विशाखापट्टनम में क्रेन गिरी, 11 लोगों की मौत
विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश में विशाखापट्टनम स्थित हिन्दुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड में आज हुई एक दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई। जिला कलेक्टर विनयचंद के अनुसार यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक क्रेन लोडिंग टेस्टिंग के दौरान गिर गई। नौ कामगारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड दिया। सेना के जवान हिन्दुस्तान शिपयार्ड में बचाव कार्य कर रहे हैं।
राज्य के पर्यटन मंत्री अवंती श्रीनिवास ने शिपयार्ड दुर्घटना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के लिए निर्देश दिया। मुख्यमंत्री जगन मोहर रेड्डी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर विनय कुमार को तत्काल राहत कार्य के लिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इस घटना की जांच के लिए समिति बनाई गई है। जिला कलेक्टर विनय चंद और विशाखापट्टम के सांसद वी वी सत्यनारायण ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया और राहत कार्यवाही की समीक्षा की।
सरकार ने विशाखापट्टनम के हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड में दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विभागीय जांच समिति बनाई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुर्घटना में मरने वालों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने पीडित परिवारों के प्रति सांत्वना व्यक्त की है और घायलों की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
जहाजरानी मंत्री मनसुख मांडविया ने हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड में हुई क्रेन दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में उन्होंने कामगारों के असामयिक मौत पर शोक व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
Leave A Comment