोगशाला थी। जो अब बढकर एक हजार तीन सौ 31 हो गई है। परिषद नई प्रयोगशालाओं को अनुमति देकर जांच क्षमता निरंतर बढा रही है। इस सबके बावजूद भारत जैसे विशाल देश में जांच सुगम-सुलभ कराना बड़ी चुनौती बनी हुई है। इस चुनौती से निपटने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय और परिषद ने राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को जांच की उपलब्धता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त जांच विधियों का उपयोग करने को कहा है।
--
Leave A Comment